मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स के साथ चर्चा की। श्री मोदी ने कहा– भारत और साइप्रस का लक्ष्य अगले पांच वर्ष में निवेश को दोगुना करना।
- दस राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव की घोषणा। मतदान 18 जून को।
- सर्वोच्च न्यायालय कक्षा 9 के छात्रों के लिए तीन भाषाओं का अध्ययन पहली जुलाई से अनिवार्य करने के सी.बी.एस.ई. के फैसले के खिलाफ दायर याचिका पर अगले सप्ताह सुनवाई करेगा।
- उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के विदर्भ में कल तक भीषण लू की चेतावनी।
- आई.पी.एल. क्रिकेट में, आज शाम सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से।
**** **** ****
भारत और साइप्रस ने आज आतंकरोधी, नवाचार और प्रौद्योगिकी, उच्च शिक्षा तथा अनुसंधान और सांस्कृतिक सहयोग पर संयुक्त कार्य समूह की स्थापना सहित विभिन्न क्षेत्रों में कई समझौते किए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स के साथ विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग मजबूत करने पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने बहुपक्षीय मंचों में सहयोग सहित क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त वक्तव्य में कहा कि भारत और साइप्रस के बीच मित्रता न केवल मजबूत है बल्कि भविष्योन्मुखी भी है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में साइप्रस से भारत में निवेश लगभग दोगुना हो गया है।
साइप्रस भारत के टॉप 10 इन्वेस्टर्स में से एक है। पिछले एक दशक में साइप्रस से भारत में निवेश लगभग डबल हुआ है। दोनों देशों के बीच ट्रस्ट बढ़ा है। भारत–यूरोपीयन यूनियन फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से तमाम नई संभावनाएं बनी हैं। इसका लाभ उठाते हुए हम अगले पांच वर्षों में इस इन्वेस्ट को फिर से डबल करने का लक्ष्य रख रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में साइप्रस के साथ रक्षा सहयोग बढ़ा है।
हमें बहुत खुशी है कि पिछले कुछ वर्षों में दोनों देशों के बीच मिलिट्री एक्सचेंज और ट्रेनिंग सहयोग बढ़े हैं। आज हमने साइबर सिक्योरिटी, मैरिटाइम सिक्योरिटी और काउंटर टैररिज़्म सहयोग को भी और मजबूत करने का निर्णय लिया है। हम इंडो–पैसिफिक ओसियन इनिशिएटिव और इंडिया–मिडल–ईस्ट यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर जैसे महत्वपूर्ण पहलों से कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए भी साथ मिलकर काम करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देश यूक्रेन और पश्चिम एशिया संघर्ष को शीघ्र समाप्त करने और शांति के प्रयासों का समर्थन करते हैं।
यूक्रेन हो या वेस्ट एशिया हम संघर्ष की शीघ्र समाप्ति और शांति के प्रयासों का समर्थन करते रहेंगे। हम इस बात पर भी एकमत हैं कि बढ़ते हुए ग्लोबल चैलेंजिस के समाधान के लिए ग्लोबल इंस्टिट्यूशन का रिफॉर्म अर्जेंट और इंपोर्टेंट है।
साइप्रस के राष्ट्रपति ने कहा कि पिछले एक वर्ष में दोनों देशों के आपसी संबंध और यूरोपीय संघ तथा भारत के संबंधों में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। इससे पहले आज सुबह विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने साइप्रस के राष्ट्रपति से मुलाकात की। सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने कहा कि उन्होंने दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और भारत-यूरोपीय संघ सहयोग के लिए राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलाइड्स के विचारों और मार्गदर्शन की सराहना की। साइप्रस के राष्ट्रपति चार दिवसीय भारत दौरे पर हैं। राष्ट्रपति पद पर रहते हुए श्री क्रिस्टोडौलाइड्स का यह पहला भारत दौरा है। साइप्रस के राष्ट्रपति आज शाम राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भेंट करेंगे।
**** **** ****
क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक 26 मई को नई दिल्ली में होगी। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के निमंत्रण पर ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग, जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोटेगी और अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो बैठक में शामिल होंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि एक स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए क्वाड के दृष्टिकोण के अनुरूप क्वाड विदेश मंत्री प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विचार-विमर्श करेंगे और क्वाड के अंतर्गत की गई पहलों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। भारत की यात्रा पर रवाना होने से पहले अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत को एक महान साझेदार बताते हुए कहा कि इस यात्रा के दौरान उन्हें क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों से मिलने का अवसर मिलेगा।
भारत के साथ बहुत कुछ करने को है, वो एक महान सहयोगी और साझेदार है, यह एक महत्वपूर्ण यात्रा है। मुझे लगता है कि हमारे पास बात करने के लिए बहुत कुछ होगा और हम वहां क्वाड के साथ भी बैठक करेंगे। विदेश मंत्री के रूप में मेरी पहली बैठक क्वाड के साथ ही हुई थी। मुझे खुशी है कि हम अब भारत में यह बैठक कर पा रहे हैं और हम इस साल के अंत में भी एक और बैठक करेंगे।
**** **** ****
निर्वाचन आयोग ने आज दस राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की है। पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा, केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन और रवनीत सिंह सहित कई सदस्यों का राज्यसभा का कार्यकाल अगले महीने पूरा हो रहा हैं। एक रिपोर्ट …
आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक की चार, राजस्थान और मध्य प्रदेश की तीन, झारखंड की दो और मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश तथा मिजोरम की एक–एक सीट के लिए चुनाव होगा। अधिसूचना पहली जून को जारी की जाएगी और मतदान 18 जून को होगा। मतगणना भी उसी दिन होगी। आयोग ने महाराष्ट्र और तमिलनाडु में राज्यसभा की एक–एक सीट के लिए उपचुनाव की घोषणा की है। ये सीटें महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजीत पवार और ऑल इंडिया अन्ना डीएमके सांसद षणमुगम के राज्य विधानसभा के लिए हाल ही में निर्वाचित होने के बाद खाली हुई है। उपचुनाव भी अगले महीने की 18 तारीख को होगा। दीपेन्द्र की रिपोर्ट के साथ अमीषा।
**** **** ****
केरलम में सात बार के कांग्रेस विधायक तिरुवनचूर राधाकृष्णन 16वीं केरलम विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया है। विधानसभा के इतिहास में पहली बार इस चुनाव में सत्ताधारी यूडीएफ, वाम दल और भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उम्मीदवार मैदान में थे। एक रिपोर्ट…
140 सदस्यों वाली विधानसभा में, सत्तारूढ़ यूडीएफ गठबंधन के उम्मीदवार तिरुवनचूर राधाकृष्णन 101 वोटों के साथ स्पीकर चुने गए। विपक्षी एलडीएफ गठबंधन के उम्मीदवार ए.सी. मोइद्दीन को 35 वोट मिले, जबकि भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार बी.बी. गोपाकुमार को तीन वोट हासिल हुए। यह पहली बार है जब भारतीय जनता पार्टी ने केरल में स्पीकर पद का चुनाव लड़ा है। डिप्टी स्पीकर के लिए चुनाव पहली जून को होगा। तिरुवनंतपुरम से स्मिथी एम. पल्लुरुथी की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से विशाल शर्मा।
**** **** ****
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने तिरुवनचूर राधाकृष्णन को अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री बिरला ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री राधाकृष्णन का व्यापक विधायी अनुभव और संसदीय परंपराओं की गहरी समझ सदन को निष्पक्षता, बुद्धिमत्ता और गरिमा के साथ मार्गदर्शन प्रदान करेगी।
**** **** ****
सर्वोच्च न्यायालय पहली जुलाई से कक्षा 9 के छात्रों के लिए तीन भाषाओं का अध्ययन अनिवार्य करने के सी.बी.एस.ई. के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर अगले सप्ताह सुनवाई करेगा। वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी ने मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली और न्यायमूर्ति जॉय माल्य बागची और विपुल एम पंचोली की पीठ के समक्ष यह मामला उठाया। उन्होंने कहा कि यह जनहित याचिका छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों द्वारा दायर की गई है।
**** **** ****
दिल्ली उच्च न्यायालय ने आज उमर खालिद को वर्ष 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों में कथित बड़ी साजिश से जुड़े गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम-यूएपीए मामले में तीन दिन की अंतरिम जमानत दी है। न्यायमूर्ति प्रतिभा एम सिंह और न्यायमूर्ति मधु जैन की खंडपीठ ने उन्हें पहली जून से तीन जून तक कड़ी शर्तों के साथ रिहा करने की अनुमति दी। खालिद ने अपने दिवंगत चाचा के चालिसवें में शामिल होने और अपनी मां की शल्य चिकित्सा के दौरान उनकी देखभाल करने के लिए 15 दिन की अंतरिम जमानत मांगी थी।
**** **** ****
दिल्ली की एक अदालत ने आईआरसीटीसी होटल घोटाले से जुड़े कथित धनशोधन मामले में राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव, उनके परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों के खिलाफ आरोप तय करने का फैसला 9 जून तक के लिए टाल दिया है। इस मामले की जांच प्रवर्तन निदेशालय-ईडी कर रहा है और यह केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो–सीबीआई द्वारा दर्ज एक मूल अपराध पर आधारित है।
**** **** ****
दिल्ली उच्च नयायालय ने आम आदमी पार्टी नेता गोपाल राय और पत्रकार सौरभ दास को एक आपराधिक अवमानना याचिका के मामले में नोटिस जारी किए। यह याचिका आबकारी नीति मामले में जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा को निशाना बनाने वाली कथित तौर पर अपमानजनक और अवमाननापूर्ण सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर दायर की गई थी
**** **** ****
रेल, सूचना प्रौद्यागिकी तथा सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव दो दिन के राजस्थान दौरे पर हैं। उन्होंने जोधपुर रेलवे स्टेशन से दिल्ली कैंट के लिए 20 डिब्बों वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को रवाना किया। इस रेलगाडी में पहले 8 डिब्बे थे। इस अवसर पर श्री वैष्णव ने भगत की कोठी में वंदे भारत स्लीपर कोच कार्यशाला के दूसरे चरण की भी घोषणा की। उन्होंने जैसलमेर स्टेशन पर नवनिर्मित कोच केयर कॉम्प्लेक्स का वर्चुअल उद्घाटन भी किया। संवाददाताओं से बातचीत में श्री वैष्णव ने कहा कि पूरे देश में रेल संपर्क तेजी से बढ़ रहा है। रेल मंत्री आज शाम जालौर जाएंगे, जहां वे नई भुज-बरेली एक्सप्रेस को रवाना करेंगे।
**** **** ****
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि सरकार देश की सीमाओं को और अधिक अभेद्य बनाने के लिए स्मार्ट बॉर्डर परियोजना शुरू करेगी। नई दिल्ली में आज सीमा सुरक्षा बल- बीएसएफ के अलंकरण समारोह में श्री शाह ने कहा कि इस परियोजना में ड्रोन, रडार, कैमरे और अन्य तकनीकी संसाधन शामिल होंगे।
आने वाले एक साल के अंदर ही स्मार्ट बॉर्डर कॉन्सेप्ट के साथ सीमा सुरक्षा बल की सुरक्षा में सभी प्रकार की तकनीक को लैस करके एक अभेद बॉर्डर की हम सुरक्षा की ग्रिड बनाने का काम आगे बढ़ रहा है और बहुत कम समय में गृह मंत्रालय, ड्रोन, रडार, आधुनिक कैमराज़ और बाकी सारी तकनीक के साथ एक स्मार्ट बॉर्डर के प्रोजेक्ट को लेकर देश के सामने आएगा।
गृह मंत्री ने कहा कि बीएसएफ ने 1965 में 25 बटालियनों और सीमित संसाधनों के साथ शुरुआत की थी। लगभग 2 लाख 70 हजार कर्मियों की संख्या के साथ अब यह सीमाओं की रक्षा करने वाला दुनिया का सबसे बड़ा बल बन गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने यह भी निर्णय लिया है कि घुसपैठ पर रोक लगाकर प्रत्येक घुसपैठियों को देश से बाहर किया जाएगा।
**** **** ****
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आज राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाक़ात की। श्री अधिकारी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाक़ात की। सोशल मीडिया पोस्ट में, रक्षा मंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री एक ऐसे व्यक्ति हैं जिनके पास समृद्ध राजनीतिक और विधायी अनुभव है।
**** **** ****
विज्ञान, प्रौद्योगिकी और पृथ्वी विज्ञान के केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भारत के चंद्रयान-3 चंद्र मिशन को अमरीका विमानन और अंतरिक्ष संस्थान द्वारा 2026 के गोडार्ड अंतरिक्ष पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. सिंह ने कहा कि चंद्रयान-3 मिशन देश को गौरवान्वित करता रहा है।
**** **** ****
पंजाब पुलिस ने देशभर के स्कूलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर बम की धमकी भरे ईमेल भेजने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोप है कि इस गिरोह में बांग्लादेश और पाकिस्तान में रहने वाले लोग शामिल थे।
**** **** ****
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ में कल तक भीषण लू का रेड अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अगले दो दिन में बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी लू चलने की आशंका है।
**** **** ****
हिमाचल प्रदेश में आज सुबह से कई स्थानों पर रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मौसम के इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। एक रिपोर्ट…
राजधानी शिमला सहित चंबा, कांगड़ा, कुल्लू , हमीरपुर व लाहौल स्पीति ज़िलों में हल्की वर्षा होने से प्रदेश भर में तापमान में हल्की गिरावट आई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में ये बदलाव आया है। विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश में सात जिलों कुल्लू, शिमला, चंबा, ऊना, हमीरपुर, मंडी और बिलासपुर में अनेकों स्थानों पर अगले 48 घंटों में बारिश के साथ अंधड़ और तेज हवा चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रितेश कपूर, आकाशवाणी समाचार, शिमला।
**** **** ****
सरकार ने आज सूचित किया कि ईद-उल-अदहा बकरीद पर दिल्ली के सभी केंद्रीय सरकारी कार्यालय 28 मई को बंद रहेंगे। पहले यह छुट्टी 27 मई को निर्धारित थी।
**** **** ****
आईपीएल क्रिकेट में आज सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। यह मैच हैदराबाद में शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा।
**** **** ****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स के साथ चर्चा की। श्री मोदी ने कहा– भारत और साइप्रस का लक्ष्य अगले पांच वर्ष में निवेश को दोगुना करना।
- दस राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव की घोषणा। मतदान 18 जून को।
- सर्वोच्च न्यायालय कक्षा 9 के छात्रों के लिए तीन भाषाओं का अध्ययन पहली जुलाई से अनिवार्य करने के सी.बी.एस.ई. के फैसले के खिलाफ दायर याचिका पर अगले सप्ताह सुनवाई करेगा।
- उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के विदर्भ में कल तक भीषण लू की चेतावनी।
- आई.पी.एल. क्रिकेट में, आज शाम सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से।
**** **** ****