May 24, 2026 3:14 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्य समाचार:-

  1. भारत और अमरीका ने दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को महत्वपूर्ण बताया, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा- शीघ्र व्यापार समझौता जरूरी, देश के लिए ऊर्जा आपूर्ति के विविधीकरण पर जोर।

  2. अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत को सबसे महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदारों में से एक बताया।

  3. पश्चिम बंगाल के फलता विधानसभा क्षेत्र के पुनर्मतदान में भाजपा उम्मीदवार देबांग्शु पांडा ने भारी बढ़त हासिल की।

  4. सरकार ने इबोला के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए भारतीय नागरिकों को कांगो, युगांडा और दक्षिण सूडान की गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी।

  5. पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा में रेलवे ट्रैक के पास हुए विस्फोट में 24 लोग मारे गए।

  6. फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट आज से पेरिस में शुरू हो रहा है।

******

 

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रमण्यम जयशंकर और अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने आज नई दिल्ली में कई मुद्दों पर चर्चा की। दोनों पक्षों ने भारत और अमरीका सामरिक भागीदारी को महत्वपूर्ण बताय। उन्होंने कहा कि यह भागीदारी व्यापार, ऊर्जा, मोबिलिटी और क्षेत्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में विशेष रूप से है।

 

डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत और अमरीका के बीच व्‍यापक वैश्विक सामरिक भागीदारी है जो गहरे सहयोग पर आधारित है।

 

 

भारत और अमरीका के बीच राजनीतिक समझ के बारे में, हमारे बीच एक रणनीतिक साझेदारी है। ये साझेदारी, कई क्षेत्रों में दोनों पक्षों के राष्ट्रीय हितों से बनती है। बैठक में, हमने पश्चिम एशिया, मध्य पूर्व, भारतीय उपमहाद्वीप और पूर्वी एशिया से संबंधित घटनाक्रमों पर चर्चा की।

 

 उन्‍होंने कहा कि दोनों देशों के संबंधों का पूरी दुनिया पर असर पड़ता है और कई क्षेत्रों में उनके हित एकसमान हैं। विदेशमंत्री ने कहा कि मौजूदा चर्चा जटिल वैश्विक परिस्थितियों में हुई है लेकिन उन्हें खुले मन से और सार्थक चर्चा का विश्वास है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को जल्दी अंतिम रूप दिया जाना ज़रूरी है। उन्होंने ऊर्जा व्यापार में हुए विस्तार का स्वागत किया और कहा कि अधिकाधिक स्रोतों से ऊर्जा की आपूर्ति भारत की ऊर्जा सुरक्षा के लिए ज़रूरी है।

 

डॉक्टर जयशंकर ने यह भी कहा कि दोनों देशों की जनता के परस्पर संबंध महत्वपूर्ण हैं और कानूनी तौर पर आवाजाही में व्यवधान उत्पन्न नहीं होना चाहिए। ईरान संघर्ष के बारे में श्री जयशंकर ने कहा कि भारत और अमरीका– दोनों इस पक्ष में हैं कि दुनियाभर में ऊर्जा की कीमतें कम रहें।

 

 

हम इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता चाहते हैं। दूसरा, हमारे लिए, प्रवासी समुदाय का कल्याण और भलाई बहुत आवश्‍यक है। तीसरा, हम चाहते हैं कि ईंधन की कीमतें कम हों, क्योंकि हम इसके बहुत बड़े आयातक हैं और इसका अधिकतर हिस्सा इसी क्षेत्र से आता है।

 

हम इस क्षेत्र से सुरक्षित और बिना किसी रुकावट के समुद्री व्यापार के पूरी तरह पक्ष में हैं। और साथ ही हम यह देखना चाहते हैं कि वहाँ के बाज़ार खुलें। हम कोई रुकावट नहीं देखना चाहते।

 

अमरीका के विदेशमंत्री मार्को रूबियो ने कहा कि भारत, अमरीका के सबसे महत्वपूर्ण सामरिक भागीदारों में से है।

 

 

एक रणनीतिक साझेदारी बहुत अलग चीज़ है। यह उससे कहीं अधिक व्यापक है। जिन मुद्दों पर हम भारत के साथ मिलकर काम करते हैं, उनकी व्यापकता और दायरा ही इस बात को दर्शाता है कि भारत, दुनिया में हमारे सबसे महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदारों में से एक है। इसकी शुरुआत हमारे साझा मूल्यों से होती है। हम दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्र हैं।

 

 

श्री रूबियो ने कहा कि दोनों देशों ने आतंकवाद की पीड़ा झेली है और दोनों देश उन मुद्दों पर एक जैसी राय रखते हैं जो आने वाली सदी की रूपरेखा तय करेंगे।

 

श्री रूबियो ने कहा कि ऊर्जा के मुद्दे पर भी दोनों देशों की राय एकसमान है। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि अमरीका 21वीं सदी क लिए अपनी आप्रवासन नीति को नया रूप दे रहा है। ईरान के बारे में उन्होंने कहा कि अगले कुछ घंटों में सकारात्मक ख़बरें आ सकती हैं।

 

दोनों नेताओं ने खाड़ी और हिंद-प्रशांत सहित क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की। श्री रूबियो की भारत यात्रा ऐसे समय में हुई है जब क्वाड देशों के विदेशमंत्रियों की बैठक भी होने वाली है।

 

इससे पहले, विदेश मंत्री डॉ. सुब्रमण्यम जयशंकर ने आज अपने उद्घाटन संबोधन में कहा कि भारत और अमरीका के बीच व्‍यापक वैश्विक सामरिक भागीदारी है जो गहरे सहयोग पर आधारित है। उन्‍होंने यह बात नई दिल्‍ली में अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो के साथ बैठक में कही।

 

अमरीकी विदेशमंत्री कल चार दिन की यात्रा पर कल भारत पहुंचे। वे 26 मई को क्वाड देशों के विदेशमंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में  आस्ट्रेलिया के विदेशमंत्री पेन्नी वांग और जापान के विदेशमंत्री तोशिमित्सु मोटेगी भी शामिल होंगे। विदेशमंत्रियों के बीच प्राथमिक क्षेत्रों में क्वाड सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी।

 

******

 

पश्चिम बंगाल में, फलता विधानसभा निर्वाचन-क्षेत्र के लिए मतगणना जारी है। ताज़ा समाचार मिलने तक, 16वें दौर में भारतीय जनता पार्टी के उम्‍मीदवार देबांशु पांडा काफी आगे चल रहे हैं। उन्हें अब तक 76 हजार 397 वोट मिले हैं। भारतीय कम्‍युनिस्‍ट पार्टी-सीपीआईएम के शंभुनाथ कुर्मी दूसरे स्थान पर हैं। कांग्रेस के अब्दुर रज्जाक मोल्ला तीसरे और तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार जहांगीर खान चौथे स्थान पर हैं।

 

वोटों की गिनती 14 केंन्‍द्रों पर की जा रही है। मतगणना 21 चरणों में होगी।

 

******

 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर देश में अराजकता फैलाने आरोप लगाया है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ राहुल गांधी का बयान कांग्रेस और विपक्षी दलों की साजिश की ओर इशारा करता है। श्री गोयल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का उद्देश्य देश को बदनाम करना, संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करना और विदेश जाकर विदेशी शक्तियों से भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने की अपील करना है।

 

******

 

मत्स्य पालन, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन मंत्री राजीव रंजन सिंह कल मिजोरम के आइजोल में समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में, उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में मछली पालन, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन से जुड़ी योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।

 

******

 

आकाशवाणी के 90 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में, कर्सियोंग इकाई ने आज ‘आकाशवाणी@90’ मैराथन का आयोजन किया। कर्सियोंग के विधायक सोनम लामा ने मैराथन को रवाना किया। श्री लामा ने कहा कि आकाशवाणी की 90 वर्षों की अनवरत और गौरवशाली सेवाओं का स्मरण नेपाल और नेपाली भाषियों के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है।

 

8 जून, 1936 को स्थापित आकाशवाणी कर्सियोंग नेपाली भाषियों को लगातार शिक्षा, सूचना और मनोरंजन प्रदान कर रहा है।

 

******

 

केंद्रीय माध्‍यमिक शिक्षा बोर्ड – सीबीएसई ने 12वीं कक्षा के परिणाम के संबंध में नई सूचना जारी की है। यह सूचना 21 और 22 मई को गलत फीस कट जाने को देखते हुए जारी की गई है। यह समस्‍या जांची गई उत्‍तर पुस्तिकाओं की स्‍कैन की गई कॉपी के लिए आवेदन के दौरान हुई थी। बोर्ड ने कहा है कि कुछ मामलों में ज्‍यादा भुगतान कटा है, जबकि कुछ मामलों में कम राशि ली गई है।

 

 

सीबीएसई के अनुसार, अतिरिक्‍त भुगतान के मामलों में राशि खाते में लौटा दी जाएगी। कम भुगतान के मामले में विद्यार्थियों को बाकी भुगतान के लिए अलग से सूचित किया जाएगा। बोर्ड ने स्‍पष्‍ट किया है कि उचित शुल्‍क वाले सभी आवेदनों के मामलों में उत्‍तर-पुस्तिका उपलब्‍ध कराई जाएगी और विद्यार्थियों को नए सिरे से आवेदन नहीं करना होगा।

 

******

 

महाराष्ट्र की नाशिक अदालत में विशेष जांच दल ने टी.सी.एस. कंपनी से संबंधित दुष्‍कर्म और धर्मांतरण मामले में एक हजार पांच सौ पन्नों का अभियोग पत्र दाखिल किया है। जांच दल के प्रमुख संदीप मिटके ने बताया कि चार आरोपियों के खिलाफ कल अभियोग पत्र दाखिल किया गया।

 

******

 

सरकार ने विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम, 2025 के अंतर्गत व्यापक जन परामर्श के लिए प्रारूप प्रकाशित किया है। ग्रामीण विकास मंत्रालय ने कहा कि कोई भी व्यक्ति, हितधारक, संगठन और संस्था 21 जून तक प्रारूप के बारे में आपत्ति तथा सुझाव दे सकते हैं। अधिनियम में एक वर्ष में 125 दिन के रोजगार की गारंटी दी गई है। इसके अनुसार निर्धारित समय में काम न मिलने पर बेरोजगारी भत्ता देने का भी प्रावधान है।

 

******

 

भारत ने अफ्रीका रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्रों को चिकित्सा सामग्री और सुरक्षा किट की पहली खेप भेजी है। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ये सामग्री उभरते इबोला संकट को देखते हुए भेजी गई हैं। उन्होंने कहा कि भारत इस संकट से निपटने में अफ्रीका का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

******

 

सरकार ने इबोला संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए भारतीय नागरिकों को अफ्रीकी देश कांगो, युगांडा और दक्षिण सूडान की गैर-जरूरी यात्रा न करने की सलाह दी है। एक रिपोर्-

 

 

सरकार ने इन देशों में मौजूद भारतीय नागरिकों से भी स्थानीय स्वास्थ्य दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने और ऐहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इबोला को आपात स्थिति घोषित किया है। इबोला, वायरस से फैलने वाला रोग है जिसमें बुखार और रक्तस्राव होता है। फिलहाल इसके लिए कोई टीका या इलाज उपलब्ध नहीं है। समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार बल।

 

******

 

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में आज रेलवे लाइन पर हुए धमाके में 24 लोग मारे गए हैं और कई घायल हैं। यह धमाका राजधानी क्वेटा के चमन फाटक रेलवे स्टेशन के पास हुआ। धमाके में एक रेलगाडी को मामूली नुकसान पहुंचा और आसपास खड़ी 10 गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।

 

धमाके के बाद ऐहतियात के तौर पर पेशावर जाने वाली जाफर एक्सप्रेस को क्वेटा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। शहर के कई संस्थानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि मलबे में  दबे यात्रियों को अभी भी निकाला जा रहा है।

 

******

 

उत्तरी चीन में एक कोयला खदान में हुए धमाके में 82 लोग मारे गए हैं। शुक्रवार को धमाके के समय लगभग 247 श्रमिक ड्यूटी पर थे। चीन के राष्ट्रपति षी चिनफिंग ने घायलों के इलाज और खदान में बचे लोगों की तलाश के लिए निर्देश दिये हैं।

 

******

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चीन के शाआन षी प्रांत में खान दुर्घटना में मरने वालों के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में, चीन के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने लापता लोगों की तत्काल और सुरक्षित वापसी की कामना भी की है।

 

******

 

भारत में चीन के राजदूत शू फिहोंग ने शाआनषी प्रांत में खान दुर्घटना के मृतकों के प्रति संवेदना, के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया है।

 

चीन के राजदूत ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कहा कि दुर्घटना-स्थल पर राहत और बचाव कार्य चल रहा है।

 

******

 

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी के बाद त्वरित कार्रवाई के लिए अधिकारियों और सीक्रेट सर्विस एजेंटों को धन्यवाद दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ट्रुथ सोशल पर कहा कि संदिग्ध का हिंसक इतिहास था।

 

******

 

पेरिस में फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के मुकाबले अब से कुछ देर में शुरू होंगे। पहला मैच तीन बार के चैंपियन सर्बिया के नोवाक जोकोविच और फ्रांस के जियोवानी पेत्शी पेरिकार्ड के बीच होगा। आज ही एलेक्जेंडर ज़्वेरेव और टेलर फ्रिट्ज़ आमने-सामने होंगे। विश्व के नंबर एक खिलाड़ी इटली के जानिक सिनर अपना पहला मैच कल खेलेंगे।

 

 

पुरुष डबल्‍स में, भारत के युकी भाम्बरी न्यूजीलैंड के माइकल वीनस के साथ और एन. श्रीराम बालाजी ब्राजील के मार्सेलो डेमोलिनर के साथ खेलेंगे।

 

अन्य खेल खबरों के साथ हैं- जागृति शर्मा।

 

 

आईपीएल क्रिकेट में आज दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुंबई में दोपहर बाद साढे तीन बजे से होगा। दूसरा मैच कोलकाता नाइट राइडर्स और डेल्‍ही कैपिटल्स के बीच शाम साढे सात बजे से होगा। विजेता टीमों को प्लेऑफ में जगह मिलेगी।

 

इससे पहले, कल पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को सात विकेट से हरा दिया।

 

उधर, गुरिंदरवीर सिंह ने फेडरेशन कप एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पुरुषों की 100 मीटर स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। उन्होंने नए राष्ट्रीय कीर्तिमान के साथ राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाई कर लिया है। अनिमेष कुजूर ने रजत और प्रणव प्रमोद ने कांस्य पदक जीता है। 

 

इस बीच, ईरान की फुटबॉल टीम ने फीफा विश्व कप के लिए अपना बेस कैंप अमरीका से मैक्सिको ले जाने का फैसला किया है। इसके लिए उसे फीफा से मंजूरी भी मिल गई है। फीफा विश्व कप अगले महीने से शुरू होगा। बेस कैंप अमरीका से हटाने का फैसला ईरान, अमरीका और इस्राएल के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव को देखते हुए लिया गया है।

 

******

 

विश्‍व स्‍वास्‍थ्‍य संगठन की बैठक स्‍विट्जरलैंड के जिनेवा में संपन्‍न हो गई है। बैठक में, स्‍वास्‍थ्‍य के क्षेत्र में बहुपक्षीय सहयोग के लिए कई संकल्‍प लिए गए। बैठक में दिमागी दौरों, टीबी, एंटी-माइक्रोबियल रजिस्‍टेंस, आपातकालीन चिकित्‍सा, हीमोफिलिया, प्रीसिजन मेडिसन और विकिरण से संबंधित निर्णय लिए गए।

 

******

 

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा है कि  स्वस्थ समाज ही समृद्ध राष्ट्र का निर्माण कर सकता है। आज सुबह गुजरात के अहमदाबाद में साइकिल दिवस और राष्ट्रमंडल दिवस के अवसर पर उन्होंने कहा कि साइकिल चलाने से प्रदूषण के समाधान के साथ-साथ ईंधन की बचत भी होती है।

 

******

 

मौसम विभाग ने आज पूर्वी उत्तरप्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में लू चलने की आशंका व्‍यक्‍त की है। अगले पांच दिन तक उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, विदर्भ, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना है।

 

******

 

अंत में मुख्य समाचार :-

  1. भारत और अमरीका ने दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को महत्वपूर्ण बताया, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा- शीघ्र व्यापार समझौता जरूरी, देश के लिए ऊर्जा आपूर्ति के विविधीकरण पर जोर।

  2. अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत को सबसे महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदारों में से एक बताया।
  3. पश्चिम बंगाल के फलता विधानसभा क्षेत्र के पुनर्मतदान में भाजपा उम्मीदवार देबांग्शु पांडा ने भारी बढ़त हासिल की।

  4. सरकार ने इबोला के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए भारतीय नागरिकों को कांगो, युगांडा और दक्षिण सूडान की गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी।

  5. पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा में रेलवे ट्रैक के पास हुए विस्फोट में 24 लोग मारे गए।

  6. फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट आज से पेरिस में शुरू हो रहा है।

******

Most Read
View All arrow-right

No posts found.