May 11, 2026 3:12 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – सोमनाथ मंदिर अमृत महोत्सव भारत के दृष्टिकोण को आने वाले एक हजार वर्ष तक प्रेरित करेगा। उन्‍होंने मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने पर महापूजा की।

 

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सीमा पर बाड़ लगाने के लिए बीएसएफ को भूमि हस्तांतरित करने की घोषणा की। राज्य में आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना का भी शुभारंभ।

 

केंद्र ने विकसित भारत जी राम जी अधिनियम के एक जुलाई से क्रियान्‍वयन की अधिसूचना जारी की।

 

एसबीआई के शोध के अनुसार, वैश्विक चुनौतियों के बावजूद देश की अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है; अगले वित्‍त वर्ष में 6 दशमलव 6 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान।

 

आईपीएल क्रिकेट में आज शाम, पंजाब किंग्स का मुकाबला डेल्‍ही कैपिटल्स से।

 

—–

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा कि सोमनाथ मंदिर अटूट आस्था, दिव्यता और देश की शाश्वत आत्मा का प्रतीक है। उन्‍होंने कहा कि सोमनाथ अमृत पर्व केवल अतीत का उत्‍सव नहीं है बल्कि यह आने वाले एक हजार वर्षों तक देश की प्रेरणा बनेगा।

 

यहां देख रहा हूं विनाश में सृजन के संकल्‍प को, जिसे सोमनाथ ने चरितार्थ किया है। मैं यहां देख रहा हूं, असत्‍य पर सत्‍य की विजय को, जिसे प्रभास पाटन ने बार-बार जिया है। मैं यहां देख रहा हूं हजारों वर्षों की अध्‍यात्मिक चेतना को, जिसने मानव मात्र के कल्‍याण की सीख समूचे विश्‍व को दी है। मैं यहां देख रहा हूं भारत के उस अविनाशी स्‍वरूप को जिसे सदियों के कुत्सित प्रयास भी न मिटा सके, न हरा सके।

 

गुजरात में सोमनाथ अमृत महोत्‍सव को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सोमनाथ लोगों को यह याद दिलाता है कि कोई भी राष्‍ट्र तभी लंबे समय तक मजबूती से खड़ा रह सकता है जब वह अपनी जड़ों से जुड़ा रहे।

 

आजादी के समय सरदार साहब ने पांच सौ से ज्‍यादा रियासतों को जोड़कर एक भारत का आधुनिक स्‍वरूप गढ़ा था और साथ ही सोमनाथ के पुनर्निर्माण से उन्‍होंने दुनिया को बताया था, भारत केवल आजाद नहीं हुआ है, भारत अपने प्राचीन गौरव को पुन: हासिल करने के मार्ग पर भी अब आगे बढ़ चुका है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि 11 मई 1998 को तीन परमाणु परीक्षण किए गए थे जिनके माध्‍यम से देश के वैज्ञानिकों ने भारत की क्षमताओं का प्रदर्शन पूरी दुनिया के सामने किया।

 

दुनियाभर की शक्तियां भारत को दबोचने के लिए मैदान में उतरी। अनेक प्रकार के बंधन लग गए, उस समय पूरी दुनिया का दबाव भारत था, लेकिन अटल जी के नेतृत्‍व में बीजेपी सरकार ने दिखाया था कि हमारे लिए राष्‍ट्र प्रथम है। दुनिया की कोई ताकत भारत को झुका नहीं सकती।

 

—–

 

इससे पहले प्रधानमंत्री ने सोमनाथ महादेव मंदिर में विशेष महापूजा की। उन्‍होंने सोमनाथ मंदिर के शिखर पर कुंभाभिषेक भी किया। मंदिर के इतिहास में पहली बार शिखर पर 11 तीर्थ स्‍थलों से लाए गए पवित्र जल से जलाभिषेक किया गया। श्री मोदी ध्‍वजारोहण समारोह में भी शामिल हुए।

 

इस बीच, वायुसेना ने एयर शो किया जिसमें सूर्यकिरण एयरोबै‍टिक्‍स टीम ने सोमनाथ के ऊपर मनमोहक करतब दिखाए। हेलीकॉप्‍टर के जरिए पुष्‍प वर्षा की गई। इसके बाद श्री मोदी ने विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

 

इससे पहले, श्री मोदी ने हमीर जी गोहिल सर्कल तक रोड शो किया।

 

—–

 

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान उत्सव के अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि यह उत्सव भारत की शाश्वत ऊर्जा का उत्सव है और सोमनाथ मंदिर भारत की आध्यात्मिक चेतना और आस्था का सशक्त प्रतीक है।

 

—–

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने सोमनाथ मंदिर की दृढ़ता और शाश्‍वत सभ्‍यागत महत्‍व को उजागर करने वाले संस्‍कृति और पर्यटन मंत्री गजेन्‍द्र सिंह शेखावत के लेख को साझा किया है। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि सोमनाथ एक मंदिर से अधिक देश के मजबूत मनोबल का प्रमाण है।

 

अपने लेख में श्री शेखावत ने मंदिर के इतिहास को समकालीन भारत के साथ जोड़ते हुए लिखा है कि सोमनाथ की भावना 21वीं सदी के लिए मार्गदर्शक सिद्धांत है। श्री शेखावत ने सोमनाथ स्‍वाभिमान पर्व के तहत वर्ष भर चलने वाले राष्‍ट्रीय आयोजनों का उल्‍लेख किया।

 

—–

 

पश्चिम बंगाल के मुख्‍यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आज कहा कि राज्‍य सरकार ने बांग्‍लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए सीमा सुरक्षा बल – बीएसएफ को जमीन हस्‍तांतरित करने का निर्णय लिया है। चुनाव के बाद पश्चिम बंगाल में नई सरकार गठित होने के बाद आज हुई मंत्रिमंडल की पहली बैठक में यह निर्णय लिया गया। उन्‍होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस की पिछली सरकार ने घुसपैठ को बढ़ावा देने के लिए जमीन रोक रखी थी।

 

आज पहली कैबिनेट में हम लोग बीएसएफ को लैंड ट्रांसफर करने का डिसिजन ले लिया है। लैंड ट्रांसफर आज से शुरू होगा। पहली कैबिनेट आने वाले 45 दिन के अंदर पूरी की पूरी ज़मीन एमएचए को ट्रांसफर करेगा। बीएसएफ फैंसिंग पूरा कर देगा और इल्लिगल इनफिलटेटर्स का जो हमारी प्रोबलम चल रहा है ये भी कुछ दिन के अंदर रिज़ोल्‍व हो जाएगा।        

 

श्री अधिकारी ने राज्‍य में केंद्र सरकार की आयुष्‍मान भारत स्‍वास्‍थ्‍य योजना और कई अन्‍य योजनाओं के क्रियान्‍व्‍यन की घोषणा की। राज्य को अब आधिकारिक तौर पर आयुष्मान भारत योजना में शामिल कर लिया गया है, साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ भी प्राप्त किया जा सकेगा। श्री अधिकारी ने बताया कि केंद्र सरकार के दिशा-निर्देश तत्‍काल लागू किए जा रहे हैं।

 

मंत्रिमंडल ने चुनाव प्रचार के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा दिए गए वचन के अनुसार विद्यालय की नौकरी के आवेदकों के लिए उम्र सीमा में पांच वर्ष का विस्‍तार करने के प्रस्‍ताव को भी मंजूरी दी।

 

—–

 

तमिलनाडु विधानसभा में आज सौ से अधिक नवनिर्वाचित सदस्‍यों ने शपथ ग्रहण की। मुख्‍यमंत्री सी जोसफ विजय और कैबिनेट सदस्‍यों, प्रतिपक्ष नेता उदयनिधि स्‍टालिन, पूर्व मुख्‍यमंत्रियों इडापड्डी के पलनीसामी तथा ओ.पन्‍नीरसेलवम ने शपथ ली। इसके अलावा प्रमुख सदस्‍यों प्रेमलता विजयकांत, सौम्‍या, अंबूमणि और गठबंधन के नेताओं ने भी शपथ ली।

 

—–

 

केंद्र सरकार ने विकसित भारत जी राम जी- गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम, 2025 के क्रियान्‍व्‍यन के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। यह अधिनियम इस वर्ष पहली जुलाई से देशभर में लागू हो जाएगा। देशभर में नए ढांचे के क्रियान्‍व्‍यन के लिए मौजूदा वित्‍त वर्ष में 95 हजार 692 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। एक रिपोर्ट –

 

विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम, बीस साल पुराने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोज़गार गारंटी अधिनियम 2005 की जगह लेगा। इस नए अधिनियम का उद्देश्‍य, एक वित्तीय वर्ष में रोज़गार गारंटी को सौ दिनों से बढ़ाकर एक सौ पच्चीस दिन करना है। इसके अलावा यह अधिनियम समय पर मज़दूरी के साथ-साथ पारदर्शी और जवाबदेह भुगतान पर ज़ोर देता है। यदि निर्धारित समय के भीतर किसी को काम उपलब्‍ध नहीं कराया जाता है, तो इस नए अधिनियम में बेरोजगारी भत्ता देने का भी प्रावधान है। विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम ग्रामीण अर्थव्‍यवस्‍था को सशक्‍त करने, रोज़गार के नए अवसर पैदा करने और गांव के समग्र और सतत विकास को गति देने में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाएगा। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

महिला श्रमिकों की भागीदारी को प्रोत्‍साहित करने के लिए विकसित भारत जी राम जी अधिनियम कार्यस्‍थलों पर बच्‍चों की देखभाल के लिए एक महत्‍वपूर्ण प्रावधान करता है। पांच वर्ष से कम उम्र के पांच या अधिक बच्‍चों की उपस्थिति में उनकी देखभाल के लिए एक महिला श्रमिक को नियुक्‍त किया जाएगा।

 

—–

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पश्चिम एशिया संकट के बीच राष्‍ट्र को सशक्‍त बनाने में देशवासियों से साझेदार बनने का आह्वान किया है। हैदराबाद में कल एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने राष्‍ट्र से सात अपील की। उन्‍होंने नागरिकों से सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने और कार पूलिंग के जरिए आयातित ईंधन के उपभोग को कम करके विदेशी मुद्रा भंडार को संरक्षित करने में मदद करने का आग्रह किया।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने एक वर्ष के लिए विदेश यात्रा टालने जैसे विवेकपूर्ण खर्च पर दोबारा सोचने का आग्रह किया। उन्‍होंने एक वर्ष के लिए विदेशों में शादी कार्यक्रम और अत्‍यधिक सोने की खरीदारी न करने का आग्रह भी किया। वोकल फॉर लोकल आंदोलन का नारा बुलंद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्‍य को प्राप्‍त करने के लिए आत्‍मनिर्भरता और जैविक कृषि भारत के लिए आवश्‍यक है।    

 

भारत सरकार खेतों में डिजल पंप की जगह सोलर पंप की योजना चला रही है। मैं कोविड काल में भी आग्रह करता था कि हम स्‍थानीय चीजें खरीदें। वोकल फोर लोकल के मंत्र को लेकर चलें। हम मेड इन इंडिया चीजें खरीदकर भी विदेशी मुद्रा बचा सकते हैं और हमारे देश में स्‍थानीय उत्‍पादन की कोई कमी नहीं है।

 

—–

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज पश्चिम एशिया की स्थिति की निगरानी करने के लिए गठित अनौपचारिक अधिकार प्राप्त मंत्री समूह की एक बैठक की अध्‍यक्षता की। इस बैठक में क्षेत्र की उभरती स्थिति की समीक्षा की गई।

 

—–

 

सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मौजूदा वैश्विक अनिश्चितताओं को देखते हुए नागरिकों और कारोबारियों से विदेशी मुद्रा की आवश्यकता वाली वस्तुओं पर होने वाले खर्च को कम करने का आग्रह किया है। आज नई दिल्ली में आयोजित सीआईआई के वार्षिक व्यापार शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष अभी भी जारी है और शांति की स्थिति अभी दूर है। देश के लिए आर्थिक मोर्चे पर जिम्मेदारी से काम करना महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नागरिकों को अपने दैनिक जीवन में उन क्षेत्रों की पहचान करनी चाहिए जहां विदेशी मुद्रा का खर्च कम से कम किया जा सके।

 

हमारे प्रधानमंत्री ने हम सभी नागरिकों से उन सभी चीजों पर होने वाले खर्च को कम करने का आग्रह किया है, जिनके लिए विदेशी मुद्रा खर्च करनी पड़ती है। अपने जीवन और कार्य करने के तरीकों में हम यह पहचान कर सकते हैं कि विदेशी मुद्रा के खर्चे को कम करने के लिए हम क्‍या-क्‍या कर सकते हैं। साथ ही हमें अधिक से अधिक विदेशी मुद्रा अर्जित भी करनी होगी। ये दोनों बातें एक साथ होनी चाहिए। इसलिए मैं आप सभी से अनुरोध करता हूं कि प्रधानमंत्री के राष्‍ट्र के नाम दिए गए आह्वान को गंभीरता से लें।    

 

—–

 

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-आईआईटी बॉम्बे में एकीकृत कार्बन कैप्चर और उपयोग संयंत्र का उद्घाटन किया। उन्‍होंने भूवैज्ञानिक कार्बन डाइऑक्साइड पृथक्करण के लिए वैज्ञानिक ड्रिलिंग का  भी शुभारंभ किया। संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने इस गंभीर वैश्विक समस्या का समाधान विकसित करने के लिए आईआईटी बॉम्बे को बधाई दी और घोषणा की कि इस परियोजना को अगले महीने फ्रांस में होने वाले भारत इनोवेट्स 2026 में प्रस्तुत किया जाएगा।

 

—–

 

सरकार ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे उस वीडियो का खंडन किया है जिसमें दावा किया गया है कि वाइस एडमिरल ए.एन. प्रमोद ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान ने भारतीय विमानों और हवाई अड्डों को निशाना बनाया था। पत्र सूचना कार्यालय- पीआईबी की तथ्य जांच इकाई ने इस दावे को फर्जी बताया है।

 

—–

 

मध्‍य प्रदेश के मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्‍योपुर जिले में कुनो राष्‍ट्रीय उद्यान के खुले जंगल में आज दो मादा चीता को छोड़ा। ये दोनों चीते इस वर्ष फरवरी में बोत्‍सवाना से भारत लाए गए नौ चीतों में से हैं। उन्हें क्वारंटीन और अनुकूलन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद जंगल में छोड़ा गया। इनके आने से देश में चीतों की कुल संख्‍या 57 हो गई हैं।

 

—–

 

वैश्विक उथल-पुथल के बावजूद देश की अर्थव्‍यवस्‍था लचीली बनी हुई है। भारतीय स्‍टेट बैंक द्वारा आज जारी रिसर्च रिपोर्ट के अनुसार वित्‍त वर्ष 2026-27 में अर्थव्‍यवस्‍था में छह दशमलव छह प्रतिशत की वृद्धि होने का अनुमान है। रिपोर्ट में पिछले वित्‍त वर्ष की चौथी तिमाही में वास्‍तविक सकल घरेलू उत्‍पाद वृद्धि का अनुमान लगभग सात दशमलव दो प्रतिशत लगाया गया है।

 

वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत ने विकास की मजबूत गति को बनाए रखा है।

 

—–

 

आईपीएल क्रिकेट में आज पंजाब किंग्‍स का सामना डेल्‍ही कैपिटल्‍स से होगा। यह मैच शाम साढे सात बजे धर्मशाला में खेला जाएगा।

 

—–

 

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज रात साढे नौ बजे पब्लिक स्‍पीक कार्यक्रम में, अग्नि सुरक्षा जागरुकता- खतरे कम करना और आपदा रोकना विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। चर्चा में गृह मंत्रालय में अग्नि सुरक्षा सलाहकार प्रशांत लोनकर और दिल्‍ली अग्नि शमन सेवा के निदेशक अ‍तुल गर्ग भाग लेंगे।

 

—–

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – सोमनाथ मंदिर अमृत महोत्सव भारत के दृष्टिकोण को आने वाले एक हजार वर्षों तक प्रेरित करेगा। उन्‍होंने मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने पर महापूजा की।

 

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सीमा पर बाड़ लगाने के लिए बीएसएफ को भूमि हस्तांतरित करने की घोषणा की। राज्य में आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना का भी शुभारंभ।

 

केंद्र ने विकसित भारत जी राम जी अधिनियम के एक जुलाई से क्रियान्‍वयन की अधिसूचना जारी की।

 

एसबीआई के शोध के अनुसार, वैश्विक चुनौतियों के बावजूद देश की अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है; अगले वित्‍त वर्ष में 6 दशमलव 6 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान।

 

आईपीएल क्रिकेट में आज शाम, पंजाब किंग्स का मुकाबला डेल्‍ही कैपिटल्स से।

 

—–

Most Read
View All arrow-right

No posts found.