मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने अबू धाबी में ऊर्जा सहयोग और द्विपक्षीय व्यापार पर चर्चा की। दोनों नेताओं के बीच रक्षा, पेट्रोलियम और निवेश से संबंधित महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर।
- ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक दूसरे दिन भी जारी। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने बेहतर और प्रभावी बहुपक्षवाद के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
- राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी 21 जून को नीट-यूजी 2026 परीक्षा दोबारा आयोजित करेगी। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने परीक्षा प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता का आश्वासन दिया।
- भारतीय जनता पार्टी के विधायक रथेंद्र बसु पश्चिम बंगाल विधानसभा के नए अध्यक्ष चुने गए।
- सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी थाईलैंड ओपन बैडमिंटन के पुरुष डबल्स के सेमीफाइनल में।
******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अबू धाबी में राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की। बैठक के दौरान ऊर्जा सहयोग और द्विपक्षीय व्यापार पर प्रमुख रूप से चर्चा हुई।
ये वार्ता पश्चिम एशिया संघर्ष से जुड़ी वैश्विक आपूर्ति बाधाओं के बीच हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने यूएई पर हाल ही में हुए हमलों की कड़ी निंदा की।
यूएई पर हुए हमलों की हम कठोर निंदा करते हैं। यूएई को जिस तरह निशाना बनाया गया है। यह किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। इन कठिन परिस्थितियों में आपने जिस संयम, क्रेज और विजडम का परिचय दिखाया है। यह बहुत ही सराहनीय है। राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता बनाए रखने के लिए आपके नेतृत्व में उठाए गए कदमों का हम अभिनंदन करते हैं।
राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद को भाई कहकर संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री ने चुनौतीपूर्ण समय में यूएई नेतृत्व के लचीलेपन की प्रशंसा की। श्री मोदी ने अमीरात के लिए भारत के समर्थन की पुष्टि की और कहा कि वैश्विक संघर्ष के वर्तमान दौर में संवाद और कूटनीति ही आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता है।
पश्चिम एशिया क्षेत्र में युद्ध की परिस्थिति का प्रभाव आज पूरे विश्व पर दिखाई दे रहा है। भारत ने हमेशा समस्याओं के समाधान के लिए डॉयलॉग और डिप्लोमेसी को प्राथमिकता दी है। होर्मुज को फ्री ओपन और सेफ बनाए रखना यह हमारी सबके बड़ी प्राथमिकता है। इस विषय में अंतर्राष्ट्रीय कानूनों का पालन आवश्यक है। भारत हर परिस्थिति में यूएई के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और आगे भी खड़ा रहेगा।
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संयुक्त अरब अमीरात- यूएई और यूरोप के छह दिन के दौरे के पहले चरण में आज अबू धाबी पहुंचे। हवाई अड्डे पर यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री के स्वागत में औपचारिक स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। यूएई के एफ-16 लड़ाकू विमानों ने उनके विमान को अमीरात हवाई क्षेत्र में प्रवेश कराते हुए सुरक्षा प्रदान की। एक रिपोर्ट –
बातचीत के नतीजे सामने आने शुरू हो गए हैं। दोनों देशों ने एक स्ट्रैटेजिक डिफेंस पार्टनरशिप फ्रेमवर्क एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए हैं। यह एक इंपॉर्टेंट कदम है, जो दोनों देशों के बीच सिक्योरिटी कॉरपोरेशन को एक फॉर्मल ढांचे में डालता है। साथ ही स्ट्रैटेजिक पैट्रोलियम रिजर्व्स पर एक मेंबर आफ अंडरस्टैंडिंग भी साइन किया गया और लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस सप्लाई के लिए एक अलग एग्रीमेंट भी यह दोनों कदम वेस्ट एशिया में जारी टेंशन के बीच भारत की एनर्जी सिक्योरिटी को सीधा एड्रेस करते हैं। दोनों देशों ने वडीनार में एक शिप प्रिपेयर क्लस्टर स्थापित करने के लिए भी एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए इन्वेस्टमेंट के मोर्चे पर उन ने भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर आरबीएल बैंक और समन कैपिटल में 5 बिलियन यूएस डॉलर्स के इन्वेस्टमेंट का ऐलान किया है। प्राइम मिनिस्टर मोदी ने यह भी एमफेसाइज किया कि भारत और यूएई के बीच कंप्रिहेंसिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप कई सेक्टर में लगातार मजबूत होती जा रही है। विनोद कुमार, आकाशवाणी समाचार, अबू धाबी।
******
विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा है कि भारत बेहतर और प्रभावी बहुपक्षीय व्यवस्था के लक्ष्य की तरफ बढ़ने में सभी साझेदारों के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। नई दिल्ली में ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक के दूसरे दिन आज एक सत्र में डॉ. जयशंकर ने कहा कि ये बातचीत इस महत्व को उजागर करती है कि सभी नेता तेजी से बदलते विश्व में बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के पक्ष में हैं। एक रिपोर्ट –
विदेश मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संरचना में सुधार की तत्काल आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भारत ने लगातार सुधारित बहुपक्षीय व्यवस्था का समर्थन किया है जो मौजूदा वास्तविकताओं को दर्शाए तथा उभरते बाजारों तथा विकासशील देशों की आकांक्षाओं को पूरा करे। उन्होंने कहा कि सभी देशों को न केवल वैश्विक चुनौतियों का प्रबंधन करने के लिए, बल्कि और अधिक लोकतांत्रिक, प्रतिनिधित्व करने वाली और समानतापूर्ण अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को आकार देने में मिलकर काम करना चाहिए। डॉ. जयशंकर ने कहा कि सुधारित बहुपक्षीय व्यवस्था में संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के लिए सम्मान और अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन होना चाहिए। अक्षित की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से जागृति शर्मा।
******
विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने आज नई दिल्ली में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से मुलाकात की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री जयशंकर ने बताया कि दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की स्थिति और उसके प्रभावों पर चर्चा की। डॉ. जयशंकर ने ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में श्री अराघची की भागीदारी की सराहना भी की।
******
विदेश मंत्री ने क्यूबा के विदेश मंत्री ब्रूनो रोड्रिगेज पैरिला और युगांडा के विदेश मंत्री ओडोंगो जे जे से भी मुलाकात की।
******
शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा है कि विद्यार्थी सरकार की प्राथमिकता हैं और सरकार उनके लिए संवेदनशील है। आज नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन में श्री प्रधान ने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी- एनटीए ने मेडिकल में प्रवेश के लिए नीट-यूजी 2026 परीक्षा दोबारा 21 जून को आयोजित करने की घोषणा की है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान में ओएमआर मोड में आयोजित होने वाली नीट-यूजी परीक्षा अगले वर्ष से कम्प्यूटर आधारित यानी सीबीटी माध्यम से होगी।
परीक्षा में थोड़ा हमको जो उनकी फोर्मलटीज है। ओएमआर सीट को दस्तखत करना, आरंभ में करना, अंत में भी एक बार करना उसमें हमारे विद्यार्थियों के कोर टाइम में कटौती हुई थी। दो से पांच एग्जामिनेशन टाइम था। उसको ध्यान में रखते हुए एनटीए ने तुरंत निस्पत्ति किया है। उसको और 15 मिनट बढ़ाए। दो से शुरू होगा और पांच-पंद्रह तक ये परीक्षा का समय बढ़ाया जाएगा। इस बार का एडमिट कार्ड 14 जून तक सभी को पहुंच जाएगा।
श्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए अपनी पसंद का शहर चुनने का अवसर मिलेगा।
जो एग्जामिनेशन हो गई उस एग्जामिनेशन की फीस को हम स्टूडेंट को रिटर्न करेंगे और जो आगे वाला परीक्षा होगा उसकी जीरो फीस होगा। हम विद्यार्थियों के ऊपर कोई आर्थिक बोझ ना आए हम उसकी दायित्व ले रहे हैं। लेकिन प्रथम दृष्टि में जो एनटीए ने तय किया है कि हम एक सप्ताह विद्यार्थियों को अवसर देंगे वो किस शहर में परीक्षा देना चाहते हैं ये उनपे खुला रहेगा।
श्री प्रधान ने कहा कि एनटीए में ठोस सुधारों की आवश्यकता है।
******
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय इलेक्ट्रोनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने वर्चुअल माध्यम से आज राज्य में चार सौ करोड़ रूपये से अधिक की कई परियोजनाओं का शिलान्यास और शुभारंभ किया। ये परियोजनाएं सेमीकंडक्टर, रेलवे और सीवेज जल शोधन संयंत्र से जुड़ी हैं।
इस अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में कई परियोजनाएं शुरू की गई जिससे विकास को गति मिल रही है। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत ने पिछले 12 वर्ष में इलेक्ट्रोनिकी विर्निर्माण क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग में देश ने बहुत बड़ी छलांग लगाई है इन 12 वर्षों में। यहां मात्र एक-दो लाख करोड़ रुपये का मैन्युफैक्चरिंग होता था। आज भारत में 13 लाख करोड रुपए का इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग है। आज मोबाइल फोन भारत से एक्सपोर्ट होने वाली एक नंबर सबसे पहली कमोडिटी बन गई है।
******
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने तेल कीमतों में वृद्धि पर कहा कि पश्चिम एशिया संघर्ष के बाद जब विश्व में ईंधन की कीमतों में वृद्धि देखी गई तब भारत उस स्थिति में सबसे अलग खड़ा रहा। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री रिजिजू ने कहा कि जहां कई देशों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 20 प्रतिशत से लगभग सौ प्रतिशत तक वृद्धि की गई है तब भारत ने पेट्रोल के दाम में केवल तीन दशमलव दो प्रतिशत और डीजल के लिए तीन दशमलव चार प्रतिशत की वृद्धि की है।
श्री रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत जन-कल्याण के साथ आर्थिक स्थिरता को संतुलित कर रहा है।
******
भाजपा के वरिष्ठ नेता और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की कथित विदेश यात्राओं पर सवाल उठाए। मीडिया से बात करते हुए श्री रिजिजू ने कहा कि प्रत्येक सांसद को संबंधित अधिकारियों को अपनी विदेश यात्राओं की जानकारी देना अनिवार्य है और विदेश में मेहमान नवाजी के संबंध में एफसीआरए अधिनियम, 2010 के प्रावधानों का पालन करना आवश्यक है।
******
पश्चिम बंगाल विधानसभा में रथेंद्र बसु निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। श्री बसु कूच बिहार दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि हैं।
कार्यवाहक अध्यक्ष तापस रॉय की देखरेख में आज सुबह चुनाव संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने औपचारिक रूप से श्री बसु के नाम का प्रस्ताव रखा। सदन ने ध्वनि मत से उनके नाम की पुष्टि की।
तृणमूल कांग्रेस के सदस्य चुनाव प्रक्रिया के दौरान उपस्थित नहीं थे, लेकिन बाद में सत्र में शामिल हुए।
******
उधर, पुद्दुचेरी में ऑल इंडिया अन्ना डीएमके के वरिष्ठ विधायक ए. अंबालगन को 16वीं विधानसभा का अस्थायी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उपराज्यपाल ने मुख्यमंत्री की सिफारिश पर ये नियुक्ति की है।
श्री अंबालगन पुद्दुचेरी में ऑल इंडिया अन्ना डीएमके के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं और औपलम से विधायक हैं। विधानसभा के अस्थायी अध्यक्ष के रूप में औपचारिक पदभार ग्रहण करने के बाद वे विधानसभा में नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाएंगे।
******
पंजाब के लुधियाना को हलवारा हवाई अड्डे पर एयर इंडिया की पहली उड़ान के आगमन के साथ भारत के वाणिज्यिक विमानन नेटवर्क से जोड़ दिया गया है। रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने हवाई अड्डे के संचालन को क्षेत्र में उद्योग, व्यापार और आर्थिक विकास के लिए एक बड़ा प्रोत्साहन बताया।
एयर इंडिया ने लुधियाना और दिल्ली के बीच दैनिक उड़ानें शुरू की हैं। इससे ब्रिटेन और रोम, मिलान और पेरिस सहित अन्य गंतव्यों के लिए अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी संभव हो सकेगी।
******
वायु सेना प्रमुख एयर मार्शल एपी सिंह ने आज कहा कि ड्रोन और मानवरहित हवाई प्रणालियाँ वायु शक्ति का ही विस्तार हैं। मानवरहित हवाई प्रणालियों पर सेंटर फॉर एयरोस्पेस पावर एंड स्ट्रेटीजिक स्टडीज और इंडियन मिलिट्री रिव्यू द्वारा आयोजित एक संयुक्त सेमिनार और प्रदर्शनी को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि ड्रोन और मानवरहित हवाई प्रणालियाँ अभियानों के दौरान मानव जीवन के जोखिम को कम करती हैं।
******
ओमान के मुलद्दा में बांग्लादेश के चार भाइयों के शव एक खड़ी कार के अंदर मिलने से प्रवासी समुदाय और उनके गृहनगर चटोग्राम में शोक का माहौल है।
पुलिस को शवों की जानकारी दो बांग्लादेशी प्रवासियों द्वारा दी गई।
******
कांगो गणराज्य के उत्तरपूर्व में इबोला के प्रकोप से 65 लोगों की मौत हो गई है और सैकड़ों लोग संक्रमित हो गए हैं। अफ्रीका रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र ने बताया कि लगभग 246 लोगों में इबोला होने का संदेह है।
******
सबसे पहले बात बैडमिंटन की, थाइलैंड ओपन टूर्नामेंट में सात्विक साईराज रंकी रेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी पुरूष डबल्स के सेमीफाइनल में पहुंच गई है। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने ताकुमी नोमुरा और युइची शिमोगामी की जापानी जोड़ी को 21-12, 21-13 से हराया। उधर महिला सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में पी वी सिंधु को जापान की अकाने यामागुची से हार का सामना करना पड़ा। आज पुरूष सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में लक्ष्य सेन का मुकाबला थाइलैंड के कुनलाउत वितिदसर्न से होगा। टेनिस कोर्ट का रुख करें तो इटली ओपन में महिला सिंगल्स फाइनल मुकाबला कल यूक्रेन की एलिना स्वितोलिना और अमरीका की कोको गॉफ के बीच होगा। सेमीफाइनल में स्वितोलिना ने पोलैंड की इगा स्वियातेक को वहीं कोको गॉफ ने रोमानिया की सोरोना क्रिस्टिया को पराजित किया। कोको गॉफ, वीनस विलियम्स के बाद लगातार इटली ओपन के फाइनल में पहुंचने वाली सबसे युवा अमरीकी टेनिस खिलाड़ी बन गई हैं। इस बीच, क्रिकेट की बात करें तो आईपीएल में आज लखनऊ में शाम साढ़े सात बजे से लखनऊ सुपर जायंट्स का मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स से होगा। कल मुंबई इंडियंस ने धर्मशाला में पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हराया था।
*******
मौसम विभाग ने आज कोंकण और गोवा, मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा, सौराष्ट्र, कच्छ, उत्तर प्रदेश, विदर्भ और पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में लू की संभावना व्यक्त की है। पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में रात के समय मौसम गर्म रहेगा।
******
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने अबू धाबी में ऊर्जा सहयोग और द्विपक्षीय व्यापार पर चर्चा की। दोनों नेताओं के बीच रक्षा, पेट्रोलियम और निवेश से संबंधित महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर।
- ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक दूसरे दिन भी जारी। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने बेहतर और प्रभावी बहुपक्षवाद के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
- राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी 21 जून को नीट-यूजी 2026 परीक्षा दोबारा आयोजित करेगी। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने परीक्षा प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता का आश्वासन दिया।
- भारतीय जनता पार्टी के विधायक रथेंद्र बसु पश्चिम बंगाल विधानसभा के नए अध्यक्ष चुने गए।
- सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोडी थाईलैंड ओपन बैडमिंटन के पुरुष डबल्स के सेमीफाइनल में।