May 18, 2026 3:23 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी नोर्वे के ओस्लो पहुंचे। श्री मोदी आज शाम प्रधानमंत्री योनस गहर स्‍तुर के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा – स्वीडन यात्रा से आपसी संबंधों को नई गति मिली। दोनों देश अगले पांच वर्ष में व्यापार को दोगुना करने पर सहमत हुए।

 

कांग्रेस नेता वी. डी. सतीशन ने 20 मंत्रियों के साथ केरलम के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

 

पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए 7वें वेतन आयोग के गठन को मंजूरी दी।

 

गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में चार सौ आपातकालीन वाहनों को रवाना किया।

 

और आईपीएल क्रिकेट में आज शाम चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने होंगे। 

 

********************

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नॉर्वे के ओस्लो पहुंच गए हैं। प्राधानमंत्री मोदी का ओस्‍लो में पारंपरिक तरीके से स्‍वागत किया गया। श्री मोदी नॉर्वे के प्रधानमंत्री योनस गहर स्‍तुर के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। हमारी संवाददाता ने बताया कि यह दौरा नॉर्डिक देशों के साथ भारत के संबंधों को गति प्रदान करेगा।

 

आज प्रधानमंत्री नॉर्वे के राजा हेराल्ड पंचम और रानी सोन्या से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे नॉर्वे के प्रधानमंत्री योनास गार स्टोरेर के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। वे भारत-नॉर्वे व्यापार और अनुसंधान शिखर सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। कल, प्रधानमंत्री तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। वर्तमान में भारत और पांच नॉर्डिक देशों के बीच व्यापार का मूल्य 19 अरब डॉलर है। व्यापार के प्रमुख क्षेत्रों में नवाचार, रक्षा, आर्कटिक और जन संपर्क जैसे कई क्षेत्र शामिल हैं। संगीता गोडबोले, आकाशवाणी न्यूज़, ओस्लो, नॉर्वे।

 

********************

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा कि स्वीडन की उनकी यात्रा के कई महत्वपूर्ण परिणाम निकले हैं, जो द्विपक्षीय संबंधों को एक नई गति प्रदान करेंगे। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में उन्‍होंने कहा कि द्विपक्षीय संबंधों को ‘रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक ले जाने, में यह यात्रा महत्‍वपूर्ण रही। संयुक्त नवाचार साझेदारी के दूसरे चरण और भारत-स्वीडन प्रौद्योगिकी तथा एआई गलियारे’ की शुरुआत करने से लेकर, अगले पांच वर्ष में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित करने तक-ये चर्चाएँ अत्यंत सार्थक रहीं। उन्होंने स्वीडन की जनता, सरकार और प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन का उनके स्नेह और मित्रता के लिए आभार व्यक्त किया।

 

हमारी संवाददाता ने बताया है कि द्विपक्षीय संबंधों को ‘रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक पहुंचाने  का यह कदम ‘भारत-स्वीडन संयुक्त कार्य योजना द्वारा निर्देशित है।

 

इस यात्रा के दौरान छह प्रमुख उपलब्धियां सामने आईं। पहली उपलब्धि रही भारत-स्वीडन संयुक्त कार्ययोजना 2026-2030 को अपनाना, जो व्यापार, नवाचार, जलवायु कार्रवाई, रक्षा और इमर्जिंग टैक्‍नोलॉजी में सहयोग के लिए एक व्यापक रोडमैप प्रस्तुत करती है। दूसरी बड़ी उपलब्धि रही तकनीकी सहयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना। इसके तहत ज्‍वाइंट इनोवेशन पार्टनरशिप 2.0 की शुरुआत की गई और स्वीडन-इंडिया टेक्नोलॉजी एआई कॉरिडोर यानी सिटेक का विस्तार किया गया। तीसरी उपलब्धि रही एक वर्चुअल भारत-स्वीडन संयुक्त विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी केंद्र स्थापित करने पर सहमति। यह केंद्र एआई, 6G, क्वांटम कंप्यूटिंग और जीवन विज्ञान जैसे अत्याधुनिक क्षेत्रों पर कार्य करेगा। चौथी बड़ी उपलब्धि अगले पांच वर्षों में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य तय करना रही। पांचवीं उपलब्धि रही भारत-स्वीडन एसएमई और स्टार्टअप प्लेटफॉर्म का विकास। छठी महत्वपूर्ण उपलब्धि साझा सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत को नई पहचान देना रही। इसके तहत “टैगोर-स्वीडन लेक्चर सीरीज़” की शुरुआत की गई, जो गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की वर्ष 1926 की ऐतिहासिक स्वीडन यात्रा की शताब्दी को समर्पित है। इन पहलों के अलावा, दोनों देशों ने लीडरशिप ग्रुप फॉर इंडस्ट्री ट्रांजिशन यानी LeadIT के तीसरे चरण की भी घोषणा की। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, गोथेनबर्ग,  स्वीडन।

 

********************

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत निवेश, नवाचार और विनिर्माण के लिए विश्व का सबसे आकर्षक केन्‍द्र बन गया है। श्री मोदी ने स्वीडन की दो दिन की यात्रा के दौरान गोथेनबर्ग में यूरोपीय उद्योग गोलमेज सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत पिछले 12 वर्ष से सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन के मूल मंत्र पर काम कर रहा है। श्री मोदी ने स्वीडिश कंपनियों से विनिर्माण, हरित हाइड्रोजन मिशन, स्वच्छ ऊर्जा और अन्य क्षेत्रों में उपस्थिति बढ़ाने का आग्रह किया।

 

********************

 

केरलम के तिरुवनंतपुरम में आज कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वी. डी. सतीशन ने मुख्‍यमंत्री पद की शपथ ली।

 

राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने यूडीएफ सरकार के 20 नए मंत्रियों को शपथ दिलाई। नई कैबिनेट में शामिल 16 सदस्य पहली बार मंत्री बन रहे हैं। इसमें कांग्रेस पार्टी के 11 प्रतिनिधि हैं, जबकि इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के पांच मंत्री हैं। नई सरकार में शामिल वरिष्ठ नेताओं में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रमेश चेन्निथला, वर्तमान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सन्नी जोसेफ, के. मुरलीधरन और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के नेता पी. के. कुन्हालीकुट्टी शामिल हैं। शपथ ग्रहण समारोह के बाद आज नई बनी सरकार ने अपनी पहली आधिकारिक कैबिनेट बैठक की।

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वी. डी. सतीशन को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार राज्य के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने में केरलम की नई सरकार को हर संभव सहयोग का आश्वासन देती है।

 

********************

 

पश्चिम बंगाल सरकार मंत्रिमंडल ने राज्य सरकार, विभिन्न सरकारी बोर्डों, निगमों और अन्य राज्य-सहायता प्राप्त निकायों तथा स्कूलों के कर्मचारियों के लिए 7वें वेतन आयोग के गठन को सैद्धांतिक मंज़ूरी दे दी है। एक महत्वपूर्ण निर्णय में, मंत्रिमंडल ने आज राज्य सरकार के सूचना और सांस्कृतिक मामलों के विभाग तथा अल्पसंख्यक और मदरसा विभाग के तहत पहली जून से विभिन्न प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण को रोकने को भी सैद्धांतिक मंज़ूरी दे दी। इन विभागों के तहत छात्रवृत्ति योजनाएँ जारी रहेंगी।

 

राज्य सरकार ने राज्य की महिलाओं के लिए छोटी और लंबी दूरी की मुफ्त परिवहन सुविधा को भी स्वीकृत किया है। राज्य की महिलाओं के लिए पहली जून से ‘अन्नपूर्णा योजना’ शुरू की जाएगी, जिसके तहत प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण के माध्यम से तीन हजार रुपये हस्तांतरित किए जाएँगे।

 

********************

 

एक ऐतिहासिक फैसले में, सुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली पश्चिम बंगाल की भाजपा सरकार ने सरकारी नौकरियों में प्रवेश के लिए अधिकतम आयु सीमा बढ़ा दी है। ग्रुप ए पदों पर भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा अब 41 वर्ष निर्धारित कर दी गई है। ग्रुप बी पदों के लिए यह सीमा बढ़ाकर 44 वर्ष कर दी गई है। ग्रुप सी और ग्रुप डी पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा अब 45 वर्ष है।

 

********************

 

उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल ने आज अन्य पिछड़ा वर्ग -ओबीसी आयोग के गठन को मंजूरी दे दी। मंत्रिमंडल ने दो प्रमुख मेट्रो प्रस्तावों को भी मंजूरी दी। जिसमें आगरा मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर के अंतर्गत स्टेशन निर्माण और एलिवेटेड सेक्शन के लिए आवश्यक भूमि का हस्तांतरण शामिल है। केंद्र, राज्य सरकार और उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल निगम के बीच चारबाग से वसंत कुंज तक के पूर्व-पश्चिम कॉरिडोर के लिए लगभग पांच हजार 801 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाले त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन को स्‍वीकृति दी गई।

 

********************

 

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि वैश्विक चुनौतियों और अनिश्चितताओं के बावजूद भारत तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। आज नई दिल्ली में ‘भारत व्यापार महोत्सव’ की वेबसाइट लॉन्च करते हुए, श्री गोयल ने कहा कि आगे बढ़ने का उत्साह कभी कम नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को हासिल करने के प्रति भारत के उद्योगों, व्यापारिक समुदाय और लोगों में हौंसला इतना मजबूत है कि दुनिया की कोई भी ताकत भारत को रोक नहीं सकती।

 

विकसित भारत 2047 जो प्रधानमंत्री जी ने सबको प्रोत्‍साहित किया है अमृत काल में मेहनत करने के लिए वो लक्ष्‍य बड़ा है पर भारत के उद्योग व्‍यापार जगत, भारत के लोगों में जो आज उत्‍साह है और सफलता के लिए जिस प्रकार से पूरा देश 140 करोड़ लोग एकत्र हुए हैं मुझे लगता है कि कोई ताकत दुनिया की ना उन्‍हें रोक पाएगी, ना हमारे को थम पायेगी।

 

श्री गोयल कहा कि ‘भारत व्यापार महोत्सव’ का उद्देश्य स्वदेशी व्यापार को बढ़ावा देना और यह सुनिश्चित करना है कि भारतीय सामान और सेवाएँ पूरे देश और दुनिया भर में और भी तेज़ी से फैलें।

 

********************

 

पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने आज अंतर्राष्‍ट्रीय महिला समुद्री दिवस के अवसर पर महिला नाविकों के अदम्‍य साहस को नमन किया है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री सोनोवाल ने कहा कि नीतिगत सुधारों के कारण भारत में महिला नाविकों की संख्‍या लगातार बढ़ रही है। उन्‍होंने कहा कि नारी शक्ति देश के विकास और वैश्विक समुद्री क्षेत्र को एक उज्‍जवल समावेशी भविष्‍य की ओर ले जा रही है।

 

********************

 

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सार्वजनिक परिवहन और ईंधन संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए आज ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ में ‘मेट्रो मंडे’ अभियान के तहत मेट्रो से यात्रा की। उन्‍होंने सभी दिल्‍ली वासियों से सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।

 

हम सरकार की ओर से पूरी कोशिश कर रहे हैं कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट की कहीं पर कोई दिक्‍कत न हो। लास्‍ट माइल कनेक्टिविटी पर ज्‍यादा से ज्‍यादा काम किया जाए और हर व्‍यक्ति जब थोड़ा-थोड़ा भी सहयोग इसमें करेगा तो दिल्‍ली शहर के लिए बेहतरीन होगा। हमारे शहर में पॉल्‍यूशन से लेकर के हर समस्‍या का इसका समाधान मिलेगा।

 

********************

 

गृह मंत्री अमित शाह ने आज रायपुर में 112 नम्‍बर वाली आपातकालीन सेवाओं के लिए चार सौ नए अत्याधुनिक वाहनों को रवाना किया। छत्तीसगढ़ में पहले यह सुविधा 16 जिलों में थी, अब यह 33 जिलों में उपलब्‍ध है। चार सौ नए अत्याधुनिक आपातकालीन वाहन, 33 विशेष निगरानी वाहन तथा 60 नए राजमार्ग गश्ती वाहन प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए रवाना किए गए। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित थे।     

 

आपातकालीन सेवा डायल 112 अभी तक छत्तीसगढ़ के सिर्फ 16 जिलों में उपलब्ध थी लेकिन अब राज्य सरकार ने इस सेवा का विस्तार सभी 33 जिलों मे कर दिया है। सुरक्षा मानकों और सहायता क्षमता को और मजबूत करने के लिए डायल 112 सेवा में आर्टिफिशियल इटेलिजेंस आधारित स्थान पहचान तकनीक को जोड़ा गया है, जिससे संकट में फंसे व्यक्ति की वास्तविक भौगोलिक स्थिति का सटीक पता लगाया जा सके। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इस व्यवस्था में पैनिक बटन और विशेष निगरानी सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं। विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, रायपुर।

 

********************

 

प्रवर्तन निदेशालय-ईडी ने कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में आम आदमी पार्टी नेता दीपक सिंगला को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले एजेंसी ने इस मामले में आज सुबह दीपक सिंगला के दिल्ली और गोवा में छापेमारी की।

 

********************

 

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में आज ट्रक और वैन की टक्‍क्‍र होने से एक सड़क हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई। वैन में दो महिलाओं समेत 10 लोग सवार थे। यह हादसा जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर पीलीभीत-बस्ती राजमार्ग पर अदालीसपुर गांव के पास हुआ।

 

********************

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस सड़क दुर्घटना में हुई जान-माल की हानि पर दुख व्यक्त किया है।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हज़ार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

 

********************

 

आईपीएल क्रिकेट में आज हैदराबाद में चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने होंगे। यह मैच शाम साढे सात बजे से खेला जाएगा।

 

********************

 

मौसम विभाग ने बताया है कि इस सप्ताह उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है। शनिवार तक उत्तर प्रदेश में लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी ऐसी ही स्थिति रहेगी। देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे तीन से पाँच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी का अनुमान है।

 

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, तटीय कर्नाटक, केरल और माहे में तेज बारिश की संभावना है।

 

********************

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी नोर्वे के ओस्लो पहुंचे। श्री मोदी आज शाम प्रधानमंत्री योनस गहर स्‍तुर के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा – स्वीडन यात्रा से आपसी संबंधों को नई गति मिली। दोनों देश अगले पांच वर्ष में व्यापार को दोगुना करने पर सहमत हुए।

 

कांग्रेस नेता वी. डी. सतीशन ने 20 मंत्रियों के साथ केरलम के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

 

पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए 7वें वेतन आयोग के गठन को मंजूरी दी।

 

गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में चार सौ आपातकालीन वाहनों को रवाना किया।

 

और आईपीएल क्रिकेट में आज शाम चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने होंगे। 

 

 

********************

 

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.