मुख्य समाचार:
तमिलनाडु में सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली टीवीके सरकार के विधानसभा में विश्वास मत हासिल किया। श्री एन. रंगासामी ने रिकॉर्ड पांचवीं बार पुद्दुचेरी के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
पश्चिम एशिया संघर्ष से उत्पन्न वैश्विक ऊर्जा संकट के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील के बाद केंद्र और राज्य सरकारों ने ईंधन बचत उपाय तेज़ किए।
सीबीएसई ने अखिल भारतीय सीनियर सैकेंन्ड्री कक्षा 12वीं की परीक्षा के परिणाम घोषित किए।
सरकार द्वारा आयात शुल्क को लगभग 15 प्रतिशत किए जाने के बाद सोने और चांदी की कीमतों में छह प्रतिशत से अधिक की वृद्धि।
मौसम विभाग ने कहा – इस साल मानसून जल्दी आने की संभावना।
और आईपीएल क्रिकेट में आज शाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स से।
****************
तमिलनाडु में मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली नवगठित सरकार ने 144 विधायकों का बहुमत साबित कर विश्वास मत हासिल कर लिया है। एडापड्डी पलनीसामी के नेतृत्व में आल इंडिया अन्ना डीएमके के 22 विधायकों ने विश्वास प्रस्ताव के खिलाफ मतदान किया।
****************
ऑल इंडिया एन आर कांग्रेस नेता एन. रंगासामी ने आज रिकॉर्ड पांचवीं बार पुद्दुचेरी के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। लोक निवास में आयोजित एक समारोह में पुद्दुचेरी के उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन ने श्री रंगासामी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
****************
पश्चिम बंगाल में कोलकाता में 18वीं विधानसभा के नव निर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह हो रहा है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भबानीपुर सीट से विधायक के रूप में शपथ ली है जबकि नंदीग्राम सीट रिक्त रखी गई है। इसके बाद मंत्रिमंडल के पांच अन्य सदस्यों ने भी शपथ ग्रहण की। वहीं, नौदा सीट से विजयी आम जनता उन्नयन पार्टी के विधायक हुमायूं कबीर ने भी शपथ ली। कबीर ने रेजिनगर सीट से भी जीत हासिल की। कार्यवाहक अध्यक्ष तापस रॉय ने सभी विधायकों को शपथ दिलाई। राज्य में फालता विधानसभा क्षेत्र में 21 मई को पुनर्मतदान होना है।
****************
पश्चिम एशिया संघर्ष से उत्पन्न वैश्विक ऊर्जा संकट के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील के बाद केंद्र और राज्य सरकारों ने ईंधन बचत उपाय तेज़ किए। वैश्विक ईंधन कीमतों में वृद्धि के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में घरेलू दौरों के लिए अपने काफिले का आकार काफी कम कर दिया है। विशेष सुरक्षा समूह- एसपीजी प्रोटोकॉल के अन्तर्गत अनिवार्य सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं बरकरार रखी हैं। एक रिपोर्ट-
यह कदम पश्चिम एशिया संकट के बीच आयातित ईंधन पर निर्भरता कम करने और पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाकर आर्थिक मजबूती में योगदान के लिए प्रधानमंत्री की सात अपीलों के अनुरूप है। सूत्रों के अनुसार काफिले का आकार कम करने के बावजूद, प्रधानमंत्री की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी महत्वपूर्ण सुरक्षा व्यवस्थाएं यथावत बनी रहेंगी। प्रधानमंत्री मोदी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जहां भी संभव हो, बिना कोई नई खरीद किए, उनके काफिले में इलेक्ट्रिक वाहन शामिल किए जाएं। अंकित की रिपोर्ट के साथ अमीषा।
****************
गृह मंत्री अमित शाह ने भी अपने काफिले का आकार घटाकर आधे से भी कम कर दिया है। यह कदम पश्चिम एशिया संकट के बीच आयातित ईंधन पर निर्भरता कम करके और पर्यावरण के अनुकूल विकल्पों को अपनाकर आर्थिक स्थिरता में योगदान देने के लिए प्रधानमंत्री द्वारा नागरिकों से की गई सात अपीलों के अनुरूप है।
****************
उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और दिल्ली के मुख्यमंत्रियों ने भी मंत्रियों, विधायकों और जन प्रतिनिधियों से सरकारी वाहनों के उपयोग को कम करने को कहा है। एक रिपोर्ट –
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने, मुख्यमंत्री, मंत्रियों और अन्य अधिकारियों के वाहन बेड़े में 50 प्रतिशत की कमी का आदेश दिया है और सरकारी काफिले से अनावश्यक वाहनों को हटाने का निर्देश दिया है। उन्होंने नागरिकों से ईंधन की खपत कम करने, अनावश्यक सोने की खरीद से बचने और घर से काम करने को बढ़ावा देने की अपील भी की। राज्य सरकार ने मेट्रो सेवाओं और सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग पर बल दिया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी अगले आदेश तक अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम कर दी है। श्री यादव ने मंत्रिपरिषद के सदस्यों से राष्ट्रीय हित में पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने की अपील की। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि मंत्री, विधायक, अधिकारी और सरकारी विभाग सरकारी वाहनों का उपयोग सीमित करेंगे, कारपूलिंग अपनाएंगे और मेट्रो तथा बस सेवाओं को प्राथमिकता देंगे। समाचार कक्ष से मीनाक्षी।
****************
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी राज्य में पेट्रोल और डीजल की बचत करने की आवश्यकता पर बल दिया है। उन्होंने जनता से वाहनों का अनावश्यक उपयोग न करने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम करने का निर्णय लिया है और मंत्रियों, जन प्रतिनिधियों और अधिकारियों को वाहनों के उपयोग में संयम बरतने का निर्देश दिए है।
****************
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड-सी.बी.एस.ई. ने आज कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए। छात्र रोल नंबर डालकर आधिकारिक वेबसाइट, DigiLocker और उमंग ऐप पर अपना परिणाम देख सकते हैं। इस वर्ष सी.बी.एस.ई. की कक्षा 12वीं की विज्ञान, वाणिज्य और मानविकी विषयों की परीक्षाएं 17 फरवरी से 10 अप्रैल तक आयोजित की गईं थी। सी.बी.एस.ई. ने एक बयान में बताया कि 17 लाख 68 हजार से अधिक विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें से 15 लाख 7 हजार से अधिक विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। इस वर्ष का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 85 दशमलव दो-शून्य प्रतिशत है। जबकि छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 88 दशमलव आठ-छह प्रतिशत है, जबकि छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 82 दशमलव एक-तीन प्रतिशत है।
****************
भारत कल से शुरू होने वाली दो दिन की ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करेगा। बैठक की अध्यक्षता विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर करेंगे। विदेश मंत्री ने आज सुबह चिली के विदेश मंत्री फ्रांसिस्को पेरेज़ मैककेना से मुलाकात की। एक रिपोर्ट-
श्री फ्रांसिस्को ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की कल से शुरू होने वाली दो दिवसीय बैठक में भाग लेने के लिए भारत आए हैं। बैठक की अध्यक्षता विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर करेंगे। इस बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों के विदेश मंत्री और प्रतिनिधिमंडल प्रमुख भाग लेंगे। श्री फ्रांसिस्को, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे। बैठक के दौरान ब्रिक्स सदस्य देशों के विदेश मंत्री आपसी हित के वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। इंडोनेशिया के विदेश मंत्री सुगिओनो ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए आज नई दिल्ली पहुंचे। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे। बैठक के दौरान, ब्रिक्स सदस्य देशों के विदेश मंत्री आपसी हित के वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान भी करेंगे। अमन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से निखिल कुमार।
डॉ. जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि दोनों पक्षों ने बाजारों और स्रोतों में विविधता लाने, प्राथमिकता वाली वस्तुओं के निर्यात को बढ़ावा देने और सेवा अर्थव्यवस्था को सुगम बनाने के लिए द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की।
****************
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के लेख को साझा किया है, जिसमें बताया गया है कि पंजाब में आधुनिक रेलवे स्टेशन और बेहतर रेलवे नेटवर्क से प्रगति के नए द्वार खुल रहे हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह परिवर्तन क्षेत्र के लोगों के लिए अनेक अवसर लेकर आ रहा है। उन्होंने कहा कि यह लेख दर्शाता है कि पंजाब में किस प्रकार बदलाव आ रहा है।
****************
कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज नई दिल्ली में 16वीं पेंशन अदालत का शुभारंभ किया। देशभर के पेंशनभोगियों ने इसमें हाइब्रिड मोड के माध्यम से भाग लिया। इन अदालतों का उद्देश्य पेंशन संबंधी शिकायतों के निवारण के लिए ‘मौके पर ही’ निर्णायक समाधान प्रदान करना है, जिससे पेंशनभोगियों को अदालतों का सहारा लेने की आवश्यकता न पड़े, उनका समय और धन दोनों की बचत हो और उन्हें एक प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र प्राप्त हो।
****************
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो- सीबीआई ने वांछित भगोड़े प्रभदीप सिंह को अज़रबैजान से सफलतापूर्वक भारत प्रत्यर्पित करा लिया है। सीबीआई ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस के समन्वय से यह कार्य किया। सीबीआई ने बताया कि नई दिल्ली के विशेष प्रकोष्ठ पुलिस स्टेशन में मादक औषधि और मनोरोगी पदार्थ- एनडीपीएस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज एक मामले में प्रभदीप वांछित था।
इस मामले में बडी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए गए और कई सह-आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया।
****************
नीट यूजी परीक्षा के कथित रूप से प्रश्नपत्र लीक होने की जांच के लिए केंद्रीय अंवेषण ब्यूरो- सीबीआई का दल जयपुर पहुंचा। दल ने राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान समूह -एसओजी द्वारा हिरासत में लिए गए कई लोगों से पूछताछ की। जांच के अंतर्गत एसओजी ने सीकर और आसपास के इलाकों में लोगों से पूछताछ की।
****************
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग- एनएचआरसी के अध्यक्ष न्यायमूर्ति वी. रामासुब्रमणियन ने केवल नीति निर्माण के बजाय अंतरराज्यीय समन्वय, सुगम सामाजिक सुरक्षा और श्रम कानूनों के सुदृढ़ कार्यान्वयन जैसे प्रणालीगत सुधारों की आवश्यकता पर बल दिया। वे ‘प्रवासी श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा: सरकार और निजी क्षेत्र की साझा जिम्मेदारी’ विषय पर आयोजित आयोग की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
****************
युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने गृह मंत्रालय के सहयोग से विकसित वाइब्रेंट ग्राम प्रोग्राम 2026 के लिए माय भारत प्लेटफॉर्म पर राष्ट्रीय स्तर की प्रश्नोत्तरी का शुभारंभ किया है। मंत्रालय ने बताया कि इस महीने की 20 तारीख तक आयोजित होने वाली ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी में देशभर के युवा भाग ले सकते हैं।
****************
सोने और चांदी की कीमतों में आज छह प्रतिशत तक का भारी उछाल देखा गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज के वायदा बाजार में, जून अनुबंध के अंतर्गत सोना लगभग छह प्रतिशत बढ़कर एक लाख 62 हजार 597 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था, जबकि जुलाई अनुबंध के अंतर्गत चांदी लगभग 6 दशमलव 4 प्रतिशत बढ़कर 2 लाख 96 हजार 821 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी। नवीनतम रिपोर्टों के अनुसार, दिन के दौरान सोने और चांदी की कीमतों में आठ प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई।
सरकार ने सोने और चांदी पर आयात शुल्क 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया है।
****************
घरेलू शेयर बाजार के आज दोपहर के कारोबार में आधा प्रतिशत की वृद्धि देखने को मिली। सेंसेक्स 403 अंक बढ़कर 74 हजार 962 जबकि निफ्टी 146 अंक की वृद्धि के साथ 23 हजार 526 पर था।
****************
भारत में इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून का आगमन जल्दी हो सकता है। इस सप्ताह के अंत तक दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में मानसून आ जाएगा। विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र कल भी इसी क्षेत्र में था, और इससे संबंधित चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 4 दशमलव 5 किलोमीटर ऊपर तक फैला हुआ था। आईएमडी ने कहा कि अगले 24 घंटों में इसके और अधिक प्रभावी होने की संभावना है।
****************
मौसम विभाग ने देश के पूर्वोत्तर तथा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कल तक मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज ओलावृष्टि हो सकती है। दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, झारखंड और पंजाब में भी आज बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ वर्षा की संभावना है।
****************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 1998 में आज के दिन भारत द्वारा किए गए परमाणु परीक्षणों का स्मरण किया। सोशल मीडिया पर संस्कृत श्लोक सुभाषितम् साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इन परमाणु परीक्षणों ने देश के अडिग संकल्प को प्रदर्शित किया है।
****************
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज राष्ट्रपति भवन में पूर्व राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की। श्री फखरुद्दीन अली अहमद देश के पांचवें राष्ट्रपति थे। उन्होंने 24 अगस्त, 1974 से 11 फरवरी, 1977 तक पदभार संभाला।
****************
आईपीएल क्रिकेट में आज रायपुर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। मैच शाम साढे़ सात बजे से शुरू होगा।
गुजरात टाइटन्स ने कल रात सनराइजर्स हैदराबाद को 82 रन से हराकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है।
****************
उधर, बैंकॉक में थाईलैंड ओपन बैडमिंटन में पी. वी. सिंधु और किदांबी श्रीकांत प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पी. वी. सिंधु ने चीनी ताइपे की तुंग सिउ-टोंग को सीधे सेट में 21-9, 21-12 से मात्र 33 मिनट में हरा दिया। छठी वरीयता प्राप्त सिंधु का क्वाटर फाईनल में मुकाबला डेनमार्क की अमाली शुल्ज़ से होगा।
वहीं, पूर्व विश्व चैंपियनशिप किदांबी श्रीकांत ने सिंगापुर के लोह कीन यू को आसानी से 21-14, 21-15 से हराकर क्वाटर फाइनल में प्रवेश किया। अगले दौर में उनका मुकाबला चीनी ताइपे के सु ली यांग से होगा। हालांकि, भारत के आयुष शेट्टी जापान के कोदाई नाराओका से हारने के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गए।
****************
उज़्बेकिस्तान के ताशकंद में आयोजित एशियाई अंडर-17 बॉक्सिंग चैंपियनशिप में, 75 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में कोरिया के सेउंगमिन ली को 5-0 से हराकर लक्ष्य फोगाट फाइनल में पहुंच गए हैं। अन्य चार भारतीय मुक्केबाजों को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
****************
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
तमिलनाडु में सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली टीवीके सरकार के विधानसभा में विश्वास मत हासिल किया। श्री एन. रंगासामी ने रिकॉर्ड पांचवीं बार पुद्दुचेरी के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
पश्चिम एशिया संघर्ष से उत्पन्न वैश्विक ऊर्जा संकट के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील के बाद केंद्र और राज्य सरकारों ने ईंधन बचत उपाय तेज़ किए।
सीबीएसई ने अखिल भारतीय सीनियर सैकेंन्ड्री कक्षा 12वीं की परीक्षा के परिणाम घोषित किए।
सरकार द्वारा आयात शुल्क को लगभग 15 प्रतिशत किए जाने के बाद सोने और चांदी की कीमतों में छह प्रतिशत से अधिक की वृद्धि।
मौसम विभाग ने कहा – इस साल मानसून जल्दी आने की संभावना।
और आईपीएल क्रिकेट में आज शाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स से।
****************