May 12, 2026 3:39 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

  1. परीक्षा पत्र लीक के आरोपों के कारण मेडिकल शिक्षा में प्रवेश के लिए आयोजित हुई नीट यूजी परीक्षा रद्द; सीबीआई जांच के आदेश।
  2. हिमंता बिस्वा सरमा ने लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
  3. सी.बी.आई. ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेन्‍दु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या की जांच शुरू की।
  4. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पंद्रह नर्सिंग पेशेवरों को राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार प्रदान किए।
  5. आईपीएल क्रिकेट में आज शाम गुजरात टाइटन्स का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से।

 

****

 

राष्‍ट्रीय परीक्षा एजेंसी-एन.टी.ए. ने शिक्षा में मेडिकल दाखिले के लिए 3 मई को आयोजित नीट-यूजी 2026 परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में एजेंसी ने कहा है कि यह फैसला विद्यार्थियों के हित तथा राष्‍ट्रीय परीक्षा प्रणाली में विश्‍वास को ध्‍यान में रखते हुए लिया गया है।

 

एन.टी.ए. ने बताया है कि सरकार ने पेपर लीक के आरोपों की पूरी जांच के लिए मामला केन्‍द्रीय अन्‍वेषण ब्‍यूरो-सीबीआई को सौंपने का निर्णय लिया है। एजेंसी ने कहा है कि यह निर्णय केन्‍द्रीय एजेंसियों के साथ समन्‍वय में एन.टी.ए. द्वारा जांच निष्‍कर्षों का मूल्‍यांकन करने के बाद लिया गया है। परीक्षा के लिए नई तिथि अलग से अधिसूचित की जाएगी। पंजीकरण विवरण, उम्‍मीदवार की जानकारी और मई 2026 के लिए चयनित परीक्षा केन्‍द्र अपरिवर्तित रहेंगे। दोबारा परीक्षा के लिए फिर पंजीकरण कराने की आवश्‍यकता नहीं होगी और कोई अतिरिक्‍त परीक्षा शुल्‍क भी नहीं लिया जाएगा। दीपेंद्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आनंद पाठक।

 

*****

 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हिमंता बिस्व सरमा ने लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने गुवाहाटी में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में डॉ. सरमा को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

 

डॉ. सरमा के साथ चार विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इनमें भाजपा से रामेश्वर तेली और अजंता नियोग, असम गण परिषद से अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट से चरण बोरो शामिल हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी समारोह में उपस्थित थे।

 

******

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने असम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर डॉ. हिमंता बिस्व सरमा को बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा श्री सरमा ने एक कुशल प्रशासक के रूप में अपनी पहचान बनाई है।

 

****

 

भारतीय जनता पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष नितिन नवीन ने असम में नव गठित मंत्रिमण्‍डल के सदस्‍यों को मंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी है।

 

श्री नवीन ने आशा व्‍यक्‍त की कि मुख्‍यमंत्री हिमंता बिस्‍वा सरमा के नेतृत्‍व में एन.डी.ए. सरकार विकसित असम और विकसित भारत के दृष्टिकोण के साथ काम करती रहेगी।

 

असम विधानसभा में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन ने लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी करते हुए 126 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटें हासिल की है।

 

***

 

पुद्दुचेरी में राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन नेता एन. रंगासामी कल मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के चुनाव प्रभारी डॉ मनसुख मांडविया तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई नेता शामिल होंगे।

 

*****

 

सीबीआई ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या की जांच शुरू कर दी है। राज्य पुलिस की सिफारिश पर एजेंसी ने आज आधिकारिक रूप से मामले की जांच शुरू कर दी है। राज्य पुलिस सी.बी.आई. कों केस डायरी सौंपने की तैयारी कर रही है। सी.बी.आई. की एक टीम आज मध्यग्राम पुलिस स्टेशन जाकर घटनास्थल का मुआयना कर सकती है।

 

*****

 

इस बीच, सीबीआई ने जांच करने के लिए डीआईजी पंकज सिंह के नेतृत्व में सात सदस्यीय टीम का गठन किया है।

 

*****

 

प्रवर्तन निदेशालय ने पश्चिम बंगाल में दक्षिणी दमदम नगर पालिका भर्ती घोटाले में पूर्व अग्नि शमन और आपात सेवा मंत्री सुजीत बसु को कोलकाता से गिरफ्तार किया है। निदेशालय ने बताया कि तृणमूल कांग्रेस के शासन काल में सुजीत बसु ने नगर पालिका में विभिन्‍न पदों के लिए कथित रूप से लगभग 150 उम्‍मीदवारों की सिफारिश की। प्रवर्तन निदेशालय ने नौकरी देने के बदले कथि‍त रूप से फ्लैट की मांग के अपराध का भी पता लगाया है। जांच एजेंसी को बसु के बैंक खातों में बडी राशि जमा होने के भी सबूत मिले हैं।

 

*****

 

प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल के नव-निर्वाचित मुख्‍यमंत्री शुभेन्‍दु अधिकारी के नेतृत्‍व में राज्‍य मंत्रिमण्डल की पहली बैठक के निर्णयों की सराहना की है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोगों का कल्‍याण सर्वोच्‍च प्राथमिकता है। श्री मोदी ने प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की कि राज्‍य के लोग अब विश्‍व की सबसे बड़ी स्‍वास्‍थ्‍य योजना आयुष्‍मान भारत का लाभ उठा सकेंगे। कल राज्‍य मंत्रिमण्‍डल की बैठक में कई महत्‍वपूर्ण निर्णय लिए गए। इनमें बांग्‍लादेश सीमा पर 45 दिन के भीतर बाड़ लगाने के लिए सीमा सुरक्षा बल-बीएसएफ को भूमि हस्‍तांतरित करना शामिल है।

 

***

 

तमिलनाडु विधायक जेसीडी प्रभाकर को आज सर्वसम्मति से विधानसभा अध्यक्ष चुना गया। कार्यवाहक अध्यक्ष एम.वी. करुपैया ने मुख्यमंत्री जोसेफ विजय द्वारा प्रस्तावित प्रभाकर के नाम की घोषणा की, जिसका सदन में पार्टी के नेता के.ए. सेंगोत्तैयान ने समर्थन किया। थोरायूर निर्वाचन क्षेत्र से तमिलनाडु के विधायक रवि शंकर को भी सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष चुना गया। टीवीके सरकार को कल विधानसभा में अपना बहुमत साबित करना है।

 

******

 

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने स्कूलों, कॉलेजों, पूजा स्थलों और बस स्टैंडों के पास स्थित खुदरा शराब की दुकानों को बंद करने का आदेश दिया है। राज्य सरकार ने कहा कि चार हजार 675 खुदरा शराब की दुकानें चल रही हैं। इनमें से स्कूलों, कॉलेजों, पूजा स्थलों और बस टर्मिनलों से 500 मीटर के दायरे में 717 दुकानों को दो सप्ताह के भीतर बंद करने का आदेश दिया गया है।

 

*****

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज राष्‍ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में 15 नर्सिंग पेशेवरों को वर्ष 2026 के लिए राष्‍ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्‍कार प्रदान किए। उन्‍हें ये पुरस्‍कार नर्सिंग के क्षेत्र में उत्‍कृष्‍ट योगदान के लिए दिए गए। ये पुरस्‍कार पंजीकृत नर्सों, मिडवाइव्स, सहायक नर्स मिडवाइव्‍स और महिला स्‍वास्‍थ्‍य पर्यवेक्षकों को प्रदान किए गए।

 

राष्‍ट्रपति ने कहा कि यह अवसर उन नर्सिंग कर्मियों और स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल पेशेवरों के अमूल्‍य योगदान को श्रद्धांजलि है, जो करूणा और सम्‍पूर्ण निष्‍ठा के साथ देश की सेवा करते हैं।

 

इस अवसर पर केन्‍द्रीय स्‍वास्‍थ्‍य और परिवार कल्‍याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, स्‍वास्‍थ्‍य राज्‍य मंत्री प्रताप राव जाधव तथा अन्‍य गणमान्‍य व्‍यक्ति उपस्थित थे। राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्‍कार की स्‍थापना 1973 में स्‍वास्‍थ्‍य और परिवार कल्‍याण मंत्रालय ने की थी।

 

******

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पश्चिम एशिया संकट के बीच विदेशी मुद्रा की बचत के लिए लोगों से ईंधन बचाने और विदेशी उत्‍पादों का उपयोग कम करने का आग्रह किया है। गुजरात के वडोदरा में कल एक जनसभा में श्री मोदी ने पेट्रोल और डीजल का उपभोग कम करने तथा वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाईन कक्षाएं और वर्चुअल बैठक जैसे कोविड दौर के उपाय अपनाने की अपील दोहराई।

 

पेट्रोल, डीजल का उपयोग कम करें, मेट्रो का उपयोग करें, इलेक्ट्रिक बस और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का अधिक इस्‍तेमाल करें। कार पुलिंग को बढ़ावा दें, ​​यह जरूरी है कि सरकारी और प्राइवेट दोनों ही दफ्तरों में वर्चुअल मीटिंग और वर्क फ्राम होम को प्राथमिकता दी जाए। मैं कुछ स्‍कूलों से भी आग्रह करूंगा कि कुछ समय के लिए ऑनलाइन क्‍लासेज की व्‍यवस्‍था पर काम करें। मैं आप सब से आग्रह करूंगा कि जब तक हालात सामान्‍य न हो सोने की खरीद को टालें।

 

*****

 

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आज कहा कि पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच भारत ने अपने घरेलू एलपीजी उत्पादन को लगभग 36 हजार टन प्रतिदिन से बढ़ाकर 54 हजार टन कर दिया है। श्री पुरी ने नई दिल्ली में वार्षिक व्यापार शिखर सम्मेलन 2026 को संबोधित करते हुए कहा कि जहां कई देशों को पिछले कुछ महीनों में आसमान छूती कीमतों और ईंधन की कमी का सामना करना पड़ा है, वहीं भारत घरेलू कीमतों को अपेक्षाकृत स्थिर रखने में कामयाब रहा है।

 

किचन में इस्तेमाल होने वाली एलपीजी, सिलेंडर गैस, का लगभग साठ प्रतिशत पहले होर्मुज़ क्षेत्र से आता था। अब हमें इसके लिए नई व्यवस्थाएँ करनी पड़ीं। संकट से पहले हमारी घरेलू एलपीजी उत्पादन क्षमता लगभग पैंतीस या छत्तीस हज़ार मीट्रिक टन प्रतिदिन थी। हमने अपने घरेलू उत्पादन को छत्तीस हज़ार से बढ़ाकर चौवन हज़ार मीट्रिक टन प्रतिदिन कर दिया है।

 

श्री पुरी ने उद्योग जगत के नेताओं और अपने हितधारकों से एलपीजी से एलएनजी की ओर रुख करने और हरित ऊर्जा की ओर बढ़ने का आग्रह किया।

 

*****

 

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। भाजपा नेता सत्येंद्र प्रताप की शिकायत के बाद महोबा कोतवाली पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया।

 

यह विवाद तब शुरू हुआ जब लोधी ने कथित तौर पर प्रधानमंत्री मोदी की उस अपील पर आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिसमें उन्होंने लोगों से सोना न खरीदने का आग्रह किया था। इन टिप्पणियों के बाद राज्य में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।

 

****

 

पाकिस्तान ने हाल ही में ईरान और अमरीका के बीच संघर्ष के दौरान ईरानी सैन्य विमानों को गुप्त रूप से अपने एयरबेस पर ठहरने की अनुमति दी है। जबकि वह इस खबर ने ईरान और अमरीका के बीच संघर्ष समाप्त करने के लिए पाकिस्तान के मध्यस्थ की भूमिका निभाने का दावा करता है। अमरीकी मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि कुछ ईरानी विमान रावलपिंडी के निकट नूर खान वायुसेना अड्डे पर खड़े किए गए थे।

 

रिपब्लिकन सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने पाकिस्तान की मध्यस्थ की भूमिका को पूरी तरह से पुनः समीक्षा करने की मांग की। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि ईरान ने कुछ यात्री विमानों को पड़ोसी देश अफगानिस्तान भेज दिया था।

 

****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी शुक्रवार को पांच देशों की यात्रा पर रवाना होंगे। पहले चरण में वे शुक्रवार को संयुक्‍त अरब अमीरात पहुंचेंगे और राष्‍ट्रपति शेख मोहम्‍मद बिन जायद अल नह्यान से मुलाकात करेंगे। एक रिर्पोट –

 

यात्रा के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री शुक्रवार को ही नीदरलैंड्स पहुंचेंगे। इससे पहले उन्‍होंने 2017 में नीदरलैंड की यात्रा की थी। प्रधानमंत्री मोदी नीदरलैंड्स के नरेश विलेम अलेक्‍ज़ेंडर और महारानी मैंक्सिमा से मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री रॉब जेटेन से भी उनकी बातचीत होगी। इसबे बाद प्रधानमंत्री मोदी रविवार को स्‍वीडन की यात्रा पर गोथनबर्ग पहुंचेंगे। वे स्‍वीडन के प्रधानमंत्री अल्‍फ क्रिस्‍टर्सन के साथ बातचीत में द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करेंगे। यात्रा के चौथे चरण में प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को नॉर्वे पहुंचेंगे। वे तीसरेभारतनॉर्वे शिखर सम्‍मेलन में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री मोदी की यह पहली नॉर्वे यात्रा होगी। यात्रा के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री मोदी इटली जाएंगे। वे इटली के राष्‍ट्रपति सर्जियो मैगरेला से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ भी उनकी व्‍यापक बातचीत होगी। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी की पांच देशों की यात्रा से यूरोप के साथ भारत की साझेदारी मजबूत होगी। अनुपम की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्रियंका अरोड़ा।

 

****

 

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज चिली गणराज्य के विदेश मंत्री फ्रांसिस्को पेरेज़ मैककेना और चिली प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से मुलाकात की। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने भारत-चिली व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते-सीईपीए की वार्ता की प्रगति की समीक्षा की।

 

****

 

चेन्नई से अबू धाबी जाने वाली इतिहाद एयरवेज की उड़ान संख्या- EY0343 आज सुबह तकनीकी खराबी और बाएं पंख में आग लगने की घटना के बाद रद्द कर दी गई। लगभग 280 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया हैं। चेन्नई हवाई अड्डे ने सोशल मीडिया पोस्ट में यात्रियों से आगे की जानकारी के लिए एयरलाइन से संपर्क करने का अनुरोध किया है।

 

****

 

मौसम विभाग ने कल तक गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना व्‍यक्‍त की है। असम और मेघालय में मूसलाधार वर्षा  का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल के तराई वाले क्षेत्र और सिक्किम में भी कल तेज बारिश हो सकती है। बिहार और उत्तराखंड में भी कल 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ आंधी आने की संभावना है।

 

****

 

घरेलू शेयर बाजार के संवेदी सूचकांक में आज लगभग एक दशमलव चार प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। अंतिम समाचार मिलने तक सेंसेक्स एक हजार 48 अंक लुढ़ककर 74 हजार 967 पर जबकि निफ्टी 305 अंक की गिरावट के साथ 23 हजार 511 पर था।

 

****

 

आईपीएल क्रिकेट में, आज, गुजरात टाइटन्स का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। यह मैच शाम साढे सात बजे शुरू होगा।

 

****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  1. मेडिकल शिक्षा में प्रवेश के लिए आयोजित नीट यूजी परीक्षा पेपर लीक के आरोपों के कारण रद्द; सीबीआई जांच के आदेश।
  2. हिमंता बिस्व सरमा ने लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
  3. सी.बी.आई. ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेन्‍दु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या की जांच शुरू की।
  4. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पंद्रह नर्सिंग पेशेवरों को राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार प्रदान किए।
  5. आईपीएल क्रिकेट में आज शाम गुजरात टाइटन्स का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से।

****

Most Read
View All arrow-right

No posts found.