May 16, 2026 3:36 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रॉब जेटेन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। श्री मोदी का राजा विलेम-अलेक्जेंडर और महारानी मैक्सिमा से भी मुलाकात का कार्यक्रम।

 

सेमीकंडक्टर चिप्स, एआई और द्विपक्षीय व्‍यापार के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना।

 

सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी की पाकिस्तान को चेतावनी। कहा- पाकिस्‍तान आतंकवादियों को पनाह देना और भारत के खिलाफ आंतकी गतिविधियों को बंद करे।

 

पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्‍य में वर्ष 2011 से जारी सभी जाति प्रमाण पत्रों की जांच के आदेश दिये।

 

सीबीएसई ने कक्षा 12वीं के छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं के दो चरणों में, पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया की घोषणा की।

 

और बैडमिंटन में, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोडी ने थाईलैंड ओपन के फाइनल में प्रवेश किया।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय नीदरलैंड्स में द हेग में एक सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे हैं। 

 

*****

 

श्री मोदी ने हेग को भारत-नीदरलैंड मित्रता का जीवंत प्रतीक बताया और कहा कि डच नेता भारतीय प्रवासी भारतीयों के योगदान की लगातार सराहना करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नीदरलैंड के समाज और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में प्रवासी भारतीयों की भूमिका पर प्रत्येक भारतीय को गर्व है।

 

*****

 

प्रधानमंत्री का आज नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रॉब जेटेन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करने का कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री का राजा विलेम-अलेक्जेंडर तथा महारानी मैक्सिमा से भी मुलाकात का कार्यक्रम है। यह दौरा बहुत महत्वपूर्ण है। इसमें भारत-यूरोप मुक्त व्यापार समझौते के बाद भारत-यूरोपीय संघ के व्यापक संबंधों को आकार देने की संभावना है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी अपनी आधिकारिक नीदरलैंड्स यात्रा के दौरान शनिवार को भारतीय समुदाय को सम्‍बोधित कर रहे हैं। नीदरलैंड्स में रह रहे भारतीय समुदाय के हजारों लोग इस कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं और इसे एक एतिहासिक क्षण बता रहे हैं। इस कार्यक्रम से भारत और नीदरलैंड्स के रिश्‍तों और प्रवासी भारतीयों की भूमिका और दुनिया में बढ़ती भारत की पहचान को भी बल मिलेगा। इस यात्रा का एक और महत्‍वपूर्ण पडाव है, चोल काल की ताम्रपत्रों की एतिहासिक वापसी। यह ग्‍यारहवीं शताब्‍दी के दुर्लभ चोल सामराज्‍य के ताम्रपत्र नीदरलैंड्स में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को सौंपे जाएंगे। यह कदम सिर्फ साझा धरोहर की वापसी नहीं बल्‍कि भारत और नीदरलैंड्स के रिश्‍तों को और मजबूत करने वाला पहल है। यह भारत की सभ्‍यतागत विरासत को सहेजने और अध्‍ययन के प्रति नई प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। आकाशवाणी समाचार के लिए सुश्रुत शर्मा दहेग नीदरलैंड्स।

 

भारत और नीदरलैंडस के बीच सेमीकंडक्टर चिप्स, एआई और व्‍यापार के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण समझौतों पर भी हस्ताक्षर होने की संभावना है।

 

इससे पहले, प्रधानमंत्री के नीदरलैंड पहुंचने पर, डच विदेश मंत्री ने उनका स्वागत किया। प्रवासी भारतीयों और डच सैनिकों द्वारा सांस्कृतिक और संगीतमय प्रस्तुतियों के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद पूरा स्थल “मोदी-मोदी” और “वंदे मातरम” के नारों से गूंज उठा।

 

सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि स्वागत समारोह उल्लेखनीय था, जिसमें कथक, ओडिसी, भरतनाट्यम, कुचिपुड़ी और मोहिनीअट्टम नृत्य प्रस्तुतियां शामिल थीं, साथ ही गरबा नृत्य भी था।

 

प्रधानमंत्री मोदी कल दौरे के तीसरे चरण के लिए स्वीडन के गोथेनबर्ग जाएंगे। हमारी संवाददाता ने बताया है कि इस यात्रा का उद्देश्‍य द्विपक्षीय साझेदारी को मजबूत करना है।

 

पिछले 12 वर्षों में भारत सरकार द्वारा किए गए अनेक सुधारों का प्रभातव आज न केवल भारतीय उद्योगों की प्रगति में दिखाई दे रहा है बल्‍कि अंतर्राष्ट्रीय निवेशकों की सफलता में भी साफ नज़र आ रहा है। आकाशवाणी से बात में वोल्वो इंडिया के मेनेजिंग डायरेक्‍टर श्री कमल बाली ने बताया कि पिछले एक दशक में हुए सुधारों ने अंतर्राष्ट्रीय निवेशकों के लिए भारत के कारोबारी माहौल को किस तरह साकारात्‍मक तौर पर बदला है।

 

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री की स्‍वीडन यात्रा के दौरान, वह स्‍वीडन के प्रधानमंत्री उर्फ क्रिस्टरसन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस दौरान दोनों नेता भारतस्‍वीडन सम्‍बंधों के सग्रम आयामों की समीक्षा करेंगे और द्विपक्षीय व्यापारों को बढ़ावा देने के साथसाथ हरित परिवर्तन, एआई, इमर्जिंग टेक्‍नोलॉजीस्टार्टअप्स, मजबूत सप्‍लाई चैन, पीपुल टू पीपुल सम्‍बंधी जैसे क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री, मोदी के गोथेनबर्ग पहुंचने से पहले यह सकारात्‍मक माहौल भारतस्‍वीडन सम्‍बंधों के लिए नई दिशा तय करता दिख रहा है। साक्षी सिंह आकाशवाणी समाचार गोथेनबर्ग स्‍वीडन।

 

*****

 

इस मौके पर स्वीडन में भारत के राजदूत, अनुराग भूषण ने कहा है कि मेक इन इंडिया जैसी पहलों ने उद्योग जगत में आए विश्वास को मज़बूत किया है और दीर्घकालिक रणनीतिक सहयोग के नए रास्ते खोले हैं।

 

क्षा क्षेत्र में स्वीडन के साथ हमारी साझेदारी बहुत पुरानी है, लेकिन अब यह रिश्ता सिर्फ़ ‘खरीदार-विक्रेता’ के सम्‍बंध से आगे बढ़कर ‘रक्षा साझेदार’ के रिश्ते में बदल गया है। अब दोनों देश और दोनों देशों की कंपनियाँ मिलकर रक्षा उपकरण बनाने और उनके उत्पादन करने की दिशा में काम कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की पहल जैसे ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’, और साथ ही देश में हुए बुनियादी ढाँचे के विकास से इस प्रयास को और भी अधिक गति मिली है।

 

*****

 

सेना प्रमुख जनरल उपेन्‍द्र द्विवेदी ने पाकिस्‍तान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है‍ कि उसे आतंकवादियों को पनाह देना और भारत के खिलाफ गतिविधियां चलाना बंद करनी होगी। नई दिल्‍ली में सेना संवाद कार्यक्रम में श्री द्विवेदी ने कहा कि अगर पाकिस्‍तान भारत के खिलाफ आतंकी गतिविधियां जारी रखता है तो उसे एक बड़ा फैसला लेना होगा।

 

अगर आपने मुझे पहले सुना है तो मैंने यही कहा था कि अगर पाकिस्तान आतंकवादियों को पनाह देना और भारत के खिलाफ आतंकी गतिविधियाँ जारी रखता है तो उसे यह खुद तय करना होगा कि वह भूगोल का हिस्सा बना रहना चाहता है या इतिहास का या किसी का भी नहीं।

 

सेना प्रमुख की यह टिप्‍पणी भारत की आतंकवाद के खिलाफ सख्‍त नीति को दर्शाती है।  

 

*****

 

पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्‍य में वर्ष 2011 से जारी सभी जाति प्रमाण पत्रों की जांच का आदेश दिया है। अधिकारियों ने कहा है कि पिछले 14 वर्षों में इन दस्तावेजों की प्रामाणिकता और वैधता पर सवाल उठाए गए हैं।

 

इस अवधि के दौरान अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लगभग एक करोड़ 69 लाख जाति प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं। इनमें से कई प्रमाण पत्र दुआरे सरकार योजना के अंतर्गत बनाए गए थे।

 

*****

 

जस्थान में जनगणना 2027 के अंतर्गत घर-घर जाकर डेटा संग्रह का कार्य आज से शुरू हो गया है। यह चरण 14 जून तक चलेगा।

 

*****

 

केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड – सीबीएसई ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित होने के बाद छात्रों के लिए विभिन्न सुविधाओं की घोषणा की है। बोर्ड ने इस बार मूल्यांकन प्रक्रिया को और अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने के लिए ‘ऑन स्क्रीन मार्किंग’ (ओएसएम) प्रणाली का उपयोग किया है। एक रिपोर्ट-

 

इसके पहले चरण में, छात्र अपनी मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन की गई प्रतियां मांग सकते हैं। ये ऑनलाइन लॉगिन के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी और समीक्षा के लिए डाउनलोड की जा सकती हैं। जबकि दूसरे चरण में, छात्र विसंगतियों के सत्यापन के लिए आवेदन कर सकते हैं या अंकन योजना के आधार पर विशिष्ट उत्तरों के पुन:मूल्‍यांकन का अनुरोध कर सकते हैं। बोर्ड ने कहा कि सभी आवेदन निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन जमा किए जाने चाहिए, और प्रत्येक चरण के लिए केवल एक आवेदन स्वीकार किया जाएगा। छात्र 19 से 22 मई के बीच मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन की गई प्रति प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जिसका शुल्क प्रति विषय सात सौ रुपये है। पाई गई समस्याओं के सत्यापन और पुन:मूल्‍यांकन के लिए आवेदन 26 से 29 मई के बीच जमा किए जा सकते हैं। अनुपम और शिवांग की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से फरहत नाज़।

 

*****

 

गृह मंत्री अमित शाह आज से दो दिन के गुजरात दौरे पर हैं। पश्चिम बंगाल, असम और पुद्दुचेरी  विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की शानदार जीत के बाद वे पहली बार गुजरात गए हैं। एक रिर्पोट – 

 

केन्‍द्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज से दो दिन गुजरात के दौरे पर हैं। आज सुबह अहमदाबाद में मुंसिपल कॉरपोरेशन साउथ वेस्‍ट जोन ऑफिस में श्री शाह की अध्‍यक्षता में एक हाई लेवल रिव्‍यू मिटिंग होगी। श्री शाह ने मुंसिपल कॉरपोरेशन के कमिशनर और सीनियर अधिकारियों के साथ हरियाली लोकसभा के तहत पेड लगाने, विकास के कामों, इंटर लिकिंग और जिले के रिनोवेशन पर चर्चा की। आज दोपहर तक होने वाली मिटिंग में श्री शाह सरखेज गांधी नगर के हाईवे के मॉडेनाइजेशन के कामों के प्रोग्रेस का रिव्‍यू करेंगे, इसके अलावा केन्‍द्रीय गृहमंत्री जीयूडीसी और गांधी नगर लोकसभा के कामकाज में हुई प्रोग्रेस के साथ-साथ मांसा मुंसिपल पार्टी से जुड़े दूसरे विकास कामों, गांधी नगर लोकसभा इलाके में पब्‍लिक हॉस्‍पिटल के कामकाज में भी प्रोग्रेस, अखंडानंद और सस्‍तु साहित्‍य मुद्रानालय के कामकाज का रिव्‍यू करेंगे। प्रवेश अर्यचा आकाशवाणी समाचार अहमदाबाद।

 

*****

 

भारत की मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने से जुड़ी एजेसिंयों ने पहली बार ऑपरेशन रेजपिल के अंतर्गत 182 करोड़ रुपये मूल्य की कैप्टागन ड्रग्स ज़ब्त की है। गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पश्चिम एशियाई देशों में जा रही ड्रग्स की खेप को ज़ब्ती और एक विदेशी नागरिक की गिरफ्तारी, इस दिशा में भारत की कड़ी नीति को दर्शाती है।

 

*****

 

सिक्किम आज अपना 51वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में गंगटोक के मनन केंद्र में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में शामिल हो रहे हैं। एक रिपोर्ट-

 

अब से कुछ से में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन सिक्‍किम राज्‍य के स्‍थापना दिवस समारोह के अवसर पर गंगटोक स्थित मानन केंद्र में मुख्‍य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह के दौरान उपराष्‍ट्रपति पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास के लिए कई परियोजना का लोकार्पण और शिलान्‍यास भी करेंगे। गौरतलब है कि सिक्‍किम राज्‍य स्‍थापना दिवस प्रतिवर्ष 16 मई को मनाया जाता है, आज ही के दिन 1975 में सिक्‍किम भारत संघ के साथ औपचारिक रूप से विलय हुआ था। मानस प्रतिम शर्मा गंगटोक।

 

*****

 

दिल्ली की राउज एवेन्यू अदालत ने व्‍यापारी, रॉबर्ट वाड्रा को गुरुग्राम के शिकोहपुर गांव में वर्ष 2008 के जमीन खरीदने से जुड़े धन शोधन मामले में जमानत दे दी है। अगली सुनवाई 10 जुलाई को होगी।

 

यह मामला लगभगढ साढ़े तीन एकड़ भूमि से जुड़े सौदे में कथित अनियमितताओं से संबंधित है।

 

*****

 

आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में आज सुबह एक तेज रफ्तार टिपर लॉरी की टक्कर से छह महिला मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामला दर्ज कर दिया है।

 

उपमुख्यमंत्री के. पवन कल्याण ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

 

*****

 

बैडमिंटन में, भारतीय सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोडी थाईलैंड ओपन के फाइनल में पहुंच गई है। सेमीफाइनल में सात्विक और चिराग की जोडी ने मलेशिया के नूर इज़्ज़ुद्दीन और गोह स्ज़े फ़ेई को हराया।

 

पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन सहित अन्य भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी टूर्नामेंट से पहले ही बाहर हो गए।

 

*****

 

आईपीएल क्रिकेट में आज कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला गुजरात टाइटन्स से कोलकाता के ईडन गार्डन्स में होगा। यह मैच शाम साढे सात बजे से खेला जाएगा।

 

*****

 

सरकार ने पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार के एक एडिट हुए वीडियो का खंडन किया है। इस वीडियो में दावा किया गया था कि अफ़ग़ान तालिबान को पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पैसे दिए गए हैं और वे भारत की तरफ से लड़ रहे हैं। पत्र सूचना कार्यालय की तथ्‍य जांच इकाई ने यह स्‍पष्‍ट किया है कि श्री कटियार ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। इकाई ने  बताया कि यह वीडियो गलत जानकारी फैलाने और भारतीय सेना पर लोगों का भरोसा कम करने के लिए एआई का इस्तेमाल करके बनाया गया है।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अली फलिह काधिम अल-ज़ैदी को इराक के प्रधानमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि भारत, इराक के साथ अपने लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण संबंधों को बहुत महत्व देता है और सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

 

*****

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रॉब जेटेन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। श्री मोदी का राजा विलेम-अलेक्जेंडर और महारानी मैक्सिमा से भी मुलाकात का कार्यक्रम।

 

सेमीकंडक्टर चिप्स, एआई और द्विपक्षीय व्‍यापार के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना।

 

सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी की पाकिस्तान को चेतावनी। कहा- पाकिस्‍तान आतंकवादियों को पनाह देना और भारत के खिलाफ आंतकी गतिविधियां बंद करे।

 

पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्‍य में वर्ष 2011 से जारी सभी जाति प्रमाण पत्रों की जांच के आदेश दिये।

 

सीबीएसई ने कक्षा 12वीं के छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं के दो चरणों में, पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया की घोषणा की।

 

और बैडमिंटन में, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोडी ने थाईलैंड ओपन के फाइनल में प्रवेश किया।

 

*****

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.