May 25, 2026 3:38 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज शाम राष्ट्रपति भवन में पद्म पुरस्कार प्रदान करेंगी।

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने नीट-यूजी परीक्षा पेपर लीक मामले में केंद्र, एनटीए और सीबीआई से जवाब मांगा। कहा – एजेंसियों ने पहले के पेपर लीक मामलों से अब तक कोई सबक नहीं सीखा।

 

असम में विधानसभा में समान नागरिक संहिता विधेयक पेश किया गया।

 

मौसम विभाग ने अगले तीन दिन के लिए दिल्ली में गर्मी का येलो अलर्ट जारी किया। हरियाणा, बिहार, मध्य प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में लू चलने की संभावना।

 

और, नॉर्वे शतरंज 2026 टूर्नामेंट आज शाम ओस्लो में शुरू होगा।

 

——–

 

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज राष्‍ट्रपति भवन में वर्ष 2026 के पद्म पुरस्‍कार प्रदान करेंगी। समारोह में उपराष्‍ट्रपति सी. पी. राधाकृष्‍णन, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह भी उपस्थित रहेंगे।

 

दो पद्म विभूषण, छह पद्म भूषण और 58 पद्मश्री सहित 66 अलंकरण आज दिए जायेंगे। हमारी संवाददाता ने बताया है कि शेष पद्म पुरस्‍कार समारोह के दूसरे चरण में प्रदान किये जायेंगे।  

 

सरकार ने इस वर्ष कुल 131 पद्म पुरस्कारों की घोषणा की है। इनमें पांच पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्मश्री पुरस्कार शामिल हैं। पुरस्कार पाने वालों में 19 महिलाएं हैं, जबकि 16 लोगों को मरणोपरांत सम्मानित किया जाएगा। पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं। इन पुरस्‍कारों की शुरुआत वर्ष 1954 में हुई थी। प्रति वर्ष गणतंत्र दिवस पर इन पुरस्‍कारों की घोषणा की जाती है। कला, साहित्य, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, समाज सेवा, विज्ञान, अभियान्त्रिकी, जन सेवा, व्यापार और उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट और विशिष्ट योगदान के लिए ये पुरस्‍कार दिए जाते हैं। सौम्या शरण की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं प्राची वाजपेयी।

 

——–

 

आकाशवाणी पर ‘पीपल्स पद्म ऑन आकाशवाणी’ श्रृंखला के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम प्रसारित किये जा रहे हैं।

 

कार्यक्रम में अलग-अलग पद्म पुरस्कार विजेता के जीवन और कृतित्व की जानकारी दी जाती है।

 

——–

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने नीट परीक्षा में बार-बार हो रही चूक पर चिंता जताते हुए कहा कि यह खेदजनक है कि राष्‍ट्रीय परीक्षा जांच एजेंसी – एन.टी.ए. ने पिछले पेपर लीक विवाद से कोई सबक नहीं सीखा है। एक रिपोर्ट-

 

न्‍यायाधीश पी.एस. नरसिम्हा और आलोक अराधे की पीठ ने केंद्र सरकार, राष्‍ट्रीय जांच एजेंसी और केन्‍द्रीय अन्‍वेषण ब्‍यूरों से उन याचिकाओं पर जवाब मांगा है, जिनमें मेडिकल प्रवेश परीक्षा आयोजित करने के लिए राष्‍ट्रीय जांच एजेंसी की जगह किसी सशक्‍त और स्वायत्त संस्था को लाने की मांग की गई है। न्‍यायालय ने एजेंसी को बृहस्‍पतिवार तक हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है। याचिकाओं में आरोप लगाया गया है कि बार-बार पेपर लीक होने से 22 लाख से ज़्यादा विद्यार्थियों के अधिकारों पर असर पड़ा है। इस महीने की तीन तारीख को आयोजित नीट-यूजी परीक्षा, पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दी गई थी। समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार बल।

 

——–

 

इस बीच, दिल्‍ली की एक अदालत ने नीट-यूजी पेपर लीक मामले में पुणे निवासी भौतिकी विषय की लेक्चरर मनीषा संजय हवलदार को छह दिन के लिए केन्द्रीय अन्‍वेषण ब्‍यूरो-सीबीआई की हिरासत में भेज दिया है।

 

——–

 

एन.टी.ए. ने 28 मई को होने वाली संयुक्त विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा की तारीख आगे बढ़ा दी है। एजेंसी ने कहा कि बकरीद की तिथि में बदलाव के कारण यह निर्णय लिया गया है। संशोधित परीक्षा तिथि की सूचना जल्‍द ही दी जाएगी। ताजा जानकारी के लिए विद्यार्थी, एनटीए की आधिकारिक वेबसाईट देख सकते हैं।

 

——–

 

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की बारहवीं की बोर्ड परीक्षा की स्‍कैन उत्तर पुस्तिकाओं को प्राप्त करने की आज अंतिम तिथि है। बोर्ड ने कहा कि विद्यार्थियों को आवेदन करने का पर्याप्त समय देने के लिए यह तारीख बढ़ाई गई थी। स्कैन कॉपी उपलब्ध कराने के बाद भी पोर्टल दो दिन तक खुला रहेगा।

 

बोर्ड ने बताया कि पुनर्मूल्यांकन के लिये आवेदन करने की तारीख जल्‍द घोषित की जाएगी।

 

——–

 

असम सरकार ने आज विधानसभा में समान नागरिक संहिता विधेयक पेश किया। इस विधेयक का उद्देश्य बहु-विवाह पर प्रतिबंध लगाना और लिव-इन रिलेशनशिप का पंजीकरण करना अनिवार्य है। विधेयक में यह प्रावधान है कि यह असम में रहने वाली किसी भी अनुसूचित जनजाति पर लागू नहीं होगा। विवाह के लिए, विधेयक में पुरुषों के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और महिलाओं के लिए 18 वर्ष निर्धारित की गई है और बहुविवाह पर रोक लगाई गई है। कानूनी अधिकारों की रक्षा के लिए, विधेयक में विवाह और तलाक का पंजीकरण अनिवार्य करने का प्रस्ताव है, जो जीवनसाथियों के लिए भरण-पोषण, विरासत और अन्य कानूनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण होगा।

 

राज्य के कैबिनेट मंत्री अतुल बोरा ने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा की ओर से सदन में समान नागरिक संहिता असम विधेयक 2026 पेश किया।

 

——–

 

भारतीय जनता पार्टी ने आज कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर देश को कमज़ोर करने का आरोप लगाया। संवाददाताओं को संबोधित करते हुए पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि सरकार स्थिर और मज़बूत है। उन्होंने कहा कि ऐसे वैश्विक संकट के बीच, जब कई देशों की अर्थव्यवस्थाएँ कमज़ोर पड़ गई हैं, देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस वैश्विक चुनौती का मज़बूती से सामना कर रहा है।

 

——–

 

बीजू जनता दल- बीजेडी के नेता और राज्यसभा सांसद देबाशीष सामंतराय ने आज पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया। उन्‍होंने राज्यसभा की सदस्‍यता से भी इस्‍तीफा दिया है। बीजेडी अध्यक्ष नवीन पटनायक को लिखे अपने इस्तीफ़े में देबाशीष सामंतराय ने आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर उन्हें जान-बूझकर नीचा दिखाया जा रहा था।

 

——–

 

क्‍वॉड के विदेश मंत्रियों की बैठक कल नई दिल्ली में होगी। इसमें ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग, जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो हिस्सा लेंगे। विदेश मंत्री एस. जयशंकर बैठक की अध्यक्षता करेंगे। एक रिपोर्ट-

 

विदेश मंत्रालय ने बताया कि बैठक में प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में क्‍वॉड सहयोग को आगे बढ़ाने वाली पहलों की प्रगति की समीक्षा करने और आपसी हित के अन्य अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा।

 

क्वाडसमूह भारत, अमरीका, ऑस्ट्रेलिया और जापान का प्रमुख उद्देश्‍य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता कायम रखना है। भारत इस गठबंधन के वर्तमान अध्यक्ष के तौर पर इस बैठक की मेज़बानी कर रहा है। वर्ष 2024 में अमरीका के विलमिंगटन में आयोजित पिछले क्वाड शिखर सम्मेलन में, इस समूह के शीर्ष नेताओं ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा सहयोग का विस्तार करने के लिए कई बड़े कदमों की घोषणा की थी। दीपेन्‍द्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मनोज।

 

——–

 

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने आज पश्चिम एशिया संकट के बीच ईंधन, उर्वरक और विदेश मुद्रा पर अधिक ध्‍यान देने का आह्वान किया। उन्‍होंने कहा कि घरेलू अर्थव्‍यवस्‍था लचीली बनी हुई है।

 

मुम्‍बई में भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक-सिडबी की 37वीं वर्षगांठ समारोह के एक कार्यक्रम में वित्त मंत्री ने कहा कि डीजल और पेट्रोल के उत्‍पाद शुल्‍क में कटौती से राजस्व पर एक लाख करोड़ रुपये का असर पड़ेगा। उन्‍होंने कहा कि सोने की अधिक कीमत बाहरी मोर्चे पर कुछ चुनौतियां उत्‍पन्‍न कर रहीं हैं। उन्‍होंने कहा कि देश की नीतिगत प्रतिक्रिया को घरेलू विकास को बनाए रखने के हिसाब से तैयार किया गया है। वित्त मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की परोपकार संबंधी अपीलों के बाद एक संशयपूर्ण और निराशावादी माहौल बनाने वालों पर निशाना साधा। उन्‍होंने कहा कि भारत डर फैलाने का जोखिम नहीं उठा सकता।

 

——–

 

पेट्रोल के मूल्य में आज दो रुपये 61 पैसे और डीजल में दो रुपये 71 पैसे की बढोतरी हुई है। दिल्‍ली में अब पेट्रोल 102 रुपये 12 पैसे और डीज़ल 95 रुपये 20 पैसे प्रति लीटर मिलेगा। पेट्रोल और डीजल के मूल्य में पिछले दो सप्‍ताह में यह चौथी वृद्धि है।

 

——–

 

सरकार ने सोशल मीडिया पर वायरल उस मैसेज का खंडन किया है जिसमें दावा किया जा रहा है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी को भारत के समर्थन के संबंध में बयान दिया है। पत्र सूचना कार्यालय की तथ्‍य जांच इकाई ने कहा कि यह दावा भ्रामक है। इकाई ने कहा कि रक्षा मंत्री और सरकार ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। सरकार ने नागरिकों को ऐसी भ्रामक जानकारियों से सावधान रहने की सलाह दी है। इस संबंध में केवल सरकारी सूत्रों पर ही विश्‍वास करने का कहा गया है।

 

——–

 

अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा है कि अमरीका और ईरान ने होर्मुज़ जलडमरूमध्‍य को फिर से खोलने के लिए वार्ता में महत्‍वपूर्ण प्रगति की है। संवाददाताओं से बातचीत में मार्को रूबियो ने कहा कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम और क्षेत्रीय सुरक्षा पर प्रारंभिक समझौता व्‍यापक वार्ता का मार्ग प्रशस्‍त कर सकता है।

 

अमरीका के विदेश मंत्री ने कहा कि राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप अन्‍य विकल्‍पों पर विचार करने से पहले कूटनीति को हर मौका देंगे। होर्मुज जलडमरूमध्‍य से विश्‍व की ऊर्जा आपूर्ति का लगभग 20 प्रतिशत हिस्‍सा गुजरता है। इस वर्ष की शुरुआत से ईरान पर अमरीका और इस्राएल के संयुक्‍त हमलों के बाद होर्मुज जलडमरूमध्‍य बाधित हुआ है। विदेश मंत्री रूबियो भारतीय नेताओं के साथ बैठक करने के लिए इस समय भारत में हैं। वे नई दिल्‍ली में क्‍वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे।

 

——–

 

मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए तीन दिन का लू का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। राष्ट्रीय राजधानी में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। अगले दो दिन के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी लू की स्थिति बनी रहने की आशंका है। आज पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र में मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा।

 

इस बीच, आज पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों, पश्चिम बंगाल के तराई वाले क्षेत्र, सिक्किम, केरल, माहे, तमिलनाडु और पुडुचेरी में तेज वर्षा का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, असम, मेघालय, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और लक्षद्वीप के कुछ स्थानों पर  आज बिजली चमकने और आंधी-तूफान आने की संभावना है।

 

——–

 

भीषण गर्मी ‘नौतपा’ की आज से शुरुआत हो गई है। यह अगले महीने की 2 तारीख तक जारी रहेगा। मध्‍य प्रदेश से हमारे संवाददाता की एक रिपोर्ट-

 

मध्य प्रदेश में आज से नौतपा शुरू हो गया है। ये सिलसिला 2 जून तक चलेगा। नौतपा यानी साल के वो नौ दिन जब सूरज की तपिश सबसे ज़्यादा होती है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 44 जिलों में लू चलने की चेतावनी दी है। निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना में हालात सबसे गंभीर हैं, इसलिए इन पांच जिलों में मौसम विभाग ने रेड अलर्ट घोषित किया है। मौसम विभाग का कहना है कि 25 से 28 मई के बीच गर्मी और भी बढ़ेगी और 31 मई तक किसी राहत की उम्मीद नहीं है। अभिनव गोयल, आकाशवाणी, भोपाल ।

 

——–

 

घरेलू शेयर बाजार के संवेदी सूचकांक में आज दोपहर के कारोबार में लगभग एक दशमलव दो प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। अंतिम समाचार मिलने तक सेंसेक्स 944 अंक की वृद्धि के साथ 76 हजार 360 जबकि निफ्टी 270 अंक बढकर 23 हजार 989 पर था।

 

——–

 

नॉर्वे शतरंज प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ आज नॉर्वे के ओस्लो शहर में हो रहा है। टूर्नामेंट भारतीय समयानुसार रात साढ़े आठ बजे शुरू होगा। 13 वर्ष के इतिहास में पहली बार यह प्रतियोगिता स्टावांगर के बजाय ओस्लो में आयोजित की गयी है।

 

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के ओपन और महिला दोनों वर्गों में शामिल खिलाड़ियों में मैग्नस कार्लसन, डी. गुकेश और आर. प्रज्ञानानंद जैसे विश्व के दिग्गज ग्रैंडमास्टर भी हैं।

 

——–

 

भारत ने जापान में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय अल्ट्रा रनर्स एसोसिएशन – आईएयू एशिया तथा ओशिनिया चैंपियनशिप में इतिहास रच दिया। भारत ने कुल पांच पदक जीते और पुरुषों की श्रेणी में दबदबा कायम रखा। अमर सिंह देवंदा ने स्वर्ण पदक जीता। गीनो एंटनी ने रजत पदक हासिल किया, जबकि कांस्य पदक भी भारत के खाते में गया।

 

महिलाओं की श्रेणी में भारतीय टीम ने कांस्य पदक जीता। तेनज़िन डोल्मा शीर्ष भारतीय खिलाड़ी रहीं और व्यक्तिगत रूप से चौथे स्थान पर रहीं।

 

——–

 

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज रात साढे नौ बजे पब्लिक स्‍पीक कार्यक्रम में, वरिष्‍ठ नागरिकों को एकीकृत डिजिटल सहायता प्रदान करने की पहल – जीवन और शतायु ऐप पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। संयुक्त सचिव, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय में संयुक्त सचिव मोनाली पी. ढाकाटे परिचर्चा में भाग लेंगी।

 

——–

 

वार्षिक हज यात्रा के लिए भारत सहित दुनिया भर से लाखों जायरीन सऊदी अरब के मिना में इकट्ठा हो रहे हैं। ‘हज सुविधा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से भारतीय जायरीनों को जानकारी और शिकायत दर्ज कराने की सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।

 

——–

 

गृह मंत्री अमित शाह ने महान क्रांतिकारी रास बिहारी बोस की जयंती पर उन्हें नमन किया है। श्री शाह ने कहा कि राष्ट्र उनके अदम्य साहस और मातृभूमि के प्रति समर्पण को हमेशा याद रखेगा।

 

——–

 

जम्‍मू-कश्‍मीर में घाटी की रसदार और गहरे लाल रंग की चेरी अब मुम्‍बई के बाजारों तक पहुंचेगी। मौसम के पहले चेरी फल का विशेष पार्सल वाहन आज जम्‍मू से रवाना हुआ।

 

——–

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज शाम राष्ट्रपति भवन में पद्म पुरस्कार प्रदान करेंगी।

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने नीट-यूजी परीक्षा पेपर लीक मामले में केंद्र, एनटीए और सीबीआई से जवाब मांगा। कहा – पहले के पेपर लीक मामलों से अब तक कोई सबक नहीं सीखा गया।

 

असम विधानसभा में समान नागरिक संहिता विधेयक पेश।

 

मौसम विभाग ने अगले तीन दिन के लिए दिल्ली में गर्मी का येलो अलर्ट जारी किया। हरियाणा, बिहार, मध्य प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में लू की स्थिति बनी रहेगी।

 

और, नॉर्वे शतरंज 2026 टूर्नामेंट आज शाम ओस्लो में शुरू होगा।

 

——–

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.