May 14, 2026 3:25 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

भारत ने कहा – वैश्विक अनिश्चितता और आर्थिक चुनौतियों के बीच ब्रिक्स रचनात्मक भूमिका निभा सकता है। नई दिल्ली में दो दिन की ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक शुरू।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की कल अबू धाबी यात्रा के दौरान भारत और संयुक्‍त अरब अमीरात द्विपक्षीय संबंधों को एक नए स्तर पर ले जाने के लिए तैयार।

 

कांग्रेस नेता वी. डी. सतीशन केरलम के अगले मुख्यमंत्री होंगे।

 

निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण प्रकिया एस.आई.आर. के तीसरे चरण की घोषणा की। इसे चरणबद्ध तरीके से 16 राज्‍यों और तीन केन्‍द्रशासित प्रदेशों में चलाया जाएगा।

 

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा – आपदा प्रबंधन में भारत एक वैश्विक नेता और अग्रणी देश के रूप में उभरा है।

 

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने पेइचिंग में महत्वपूर्ण वार्ता की। इसमें ईरान संघर्ष, वैश्विक ऊर्जा संकट, शुल्‍क और व्यापार तनाव प्रमुख मुद्दे।

 

और थाईलैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में पी. वी. सिंधु महिला सिंगल्‍स में और सात्विक साइराज रंकी रेड्डी तथा चिराग शेट्टी की जोडी पुरूष डबल्‍स के क्‍वार्टर फाइनल में पहुंची। 

 

********************

 

ब्रिक्‍स देशों के विदेश मंत्रियों की दो दिन की बैठक नई दिल्‍ली में चल रही है। इसकी अध्‍यक्षता विदेश मंत्री डॉ० सुब्रह्मणयम जयशंकर कर रहे हैं। बैठक में ब्रिक्‍स देशों के विदेश मंत्रियों के अलावा सदस्‍य और भागीदार देशों के शिष्‍टमंडल प्रमुख भी भाग ले रहे हैं। भारत की अध्‍यक्षता में आयोजित इस वर्ष का विषय है- लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के लिए निर्माण। यह विषय प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के मानवता प्रथम और जनकेंद्रित दृष्टिकोण से प्रेरित है।

 

इस अवसर पर विदेश मंत्री डॉ० एस जयशंकर ने कहा कि शांति और सुरक्षा वैश्विक व्‍यवस्‍था के केंद्र में हैं।

 

हमारी चर्चाओं का उद्देश्य ऐसा सतत विकास सुनिश्चित करना होना चाहिए, जो समानता के सिद्धांतों तथा “साझी लेकिन अलग-अलग जिम्मेदारियों” की भावना पर आधारित हो। तकनीकी प्रगति वैश्विक परिदृश्य को बदल रही है। इसका उपयोग सुशासन और समावेशी विकास के लिए प्रभावी रूप से किया जा सकता है। शांति और सुरक्षा आज भी वैश्विक व्यवस्था की आधारशिला हैं। हाल के संघर्षों ने संवाद और कूटनीति के महत्व को और स्पष्ट किया है। आतंकवाद के खिलाफ सहयोग मजबूत करने पर सभी देशों की गहरी और साझा सहमति है।

 

डॉ० जयशंकर ने भागीदार देशों को उनकी उपस्थिति और सहयोग मजबूत करने की उनकी प्रतिबद्धता के लिए धन्‍यवाद दिया।

 

उन्‍होंने कहा कि ब्रिक्‍स चल रहे संघर्ष के दौरान सार्थक भूमिका निभा सकता है।

 

हम ऐसे समय में मिल रहे हैं जब दुनिया तेजी से बदल रही है। अंतरराष्ट्रीय तनाव, संघर्ष, आर्थिक अनिश्चितता, और व्यापार, तकनीक तथा जलवायु से जुड़ी चुनौतियाँ वैश्विक स्थिति को प्रभावित कर रही हैं। ऐसे समय में ब्रिक्स से सकारात्मक और स्थिर भूमिका निभाने की उम्मीद बढ़ी है। आज कई देश ऊर्जा, भोजन, उर्वरक, स्वास्थ्य सुरक्षा और वित्तीय सहायता जैसी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। ब्रिक्स उन्हें इन समस्याओं से बेहतर तरीके से निपटने में मदद कर सकता है।

 

********************

 

बैठक के दौरान ब्रिक्‍स देशों के विदेश मंत्री वैश्विक और आपसी हित से जुड़े क्षेत्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। वे आज प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे।

 

बैठक में ब्राजील के विदेश मंत्री माउरो विएरा, रूस के विदेश मंत्री सरगई लावरोफ, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची, इंडोनेशिया के विदेश मंत्री सुगिओनो, मलेशिया के विदेश मंत्री दातो सेरी उतामा मोहम्मद बिन हाजी हसन, संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मामलों के राज्य मंत्री खलीफा शाहीन अल मरार और दक्षिण अफ्रीका के विदेश मंत्री रोनाल्ड लामोला सहित अन्य लोग भाग ले रहे हैं। कल दूसरे दिन, ब्रिक्‍स संगठन के सदस्‍य और साझेदार देश ब्रिक्‍स@20: लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के लिए निर्माण विषय पर एक विशेष सत्र में भाग लेंगे। इसके बाद वैश्विक शासन और बहुपक्षीय प्रणाली में सुधार पर चर्चा की जाएगी। आनंद की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्रियंका अरोड़ा।

 

********************

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल संयुक्‍त अरब अमीरात, नीदरलैंड्स, स्‍वीडन, नॉर्वे और इटली की छह दिन की यात्रा पर रवाना होंगे। यात्रा के पहले चरण में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी संयुक्‍त अरब अमीरात जाएंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी अबू धाबी में यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात करेंगे। दोनों नेता भारत और संयुक्‍त अरब अमीरात की मजबूत साझेदारी को एक और नए स्तर पर ले जाने के लिए चर्चा करेंगे। एक रिपोर्ट –

 

ऊर्जा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण साझेदारी के अंतर्गत, एडीएनओसी गैस और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड – एचपीसीएल ने 10 वर्ष के लिए लगभग 3 अरब अमरीकी डॉलर के अनुमानित मूल्य के एलएनजी आपूर्ति समझौते पर हस्ताक्षर किए। इसके साथ ही, संयुक्त अरब अमीरात और भारत ने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते – सीईपीए के अंतर्गत वर्ष 2032 तक द्विपक्षीय व्यापार को 200 अरब डॉलर तक पहुंचाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। यूएई में भारत के राजदूत दीपक मित्तल ने आकाशवाणी से विशेष बातचीत में कहा की भारत और संयुक्त अरब अमीरात के संबंध अब सिर्फ व्यापार तक सीमित नहीं हैं।

 

भारत और संयुक्त अरब अमीरात के संबंध अब केवल व्यापार और निवेश तक सीमित नहीं रहे हैं। अब हमारी साझेदारी तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सुरक्षा, संस्कृति और स्वास्थ्य जैसे कई नए क्षेत्रों तक विस्तार कर चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब पूरा क्षेत्र अभूतपूर्व परिस्थितियों से गुजर रहा है।

 

यूएई, भारत के लिए दूसरा सबसे बड़ा निर्यात गंतव्य बन चुका है, जहां भारत का निर्यात सैंतीस अरब अमरीकी डॉलर तक पहुंच गया है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्णवी।

 

********************

 

कांग्रेस ने दस दिन से चल रही अनिश्चिताओं को खत्म करते हुए आज वी डी सतीशन को केरलम का नया मुख्यमंत्री घोषित कर दिया। यह घोषणा कांग्रेस नेताओं अजय माकन, मुकुल वासनिक और दीपा दासमुंशी ने नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्‍मेलन के दौरान की। इस घोषणा के साथ ही, कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ राज्य में सरकार बनाने की प्रक्रिया शुरू करेगा। यूडीएफ ने केरलम विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई से अधिक बहुमत हासिल किया है।

 

********************

 

असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्व सरमा की मंत्रिपरिषद के नव-नियुक्त सदस्यों को विभाग आवंटित करने के प्रस्‍ताव को मंजूरी दे दी है।

 

रामेश्वर तेली को विकास, श्रम कल्याण और चाय बागान जनजाति तथा आदिवासी कल्याण विभाग दिए गए हैं। अतुल बोरा, पंचायत और ग्रामीण विकास, असम समझौते का कार्यान्वयन, सीमा सुरक्षा और विकास तथा उत्पाद शुल्क विभाग संभालेंगे।

 

चरण बोरो को परिवहन विभाग और बोडोलैंड कल्याण विभाग का मंत्री बनाया गया है। श्रीमती अजंता नियोग, महिला और बाल विकास तथा पर्यटन विभाग संभालेंगी।  

 

********************

 

निर्वाचन आयोग ने आज विशेष गहन पुनरीक्षण – एसआईआर के तीसरे चरण की घोषणा की है, इसे 16 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा।

 

ये राज्य हैं आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा, पंजाब, सिक्किम, त्रिपुरा, तेलंगाना और उत्तराखंड। केंद्र शासित प्रदेशों में दिल्ली, चंडीगढ़, दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव शामिल हैं।

 

********************

 

भारत ने कहा है कि कल ओमान के तट पर हुए भारतीय ध्‍वज वाले जहाज पर हुआ हमला अस्वीकार्य है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक बयान में वाणिज्यिक जहाजों और आम नागरिकों को लगातार निशाना बनाए जाने पर खेद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जहाज पर सवार भारतीय चालक दल के सभी सदस्‍य सुरक्षित हैं।

 

********************

 

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर भारत की ऐतिहासिक सफलता का उत्‍कृष्‍ट उदाहरण है। इसमें त्वरित और समन्वित कार्रवाई तथा स्वदेशी हथियारों और प्रणालियों का उपयोग किया गया। नई दिल्ली में कलम और कवच के तीसरे संस्करण के उद्घाटन सत्र में श्री सेठ ने कहा कि आधुनिक भारत, नई चुनौतियों के समय में वैज्ञानिक अनुसंधानों को सैन्य शक्ति के साथ जोड़ रहा है।

 

********************

 

भारतीय सेना और नौसेना ने आज अंतर-सेवा सहयोग को मजबूत करने और अधिक समन्‍वय को बढ़ावा देने के लिए ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इस समझौता ज्ञापन का उद्देश्य अंतर-सेवा सहयोग को संस्थागत रूप देना, परिचालन सामंजस्य को मजबूत बनाना है।

 

********************

 

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि राष्‍ट्रीय आपदा मोचन बल – एनडीआरएफ ने दो दशक की अल्‍पावधि में देश के 140 करोड़ नागरिकों का विश्‍वास जीता है। श्री शाह ने गाजियाबाद में आज एनडीआरएफ के राष्‍ट्रपति ध्‍वज समारोह में कहा कि आपदा की स्थिति में एनडीआरएफ की मौजूदगी से लोग सुरक्षित महसूस करते हैं।  

 

एनडीआरएफ को राष्‍ट्रपति — का सम्‍मान दिया गया ये हम सबके लिए गौरव और प्रतिष्‍ठा की बात है। ये सम्‍मान एनडीआरएफ के समस्‍त बल के सेवा, साहस, शौर्य और समर्पण के संचित गुणों का सम्‍मान है। बीस साल के कम अंतराल के अंदर आपदा बचाव के क्षेत्र में भारत को वैश्विक नक्‍शे पर रखने का काम एनडीएमए ने और एनडीआरएफ ने किया है।

 

श्री शाह ने कहा कि भारत आज आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर एक अग्रणी भागीदार के रूप में उभर रहा है।

 

********************

 

प्रवर्तन निदेशालय विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम – फेमा के प्रावधानों के अंतर्गत जाएग्रेड टेक्नोलॉजिस प्राइवेट लिमिटेड और अन्‍य से जुडी जांच के मामले में 14 व्‍यक्तियों और कंपनियों के परिसरों पर छापेमारी कर रहा है। एक बयान में निदेशालय ने कहा है कि जाएग्रेड टेक्नोलॉजिस कंपनी ऑनलाइन गेमिंग गतिविधियों के लिए भुगतान एग्रीगेटरों के जरिये लोगों से पैसा इकट्ठा कर रही थी।

 

********************

 

पंजाब पुलिस ने 5 मई को जालंधर में सीमा सुरक्षा बल मुख्यालय के मुख्य द्वार के पास हुए विस्फोट के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों ने बताया कि आरोपी कथित तौर पर पाकिस्तान स्थित एक आतंकवादी के संपर्क में था। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।

 

इस बीच, उसी रात अमृतसर में एक सैन्य चौकी पर हुए एक अन्य विस्फोट की जांच जारी है।

 

********************

 

मध्य प्रदेश के देवास जिले की पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट से दो लोगों की मौत हो गई और कई अन्‍य घायल हो गए। देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह के मुताबिक हादसे में दो मजदूरों की मौत हुई है।

 

फैक्ट्री में काम करने वाले ज्यादातर मजदूर बिहार के अररिया जिले के बताए जा रहे हैं।

 

संभागायुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर ऋतुराज सिंह मौके पर पहुंच गए हैं और बचाव कार्य जारी है।

 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवास पटाखा फैक्ट्री हादसे को हृदय विदारक बताया है।

 

डॉ. यादव ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों को निःशुल्क इलाज देने की घोषणा की है।

 

********************

 

लॉजिस्टिक्स ईज़ अक्रॉस डिफरेंट स्टेट्स-लीड्स 2025 की रिपोर्ट में कल केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर को श्रेष्ठ प्रदर्शनकर्ता के रूप में मान्यता दी गई। नई दिल्ली में केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने प्रदेश को ये मान्यता प्रदान की। वर्ष 2023 तक जम्मू-कश्मीर, आकांक्षी प्रदेश की श्रेणी में था। वर्ष 2024 में इसे तेजी से प्रगति करने वाले प्रदेश के रूप में मान्यता प्राप्त हुई।    

 

********************

 

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप और चीन के राष्‍ट्रपति शी चिनफिंग ने आज चीन की राजधानी पेइचिंग में आयोजित शिखर सम्मेलन में हिस्‍सा लिया। ट्रंप ने इसे अब तक का सबसे बड़ा शिखर सम्मेलन कहा है। इसमें ईरान संघर्ष और द्विपक्षीय व्यापारिक तनाव सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई।  एक रिपोर्ट –

 

पेइचिंग के ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल में आज श्री चिनफिंग के साथ बातचीत में ट्रंप ने कहा कि अमरीका और चीन का भविष्य उज्ज्वल होगा। ट्रंप के साथ अमरीका के शीर्ष व्यापारिक नेता भी आए हैं। इनमें एनवीडिया के जेन्सेन हुआंग, एप्पल के टिम कुक, टेस्ला और स्पेसएक्स के एलन मस्क और ब्लैक रॉक के लैरी फिंक के नाम शामिल हैं। उन्‍होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि ये वर्ष चीन-अमरीका संबंधों के लिए ऐतिहासिक होगा। चीन और अमरीका के बीच व्यापारिक तनावों के बारे में चिनफिंग ने कहा कि व्यापारिक संघर्ष में कोई भी विजेता नहीं होता। राष्ट्रपति ट्रंप की यह यात्रा पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और उसके बाद ईंधन से जुड़ी वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं में आए व्‍यवधानों के बीच हो रही है। समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार बल।

 

********************

 

देश में थोक मूल्‍य सूचकांक पर आधारित मुद्रास्‍फीति वार्षिक आधार पर अप्रैल में 42 महीने के उच्‍चतम स्‍तर आठ दशमलव तीन प्रतिशत पर पहुंच गई। पिछले वर्ष मार्च में यह तीन दशमलव आठ-आठ प्रतिशत थी। वाणिज्‍य तथा उद्योग मंत्रालय के अनुसार मुद्रास्‍फीति में यह वृद्धि मुख्‍य रूप से खनिज तेल, कच्‍चे तेल और प्राकृतिक गैस, मूल धातुओं, विनिर्मित उत्‍पादों और गैर-खाद्य वस्‍तुओं के दाम बढने के कारण हुई।

 

********************

 

थाईलैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में पी. वी. सिंधु महिला सिंगल्‍स में और सात्विक साइराज रंकी रेड्डी तथा चिराग शेट्टी की जोडी पुरूष डबल्‍स के क्‍वार्टर फाइनल में पहुंच गये हैं। सिंधु ने आज प्री-क्‍वार्टर फाइनल में डेनमार्क की अमाली श्‍यूज को केवल 28 मिनट में हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। क्‍वार्टर फाइनल में सिंधु का सामना विश्‍व चैंपियन जापान की अकाने यामागुची से होगा।

 

पुरूष डबल्‍स में सात्विक और चिराग शेट्टी ने प्री-क्‍वार्टर फाइनल में मलेशिया के ब्राइन जेरेमी गुंटिंग और मोहम्‍मद हैकल की जोडी को हराया।

 

********************

 

आईपीएल क्रिकेट में आज पंजाब किंग्स का सामना मुंबई इंडियंस से होगा। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में यह मैच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा।

 

********************

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

भारत ने कहा – वैश्विक अनिश्चितता और आर्थिक चुनौतियों के बीच ब्रिक्स रचनात्मक भूमिका निभा सकता है। नई दिल्ली में दो दिन की ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक शुरू।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की कल अबू धाबी यात्रा के दौरान भारत और संयुक्‍त अरब अमीरात द्विपक्षीय संबंधों को एक नए स्तर पर ले जाने के लिए तैयार।

 

कांग्रेस नेता वी. डी. सतीशन केरलम के अगले मुख्यमंत्री होंगे।

 

निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण प्रकिया एस.आई.आर. के तीसरे चरण की घोषणा की। इसे चरणबद्ध तरीके से 16 राज्‍यों और तीन केन्‍द्रशासित प्रदेशों में चलाया जाएगा।

 

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा – आपदा प्रबंधन में भारत एक वैश्विक नेता और अग्रणी देश के रूप में उभरा है।

 

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने पेइचिंग में महत्वपूर्ण वार्ता की। इसमें ईरान संघर्ष, वैश्विक ऊर्जा संकट, शुल्‍क और व्यापार तनाव प्रमुख मुद्दे।

 

और थाईलैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में पी. वी. सिंधु महिला सिंगल्‍स में और सात्विक साइराज रंकी रेड्डी तथा चिराग शेट्टी की जोडी पुरूष डबल्‍स के क्‍वार्टर फाइनल में पहुंची। 

 

********************

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.