May 21, 2026 3:15 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

भारत और इटली  के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने के लिए भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे को और विकसित करने पर सहमति।

 

सरकार ने उपभोक्ताओं, पेशेवरों और सौंदर्यबोध क्लीनिकों द्वारा किसी भी कॉस्मेटिक उत्पाद का प्रयोग इंजेक्शन के रूप में करने पर प्रतिबंध लगाया।

 

केंद्र ने इबोला रोग से प्रभावित देशों से आने वाले और वहां से गुजरने वाले यात्रियों के लिए एक परामर्श जारी किया।

 

पश्चिम बंगाल सरकार का सभी मदरसों में वंदे मातरम को प्रार्थना गीत के रूप में अनिवार्य करने का निर्देश।

 

तमिलनाडु में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल का विस्तार। मंत्रिमंडल में अब चार महिलाओं सहित कुल 33 सदस्य।

 

और आईपीएल क्रिकेट में, आज शाम गुजरात टाइटन्स का मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स से।

 

*****************

 

भारत और इटली ने व्यापार, निवेश और आपूर्ति श्रृंखला की मज़बूती के लिए भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे को और विकसित करने पर सहमति जताई। एक संयुक्त बयान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे पर सहयोग की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

 

दोनों नेताओं ने भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे को एक प्रमुख संपर्क और आर्थिक गलियारा बताया, जो यूरोप, मध्य पूर्व और भारत को जोड़ता है। व्यापार, निवेश और आपूर्ति श्रृंखला की मज़बूती की क्षमता है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात को दोहराया कि बातचीत और कूटनीति ही आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता है।

 

हमने हमारी भावी साझेदारी को और सशक्‍त बनाने के लिए विस्‍तृत रूप से चर्चा की। भारत इटली जॉइंट स्‍ट्रेटेजी एक्शन प्‍लान 2025-2029 हमारी साझेदारी को एक प्रैक्टिकल और फ्यूचरस्टिक ढांचा प्रदान करता है। हम इस पर समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ रहे हैं। हमारे साझा प्रयासों में द्विपक्षीय व्‍यापार 20 बिलियन यूरो के लक्ष्‍य की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

 

इटली की प्रधानमंत्री ने कहा कि इन क्षेत्रों के बीच आपसी जुड़ाव को मज़बूत करना एक महत्वपूर्ण प्राथमिकता बनी हुई है। उन्होंने कहा कि दोनों देश इस गलियारे के विकास का मजबूती से समर्थन करते हैं।

 

*****************

 

इस बीच प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी पांच देशों की सफल यात्रा के बाद स्‍वदेश लौट आए हैं। श्री मोदी संयुक्‍त अरब अमीरात, नीदरलैंड्स, स्‍वीडन, नार्वें और इटली की यात्रा पर थे।  

 

*****************

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खाद्य और कृषि संगठन के ‘एग्रीकोला मेडल’ से सम्मानित किए जाने पर बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री सिंह ने कहा कि यह सम्मान खाद्य सुरक्षा को मज़बूत करने, टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने और ग्रामीण विकास को गति देने में श्री मोदी के शानदार नेतृत्व को दर्शाता है।

 

रक्षा मंत्री ने प्रधानमंत्री को ‘रॉयल ​​नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ़ मेरिट’ के ‘ग्रैंड क्रॉस’ और स्वीडन के ‘रॉयल ​​ऑर्डर ऑफ़ द पोलर स्टार’ से सम्मानित किए जाने पर भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि ये सम्मान श्री मोदी के नेतृत्व में भारत के प्रति बढ़ते सम्मान और वैश्विक मंच पर बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाते हैं।

 

*****************

 

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और दक्षिण कोरिया के देशभक्त और वयोवृद्ध मामलों के मंत्री क्वोन ओह-यूल ने आज सियोल के इमुनगक पार्क में भारतीय समर स्‍मारक का संयुक्‍त रूप से उद्घाटन किया।

 

इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने कोरियाई प्रायद्वीप पर शांति और मानवीय सहायता के प्रति भारत के योगदान की अमिट विरासत का उल्‍लेख किया।

 

यह स्‍मारक कल का सिंबल है। यह स्‍मारक कम्‍पेशन का सिंबल है। यह स्‍मारक सेक्रिफाइज का सिंबल है। यह स्‍मारक भारत और कोरिया की जनता के बीच सदियों की मित्रता का भी संदेश दे रहा है जब कोरियन पेनिसुला युद्ध की त्रासदी में घिर गया था तब भारत ने ही यूनाइटी के प्रति अपना दायित्‍व बखूबी निभाया। शांति और सेवा के आदर्शों से प्रेरित होकर भारत ने अपनी 60 पैरा फील्‍ड एम्‍बुलेंस यूनिट के माध्‍यम से इस बार में योगदान दिया।

 

*****************

 

भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पाकिस्तान में वर्षो से जारी नरसंहार की निंदा की है। कल सशस्त्र संघर्ष में नागरिकों की सुरक्षा विषय पर आयोजित संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की वार्षिक खुली बैठक में भारत के स्थायी राजदूत हरीश पर्वतनेनी ने ये बात कही। उन्‍होंने कहा कि पाकिस्तान का अमानवीय आचरण दशकों से अपनी आंतरिक विफलताओं को हिंसा के माध्यम से छिपाने के प्रयासों को दर्शाता है।  

 

यह विडंबना ही है कि पाकिस्तान ऐसे मुद्दों का ज़िक्र कर रहा है जो पूरी तरह से भारत के आंतरिक मामले हैं। अफ़गानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन ने बताया है कि 2026 के पहले तीन महीने में, अफ़गानिस्तान में 750 नागरिकों की मौतों के मामले दर्ज किए गए। एक तरफ़ अंतरराष्ट्रीय कानून के ऊँचे सिद्धांतों की वकालत करना और दूसरी तरफ़ बेगुनाह नागरिकों को निशाना बनाना, यह सरासर दोहरा मानदंड है।

 

*****************

 

सरकार ने कहा है कि उपभोक्ताओं, पेशेवरों और सौंदर्यबोध क्लीनिकों द्वारा किसी भी कॉस्मेटिक उत्पाद का प्रयोग इंजेक्शन के रूप में करने की अनुमति नहीं है। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन ने कहा है कि कॉस्मेटिक्स का प्रयोग केवल मानव शरीर पर लगाने, छिड़कने और स्प्रे करने के लिए किया जाना चाहिए।  इन उत्पादों में प्रतिबंधित सामग्री का इस्तेमाल, लेबल पर गुमराह करने वाले दावे, इलाज के लिए कॉस्मेटिक्स का इस्तेमाल और इंजेक्शन के द्वारा कॉस्मेटिक्स का प्रयोग अधिनियम और नियमों का उल्लंघन माना जाएगा।

 

*****************

 

स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय ने इबोला रोग से प्रभावित देशों से आने वाले और वहां से गुजरने वाले यात्रियों के लिए एक परामर्श जारी किया है। इसके अनुसार, कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य, युगांडा और दक्षिण सूडान सहित प्रभावित देशों की यात्रा कर चुके यात्रियों को बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, बिना कारण रक्तस्राव और उल्टी जैसे लक्षण होने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लेने का आग्रह किया गया है। अधिकारियों ने कहा है कि आगमन के 21 दिनों के अंदर ऐसे लक्षण नजर आने पर किसी भी यात्री को तुरंत चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए और स्वास्थ्य अधिकारियों को अपने यात्रा इतिहास के बारे में सूचित करना चाहिए।

 

*****************

 

स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने स्वास्थ्य सेवा प्रणालियों को नया रूप देने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की क्षमता का उल्‍लेख करते हुए कहा है कि जहां एआई स्वास्थ्य सेवा पहुँचाने में  अपार अवसर प्रदान करता है, वहीं इसे ठोस नियमों, गहन शोध और नैतिक निगरानी द्वारा सही दिशा दी जानी चाहिए। जिनेवा में विश्व स्वास्थ्य सभा के दौरान एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री नड्डा ने यह बात कही।

 

भारत ने हाल ही में स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए एक रणनीति शुरू की है।आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का भविष्य, एक नैतिक और मानव-केंद्रित दृष्टिकोण विकसित करने की हमारी सामूहिक क्षमता पर निर्भर करता है। सामान्‍य दवाओं के क्षेत्र में अपने नेतृत्व के कारण भारत को ‘दुनिया की फार्मेसी’ के रूप में जाना जाता है।

 

*****************

 

विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज नई दिल्ली में एक समारोह में उम्मीद नेटवर्क राष्ट्र को समर्पित किया। ये आनुवंशिक विकारों के प्रबंधन की अनूठी विधियां है। उम्‍मीद आनुवंशिक विकारों से निपटने के लिए जैव प्रौद्योगिकी विभाग के नेतृत्व में शुरू की गई एक राष्ट्रीय पहल है।

 

*****************

 

पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के सभी मदरसों में सुबह की प्रार्थना सभा के दौरान ‘वंदे मातरम’ गाना तत्काल प्रभाव से अनिवार्य कर दिया है। यह आदेश मदरसा शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी किया गया है। अधिसूचना के अनुसार यह निर्देश सरकारी मॉडल मदरसों, सरकारी सहायता प्राप्त मदरसों, मान्यता प्राप्त गैर-सहायता प्राप्त मदरसों, साथ ही अल्पसंख्यक मामले और मदरसा शिक्षा विभाग के तहत संचालित अनुमोदित शिशु शिक्षा केंद्रों और माध्यमिक शिक्षा केंद्रों पर लागू होगा।

 

अधिकारियों ने बताया कि इस कदम का उद्देश्य विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी शैक्षणिक संस्थानों में प्रार्थना सभा की प्रक्रियाओं में एकरूपता लाना है। इस आदेश को लागू करने के लिए जिला मजिस्ट्रेटों, स्कूलों के जिला निरीक्षकों और पश्चिम बंगाल मदरसा शिक्षा बोर्ड को भेजा गया है।

 

*****************

 

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में फलता विधानसभा सीट के लिए पुनर्मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।

 

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना ज़िले की फलता विधानसभा सीट पर आज शांतिपूर्ण मतदान हो रहा है। दोपहर 1 बजे तक कुल 60 दशमलव चार-तीन प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार जहांगीर खान के चुनावी मैदान से हटने के बाद अब मुकाबला भाजपा, कांग्रेस और मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी के बीच है। कोलकाता से कल्याण लाहा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शिवांग मिश्रा।

 

*****************

 

तमिलनाडु में जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सरकार ने आज अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। मंत्रिमंडल में 23 नए मंत्रियों को शामिल किया गया। इनमें कांग्रेस पार्टी के दो सदस्य भी शामिल हैं। इस विस्तार के साथ मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को मिलाकर मंत्रीमंडल की कुल संख्या बढ़कर 32 हो गई है। इस नए विस्तारित मंत्रिमंडल में चार महिला मंत्री भी शामिल हैं। आज सुबह लोक भवन में आयोजित एक समारोह में राज्यपाल विश्वनाथ अर्लेकर ने नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

 

मुख्यमंत्री जोसेफ़ विजय के नेतृत्व वाली दस दिन पुरानी सरकार को कांग्रेस, वीसीके, सीपीआई, सीपीएम, आईयूएमएल और एआईएडीएमके के कुछ विधायकों का समर्थन मिला है। इससे पहले,  आज कैबिनेट में शामिल कांग्रेस के सदस्‍यों ने, वरिष्ठ नेताओं के साथ, श्रीपेरुम्बुदूर में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी स्मारक का दौरा कर उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं, सरकार का समर्थन करने वाले एआईएडीएमके ने आज लोक भवन में हुए मंत्रिमंडल विस्तार कार्यक्रम में हिस्‍सा नहीं लिया। चेन्‍नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मनोज।

 

*****************

 

16वीं असम विधानसभा का पहला सत्र संवैधानिक परम्‍परा और भाषाई समावेशिता पर ज़ोर देने के साथ आज शुरू हुआ। अस्‍थाई अध्‍यक्ष चंद्र मोहन पटवारी ने सदन की अध्‍यक्षता की तथा निव-निर्वाचित सदस्‍यों को शपथ दिलाई।

 

मुख्‍यमंत्री हिमंता बिस्‍व सरमा ने सबसे पहले शपथ ली। इसके बाद मंत्रिमंडल के मंत्री अजंता नियोग, रामेश्वर तेली, चरण बोरो और अतुल बोरा ने शपथ ली।

 

*****************

 

नवगठित केरलम विधानसभा का पहला सत्र आज तिरुवनंतपुरम में शुरू हुआ। अस्‍थाई अध्‍यक्ष जी. सुधाकरन ने नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई। अध्‍यक्ष पद के लिए चुनाव कल होगा।

 

*****************

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्‍यतिथि पर श्रद्धाजंलि अर्पित की। 

 

*****************

 

आईपीएल क्रिकेट में आज गुजरात टाइटन्स का मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स से होगा। यह मैच  अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम साढ़े सात बजे से शुरू होगा। गुजरात टाइटन्स ने पहले ही प्लेऑफ़ में अपनी जगह पक्की कर ली है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स अंक तालिका में चौथे स्थान के लिए अपनी संभावनाओं को मज़बूत करने की कोशिश करेगी।

 

*****************

 

आज अंतर्राष्ट्रीय चाय दिवस है। यह दिवस संयुक्त राष्ट्र के खाद्य और कृषि संगठन द्वारा मनाया जाता है। इस वर्ष का विषय है – चाय की उपयोगिता को बनाए रखना, समुदायों का समर्थन करना। इस दिवस का उद्देश्य मेहनती चाय श्रमिकों को उनका हक दिलाना और उनके जीवन को बेहतर बनाना है। एक रिपोर्ट-

 

आजअंतर्राष्ट्रीयचाय दिवसहै। भारत के हर घर की रसोई से लेकर नुक्कड़ की टपरी तक चाय हमारी रगरग में बसती है। तभी तो किसी शायर ने क्या खूब लिखा है-“तमाम शिकवेगिले भुला देती है, ये चाय है जनाब, मुर्दों को भी जगा देती है। रिश्तों में जब भी थोड़ी कड़वाहट आने लगे, बस एक कप चायमहफ़िलें जमा देती है! “चाहे वो सिरदर्द को मिनटों में गायब करने वाली कड़क मसाला चाय होया फिर आज के फिटनेस फ्रीक युवाओं की पहली पसंद, एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर ज़ायकेदार ग्रीनटी! असम के हरेभरे मैदानों से लेकर दार्जिलिंग और नीलगिरी की खूबसूरत पहाड़ियों तकलाखों चाय श्रमिक दिनरात कड़ी धूप और बारिश में पसीना बहाते हैं। तब जाकर चाय की ये पत्तियाँ हमारी रसोई तक पहुँचती हैं। संस्‍कार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मीनाक्षी।

 

*****************

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि भारत आध्यात्मिक साधना और उपासना के साथ-साथ साहस, शक्ति और जन-कल्याण की पवित्र भूमि रहा है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में संस्कृत उद्धरण साझा करते हुए, श्री मोदी ने कामना की कि महान विरासत और प्राचीन संस्कृति की यह पवित्र भूमि सदैव सभी को सुख और समृद्धि से परिपूर्ण रखे।

 

*****************

 

मौसम विभाग ने कल तक उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ में भीषण लू का ‘रेड’ अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में लू की स्थिति के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया है। आज पंजाब, बिहार, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान, तेलंगाना और उत्तराखंड में भी लू की संभावना है। इस बीच, कल तक ओडिशा और उत्तर प्रदेश में रात के समय मौसम गर्म रह सकता है।

 

*****************

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

भारत और इटली  के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने के लिए भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे को और विकसित करने पर सहमति।

 

सरकार ने उपभोक्ताओं, पेशेवरों और सौंदर्यबौध क्लीनिकों द्वारा किसी भी कॉस्मेटिक उत्पाद का प्रयोग इंजेक्शन के रूप में करने पर प्रतिबंध लगाया।

 

केंद्र ने इबोला रोग से प्रभावित देशों से आने वाले और वहां से गुजरने वाले यात्रियों के लिए एक परामर्श जारी किया।

 

पश्चिम बंगाल सरकार का सभी मदरसों में वंदे मातरम को प्रार्थना गीत के रूप में अनिवार्य करने का निर्देश।

 

तमिलनाडु में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल का विस्तार। मंत्रिमंडल में चार महिलाओं सहित कुल 33 सदस्य।

 

और आईपीएल क्रिकेट में, आज शाम गुजरात टाइटन्स का मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स से।

 

*****************

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.