May 20, 2026 3:16 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब से कुछ देर में रोम में इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से वार्ता करेंगे।  आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने पर चर्चा होगी।

  2. प्रधानमंत्री मोदी और जॉर्जिया मेलोनी ने एक साझा लेख में भारत-इटली महत्‍वपूर्ण रणनीतिक साझेदारी और आर्थिक पहलों का उल्‍लेख किया।

  3. डीआरडीओ ने मानवरहित ड्रोन मिसाइल यू एल पी जी एम वी-3 का सफल परीक्षण किया। रक्षा मंत्री ने इसे महत्‍वपूर्ण उपलब्धि बताया।

  4. सर्वोच्च न्यायालय ने जाति आधारित जनगणना करने के केंद्र के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका खारिज की।

  5. उत्तर और मध्य भारत में लू का प्रकोप जारी। कई स्थानों पर तापमान 44 डिग्री के पार।

  6. आईपीएल क्रिकेट में आज शाम कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला मुंबई इंडियंस से।

 

**********

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अब से कुछ देर में रोम में इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता के साथ-साथ मौजूदा वैश्विक परिदृश्य पर भी व्यापक बातचीत करेंगे। दोनों देशों के बीच आज कई महत्वपूर्ण समझौते होने की संभावना है। दोनों नेता कई विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे। आज की बातचीत से भारत-इटली की मित्रता को और बढ़ावा देने पर चर्चा की जाएगी। हमारी संवाददाता ने बताया है कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों के महत्व को दर्शाने के लिए रोम में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज क्विरिनल पैलेस में इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मैटरेला से मुलाक़ात करेंगे, जहाँ उन्हें ‘गार्ड ऑफ़ ऑनर’ प्रदान किया जाएगा। आज के कार्यक्रमों में प्रतिनिधिमंडल स्तरीय वार्ताएं प्रेस वक्तव्य समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान, द्विपक्षीय बैठके और खाद्य एवं कृषि संगठन का दौरा शामिल है। प्रधानमंत्री मोदी ‘मोरस निग्रा’ ब्‍लैक मूलवैरी का पौधा भी लगाएंगे। यह एक ऐसी प्रजाति है जो अपने पाक औषधीय और सांस्कृतिक महत्व के कारण भारत और इटली को प्रतीकात्मक रूप से जोड़ती है। रोम से सुपर्णा भाटिया।

 

*******

 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह इटली की प्रधानमंत्री के साथ होने वाली बैठक को लेकर उत्सुक हैं। उन्होंने आशा व्‍यक्‍त कि दोनों के बीच बातचीत में मुख्य रूप से भारत-इटली संबंधों को मज़बूत करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

 

**********

 

हाल के वर्षों में भारत-इटली संबंधों में अभूतपूर्व प्रगति हुईै है और अब ये संबंध निर्णायक मोड़ पर पहुँच गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने संयुक्त लेख में कहा कि दोनों देशों के बीच संबंध सौहार्दपूर्ण मित्रता से विकसित होकर एक विशेष रणनीतिक साझेदारी के स्‍तर तक पहुंच गए हैं। दोनों नेताओं ने कहा कि ऐसे समय में जब वैश्विक व्यवस्था में गहन परिवर्तन हो रहे हैं, भारत-इटली साझेदारी उच्चतम राजनीतिक और संस्थागत स्तरों पर नियमित आदान-प्रदान से निर्देशित है। दोनों नेताओं ने कहा कि उनका सहयोग इस साझा समझ को दर्शाता है कि 21वीं सदी में समृद्धि और सुरक्षा राष्ट्रों की नवाचार करने, ऊर्जा परिवर्तन का प्रबंधन करने और कूटनीतिक संप्रभुता को मजबूत करने की क्षमता पर निर्भर करेगी।     दोनों नेताओं ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौता दोनों देशों में व्यापार और निवेश के प्रवाह को बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त करेगा।

 

**********

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने इटली के प्रसिद्ध चित्रकार जियाम्पावलो टोमासेट्टी की भारतीय संस्कृति पर किए गए कार्यों की सराहना की है। सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री मोदी ने कहा है कि कलाकार ने इटली के रोम दौरे में वाराणसी पर बनी अपनी विशेष पेंटिंग प्रस्तुत की। प्रधानमंत्री ने कहा कि श्री टोमासेट्टी का भारतीय संस्कृति के प्रति प्रेम चार दशकों से अधिक पुराना है। एक अन्य पोस्ट में, श्री मोदी ने भारतीय नृत्य शैलियों के प्रति पांच इतालवी कलाकारों के प्रेम की भी प्रशंसा की।

 

************

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज सियोल में दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्री आन ग्यू बैक से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और तकनीकी सहयोग में साझा प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त की। उन्‍होंने भारत-दक्षिण कोरिया रक्षा, रक्षा उद्योग और रणनीतिक सहयोग को और मज़बूत करने पर चर्चा की। सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री सिंह ने कहा कि इस अत्यंत उपयोगी बैठक में दोनों देशों ने रक्षा साइबर सहयोग को बढ़ावा देने के लिए समझौतों का आदान-प्रदान किया। यह समझौता ज्ञापन भारत के राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय, कोरिया राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय और संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना सहयोग के बीच हुआ। रक्षा मंत्री ने कहा कि वह दोनों देशों के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए उत्सुक हैं।

 

**********

 

देश ने आत्मनिर्भर भारत पहल के अंतर्गत स्वदेशी रक्षा क्षमताओं को मज़बूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन-डीआरडीओ ने अनमैन्ड एरियल व्हीकल लॉन्च्ड प्रिसिजन गाइडेड मिसाइल – यूएलपीजीएम-वी3 के अंतिम विकास परीक्षण को सफलतापूर्वक किया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि यह देश के रक्षा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

 

ये परीक्षण आंध्र प्रदेश में कुरनूल के पास डीआरडीओ की टेस्ट रेंज में एयर-टू-ग्राउंड और एयर-टू-एयर, दोनों तरह से किए गए। इस दौरान, मिसाइल प्रणाली को एक एडवांस्ड इंटीग्रेटेड ग्राउंड कंट्रोल सिस्टम के माध्यम से संचालित किया गया। इन परीक्षणों से विभिन्न परिस्थितियों में मिसाइल की सटीक मारक क्षमता, विश्वसनीयता और प्रभावशीलता प्रदर्शित होती है। इस मिसाइल को हैदराबाद के रिसर्च सेंटर इमारत ने डीआरडीओ के साथ मिलकर विकसित किया है। पूरी तरह से स्वदेशी रूप से निर्मित ये मिसाइल आत्मनिर्भर भारत पहल की बढ़ती उपयोगिता को दर्शाती है। इससे देश के भीतर रक्षा प्रणाली को और सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी। विजयवाड़ा से अल्लु मुरली की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से मैं, मुकेश कुमार बल।

 

***********

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने यू.एल.पी.जी.एम.- वी-3 मिसाइल के सफल विकास परीक्षणों के लिए रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, रक्षा सह उत्पादन भागीदारों और उद्योग जगत की सराहना की। उन्होंने टैंक रोधी भूमिका के लिए हवा से जमीन मोड और ड्रोन, हेलीकॉप्टर तथा अन्य हवाई लक्ष्यों के लिए हवा से हवा मोड में इसकी प्रभावशीलता के बारे में जानाकारी दी। श्री सिंह ने इसे रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक रणनीतिक उपलब्धि बताया।

 

***********

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने  जनगणना 2027 के तहत जाति आधारित जनगणना कराने के केंद्र सरकार के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका को आज खारिज कर दी। अदालत ने कहा है कि यह मुद्दा सरकार के नीतिगत अधिकार क्षेत्र में आता है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा है कि पिछड़े वर्गों के कल्याणकारी उपाय तैयार करने के लिए सरकार को उनकी संख्या जानना जरूरी है। पीठ ने कहा कि इस तरह के आंकड़े एकत्र करने में कोई बुराई नहीं है और मामले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया।

 

************

     

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने आज केंद्र तथा सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से एक जनहित याचिका पर जवाब मांगा है। इसमें सरकारी कानूनी पैनलों और विधि अधिकारियों की नियुक्तियों में महिला वकीलों के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण की मांग की गई है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने एक ट्रस्ट की याचिका पर नोटिस जारी किया।

 

************

 

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता उत्तर बंगाल का सर्वांगीण विकास है। उन्होंने कहा कि वह विकास परियोजनाओं की समीक्षा और सरकारी योजनाओं के प्रभावों की निगरानी के लिए हर महीने एक बार उत्तर बंगाल का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर बंगाल विकास मंत्री उत्तर बंगाल सचिवालय, उत्तरकन्या, सिलीगुड़ी में सुबह 9 बजे से 11 बजे तक जनता दरबार का आयोजन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जनता दरबार के बाद सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक अधिकारियों के साथ प्रशासनिक समीक्षा बैठक होगी और उसके बाद उसी दिन दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक विकास मंत्री क्षेत्र के सभी सांसदों और विधायकों के साथ विकास कार्यों को गति देने के लिए समीक्षा बैठक करेंगे।

 

*************

 

केंद्रीय उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रल्‍हाद जोशी ने कहा है कि सरकार स्मार्ट विनियमन और उत्तरदायी शासन के माध्यम से बाजार में निष्पक्षता बढ़ाकर नियामक बोझ को कम करने के लिए प्रतिबद्ध है। विश्व मापन दिवस 2026 के अवसर पर वर्चुअल रूप से आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह परिकल्पना की है कि भारतीय उत्पादों की गुणवत्ता वैश्विक मानकों और पर्यावरण के अनुकूल होनी चाहिए।

 

************

 

राष्ट्रीय महत्वपूर्ण सूचना अवसंरचना संरक्षण केंद्र के महानिदेशक नवीन कुमार सिंह ने आज कहा कि देश की डिजिटल अर्थव्यवस्था से वर्ष 2030 तक देश के सकल घरेलू उत्पाद-जीडीपी में लगभग 20 प्रतिशत के योगदान देने की उम्मीद है। वे नई दिल्ली में फिक्‍की के साइबरकॉम के 7वें संस्करण के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।

 

************

     

राष्ट्रीय महिला आयोग ने मध्य प्रदेश के भोपाल में नोएडा की 33 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर त्वरित, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। महिला आयोग ने सात दिन में विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट भी मांगी है।

 

************

 

पंजाब पुलिस ने दुबई स्थित एक अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है, जो सीमावर्ती राज्य पंजाब और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मादक पदार्थों की तस्करी के लिए अबू धाबी से  काम कर रहा था। पुलिस ने 14 किलोग्राम मादक पदार्थों के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

 

************

 

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी का अंतिम संस्कार आज हरिद्वार में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। मुख्यमंत्री धामी ने उनके निधन को राज्य के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया।

 

 

मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी जी का जाना पूरे राज्‍य के लिए और देश के बहुत लिए अपूर्णीय क्षति है और उन्‍होंने सेना के अधिकारी के रूप में देश की रक्षा के लिए अपनी सेवाएं दीं, अभूतपूर्व योगदान दिया। उसके बाद भारत सरकार में मंत्री के नाते और राज्‍य में मुख्‍यमंत्री के नाते उन्‍होंने शुचिता, पारदर्शिता और अनुशासन और समय की पाबंदी ऐसे बहुत सारे अनुकरणीय जो कार्य हैं अपने समय में किए, वो हम सभी के लिए प्रेरणा के स्रोत रहेंगे। 

 

************

 

उत्तर-पश्चिमी और मध्य भारत में लू का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने अगले चार दिन तक दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, ओडिशा, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना और उत्तराखंड में लू की स्थिति बने रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।

 

************

 

राजस्थान के अधिकांश ज़िले भी इस समय भीषण लू की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने आज राज्य के दो ज़िलों में लू की स्थिति को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जबकि 14 ज़िलों में येलो अलर्ट जारी किया है। हमारे संवाददाता की यह रिपोर्ट –

 

 

प्रदेश में भीषण गर्मी और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं। ज्यादातर जिलों में दिन का पारा 42 से 46 डिग्री वहीं, रात का तापमान 46 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। इस बीच, चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने अस्पतालों में हीट वेब प्रबंधन को लेकर सभी जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिये हैं। अस्पतालों में हीट स्ट्रॉक के मरीजों के लिए अलग से बेड आरक्षित करने, जरूरी दवाइयां उपलब्ध कराने के साथ छाया और पेयजल का प्रबंध करने को कहा गया है। जितेन्द्र द्विवेदी, आकाशवाणी समाचार, जयपुर।

 

************

 

पंजाब और हरियाणा में भी भीषण गर्मी जारी है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि मौसम विभाग ने दोनों राज्यों में गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

 

 

चंडीगढ़ स्तिथ मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल ने आकाशवाणी को बताया कि आने वाले 3-4 दिनों में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान बढ़ेगा। दोनों राज्यों के पश्चिमी जिलों में लू की स्थिति रहेगी। पंजाब में ये जिले अमृतसर, फिरोजपुर, तरनतारन, मानसा, संगरूर, भटिंडा और मुक्तसर होंगे और हरियाणा में हिसार, रोहतक, झज्जर, भिवानी, गुरुग्राम और फरीदाबाद में सबसे ज़्यादा गर्मी महसूस होगी। पिछले 24 घंटों में, पंजाब में फरीदकोट 47 दशमलव 3 डिग्री सेल्सियस और हरियाणा में रोहतक 46 दशमलव नौ  डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म ज़िले रहे। राजेश बाली, आकाशवाणी समाचार, जालंधर।

 

************

 

चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आज पेईचिंग में द्विपक्षीय संबंधों,  ईरान, यूक्रेन संघर्ष और अंतरराष्ट्रीय व्यापार सहित प्रमुख वैश्विक मुद्दों पर बातचीत की। चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वार्ता से पेईचिंग और मॉस्को के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूती मिलेगी और संयुक्त राष्ट्र, दक्षिण अफ्रीका परिषद और ब्रिक्स जैसे मंचों के माध्यम से समन्वय बढ़ेगा।

 

************

 

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप अगले महीने फ्रांस में आयोजित होने वाले जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। पश्चिम एशिया संघर्ष को लेकर अमरीका और कई यूरोपीय सहयोगियों में बढ़ते तनाव के बीच ट्रम्‍प इस सम्‍मेलन में भाग ले रहे हैं।

 

************

 

घरेलू शेयर बाजार के संवेदी सूचकांक में आज मामूली गिरावट दर्ज की गई। अंतिम समाचार मिलने तक सेंसेक्स 101 अंक गिरकर 75 हजार 100 जबकि निफ्टी 24 अंक की गिरावट के साथ 23 हजार 594 पर कारोबार कर रहा है।

 

************

 

आईपीएल क्रिकेट में आज कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा। यह मैच कोलकाता में शाम साढे सात बजे शुरू होगा।

 

************

 

अंत में मुख्य समाचार  :-

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब से कुछ देर में रोम में इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से वार्ता करेंगे।  आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने पर चर्चा होगी।

  2. प्रधानमंत्री मोदी और जॉर्जिया मेलोनी ने एक साझा लेख में भारत-इटली महत्‍वपूर्ण रणनीतिक साझेदारी और आर्थिक पहलों का उल्‍लेख किया।

  3. डीआरडीओ ने मानवरहित ड्रोन मिसाइल यू एल पी जी एम वी-3 का सफल परीक्षण किया। रक्षा मंत्री ने इसे महत्‍वपूर्ण उपलब्धि बताया।

  4. सर्वोच्च न्यायालय ने जाति आधारित जनगणना करने के केंद्र के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका खारिज की।

  5. उत्तर और मध्य भारत में लू का प्रकोप जारी। कई स्थानों पर तापमान 44 डिग्री के पार।

  6. आईपीएल क्रिकेट में आज शाम कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला मुंबई इंडियंस से।

************

Most Read
View All arrow-right

No posts found.