May 26, 2026 3:44 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

  1. विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने नई दिल्ली में क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक की अध्यक्षता की। क्वाड ने स्थिर और सुरक्षित ऊर्जा बाजारों की प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त की।
  2. भारत और अमरीका ने महत्वपूर्ण खनिजों और दुर्लभ मृदा तत्‍वों की आपूर्ति, खनन और प्रसंस्करण को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर किए।
  3. गृह मंत्री अमित शाह ने राजस्थान के सांचू सीमा चौकी का दौरा किया; राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों में वायब्रेंट विलेज कार्यक्रम के दूसरे चरण का शुभारंभ किया।
  4. सऊदी अरब में लाखों जायरीन आज हज की मुख्‍य रस्‍म अदा कर रहे हैं।
  5. और… आईपीएल क्रिकेट में धर्मशाला में क्वालीफायर वन में आज शाम गुजरात टाइटन्स का मुकाबला मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से।

 

अब समाचार विस्‍तार से

 

*****

 

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर की अध्यक्षता में क्‍वाड विदेश मंत्रियों की बैठक आज नई दिल्ली में हुई। ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग, जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने बैठक में हिस्सा लिया। क्‍वाड समूह ने स्थिर और सुरक्षित ऊर्जा बाजारों की प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त की।

 

सदस्‍य देशों ने वैश्विक ऊर्जा बाजारों में व्यवधान के समय एक-दूसरे की ऊर्जा सुरक्षा आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की।

 

क्‍वाड देशों ने हिंद-प्रशांत समुद्री निगरानी पहल और समुद्री क्षेत्र में गतिविधियों और स्थितियों की जानकारी के लिए साझा तस्‍वीर पर सहमति जताई। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि क्‍वाड बंदरगाह बुनियादी ढांचे पर एक विशेषज्ञ पैनल बनाने पर विचार करेगा, फिजी में एक पायलट बंदरगाह परियोजना और समुद्र के नीचे बिछी केबलों पर भी सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि बैठक के मुख्य नतीजों में से क्‍वाड क्रिटिकल मिनरल्स फ्रेमवर्क को अंतिम रूप देना था। क्‍वाड देशों ने भारत-अमरीका क्रिटिकल मिनरल्स फ्रेमवर्क पर भी हस्ताक्षर किए।

 

हिंद-प्रशांत ऊर्जा सुरक्षा, प्रौद्योगिकी, प्रबंधन, नीति, अंतर्राष्ट्रीय बाजार विश्लेषण और आपातकालीन प्रतिक्रिया अभ्यासों के क्षेत्र में क्‍वाड पहल की घोषणा भी की गई।

 

बैठक के बाद संयुक्‍त प्रेसवार्ता में डॉ. जयशंकर ने कहा कि क्‍वाड देशों के बीच सहयोग को और मज़बूत किया जाएगा।

 

बैठक में आर्थिक मजबूती बनाए रखने, आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने, विश्वसनीय और सुरक्षित प्रौद्योगिकियों का प्रसार करने तथा उत्पादन क्षमता में वृद्धि करने पर चर्चा हुई। ऊर्जा और उर्वरक की वर्तमान उपलब्धता के साथ-साथ महत्वपूर्ण खनिजों और संसाधनों की उपलब्धता पर भी बात हुई। हमारा लक्ष्य आपसी सहयोग को मजबूत करना तथा दूसरों की सहायता करना है। हम क्वाड देश आदान-प्रदान से विकास और समृद्धि की खोज में नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं।

 

श्री जयशंकर ने कहा कि लोकतांत्रिक देशों के तौर पर आतंकवाद के साझा खतरे का मुकाबला करने पर भी हमारा ध्यान केंद्रित है।

 

लोकतांत्रिक राष्ट्र होने के नाते हमने आतंकवाद के साझा खतरे का मुकाबला करने पर भी ध्यान दिया। हमारी आतंकवाद को कतई बर्दाश्त न करने की नीति है। आतंकवादी हमलों से प्रभावित राष्ट्रों को आत्मरक्षा का अधिकार है। स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र के कई आयाम और पहलु हैं। बैठक में इनमें से कई क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा की गई, जबकि अन्य क्षेत्रों में खोज को प्रोत्साहित किया गया। आने वाले दिनों में, चाहे वह आर्थिक गतिविधि हो, ऊर्जा व्यापार हो या समुद्री व्यापार, हिंद-प्रशांत क्षेत्र विश्व के लिए और भी महत्वपूर्ण हो जाएगा।

 

अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा कि क्‍वाड क्रिटिकल मिनरल्स फ्रेमवर्क क्‍वाड देशों को आर्थिक नीति के साधनों का लाभ उठाने और निवेश का समन्वय करने में मार्गदर्शन करेगा। उन्होंने कहा कि हिंद-प्रशांत ऊर्जा सुरक्षा पर क्‍वाड पहल संकट के दौरान क्षेत्र में ऊजा की आपूर्ति बनाए रखने मदद करेगी। श्री रूबियो ने बताया कि अमरीका इस पहल का और विस्तार करने के उद्देश्य से इस वर्ष के अंत में ईंधन सुरक्षा मंच के लिए क्‍वाड देशों की मेज़बानी करेगा। श्री रूबियों ने कहा कि क्‍वाड देश मज़बूत मूल्यों को साझा करते हैं और उनके हित आपस में जुड़े हुए हैं।

 

सहयोग के जिन क्षेत्रों पर हम मिलकर काम कर रहे हैं, वे हाल ही में दुनिया भर में हुई घटनाओं के कारण और भी अधिक प्रासंगिक और महत्वपूर्ण हो गए हैं। इसलिए आज मुझे लगता है कि हम उन क्षेत्रों में अपने संबंधों को क्रियान्वित करने में और भी अधिक प्रगति करेंगे जिन पर हम सहयोग कर सकते हैं। क्वाड के बारे में सबसे दिलचस्प बात यह है कि हम साझा हितों के क्षेत्रों में विचारों का आदान-प्रदान करने के लिए एक साथ आते हैं। क्‍वाड तेजी से एक ऐसा मंच बनता जा रहा है जिसके माध्यम से हम कार्रवाई कर सकते हैं।

 

जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी ने होर्मुज़ जलडमरूमध्य में स्वतंत्र और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के साथ पश्चिम एशिया में स्थिरता लाने में कूटनीतिक प्रयासों के महत्व पर बल दिया।

 

ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग ने कहा कि क्वाड ने आज ऊर्जा सुरक्षा पहल और महत्वपूर्ण खनिजों जैसे क्षेत्रों में कई प्रयासों को आगे बढ़ाया है।

 

*****

 

भारत और अमरीका ने आज महत्वपूर्ण खनिजों और दुर्लभ मृदा तत्वों की आपूर्ति, खनन और प्रसंस्करण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण द्विपक्षीय ढाँचे पर हस्ताक्षर किए। यह ऐतिहासिक समझौता विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बीच हुआ।

 

आज दोपहर बाद जापान और ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री सेवा तीर्थ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से  मुलाकात करेंगे।

 

*****

 

गृह मंत्री अमित शाह ने आज राजस्थान में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित सांचू सीमा चौकी का दौरा किया। उन्होंने इस क्षेत्र में तैनात सीमा सुरक्षा बल- बीएसएफ के जवानों से बातचीत की और देश की सीमाओं की रक्षा के प्रति उनके समर्पण की सराहना की।

 

इस दौरान, गृह मंत्री ने राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए ‘वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम- के दूसरे चरण की शुरूआत की। श्री शाह बीकानेर स्थित बीएसएफ मुख्यालय में सीमा सुरक्षा पर एक बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

 

*****

 

उत्तर प्रदेश में आज आगरा-लखनऊ और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दो अलग-अलग सड़क हादसों में  दस लोगों की मौत हो गई। पहली घटना में, उन्नाव जिले के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बस पलटने से छह लोगों की जान चली गई और दस से अधिक लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि बस दिल्ली से गोरखपुर जा रही थी, तभी औरास पुलिस थाना क्षेत्र के पास चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे बस पलट गई। एक अन्य घटना बाराबंकी जिले के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुई, जिसमें चार लोगों की मृत्यु हो गई।

 

*****

 

ओडिशा के कालाहांडी जिले में निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक में दम घुटने से छह लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। यह घटना मदनपुर-रामपुर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत गौड़ कारलाखुंटा गांव में हुई। पुलिस के अनुसार, मजदूर सेप्टिक टैंक से लकड़ी के ढांचे को हटा रहे थे, तभी जहरीली गैसों या ऑक्सीजन की कमी के कारण उनका दम घुट गया। मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने इस त्रासदी पर गहरा दु:ख व्‍यक्‍त किया है और मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

 

*****

 

जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में गंडोला रोपवे में तकनीकी खराबी आने के बाद फंसे सभी पर्यटकों को सुरक्षित बचा लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, रोपवे की 65 केबिनों में तीन सौ से अधिक पर्यटक फंस गए थे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सफल बचाव अभियान की सराहना की है।

 

*****

 

सरकार देश में एक मजबूत, भरोसेमंद और टिकाऊ सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम विकसित करने के लिए कई महत्‍वपूर्ण पहल कर रही है। सेमीकंडक्टर इंडिया कार्यक्रम के अंतर्गत निर्माण और पैकेजिंग की 12 परियोजनाओं के साथ-साथ 24 सेमीकंडक्टर डिजाइन परियोजनाओं को मंजूरी दी जा चुकी है।

 

*****

 

दूरसंचार विभाग ने नागरिकों के लिए इंटरनेट का उपयोग आसान बनाने की दिशा में प्रधानमंत्री वाई-फाई एक्सेस नेटवर्क इंटरफेस पीएम वानी के अंतर्गत सुधारों की पहल की है। संचार मंत्रालय ने कहा है कि सभी पीएम-वानी हितधारकों को संशोधित दिशानिर्देशों को लागू करने और इस वर्ष जुलाई तक पूरे इकोसिस्टम में नई उपयोगकर्ता-अनुकूल सुविधाओं को चालू करने का निर्देश दिया गया है।

 

*****

 

पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा ने आज नई दिल्ली में अपनापन- नरेंद्र मोदी संग मेरे अनुभव नामक पुस्तक का विमोचन किया। यह पुस्तक केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा लिखी गई है।

 

इस अवसर पर श्री नायडू ने कहा कि सभी को, विशेषकर उभरते हुए राजनेताओं को, इस पुस्तक को अवश्य पढ़ना चाहिए। श्री देवेगौडा ने कहा कि यह पुस्‍तक एक सामान्‍य राजनीतिक जीवनी नहीं है, बल्‍कि यह दर्शाती है कि श्री मोदी और श्री शिवराज ने जनता के कल्‍याण के लिए कैसे मिलकर काम किया। 

 

इस अवसर पर श्री चौहान ने कहा कि यह पुस्तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके दशकों के अनुभव पर आधारित है। उन्‍होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने पर उन्‍हें बधाई दी।

 

आज 26 मई है यह वो ऐतिहासिक दिन है जब श्रीमान नरेंद्र मोदी जी ने पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ग्रहण की थी। मैं भी उनको बधाई देता हूं और आप सब भी उनका अभिनंदन करें। लेकिन मेरा और उनका साथ 35 साल पुराना है और इन 35 सालों में मैंने उनको हर क्षण देश के लिए जीते हुए देखा है। उनका हर कदम देश की प्रगति और विकास के लिए उठा है। मैंने उनके दिल को जनता के लिए धडकता हुए देखा है।

 

*****

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नरेंद्र मोदी सरकार के आज 12 साल पूरे होने पर इसे भारत की सभ्यता और विकास यात्रा का बदलाव लाने वाला दौर बताया। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि 26 मई 2014 को देश के प्रशासन, सोच, नेतृत्व और राष्ट्रीय संकल्प में एक निर्णायक बदलाव आया, जब श्री मोदी ने प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली।

 

*****

 

भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यभार संभालने के बाद से देश ने अभूतपूर्व आत्मविश्वास और नए सांस्कृतिक पुनर्जागरण का ऐतिहासिक क्षण देखा है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री नवीन ने सरकार के सुशासन और ‘राष्ट्र-प्रथम’ की भावना से प्रेरित पिछले 12 वर्ष के कार्यकाल को अभूतपूर्व बताया।

 

*****

 

बीजू जनता दल के पूर्व राज्यसभा सांसद देबाशीष सामंतराय भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। उन्हें नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में भाजपा के महासचिव अरुण सिंह और ओडिशा के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल सहित वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पार्टी में शामिल किया गया।

 

*****

 

खादी और ग्रामोद्योग आयोग ने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में एक नया रिकॉर्ड बनाया है। वित्त वर्ष 2024-25 में कारोबार एक लाख 87 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। आज नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए खादी और ग्रामोद्योग आयोग के अध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और लाखों ग्रामीण कारीगरों की मेहनत के फलस्वरूप प्राप्त हुई है।

 

*****

 

घरेलू शेयर बाज़ार के संवेदी सूचकांक में दोपहर के कारोबार में गिरावट का रूख है। अंतिम समाचार मिलने तक सेंसेक्‍स 251 अंक गिरकर 76 हजार 238 जबकि, निफ्टी 50 अंक की गिरावट के साथ 23 हजार 982 पर था,

 

*****

 

सऊदी अरब में वार्षिक हज यात्रा का सबसे पवित्र और महत्वपूर्ण दिन आज अराफ़ात का दिन है। दुनिया भर से लाखों मुसलमान जुलहिज्‍जा की नौ तारीख को मक्का के पास अराफ़ात के मैदान में इकट्ठा हुए हैं ताकि वे हज का प्रमुख अनुष्ठान कर सकें। जायरीन निमरा मस्जिद में ‘खुत्बा-ए-हज’ या हज का उपदेश सुनेंगे और शाम को मुज़दलिफ़ा के लिए रवाना होने से पहले दोपहर और शाम की नमाज़ एक साथ अदा करेंगे। इस अनुष्ठान को हज पूरा करने के लिए अनिवार्य माना जाता है। मुज़दलिफ़ा से जायरीन कल सुबह कुर्बानी और शैतान को कंकड़ मारने के प्रतीकात्मक अनुष्ठान के लिए मिना लौटेंगे। इस साल के हज में एक लाख 75 हज़ार से भी ज़्यादा भारतीय जायरीन हिस्सा ले रहे हैं।

 

*****

 

अमरीका और ईरान के बीच तनाव और बढ़ गया है। अमरीकी सेना ने दक्षिणी ईरान में नए हवाई हमले किए हैं। इन हमलों को वाशिंगटन ने अपने सैनिकों की सुरक्षा के लिए ‘आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई बताया है।

 

*****

 

आईपीएल क्रिकेट में आज क्वालीफायर-वन में मौजूदा चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना गुजरात टाइटंस से होगा। यह मुकाबला धर्मशाला में शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा। विजेता टीम फाइनल में पहुंचेगी, जबकि हारने वाली टीम को क्वालीफायर-टू में एक और मौका मिलेगा।

 

*****

 

मौसम विभाग ने बताया है कि मिज़ोरम में आज मॉनसून की शुरुआत हो गई है। केरलम में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के कल तक पहुंचने की संभावना है। एक रिपोर्ट-

 

मौसम विभाग ने केरलम के तिरुवनंतपुरम, कोल्लम और अलाप्पुझा जिलों में आज अलग-अलग स्थानों पर तेज वर्षा की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। कई दक्षिणी क्षेत्रों में लगातार बारिश जारी है। कोच्चि, मुन्नार, कुमारकोम, नीलाक्कल, कुमिली, सबरीमला, वर्कला और पोनमुडी सहित कई स्थानों पर आज सुबह दस बजे से लगभग पांच मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। लक्षद्वीप के अमिनी, अगाटी और कवरत्ती में भी पांच से पंद्रह मिलीमीटर के बीच बारिश हुई है। अधिकारियों ने बताया है कि मौसम की स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही हैं। तिरुवनंतपुरम से स्मिथी एम पल्लुरुथी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं कनक लता।

 

*****

 

इस बीच, विभाग ने आज दिल्ली में भीषण गर्मी का येलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी में कल तक लू की स्थिति की संभावना है। हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, पंजाब, उत्तर प्रदेश, विदर्भ और पश्चिम राजस्थान में आज भी भीषण लू चल सकती है।

 

*****

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  1. विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने नई दिल्ली में क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक की अध्यक्षता की। क्वाड ने स्थिर और सुरक्षित ऊर्जा बाजारों की प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त की।
  2. भारत और अमरीका ने महत्वपूर्ण खनिजों और दुर्लभ मृदा तत्‍वों की आपूर्ति, खनन और प्रसंस्करण को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर किए।
  3. गृह मंत्री अमित शाह ने राजस्थान के सांचू सीमा चौकी का दौरा किया; राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों में वायब्रेंट विलेज कार्यक्रम के दूसरे चरण का शुभारंभ किया।
  4. सऊदी अरब में लाखों जायरीन आज हज की मुख्‍य रस्‍म अदा कर रहे हैं।
  5. और… आईपीएल क्रिकेट में धर्मशाला में क्वालीफायर वन में आज शाम गुजरात टाइटन्स का मुकाबला मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से।

 

*****

Most Read
View All arrow-right

No posts found.