मुख्य समाचार:
शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बनें। उनके साथ पांच कैबिनेट मंत्रियों ने भी शपथ ली।
तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर राजनीतिक गतिरोध जारी। टीवीके को अब तक बहुमत नही मिला।
राष्ट्रीय विधि सेवा प्राधिकरण विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए देशभर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन कर रहा है।
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के लिए त्रिनिदाद और टोबैगो के प्रधानमंत्री से मुलाकात की।
और, जयपुर में, आईपीएल क्रिकेट में आज शाम राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला गुजरात टाइटन्स से होगा।
****
शुभेन्दु अधिकारी पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बन गए हैं। राज्य में पहली बार भाजपा की सरकार बनी है। भाजपा ने विधानसभा चुनावों में ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत किया है। कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में राज्यपाल आर एन रवि ने श्री शुभेंदु को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। एक रिपोर्ट-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित देश के कई मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री और राज्य के पहले बीजेपी मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
शपथग्रहण प्रक्रिया के अनुसार सबसे सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उसके बाद एक–एक कर मंत्री के रूप में दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निशीथ प्रमाणिक ने शपथ ली। आकाशवाणी समाचार के लिए कोलकाता से काशफी नाहर।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के शुरुआती दिनों के सबसे वरिष्ठ राज्य नेताओं में से एक 97 वर्षीय मक्खन लाल सरकार का आशीर्वाद लिया। प्रधानमंत्री ने उन्हें गले लगाया और उनके पैर छुए। मक्खन लाल सरकार भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सहयोगी थे। इससे पहले, प्रधानमंत्री ने ब्रिगेड ग्राउंड पहुंचने से पहले एक रोड शो किया।
****
प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि श्री अधिकारी ने जनता से गहराई से जुड़े रहने और उनकी आकांक्षाओं को करीब से समझने वाले नेता के रूप में अपनी पहचान बनाई है।
प्रधानमंत्री ने पांचों मंत्रियों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने जमीनी स्तर पर अथक परिश्रम किया है और जनता की सेवा की है।
****
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों पर आधारित राजनीतिक दल को किसी प्रमाण की आवश्यकता नहीं होती। उन्होंने कहा कि जो लोग अब भी नतीजों पर चर्चा कर रहे हैं, उन्हें विवेक से काम लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में शिक्षा और संस्कति को जो भारी नुकसान हुआ है उसे संवारने की जिम्मेदारी भाजपा पर है। श्री अधिकारी ने कहा कि गुरुदेव की जयंती के शुभ अवसर पर पार्टी ने शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया।
आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण है देश के लिए बंगाल के लिए इसलिए प्रधानमंत्री का इच्छा था। नया सरकार रविन्द्र जयंती के दिन अपना कार्यकाल शुरू करे। इसलिए हम लोग प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में कवि गुरू को प्रणाम करते हुए, आज संविधान को मानते हुए। ओथ टेंकिंग किया।
****
आज गुरूदेव रबींद्रनाथ ठाकुर की 165वीं जयंती है। इस अवसर पर शांतिनिकेतन, विश्वभारती विश्वविद्यालय और बांग्लादेश सहित दुनिया भर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पोचीशे बोइशाख के अवसर पर गुरुदेव को श्रद्धांजलि अर्पित की। एक रिपोर्ट-
उपराष्ट्रपति ने कहा कि गुरुदेव टैगोर का योगदान साहित्य के क्षेत्र से कहीं अधिक व्यापक था और आने वाली पीढ़ियों पर उनका अमिट प्रभाव रहेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि गुरूदेव असाधारण प्रतिभा के धनी लेखक, विचारक और कवि थे। श्री मोदी ने कहा कि गुरूदेव एक दार्शनिक, शिक्षाविद, कलाकार और भारत की सभ्यतागत आत्मा की शाश्वत आवाज के रूप में अपनी छाप छोड़ी। प्रधानमंत्री ने कहा कि गुरुदेव टैगोर ने मानवता की गहरी भावनाओं और संस्कृति के सर्वोच्च आदर्शों को अभिव्यक्ति दी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि गुरुदेव ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को मजबूत किया और भारत की सांस्कृतिक विरासत को दुनिया के सामने प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि गुरुदेव टैगोर ने साहित्य, संगीत और दर्शन के माध्यम से स्वतंत्रता की भावना को नई दिशा दी। समाचार कक्ष से विशाल शर्मा।
****
संसद के सदस्यों, पूर्व सांसदों और लोकसभा के महासचिव उत्पल कुमार सिंह ने आज नई दिल्ली में संविधान सदन के केंद्रीय हॉल में गुरुदेव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। लोकसभा सचिवालय ने कहा कि गुरुदेव टैगोर की रचनाओं ने देशवासियों में देशभक्ति की भावना को प्रेरित किया।
****
तमिलनाडु में बहुमत हासिल नहीं करने के कारण नई सरकार के गठन में और देरी हो रही है। मार्क्सवादी कम्यूनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बेबी ने कहा कि राज्यपाल का यह कर्तव्य है कि सबसे बड़ी पार्टी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया जाए। चेन्नई में उन्होंने आरोप लगाया कि राज्यपाल केन्द्र के इशारों पर काम कर रहे है।
एक अन्य घटनाक्रम में अम्मा मक्कल मुनेत्र कड़गम प्रमुख टी.टी.वी. दिनाकरन ने राज्यपाल से अपनी पार्टी के विधायक द्वारा टीवीके को सौंपी गई समर्थन पत्र पर कार्रवाई की मांग की है। वीसीके पार्टी आज शाम चार बजे टीवीके के साथ औपचारिक बैठक के बाद समर्थन के बारे में घोषणा करेगी।
****
केरलम में भी नई सरकार के गठन को लेकर चर्चाएं हो रही हैं। यूडीएफ की प्रमुख पार्टी कांग्रेस कल तक नेता की घोषणा कर सकती है। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि विधायक दल के नेता के बारे में राज्य में पार्टी पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर राष्ट्रीय नेतृत्व निर्णय लेगा।
****
वहीं, असम में भाजपा के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रहा है। शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को होगा। पार्टी विधायक दल की बैठक कल होगी।
****
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने भारत तथा त्रिनिदाद और टोबैगो के बीच पारंपरिक संबंधों की सराहना की है। त्रिनिदाद और टोबैगो के विदेश तथा कैरिकॉम मामलों के मंत्रालय के समारोह में डॉ. जयशंकर ने दोनों देशों के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों और ऐतिहासिक जुड़ाव का उल्लेख किया।
भारत के त्रिनिदाद और टोबैगो के साथ परंपरागत रूप से मैत्रीपूर्ण संबंध रहे हैं, और ये संबंध साझा इतिहास, उपनिवेश के खिलाफ हमारे संघर्ष और क्रिकेट के हमारे विशेष रिश्तों पर आधारित हैं। दोनों देशों के लोग पहनावे और खेलकूद से लेकर खान–पान की आदतों और परंपराओं तक, कई मामलों में एक–दूसरे से समानता रखते हैं।
डॉ. जयशंकर ने प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर से मुलाकात में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के बारे में चर्चा की। यात्रा के दौरान पर्यटन, विदेश और कैरिकॉम मामलों के मंत्रालय के भवन का सौर ऊर्जा से संचालन, विभिन्न परियोजनाओं और आयुर्वेद केन्द्र की स्थापना सहित कई समझौतों पर सहमति बनी।
****
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण आज देशभर में इस वर्ष की दूसरी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन कर रहा है। प्राधिकरण के सदस्य सचिव संजीव पांडे ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि लोक अदालत में समझौता योग्य आपराधिक मामलों, चेक बाउंस और बैंक वसूली विवादों सहित कई प्रकार के मामलों की सुनवाई की जाती है।
आज राष्ट्रीय लोक अदालत का पूरे देश में एक ही समय पर किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य है कि न्यायलयों में लम्बित मामलों का बोझ कम किया जाए तथा जो मामले जो विवाद न्यालय में प्रीलिटिगेस पर लम्बित हैं उनको समझौते के आधार पर निस्तारित किया जाए।
श्री पांडे ने बताया कि वर्ष 2023 से 2025 के बीच 12 राष्ट्रीय लोक अदालतों का आयोजन कर 26 करोड़ मामलों का निपटारा किया गया।
****
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना ने 11 वर्ष पूरे कर लिए हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा की इन योजनाओं का उद्देश्य सभी को विशेष रूप से समाज के वंचित और कमजोर वर्गों को किफायती वित्तीय सुरक्षा प्रदान करना है।
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत 27 करोड़ से अधिक नामांकन, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में 58 करोड़ और अटल पेंशन योजना में 9 करोड़ नामांकन हो चुके हैं। जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत 21 हजार 500 करोड़ रुपये और पीएम सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत लगभग 3 हजार 660 करोड़ रुपये के दावों का निपटारा किया गया है।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल कर्नाटक के बेंगलुरु में आर्ट ऑफ लिविंग की 45वीं वर्षगांठ समारोह में शामिल होंगे। श्री मोदी आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में नवनिर्मित ध्यान मंदिर का उद्घाटन भी करेंगे। बाद में प्रधानमंत्री हैदराबाद में लगभग 9 हजार चार सौ करोड़ रुपये की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। श्री मोदी हैदराबाद-पणजी आर्थिक गलियारे पर गुडेबेलूर से महबूबनगर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-167 के चार लेन के निर्माण की आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री वारंगल में पीएम मित्रा पार्क का भी उद्घाटन करेंगे। श्री मोदी हैदराबाद में अत्याधुनिक कैंसर अस्पताल का भी लोकर्पण करेंगे।
****
‘सोमनाथ अमृतपर्व‘ का आधिकारिक रूप से कल से शुभारंभ हो गया है। यह मंदिर के पुनर्निर्माण की 75वीं वर्षगांठ का प्रतीक है। पांच दिन के इस उत्सव ने मंदिर परिसर को वैदिक मंत्रों और दिव्य ऊर्जा के केंद्र में बदल दिया है। ब्यौरा हमारी संवाददाता से-
सोमनाथ महादेव मंदिर में आज आस्था और भक्तिमय वातावरण छाया हुआ है।मंदिर में आज से ही तीन दिवसीय होमात्मक महारुद्र यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है , जिसमें लगभग सवा लाख आहुतियां अर्पित की जाएंगी। इस महायज्ञ वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में शांति और मानव कल्याण के लिए आयोजित किया जा रहा है। अमृतपर्व का मुख्य आकर्षण 11 मई को होगा, जब मंदिर के शिखर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा 11 पवित्र तीर्थों के जल से कुंभाभिषेक किया जाएगा। इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए देश के कोने–कोने से श्रद्धालुओं का सैलाब सोमनाथ उमड़ रहा है। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने आज सोमनाथ में उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की और सोमनाथ अमृत पर्व की आयोजन की समीक्षा की। अपर्णा खूंट आकाशवाणी समाचार अहमदाबाद।
****
होर्मुज जलडमरूमध्य के पास कल एक नौका में आग लगने से एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और चार अन्य झुलस गए। सरकारी सूत्रों ने बताया कि एक जहाज के चालक दल ने नौका में सवार लोगों को बचा लिया। घायलों का दुबई में इलाज चल रहा है और वे सुरक्षित हैं। आग लगने के कारण का पता लगाया जा रहा है। भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने बचाए गए भारतीय नागरिकों से मुलाकात की। दूतावास हरसंभव सहायता प्रदान कर रहा है।
****
पाकिस्तान मानवाधिकार परिषद ने देश में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में हाल में की गई वृद्धि की कड़ी निंदा करते हुए इसे जनता पर सीधा हमला बताया है। मानवाधिकार संस्था ने सरकार से मूल्य वृद्धि तुरंत वापस लेने और जनता को राहत प्रदान करने का आग्रह किया। परिषद ने परिवहन किराए और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में मनमानी वृद्धि पर रोक लगाने की भी मांग की।
****
हिंद महासागर संवाद-10 कल नई दिल्ली में संपन्न हो गया। दो दिन के इस आयोजन का विषय था- परिवर्तनशील विश्व में हिंद महासागर क्षेत्र। संवाद में इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन सदस्य देशों के वरिष्ठ अधिकारियों, नीति निर्माताओं, विद्वानों और विशेषज्ञों ने हिंद महासागर क्षेत्र में महत्वपूर्ण क्षेत्रीय घटनाक्रमों और उभरती चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया।
****
लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि को अगला प्रमुख रक्षा अध्यक्ष – सी.डी.एस नियुक्त किया गया है। वे जनरल अनिल चौहान का स्थान लेंगे। उनका कार्यकाल 30 मई को समाप्त हो रहा है।
इस बीच, वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को नौसेना प्रमुख नियुक्त किया है।
****
आकाशवाणी की स्थापना के 90 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में विभिन्न कार्याक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। पंजाब के जालंधर और पटियाला स्टेशन पर आज वॉकथॉन का आयोजन किया गया। एक रिपोर्ट-
पंजाब में, आकाशवाणी ने हरित क्रांति के दौरान एक अहम भूमिका निभाई है और आज भी कृषि पर विशेष रूप से तैयार किए गए कार्यक्रमों के ज़रिए किसानों को जानकारियां उपलब्ध करवा रहा है। आज के वॉकाथॉन के दौरान, आकाशवाणी के श्रोताओं, पूर्व कर्मचारियों और अन्य लोगों ने FM स्टूडियो में एंकरों द्वारा बजाए जा रहे बेहतरीन गानों के बीच, सीधे प्रसारण के ज़रिए अपने अनुभव साझा किए। ‘बहुजन हिताय – बहुजन सुखाय‘ के अपने आदर्शों पर खरा उतरते हुए, यह राष्ट्रीय प्रसारक विभिन्न कार्यक्रमों और समाचार बुलेटिनों के माध्यम से जानकारी, शिक्षा और मनोरंजन प्रदान करते हुए बीते 9 दशकों से देश की सेवा में तत्पर है। राजेश बाली, आकाशवाणी समाचार जालंधर।
आकाशवाणी शिलांग में भी मैराथन का आयोजन किया गया।
****
आईपीएल क्रिकेट में आज शाम साढे सात बजे राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला गुजरात टाइटन्स से होगा। अंक तालिका में राजस्थान चौथे और गुजरात पांचवे स्थान पर है।
****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :
शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बनें। उनके साथ पांच कैबिनेट मंत्रियों ने भी शपथ ली।
तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर राजनीतिक गतिरोध जारी। टीवीके को अब तक बहुमत नही मिला।
राष्ट्रीय विधि सेवा प्राधिकरण विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए देशभर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन कर रहा है।
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के लिए त्रिनिदाद और टोबैगो के प्रधानमंत्री से मुलाकात की।
और, जयपुर में, आईपीएल क्रिकेट में आज शाम राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला गुजरात टाइटन्स से होगा।
****