मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा, रक्षा और व्यापार में सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
- प्रधानमंत्री मोदी और स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन ने समाचार पत्र में एक संयुक्त लेख में वैश्विक अनिश्चितता के इस दौर में साझेदारी पर जोर दिया।
- सर्वोच्च न्यायालय का टीकाकरण या नसबंदी किए गये लावारिस कुत्तों को आश्रय स्थलों में रखने के अपने पूर्व के आदेश को वापस लेने से इनकार।
- मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी में अगले तीन दिन के लिए लू का येलो अलर्ट जारी किया।
- और… आईपीएल क्रिकेट में आज शाम राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स से।
अब समाचार विस्तार से
****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस सम्मेलन का उद्देश्य प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा, रक्षा, सतत विकास और व्यापार जैसे क्षेत्रों में नॉर्डिक देशों के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना है।
विदेश मंत्रालय ने बताया है कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोरे के अलावा डेनमार्क, आइसलैंड और स्वीडन के प्रधानमंत्री भी शिखर सम्मेलन शामिल होंगे।
शिखर सम्मेलन से अलग प्रधानमंत्री मोदी ने आज ओस्लो में आइसलैंड की प्रधानमंत्री क्रिस्ट्रुन म्योल फ्रॉस्टडॉटिर और फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ओर्पो के साथ द्विपक्षीय बैठक की।
और जानकारी के लिए बात करते हैं नॉर्वे में मौजूद हमारी संवाददाता संगीता गोडबोले से –
प्रश्न – संगीता नॉर्वे के साथ साझेदारी भारत के लिए कितना महत्वपूर्ण है।
कनकलता, नॉर्डिक देश अपनी 90% से अधिक बिजली ग्रीन स्रोतों से उत्पन्न करते हैं। भारत का अपना एक महत्वाकांक्षी ऊर्जा परिवर्तन लक्ष्य है, इसी विषय में नार्डिक तकनीकी विशेषज्ञता का लाभ पवन ऊर्जा, जलविद्युत, बायोमास जैसे नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों का उपयोग करने में हो जाएगा।‘ हरित भागीदारी की दिशा में उठाया गया सबसे ठोस कदम कल था। इससे नॉर्वेजियन कम्पनिया हरित हाइड्रोजन, नीली अर्थव्यवस्था और चक्रीय अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्रों में नवाचार और निवेश कर सकेंगी। भारत, एक डेडिकेटेड पवेलियन के साथ नॉर शिपिंग 2027 में भी भाग लेगा। कल हुए व्यापार शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने इस हिस्सेदारी को बढ़ाकर 25% करने का विजन साझा किया है।
धन्यवाद संगीता।
****
भारत और स्वीडन का विश्वास है कि वैश्विक अनिश्चितता के इस दौर में सहयोग से साझा समृद्धि और सतत भविष्य का मार्ग प्रशस्त होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ़ क्रिस्टरसन द्वारा लिखे गए एक लेख में इस बात का उल्लेख किया गया है कि बढ़ती भू-राजनीतिक अनिश्चितता, ऊर्जा असुरक्षा और आर्थिक बिखराव के इस समय में दुनिया को फैसला करना है कि वह या तो संकीर्ण राष्ट्रीय सोच की ओर लौट जाए या फिर आपसी सहयोग को सुदृढ करे।
इस लेख में दोनों प्रधानमंत्रियों ने इस बात का ज़िक्र किया है कि इस समय जब संयुक्त राष्ट्र अपनी 80वीं वर्षगांठ मना रहा है, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और बहुपक्षवाद का महत्व और भी अधिक स्पष्ट हो गया है। दोनों नेताओं ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून और संप्रभु समानता पर आधारित नियमों से संचालित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था ने दशकों तक स्थिरता और विकास सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाई है। लेख में यह भी बताया गया है कि एक प्रमुख विकास इंजन और ‘ग्लोबल साउथ‘ की ज़िम्मेदार आवाज़ के तौर पर निकट भविष्य के लिए के भारत के दो महत्वपूर्ण लक्ष्य हैं – पहला 2047 तक ‘विकसित देश‘ का दर्जा हासिल करना और दूसरा 2070 तक ‘नेट ज़ीरो‘ उत्सर्जन के लक्ष्य को प्राप्त करना। अंकित की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से फरहत नाज।
****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम इटली के रोम पहुंचेगे। श्री मोदी का दो दिन का ये दौरा व्यापार, निवेश और तकनीकी नवाचार के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मज़बूत करेगा। प्रधानमंत्री मोदी इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के व्यक्तिगत निमंत्रण पर वहां जा रहे हैं।
केवल भारतीय प्रवासी ही नहीं बल्कि स्थानीय इटालियन लोग भी भारत में व्यावसायिक अवसरों की तलाश करने के लिए उत्सुक हैं।
और जानकारी के लिए बात करते हैं हमारी संवाददाता सुपर्णा भाटिया से जो इस समय रोम में मौजूद हैं।
प्रश्न – सुपर्णा प्रधानमंत्री का आज इटली में क्या–क्या कार्यक्रम है ?
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज इटली पहुंचने वाले हैं जो उनके पांच देशों की यात्रा का अंतिम चरण है। इस यात्रा से भारत-इटली रणनीतिक संबंधो को कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में नई गति मिलने की उम्मीद है। व्यापार निवेश और औद्योगिक साझेदारों से जुडी सहयोग योजनाओं की घोषणा होने की संभावना है, क्योंकि दोनो देश आर्थिक संबंधों को मजबूत करने और सहयोग के नए क्षेत्रों की तलाश में हैं। व्यापारिक संबंध पहले से ही मजबूत हैं और इस यात्रा के दौरान होने वाली उच्च स्तरीय वार्ताओं के बाद इनके और आगे बढाने की उम्मीद है। मुझे यहा भारतीय प्रवासी समुदाय से बात करने का भी अवसर मिला जो प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर विशेष रूप से उत्साहित हैं।
जानकारी के लिए धन्यवाद सुपर्णा।
****
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम से भेंट की और दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को मजब़ूत करने पर सहमति व्यक्त की। सोशल मीडिया पोस्ट में रक्षा मंत्री ने कहा कि दोनों देशों के बीच उन्नत व्यापक रणनीतिक साझेदारी महत्वपूर्ण है। श्री सिंह ने कहा कि भारत और वियतनाम साझा मूल्यों रक्षा, सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता में घनिष्ठ सहयोग साझा करते हैं।
श्री सिंह ने हनोई में वियतनाम के रक्षा मंत्री जनरल फान वान जियांग के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की। दोनों पक्षों ने समुद्री सुरक्षा, रक्षा उद्योग, प्रशिक्षण और क्षेत्रीय स्थिरता में सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की।
****
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग से मुलाकात के लिए चीन की यात्रा पर हैं। क्रेमलिन के अनुसार, दोनों नेता आर्थिक सहयोग और प्रमुख क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। यह यात्रा चीन-रूस मैत्री संधि की 25वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित की गई है। यह वार्ताएं ऐसे समय में हो रही हैं जब वैश्विक भू-राजनीतिक तनावों के बीच चीन, अमरीका और रूस दोनों के साथ अपने संबंधों को संतुलित करने का प्रयास कर रहा है। यूक्रेन संघर्ष को लेकर पश्चिमी प्रतिबंधों के बावजूद, चीन रूस का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार और रूसी तेल और गैस का प्रमुख खरीदार बना हुआ है।
****
सर्वोच्च न्यायालय ने सार्वजनिक स्थानों से पकड़े गए लावारिस कुत्तों को टीकाकरण या नसबंदी के बाद वापस न छोड़ने के अपने पूर्व निर्देशों को वापस लेने से इनकार कर दिया है। एक रिपोर्ट –
न्यायमूर्ति विक्रम नाथ की अध्यक्षता वाली पीठ ने नवंबर 2025 के आदेश में संशोधन की मांग वाली याचिकाओं को खारिज कर दिया और अधिकारियों को ऐसे कुत्तों को आश्रय स्थलों में रखने का निर्देश दिया। अदालत ने बच्चों, बुजुर्गों और राह चलते लोगों पर कुत्तों के हमलों की बेहद चिंताजनक घटनाओं का हवाला देते हुए कहा है कि यह समस्या हवाई अड्डों और आवासीय कॉलोनियों सहित संवेदनशील सार्वजनिक क्षेत्रों तक पहुंच गई है। पीठ ने चेतावनी दी है कि निर्देशों का पालन न करने वाले अधिकारियों को अवमानना और अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। समाचार कक्ष से मीनाक्षी।
****
भारतीय रेलवे ने जम्मू-श्री माता वैष्णो देवी कटरा खंड पर 238 करोड़ रुपये की लागत से महत्वपूर्ण ढलान स्थिरीकरण, सुरंग पुनर्निर्माण और पुल संरक्षण कार्यों को मंजूरी दे दी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह कार्य देश के कुछ सबसे चुनौतीपूर्ण भूभागों में सुरक्षित और विश्वसनीय संपर्क सुनिश्चित करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
****
रेलवे ने अरक्कोनम-चेंगलपट्टू दोहरीकरण परियोजना के लिए नौ सौ 93 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। चेन्नई उपनगरीय रेल नेटवर्क को बढ़ावा देने के लिए यह फैसला लिया गया है।
****
रेलवे ने 54 किलोमीटर लंबे किऊल-झाझा तीसरी लाइन प्रोजेक्ट के लिए 962 करोड़ रुपये की मंज़ूरी दे दी है। रेलमंत्री ने कहा है कि यह प्रोजेक्ट, बहुत ज़्यादा इस्तेमाल होने वाले हावड़ा-दिल्ली कॉरिडोर पर क्षमता को बढ़ाएगा और रेल सेवाओं की समय की पाबंदी और ऑपरेशनल लचीलेपन को बेहतर बनाने में मदद करेगा।
****
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने ऑपरेशन सिंदूर को स्मार्ट पॉवर का एक सटीक उदाहरण बताया है। वे आज राष्ट्रीय राजधानी में ‘सेंटर फॉर लैंड वॉरफेयर स्टडीज़‘ में ‘सुरक्षा से समृद्धि: सतत राष्ट्रीय विकास के लिए स्मार्ट पावर‘ विषय पर आयोजित एक सेमिनार को संबोधित कर रहे थे।
‘ऑपरेशन सिंदूर‘ ने सटीकता, सूचना नियंत्रण, कूटनीतिक संकेत और आर्थिक संकल्प को सुसंगत राष्ट्रीय कार्रवाई के रूप में प्रस्तुत किया। इसने दुश्मन पर गहरा प्रहार किया और आतंकी ढांचे को ध्वस्त कर दिया तथा एक लंबे समय से चली आ रही रणनीतिक धारणा को भी तोड़ दिया, सेना ने फिर इसके बाद सोच-समझ कर विवेकसमत ढंग से अपनी कार्रवाई रोक दी। 88 घंटों चला ऑपरेशन सिंदूर ‘स्मार्ट पावर‘ का सबसे पूर्ण और सटीक उदाहरण था।
****
मिज़ोरम में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआईआर शुरू हो गया है। मिज़ोरम के मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. लालरोज़ामा ने कहा कि संशोधन प्रक्रिया के दौरान अत्यधिक सावधानी और सतर्कता बरतने की आवश्यकता है, क्योंकि अधिकारी सीधे तौर पर मतदाता सूचियों का काम संभालेंगे। उन्होंने अधिकारियों से पूरी ईमानदारी, सटीकता और सतर्कता के साथ काम करने का आग्रह किया, ताकि मिज़ोरम के वास्तविक नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
****
पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में आज लगभग 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई, जो एक सप्ताह से भी कम समय में दूसरी बढ़ोतरी है। दिल्ली में, पेट्रोल की कीमत अब 98 रुपये 64 पैसे प्रति लीटर है, जबकि डीज़ल की कीमत 91 रुपये 58 पैसे है। मुंबई में, पेट्रोल 107 रुपये 59 पैसे और डीज़ल 94 रुपये 8 पैसे प्रति लीटर बिक रहा है। कोलकाता में पेट्रोल की कीमतें 109 रुपये 70 पैसे और डीज़ल की 96 रुपये 7 पैसे दर्ज की गईं, जबकि चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 104 रुपये 49 पैसे और डीज़ल की 96 रुपये 11 पैसे प्रति लीटर है।
यह बढ़ोतरी ईरान संघर्ष और होर्मुज़ जलडमरूमध्य में रुकावटों के बीच वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी तेज़ी के बाद हुई है।
****
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता भुवन चंद्र खंडूरी का आज एक निजी अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे 91 वर्ष के थे। सेना के पूर्व मेजर जनरल खंडूरी दो बार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहे और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री भी रहे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके निधन को एक अपूरणीय क्षति बताया।
****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर शोक व्यक्त किया।
****
मौसम विभाग ने दिल्ली, मध्य प्रदेश, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आज भीषण लू चलने का अनुमान व्यक्त किया है। बिहार और मराठवाड़ा में भी आज ऐसी ही स्थिति रहने की सम्भावना है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में अगले पांच दिन तक लू चलेगी।
****
मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी में तीन दिन के लिए भीषण गर्मी का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार दिन के समय दिल्ली में कुछ स्थानों पर भीषण गर्मी पड़ने की आशंका है। एक रिपोर्ट-
विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज का अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। कल मौसम विभाग के रिज क्षेत्र स्टेशन पर 44.6 डिग्री सेल्सियस, सफदरजंग स्टेशन पर 43.4 डिग्री सेल्सियस, लोदी रोड स्टेशन पर 43.8 डिग्री सेल्सियस और पालम स्टेशन पर 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। प्रिया की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं आकर्षिता सिंह।
****
उत्तर प्रदेश में अगले सप्ताह भीषण गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हमारे संवाददाता ने बताया कि राज्य में बांदा 47 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ लगातार दूसरे दिन भी देश का सबसे गर्म स्थान रहा।
आज भी राज्य भर में भीषण गरमी और लू की स्थिति बनी हुई है। बुंदेलखंड और कई अन्य इलाके तेज़ धूप और झुलसा देने वाली हवाओं की चपेट में हैं। धीमी हवा के कारण उमस और बढ़ गई है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। वहीं राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे भी ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग ने 33 जिलों के लिए लू की चेतावनी जारी की है। राज्य के दक्षिणी और मध्य भागों में अगले एक सप्ताह तक लू के हालात बने रहेंगे। सुशील चंद तिवारी आकाशवाणी समाचार लखनऊ।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि धरती माँ के लिए पूरी मानवता एक परिवार हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में संस्कृत सुभाषितम साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि संपूर्ण विश्व एक घर की तरह है, जहाँ हर संस्कृति का अपना महत्व और सम्मान है।
****
आईपीएल क्रिकेट में आज शाम साढे सात बजे जयपुर में राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा। कल रात चेन्नई में सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही हैदराबाद ने प्लेऑफ में जगह बना ली है।
****
घरेलू शेयर बाजार के संवेदी सूचकांक में आज दोपहर के कारोबार में लगभग शून्य दशमलव 2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। अंतिम समाचार मिलने तक सेंसेक्स 136 अंक की वृद्धि के साथ 75 हजार 451 जबकि निफ्टी 42 अंक बढ़ कर 23 हजार 692 पर था।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा, रक्षा और व्यापार में सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।
- प्रधानमंत्री मोदी और स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन ने समाचार पत्र में एक संयुक्त लेख में वैश्विक अनिश्चितता के इस दौर में साझेदारी पर जोर दिया।
- सर्वोच्च न्यायालय का टीकाकरण या नसबंदी किए गये लावारिस कुत्तों को आश्रय स्थलों में रखने के अपने पूर्व आदेश को वापस लेने से इनकार।
- मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी में अगले तीन दिन के लिए लू का येलो अलर्ट जारी किया।
- और… आईपीएल क्रिकेट में आज शाम राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स से।
****