May 10, 2026 3:24 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पर्यावरण के प्रति उत्तरदायित्व, युवा सशक्तिकरण और आंतरिक शुचिता की भावना के साथ विकसित भारत के निर्माण के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।

  2. सी. जोसेफ विजय तमिलनाडु के मुख्‍यमंत्री बने। 9 मंत्रियों ने भी शपथ ली।

  3. हिमंता बिस्व सरमा को असम में भारतीय जनता पार्टी विधायक दल का नेता चुना गया। सरकार बनाने का दावा पेश किया।

  4. अदालत ने पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा को सौ करोड़ रुपये से अधिक के जीएसटी धोखाधड़ी मामले में सात दिन की रिमांड पर भेजा।

  5. रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन ने कहा यूक्रेन के साथ संघर्ष जल्‍द समाप्‍त हो सकता है।

  6. शंघाई में तीरंदाजी विश्व कप में, भारतीय महिला रिकर्व टीम ने मेजबान चीन को हराकर स्वर्ण जीता।

 

********

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पर्यावरण के प्रति उत्तरदायित्व, युवा सशक्तिकरण और आंतरिक शुचिता की भावना के साथ विकसित भारत के निर्माण के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। श्री मोदी ने आज कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में, आर्ट ऑफ लिविंग के 45वीं जयंती समारोह में हिस्‍सा लिया। उन्होंने संस्थान में नव-निर्मित ध्‍यान मंदिर का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर श्री मोदी ने सेवा, आध्यात्मिकता और सामाजिक परिवर्तन में आर्ट ऑफ लिविंट फाउंडेशन की भूमिका महत्‍वपूर्ण है। उन्‍होंने कहा कि बेंगलुरु ने आध्‍यात्मिक ऊर्जा को नई ऊंचाई दी है।

 

ये शहर, सॉफ्टवेयर और सर्विसिज़ के लिए द‍ुनियाभर में जाना जाता है, लेकिन भारत की सांस्‍कृतिक पहचान, स्पिरिचुअलिटी आध्‍यात्मिक चेतना को भी इस शहर ने नई ऊंचाई दी है। ध्‍यान, प्राणायाम भारत के संस्‍कारों का अभिन्‍न हिस्‍सा रहे हैं। आज दुनियाभर के लोग भारत के इन आध्‍यात्मिक संस्‍कारों से प्रभाावित हैं।     

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में स्‍वस्‍थ युवाओं की अहम भूमिका है।

 

विकसित भारत का निर्माण ऐसे युवाओं से ही होगा, जो युवा मानसिक रूप से शांत हो, जो सामाजिक रूप से जिम्‍मेदार हो और जो समाज के प्रति संवेदनशील हो, इसलिए स्पिरिचुअल वेलबिइंग, मेंटल हेल्‍थ, योग, मे‍डिटेशन इस पर काम करने वाली, आपकी ये महत्‍वपूर्ण गतिविधि इन सबकी भूमिका बहुत-बहुत अहम है।

 

प्रधानमंत्री आज तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद भी जाएंगे जहां वे कई विकास परियोजनाओं का शुभारम्‍भ और शिलान्‍यास करेंगे। ये परियोजनाएं लगभग 9 हजार चार सौ करोड़ रुपये की है।

 

********

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि पश्चिम बंगाल, असम और पुद्दुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की जीत केंद्र सरकार की राष्ट्रीय नीति के प्रति जनता के समर्थन का प्रमाण है। श्री मोदी ने कहा कि चुनाव परिणामों से देश की भावना का पता चलता है। आज बेंगलुरु में भाजपा कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज ऐसी सरकार की आवश्यकता है जो तेज़ी से कार्य कर सके, सुशासन दे सके और समस्याओं का समाधान कर देश को आगे ले जा सके। उन्होंने कहा कि भाजपा और एनडीए का शासन अब 21 राज्यों में है जहां लोक कल्याण तथा देश की समृद्धि के लिए काम हो रहा हैं।

 

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर महिलाओं के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया।

 

 वर्षों से कांग्रेस देश की महिलाओं की आंखों में धूल झोंकती रही है। कांग्रेस महिला आरक्षण का वादा करती थी और फिर अपने ही सहयोगी दलों से इसका विरोध करवाती थी। बड़ा खेल चला करता था। बीजेपी ने इस खेल को खत्‍म किया। महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का अधिकार कानून बनाया, लेकिन साथियों कांग्रेस देश की सबसे बड़ी नारी विरोधी पार्टी है, इस‍लिए कांग्रेस ने संसद में नारी शक्ति वंदन संशोधन को गिरा दिया है।           

 

********

       

तमिलग् वेत्री कड़गम– टीवीके पार्टी प्रमुख सी.जोसेफ विजय तमिलनाडु के नए मुख्‍यमंत्री बन गए हैं। उन्‍हें आज सुबह मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गई। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने श्री सी जोसेफ विजय को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

 

श्री विजय के साथ 9 मंत्रियों ने भी शपथ ली है। इनमें के.जी. अरुणराज, आधव अर्जुन, एन. आनंद, सेल्वी एस. कीर्ताना और डॉक्टर टी.के. प्रभु शामिल हैं।

 

इस अवसर पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और तमिल फिल्म उद्योग की कई हस्तियां मौजूद थी।

 

********

 

मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने फोर्ट सेंट जॉर्ज स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय जाकर कई फाइलों को मंज़ूरी भी दी। इनमें प्रत्येक परिवार को 200 यूनिट मुफ्त बिजली, महिला सुरक्षा और मादक पदार्थों की तस्करी से निपटने के लिए विशेष इकाइयों की स्थापना से जुड़ी फाइलें शामिल हैं।

 

राज्य में विधायकों का शपथ-ग्रहण के लिए विधानसभा सत्र कल होगा। नवगठित सरकार को बुधवार तक बहुमत साबित करने को कहा गया है।

 

********

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सी. जोसेफ विजय को तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार तमिलनाडु सरकार के साथ मिलकर लोगों के जीवन-स्तर को बेहतर बनाने के लिए काम करेगी।

 

********

 

श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके ने भी टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय को तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी है।

 

********

 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉक्टर हिमंत बिस्वा सरमा को भाजपा और एनडीए–दोनों के विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि एनडीए का नेता चुने जाने के बाद श्री सरमा ने राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाक़ात की।

 

आज सुबह गुवाहाटी में आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक में भाजपा के आठ विधायकों, जिनमें रंजीत कुमार दास, विश्वजीत दैमरी और अंजता नियोग शामिल हैं। डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के नाम का प्रस्ताव नेता पद के लिए रखा। बैठक में उपस्थित अन्य सभी विधायकों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया। इसके बाद एजीपी और बीपीएफ के सभी विधायकों के साथ हुई संयुक्त बैठक में डॉ. हिमंत विश्व शर्मा को सर्वसम्मति से एनडीए का नेता स्वीकार किया गया। इन औपचारिक प्रस्तावों के बाद भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक जगत प्रकाश नड्डा ने आधिकारिक रूप से डॉ. शर्मा को भाजपा और एनडीए का नेता घोषित किया। निर्वाचित होने के बाद डॉ. शर्मा ने आज दोपहर लोक भवन में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात की। 102 विधायकों के हस्ताक्षर प्रस्तुत करते हुए डॉ. शर्मा ने नई सरकार गठन का औपचारिक दावा पेश किया। एनडीए सरकार के लगातार तीसरे कार्यकाल का शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को गुवाहाटी के खानापाड़ा स्थित वेटरिनरी कॉलेज मैदान में आयोजित होगा। राकेश डोले, आकाशवाणी समाचार, गुवाहाटी। 

 

********

 

गुजरात में सोमनाथ मंदिर में अमृत पर्व पर हर्षोल्लास और उत्साह का वातावरण बना हुआ है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि भगवान शिव से जुड़े 12 ज्योतिर्लिंग आस्था और श्रद्धा के विशेष केंद्र हैं।

 

90 मीटर ऊंची क्रेन की सहायता से एक विशाल धार्मिक कुंभ को मंदिर के शिखर तक पहुंचाया जाएगा, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पवित्र जलाभिषेक अनुष्‍ठान सम्‍पन्‍न होगा। सोमनाथ अमृत पर्व 2026 के विशेष अवसर पर भारतीय वायु सेना भी प्रभास पाटन की पावन धरती पर रोमांचक हवाई कर्तब प्रस्‍तुत करेगी, जिसमें हवा से हवा और ज़मीन से हवा में समाहित उड़ान प्रदर्शन दिखाए जाएंगे। आज सूर्य किरण एरोबेटिक टीम ने एयर शो के लिए हवाई निरीक्षण और रिहर्सल किया, जिससे आसमान में मनमोहक दृश्य देखने को मिले। आज हेलीकॉप्टर से मंदिर के शिखर पर पुष्‍प वर्षा भी की गई। मयूर सोलंकी, आकाशवाणी समाचार, सोमनाथ।     

 

********

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल सोमनाथ अमृत पर्व में शामिल होंगे। सोमनाथ ट्रस्‍ट के अध्‍यक्ष के रूप में श्री मोदी के नेतृत्‍व में सोमनाथ मंदिर वर्तमान समय में अपने स्‍वर्ण युग में है।

 

********

 

मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त ज्ञानेश कुमार ने कहा है कि लोकतंत्र को मजबूत करने में प्रत्‍येक मतदाता की भागीदारी होनी चाहिए। आज तिरूपति में संवाददाताओं से चर्चा में, उन्होंने पश्चिम बंगाल, असम, केरलम्, पुद्दुचेरी और तमिलनाडु में शांतिपूर्ण चुनाव पर संतोष व्‍यक्‍त किया।

 

मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त दो दिन के तिरूपति दौरे पर हैं।  

 

********

 

नागालैंड सरकार ने गाड़ियों पर ऐसे नारों, स्टिकर, संकेतकों और पहचान-चिह्नों के उपयोग पर पाबंदी लगा दी है जो धर्म-आधारित हैं, गैर-सरकारी संगठनों से जुड़े हैं और गैर-कानूनी हैं। यह प्रतिबंध निजी और सार्वजनिक वाहनों पर लागू होगा। 30 अप्रैल को जारी अधिसूचना में वाहन मालिकों से कहा गया है कि वे अधिसूचना जारी होने के 45 दिन के भीतर इसका अनुपालन सुनिश्चित करें।

 

********

 

शिक्षा मंत्रालय गर्मी की छुट्टियों में, देश के सभी स्कूल में भारतीय भाषा ग्रीष्मकालीन शिविर का आयोजन करेगा। एक सप्ताह का यह शिविर भारतीय भाषाओं में बुनियादी संवाद कौशल सीखने, शब्दों को जानने, अपना परिचय देने, वास्तविक जीवन की बातचीत और संस्कृति की सराहना पर केंद्रित होगा।

 

********

 

गुरुग्राम की धनशोधन निवारण अदालत ने पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा को प्रवर्तन निदेशालय की 7 दिन की रिमांड पर भेज दिया है। निदेशालय ने कल संजीव अरोड़ा को चंडीगढ़ से सौ करोड़ रुपये से अधिक के वस्तु और सेवा कर-जीएसटी के लेनदेन में धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया था।

 

अरोड़ा को उनके आवास, उनसे जुड़ी संस्थाओं और हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड- के एक कार्यालय सहित उनके चार परिसरों की तलाशी के बाद गिरफ्तार किया गया था।

 

********

 

रूस के राष्‍ट्रपति ब्‍लादिमीर पुतिन ने कहा है कि यूक्रेन के साथ युद्ध अब समाप्‍ति की ओर है। उन्‍होंने पश्चिम एशिया संघर्ष के भी जल्द समाधान की आशा व्‍यक्‍त की। उन्‍होंने कहा कि यदि तनाव और बढ़ता है तो सभी पक्षों को भारी नुकसान होगा। वर्ष 2022 में यूक्रेन पर हमले के बाद पश्चिम देशों के साथ पहले से ख़राब रूस के संबंधों में और कड़वाहट आ गई है। यूरोपीय नेताओं से वार्ता के बारे में पूछे जाने पर श्री पुतिन ने कहा कि ऐसी किसी बातचीत के लिए जर्मनी के पूर्व चासंलर गेरहार्ड श्रोडर उनके पसंदीदा नेता हैं। श्री पुतिन ने यह भी कहा कि स्‍थायी शांति समझौते को अंतिम रूप दिए जाने के बाद ही वे यूक्रेन के राष्‍ट्रपति वोलोदयमि‍र जेलेंस्‍की से मिलेंगे।

 

इस बीच, दोनो देश रूस के वार्षिक विजय दिवस परेड के दौरान तीन दिन के संघर्ष विराम पर सहमत हुए हैं 

 

********

 

अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने कल कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल-सानी से मुलाकात की। दोनों पक्षों के बीच पश्चिम एशिया संघर्ष को लेकर अमरीका और ईरान के बीच चल रही बातचीत पर चर्चा हुई। श्री अल-सानी ने एक दिन पहले वाशिंगटन में उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस से मुलाक़ात की थी।

 

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में, अमरीका और ईरान के बीच हुई वार्ता का पहला दौर असफल रहा था। वार्ता का दूसरा दौर नहीं हो पाया था।

 

कतर भी अमरीकी अधिकारियों के साथ मध्यस्थता के लिए काम कर रहा है। अमरीका ने ईरान के साथ बातचीत में कतर को विशेष रूप से प्रभावी बताया है।

 

********

 

आज विश्व ल्यूपस दिवस मनाया जा रहा है। यह दिवस ऑटोइम्यून रोग ल्यूपस के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए मनाया जाता है। ल्यूपस का कोई ज्ञात इलाज नहीं है और यह रोज़मर्रा के जीवन पर असर डालने वाली बीमारी है।

 

********

 

  अब खेल खबरों के साथ हैं प्रशांत कुमार

 

चीन के शंघाई में भारतीय महिला रिकर्व टीम ने चीन को हराकर स्‍वर्ण पदक जीत लिया है। दूसरे चरण में आज दीपिका कुमारी, अंकिता भकत और कुमकुम मोहोद की तीकड़ी ने मेजबान और खिताब के प्रबल दावेदार चीन को शूट ऑफ में हराया। इससे पहले भारत ने सेमीफाइनल में रिकॉर्ड 10 बार के ओलंपिक चैंपियन दक्षिण कोरिया को  हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। उधर, आईपीएल क्रिकेट में आज दो मुकाबले खेले जाएंगे। चेन्नई में आज दोपहर साढे तीन बजे चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला होगा। वहीं रायपुर में शाम साढे सात बजे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस आमने सामने होंगे। अंक तालिका में चेन्‍नई छठे, लखनऊ दसवें, बैंगलुरू चौथे और मुंबई नौवे स्‍थान पर है।

 

********

 

हंता वायरस से संक्रमित रहा जहाज स्पेन के टेनेरिफ़ द्वीप पहुंच गया है। डच ध्वज वाला एमवी होंडियस आज स्पेन के ग्रैनाडिला बंदरगाह पर पहुंचा। विश्व स्वास्थ्य संगठन और यूरोपीय संघ द्वारा स्पेन से यात्रियों को निकालने का अनुरोध किए जाने के बाद यह जहाज 6 मई को टेनेरिफ़ के लिए रवाना हुआ था।

 

इस जहाज पर 4 मई को हंता वायरस के तीन मामलों की पुष्टि हुई थी। 8 मई को तीन मौतों सहित कुल आठ मामले सामने आए।

 

********

 

फिट इंडिया “संडेज़ ऑन साइकिल” का 73वां संस्करण आज सुबह दिल्ली के मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित किया गया। इसमें रक्षा बलों के जवान भी नागरिकों के साथ शामिल हुए। कार्यक्रम में आठ सौ से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।

 

********

 

और अब जानकारी मौसम की, गुजरात और राजस्थान में कल तक लू चलने का अनुमान है। पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अगले चार-पांच दिन तक रात में गर्मी बनी रह सकती है। अगले सात दिन में उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की भी आशंका है।

 

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में केरलम, माहे, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईक्काल में मूसलाधार वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। अगले दो-तीन दिन उत्तर-पूर्वी भारत, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, आंध्रप्रदेश, बिहार, झारखंड, लक्षद्वीप, ओडिशा, पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम के हिमालय से सटे इलाकों में गरज-चमक का अंदेशा है।

********

अंत में मुख्य समाचार :-

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पर्यावरण के प्रति उत्तरदायित्व, युवा सशक्तिकरण और आंतरिक शुचिता की भावना के साथ विकसित भारत के निर्माण के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।

  2. सी. जोसेफ विजय तमिलनाडु के मुख्‍यमंत्री बने। 9 मंत्रियों ने भी शपथ ली।

  3. हिमंता बिस्व सरमा को असम में भारतीय जनता पार्टी विधायक दल का नेता चुना गया। सरकार बनाने का दावा पेश किया।

  4. अदालत ने पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा को सौ करोड़ रुपये से अधिक के जीएसटी धोखाधड़ी मामले में सात दिन की रिमांड पर भेजा।

  5. रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन ने कहा यूक्रेन के साथ संघर्ष जल्‍द समाप्‍त हो सकता है।

  6.  शंघाई में तीरंदाजी विश्व कप में, भारतीय महिला रिकर्व टीम ने मेजबान चीन को हराकर स्वर्ण जीता।

********