मुख्य समाचार:
सर्वोच्च न्यायालय ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के निर्वाचन आयोग के फैसले को बरकरार रखा। न्यायालय ने कहा – यह जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 के अनुरूप है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का बढ़ते तापमान के मद्देनजर नागरिकों से सावधानी बरतने का आग्रह। मौसम विभाग ने हरियाणा, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के विदर्भ में भीषण लू की संभावना व्यक्त की।
भारत और कनाडा ने द्विपक्षीय व्यापार को 2030 तक 50 अरब अमरीकी डॉलर तक बढ़ाने के साझा लक्ष्य की पुष्टि की।
सीबीआई ने नीट-यूजी 2026 परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया।
अमरीकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने अमरीका-ईरान वार्ता में संभावित मध्यस्थ के रूप में पाकिस्तान की भूमिका की विश्वसनीयता पर सवाल उठाया। उन्होंने इस्राइल के प्रति पाकिस्तान के लंबे समय से चले आ रहे विरोध का हवाला दिया।
आईपीएल क्रिकेट में आज शाम एलिमिनेटर मैच में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला होगा।
*********
सर्वोच्च न्यायालय ने निर्वाचन आयोग द्वारा कराई गई मतदाता सूचियों की विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआईआर प्रक्रिया की वैधता को बरकरार रखा है। सर्वोच्च न्यायालय ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों की संवैधानिक अनिवार्यताओं को आगे बढाती है। न्यायालय ने फैसला सुनाया कि निर्वाचन आयोग लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 के अनुच्छेद 324 और उसके अधीन निर्मित नियम के तहत एसआईआर करवाने की शक्ति रखता है। एक रिपोर्ट-
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉय माल्या बागची की एक पीठ ने उन रिट याचिकाओं पर फैसला सुनाया, जिनमें पिछले साल जून महीने में चुनाव आयोग द्वारा बिहार में एसआईआर आयोजित करने के लिए जारी अधिसूचना को चुनौती दी गई थी। सर्वोच्च न्यायालय ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया का उद्देश्य स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लक्ष्य को हासिल करना है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत द्वारा सुनाए गए फैसले में कहा गया कि विवादित प्रक्रिया को केवल इसलिए अमान्य नहीं किया जा सकता है क्योंकि यह नियमित पुनरीक्षण के लिए निर्धारित सामान्य तौर-तरीकों के अनुरूप नहीं है। इसलिए यह नही कहा जा सकता है कि निर्वाचन आयोग ने अपनी वैधानिक शक्तियों से अधिक कार्रवाई की है। न्यायालय ने इस तर्क को खारिज कर दिया कि चुनाव आयोग द्वारा अपनाई गई प्रक्रिया लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 और मतदाता पंजीकरण नियम, 1960 के विपरीत थी। न्यायालय ने इस तर्क को भी खारिज कर दिया कि इस प्रक्रिया से मतदाता सूचियों में पहले से मौजूद व्यक्तियों की नागरिकता की अनुमानित मान्यता समाप्त हो जाती है। समाचार कक्ष से वैष्णवी।
*********
भारतीय जनता पार्टी ने एस.आई.आर. को पूर्णतः संवैधानिक करार देने के सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का स्वागत किया है। नई दिल्ली में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए पार्टी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने इस फैसले को कांग्रेस समेत विपक्ष की संवैधानिक पराजय बताया।
*********
दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण -एसआईआर की प्रक्रिया 20 जून से शुरू होगी। आज नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि मतदाता सूची का मसौदा 5 अगस्त को और अंतिम मतदाता सूची इस वर्ष 7 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी। श्री कुमार ने बताया कि बूथ स्तर के अधिकारी -बीएलओ 30 जून से दिल्ली की मतदाता सूचियों के सत्यापन के लिए घर-घर जाकर सर्वेक्षण करेंगे।
कमीशन की तरफ से दिल्ली में एआईआर टाइम शिड्यूल लॉच हो चुका है, जोकि 20 जून से शुरू होगा और सात अक्टूबर को हमारा फाइनल इलेक्टोरोल पब्लिश होगा, तो इसपे हाऊस टू हाऊस विजिट है बीएलओज़ की, वो हमारी 30 जून से शुरू होगी और 29 जुलाई तक चलेगी। इस हाऊस टू हाऊस शिड्यूल में बीएलओ हर इलेक्टर के यहां जाएंगे, जो भी उनका एड्रेस इलेक्टोलर रोल में है और दो फॉर्म लेके जाएंगे, इनोमरेशन फार्म। एक फार्म में इलेक्टर ने अपनी डिटेल भरनी है और अपने पास रखना है। दूसरा फॉर्म भरके बीएलओ को दे देना है और दोनों फॉर्म पर बीएलओ काउंटर साइन करेंगे, एक्नोलॉजमेंट के लिए।
दिल्ली के मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि मतदाताओं को भरे हुए जनगणना प्रपत्र ऑनलाइन जमा करने की सुविधा भी मिलेगी। श्री कुमार ने कहा कि सत्यापन प्रक्रिया के हर चरण में जांच-पड़ताल की व्यवस्था है। अधिक ब्यौरा हमारे संवाददाता से –
एसआईआर का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक, मतदाता सूची से न छूटे और कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो। मतदाताओं की भागीदारी को सुगम बनाने के लिए, जागरूकता अभियान और विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे ताकि मतदाताओं को, जनगणना प्रपत्र जमा करने में, सहायता मिल सके। आम जनता की सुविधा के लिए दिल्ली में वर्ष 2002 में हुए, अंतिम विशेष गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची, आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। इस प्रक्रिया में, एक अक्टूबर तक 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी मतदाताओं को शामिल किया जाएगा। सत्यापन प्रक्रिया के हर चरण में, जांच की व्यवस्था रहेगी और राजनीतिक दलों को बूथ स्तर के एजेंटों के माध्यम से, इसमें शामिल किया जाएगा। दीपेन्द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*********
केंद्र सरकार ने आज सर्वोच्च न्यायालय को सूचित किया कि ट्रांसजेंडर के अधिकारों के संरक्षण (संशोधन) अधिनियम 2026 के खिलाफ उच्च न्यायालयों में उसकी कई याचिकाएं लंबित हैं। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष इस मामले का उल्लेख करते हुए अनुरोध किया कि स्थानांतरित की जाने वाली याचिकाओं को शुक्रवार को सूचीबद्ध किया जाए।
*********
राजस्थान उच्च न्यायालय ने आसाराम बापू को आज आंशिक राहत देते हुए पोक्सो अधिनियम के अंतर्गत सामूहिक दुष्कर्म, सामूहिक यौन उत्पीड़न और आपराधिक साजिश से संबंधित आरोपों से बरी कर दिया। हालांकि, न्यायालय ने भारतीय दंड संहिता के अंतर्गत नाबालिग से दुष्कर्म मामले में उसकी सजा को बरकरार रखा है। इस मामले में आसाराम की आजीवन कारावास की सजा जारी रहेगी। उच्च न्यायालय ने आसाराम को आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है। वह फिलहाल अस्थायी जमानत पर है जिसे इस सप्ताह की शुरुआत में सात दिनों के लिए बढ़ा दिया गया था।
*********
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के अलग-अलग हिस्सों में बढ़ते तापमान को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री मोदी ने लोगों से कहा कि वे भरपूर पानी पियें और घर से बाहर निकलते समय अपने साथ पानी ज़रूर रखें। उन्होंने सुझाव दिया कि जो भी प्यासा हो, उसे एक गिलास पानी ज़रूर पिलाएं। प्रधानमंत्री ने सभी से ये भी कहा कि वे अपने परिवार और प्रियजनों से संपर्क में रहें और उनका हाल-चाल पूछते रहें। दोपहर की तेज़ धूप में बाहर निकलने से बचें और जितना हो सके आराम करें। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि जानवरों और पक्षियों के लिए घरों, बालकनियों, छतों, दुकानों या दफ़्तरों के बाहर पानी से भरा एक छोटा बर्तन ज़रूर रखें। प्रधानमंत्री ने लोगों से इन मुश्किल दिनों में पूरी संवेदनशीलता और करुणा के साथ एक-दूसरे का ख्याल रखने का अनुरोध किया।
*********
मौसम विभाग ने हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के विदर्भ के कुछ स्थानों और दिल्ली में भीषण लू चलने की संभावना व्यक्त की है। पश्चिम बंगाल के तराई वाले क्षेत्र कोंकण और गोवा, ओडिशा, सौराष्ट्र, कच्छ, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कारईक्काल में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है।
*********
राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच आज राज्य के पांच जिलों में लू की चेतावनी जारी की गई है। एक रिपोर्ट –
झुलसाने वाली गर्मी से प्रदेश का ज्यादातर हिस्सा प्रभावित है। जयपुर, कोटा, जोधपुर, नागौर, बीकानेर और दौसा सहित कई शहरों में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के ऊपर मापा गया। करीब 33 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ कोटा की रात सबसे गर्म रही। भीषण गर्मी और लू को देखते हुए प्रशासन की ओर से सडकों पर पानी का छिडकाव करने, आश्रय स्थल बनाने और पीने के पानी की व्यवस्था लगातार की जा रही है। चिकित्सा संस्थानों में भी लू और तापघात के मरीजों के लिए बेड आरक्षित करने के साथ आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। जितेन्द्र द्विवेदी, आकाशवाणी समाचार, जयपुर।
*********
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज शाम गंगतोक में होने वाले सिक्किम विश्वविद्यालय के सातवें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि होंगी। सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग भी इस समारोह में शामिल होंगे।
*********
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई ने नीट-यूजी 2026 परीक्षा पेपर लीक मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने इस मामले में अब तक दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे, लातूर और अहिल्यानगर से कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नीट प्रश्न लीक मामले में लातूर के रहने वाले डॉ. मनोज शिरुरे को भी गिरफ्तार किया गया है। सीबीआई के अनुसार, उन्होंने एक कोचिंग केन्द्र के मालिक के बेटे सहित तीन छात्रों को आरोपी पी.वी. कुलकर्णी से रसायन विज्ञान के प्रश्न दिलाने में अहम मुख्य निभाई थी। गिरफ्तार किया गया दूसरा आरोपी तेजस हर्षदकुमार शाह है, जो पुणे स्थित एक कोचिंग सेंटर, डॉ. अभंग प्रभु मेडिकल एकेडमी में फिजिक्स का फैकल्टी है। उसे नीट परीक्षा के लीक हुए भौतिक विज्ञान के प्रश्न के आरोपी मनीषा हवलदार से मिले थे।
*********
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने केरलम में पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के आवास सहित कई स्थानों पर, जांच शुरू कर दी है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
प्रवर्तन निदेशालय – ईडी ने आज सुबह से तिरुवनंतपुरम में पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के आवास सहित कई स्थानों पर निरीक्षण शुरू कर दिया है। केरलम में दस से अधिक जगहों पर तलाशी और निरीक्षण की कार्रवाई चल रही है। हालांकि, ईडी की ओर से अब तक इन कार्रवाइयों के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। इस बीच, केरलम हाई कोर्ट ने कल प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट के खिलाफ दायर याचिका खारिज कर दी। यह याचिका केरलम के कोच्चि स्थित एक निजी कंपनी के अधिकारियों द्वारा दायर की गई थी। ईडी की जांच उस निजी कंपनी के परिसरों में भी जारी है। तिरुवनंतपुरम से स्मिथी एम, पल्लुरुथी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मीनाक्षी।
*********
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कनाडा की अपनी यात्रा के दूसरे दिन टोरंटों में कनाडा के वरिष्ठ नेताओं और संस्थागत निवेशकों के साथ कई उच्च स्तरीय बैठकें की। वाणिज्य और उद्योग मंत्री ने कहा कि इस बैठक का उद्देश्य द्विपक्षीय सहयोग को प्रगाढ बनाना और कार्यनीतिक क्षेत्रों में निवेश और तकनीकी साझेदारी को बढावा देना है। इस यात्रा के दौरान श्री गोयल ने कनाडा अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मंत्री, मनिन्दर सिद्धू से मुलाकात की। मंत्रालय ने बताया कि दोनों देशों ने द्विपक्षीय व्यापार को 2030 तक 50 अरब डॉलर तक बढाने के लक्ष्य की पुष्टि की। प्रवासी भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए श्री गोयल ने भारत-कनाडा व्यापार को मजबूत करने में कनाडा में रह रहे भारतीय प्रवासियों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
भारत और कनाडा के बीच साझेदारी की सबसे बड़ी ताकत उनकी मजबूत लोकतांत्रिक नींव है। दोनों देश इस बात पर विश्वास करते हैं कि जब सशक्त संस्थाएँ कानून के शासन को मजबूती से कायम रखती हैं, तब दुनिया के सामने यह एक उदाहरण बनता है कि अच्छे मित्र और भरोसेमंद साझेदार किस तरह साथ मिलकर काम करते हैं। दोनों देशों की सरकारों, संस्थाओं, व्यवसायों और आम लोगों के बीच जो आपसी विश्वास और सहयोग है, वही इस रिश्ते को और अधिक मजबूत बनाता है।
*********
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पाकिस्तान की कड़ी आलोचना की है। परिषद को संबोधित करते हुए भारतीय प्रतिनिधि ने कहा कि पाकिस्तान ने अपनी स्थापना के बाद से लगातार आतंकवाद, हिंसक उग्रवाद और भारत विरोधी गतिविधियों को पनाह दी है और उनका समर्थन किया है। श्री हरीश ने कहा कि पाकिस्तान को सीमा पार आतंकवाद को प्रायोजित करने के परिणाम भुगतने होंगे।
पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ युद्ध, बिना उकसावे की आक्रामक कार्रवाइयों और लगातार सीमा पार आतंकवाद को समर्थन देकर संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के सिद्धांतों का उल्लंघन किया है। हज़ार घाव देकर भारत को कमजोर करने की उसकी नीति, आतंकवाद, धार्मिक कट्टरता और भारत-विरोधी गतिविधियों को लगातार बढ़ावा देने की उसकी सोच को दर्शाती है।
*********
पाकिस्तान का अब्राहम समझौते में शामिल होने से इनकार करने की रिपब्लिकन सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने कड़ी आलोचना की है। रिपब्लिकन सीनेटर ग्राहम ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ईरान से संबंधित किसी भी कूटनीति में पाकिस्तान की भूमिका अनुचित है।
*********
आईपीएल क्रिकेट में आज मोहाली के न्यू चंडीगढ़ में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच एलिमिनेटर मैच खेला जाएगा। ये मैच शाम साढ़े सात बजे से होगा। विजेता टीम शुक्रवार को दूसरे क्वालीफायर में गुजरात टाइटन्स से खेलेंगी। फाइनल मैच 31 मई को अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
*********
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
सर्वोच्च न्यायालय ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के निर्वाचन आयोग के फैसले को बरकरार रखा। न्यायालय ने कहा – यह जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 के अनुरूप है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का बढ़ते तापमान के मद्देनजर नागरिकों से सावधानी बरतने का आग्रह। मौसम विभाग ने हरियाणा, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के विदर्भ में भीषण लू की संभावना व्यक्त की।
भारत और कनाडा ने द्विपक्षीय व्यापार को 2030 तक 50 अरब अमरीकी डॉलर तक बढ़ाने के साझा लक्ष्य की पुष्टि की।
सीबीआई ने नीट-यूजी 2026 परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया।
अमरीकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने अमेरिका-ईरान वार्ता में संभावित मध्यस्थ के रूप में पाकिस्तान की भूमिका की विश्वसनीयता पर सवाल उठाया। उन्होंने इस्राइल के प्रति पाकिस्तान के लंबे समय से चले आ रहे विरोध का हवाला दिया।
आईपीएल क्रिकेट में आज शाम एलिमिनेटर मैच में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला होगा।
*********