May 8, 2026 3:40 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

  1. पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए आज कोलकाता में बैठक।
  2. डीआरडीओ और भारतीय वायु सेना ने स्वदेशी ग्लाइड हथियार- तारा का पहला सफल उड़ान परीक्षण किया।
  3. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमनाथ मंदिर को भारत की दृढ़ता, एकता और सभ्यतागत शक्ति का शाश्वत प्रतीक बताया।
  4. अमरीकी अंतर्राष्ट्रीय व्यापार न्यायालय ने ट्रंप प्रशासन द्वारा भारत तथा अन्य देशों से आयात पर लगाए गए 10 प्रतिशत शुल्क को अवैध घोषित किया।
  5. अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा – अमरीका और यूरोपीय संघ यह सुनिश्चित करने के लिए एकजुट हैं कि ईरान के पास परमाणु हथियार न हों।
  6. आईपीएल क्रिकेट में, डेल्ही कैपिटल्स का मुकाबला आज शाम दिल्ली में कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा।

 

——

 

पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक दल आज अपने नेता का चुनाव करेगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि बैठक में शामिल होने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता पहुंच गए हैं।

 

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के लगभग डेढ दशक के शासन का अंत हो चुका है। कल नवनिर्वाचित सरकार की शपथ ग्रहण के साथ ही बंगाल में राजनीतिक इतिहास में एक नई कड़ी की शुरुआत होगी। कल रविंद्र जयंती के दिन ब्रिडेग परेड ग्राउंड में पश्चिम बंगाल की पहली बीजेपी सरकार शपथ लेगी। बीजेपी के विधायक दल का नेता चुनने का प्रक्रिया को संपन्न करने के लिए पार्टी के नियुक्त पर्यवेक्षक और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पहले ही कोलकाता पहुंच चुके हैं। कुछ ही देर में वो नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक करेंगे। इसी बैठक में बीजेपी विधायक दल की नए नेता का चयन किया जाएगा। इसके बाद राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा। कोलकाता से भट्टाचार्य।

शपथ ग्रहण समारोह कल कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और एनडीए शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की उम्मीद है।

——

असम में भाजपा के नेतृत्‍व में राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार लगातार तीसरी बार 12 मई को शपथ लेगी।

 

प्रदेश पार्टी अध्‍यक्ष दिलीप सैकिया ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि भाजपा विधायक दल की बैठक रविवार को होगी।

—-

 

तमिलनाडु में नई सरकार के गठन में देरी से राजनीतिक स्थिति अनिश्चित बनी हुई है। सरकार बनाने के लिए आवश्यक एक सौ 18 के बहुमत तक पहुंचने के लिए बातचीत जारी है। डीएमके और ऑल इंडिया अन्‍ना डीएमके पार्टी ने कल नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक की। ऑल अन्‍ना डीएमके पार्टी के महासचिव ई. पलनीसामी को विधायक दल का नेता चुना गया। राज्‍य की सबसे बड़ी पार्टी तमिलग् वेत्री कड़गम- को समर्थन देने के मुद्दे पर विदुथलाई चिरूथइगल काची, भारतीय कम्‍युनिस्‍ट पार्टी और मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक आज होगी।

 

——

 

केरलम में नई सरकार के गठन को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। यूडीएफ की प्रमुख पार्टी कांग्रेस रविवार तक अपने नेता की घोषणा कर सकती है। कांग्रेस सूत्रों ने बताया है कि विधायक दल के नेता का निर्णय राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा केरल में पार्टी पर्यवेक्षकों द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के आधार पर लिया जाएगा।

—–

 

रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन डीआरडीओ और भारतीय वायु सेना ने कल ओडिशा तट पर सामरिक उन्नत रेंज संवर्धन – तारा हथियार का पहला सफल उड़ान परीक्षण किया है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से :-

 

यह भारत की पहली स्वदेशी ग्लाइड हथियार प्रणाली है, जो किसी भी सामान्य हथियार को घातक और सही दिशा में सटीक मार करने वाले हथियार में बदलने में सक्षम है। ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर इस एडवांस रेंज वैपन सिस्टम तारा का सफल परीक्षण किया गया। हैदराबाद स्थित डीआरडीओ की रिसर्च सेंटर इमारत ने डीआरडीओ के अन्य प्रयोगशालाओं के साथ मिलकर इसे डिजाइन और विकसित किया है। तारा प्रणाली में लेकिन कम लागत वाली तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है भारत की उपलब्धि स्वदेशी रक्षा निर्माण क्षमता और अत्यधिक सैनिक तकनीक विकसित करने की दिशा में बढ़ती ताकत को दर्शाती है। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस उपलब्धि के लिए डीआरडीओ, वायुसेना, डीसीपीपी और उद्योग जगत को बधाई दी है। श्री सिंह ने इसे भारत की स्वदेशी रक्षा क्षमताओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। 

 

——

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर के उद्घाटन के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्‍य में  सोमवार को गुजरात जाएंगे। देश के प्रथम राष्‍ट्रपति राजेन्‍द्र प्रसाद ने 11 मई सन 1951 में पुन:निर्मित सोमनाथ मंदिर का शुभारंभ किया था। प्रधानमंत्री ने आज एक राष्‍ट्रीय दैनिक में लिखे लेख में यह जानकारी दी। श्री मोदी ने कहा कि कुछ महीनों के भीतर सोमनाथ मंदिर से जुड़े दो महत्‍वपूर्ण आयोजनों में शामिल होना उनके लिए सौभाग्‍य की बात है। एक रिपोर्ट-

 

प्रधानमंत्री ने सोमनाथ को भारत की सभ्‍यतागत शक्ति और मज़बूती का प्रतीक बताया। उन्‍होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर की यात्रा विनाश से सृजन की तरफ बढ़ने का प्रतीक है और यह दिखाती है कि कैसे विश्‍वास और संस्‍कृति बार-बार हुए आक्रमणों और मुश्किलों के बाद भी अस्तित्‍व में रह सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने स्‍वाधीनता के बाद मंदिर के पुन:निर्माण में देश के लौह पुरुष सरदार वल्‍लभ भाई पटेल की भूमिका का स्‍मरण किया। श्री मोदी ने कहा कि मंदिर के इतिहास से जुड़़े शौर्य और बलिदान को सम्‍मानित करने के लिए अगले एक हजार दिनों तक विशेष पूजा आयोजित होंगी। अमन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।

 

——

 

विदेश राज्‍य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा है कि प्रवासन को लेकर भारत का दृष्टिकोण प्रवासियों की सुरक्षा, देश छोड़ने से लेकर उनकी संभावित वापसी तक व्‍यापक शासन व्‍यवस्‍था और मजबूत अंतर्राष्‍ट्रीय सहयोग के मुख्‍य संचालन सिद्धांतों पर आधारित है। उन्‍होंने न्‍यूयॉर्क में संयुक्‍त राष्‍ट्र में भारत के स्‍थाई मिशन के दूसरे अंतर्राष्‍ट्रीय पलायन समीक्षा मंच को संबोधित करते हुए यह बात कही। श्री कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि भारत प्रवासियों की आवाजाही को सुचारु बनाने के प्रयास कर रहा है।

 

भारत ने 23 देशों के साथ प्रवासियों की आवाजाही के लिए व्‍यापक द्विपक्षीय समझौते और समझौता ज्ञापन किए हैं तथा निष्‍पक्ष और नैतिक आवाजाही के लिए कई और अन्‍य समझौतों पर विचार किया जा रहा है। भारत का लक्ष्य अवैध पलायन, तस्करी और सामाजिक सुरक्षा में मौजूद कमियों जैसी चुनौतियों से निपटते हुए समावेशी मानवीय और भविष्य के लिए तैयार ढांचे का निर्माण करना है।

 

——-

 

केन्‍द्रीय नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने कहा है कि भारत विश्‍व के सबसे तेजी से बढ़ते विमानन बाजार के बाद अब विमान पट्टे पर देने और वित्‍तीय सहायता के मामले में एक प्रमुख वैश्विक स्‍थान बन रहा है।

 

श्री नायडू ने यह बात गुजरात के गांधीनगर में गिफ्ट सिटी में भारत विमान लीजींग और वित्‍त पोषण के दूसरे चरण में मुख्‍य भाषण देते हुए कही।

 

—–

 

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने वैश्विक आर्थिक स्थिरता के स्तंभ के रूप में भारत की बढ़ती भूमिका का जिक्र करते हुए अंतरराष्ट्रीय समृद्धि में देश के महत्वपूर्ण योगदान का उल्‍लेख किया। श्री जयशंकर ने सूरीनाम में विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस वर्ष वैश्विक विकास के लिए अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के अनुमान के अनुसार भारत कुल वैश्विक विकास में 17 प्रतिशत का योगदान देता है।

 

भारत कुल वैश्विक विकास में 17% का योगदान देता है। हम अंतर्राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था के जोखिम को कम करने में मदद कर रहे हैं। हम अधिक अवसर प्रदान करने में सहायक हैं। हम आज और अधिक विकल्प तैयार कर रहे हैं। हम आज विभिन्न देशों के लिए ऐसे और अधिक मुक्त व्यापार समझौतों पर बातचीत कर रहे हैं और उन्हें अंतिम रूप दे रहे हैं, ताकि वे इनका लाभ उठा सकें।

 

——

 

अमरीका की एक संघीय अदालत ने राष्‍ट्रपति ट्रम्‍प के दस प्रतिशत के नए टैरिफ को गैर कानूनी बताया है। न्‍यूयॉर्क में अंतराष्‍ट्रीय व्‍यापार अदालत की तीन सदस्‍यीय पीठ ने व्‍यवस्‍था दी कि राष्‍ट्रपति ट्रम्‍प ने व्‍यापार कानून के तहत अमरीकी संसद से प्रदत्त शक्तियों का उल्‍लंघन किया। छोटे व्‍यवसायियों ने राष्‍ट्रपति ट्रम्‍प के शुल्‍क संबंधी फैसले को अदालत में चुनौती दी थी।

 

पिछले वर्ष लगाए गए वैश्विक टैरिफ को अदालत द्वारा स्‍थगित करने के बाद राष्‍ट्रपति ट्रम्‍प ने नए शुल्‍कों की घोषणा की थी। अमरीकी प्रशासन ने इसके बाद व्‍यापार अधिनियम 1974 की धारा 122 का इस्‍तेमाल कर 24 जुलाई 2026 तक अस्‍थाई दस प्रतिशत टैरिफ लागू करने का फैसला किया था।

 

——

 

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्‍प ने कहा है कि अमरीका और यूरोपीय संघ यह सुनिश्चित करने के लिए एकजुट हैं कि ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार न हो।सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री ट्रम्‍प ने कहा है कि उन्‍होंने यूरोपीय आयोग की अध्‍यक्ष उर्सुला फॉन डेर लायन के साथ सार्थक बातचीत की और पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा की।

 

श्री ट्रम्‍प ने कहा कि दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि अपने लोगों की हत्‍या करने वाले ऐसे शासन को हथियार प्राप्‍त करने की अनुमति नहीं होनी चाहिए, जिससे लाखों लोगों की जान जा सकती हो। यूरोपीय आयोग की अध्‍यक्ष उर्सुला फॉन डेर लायन ने भी सोशल मीडिया पर बातचीत की पुष्टि की। उन्‍होंने कहा कि दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया से जुड़े घटनाक्रमों और क्षेत्रीय साझेदरों के साथ समन्‍वय पर बातचीत की।

 

——

 

आकाशवाणी ने राष्‍ट्र के प्रति अपनी विशिष्‍ट सेवा के 90 वर्ष के उपलक्ष्‍य में आज राष्‍ट्रीय राजधानी में मैराथन का आयोजन किया। लगभग साढे तीन किलोमीटर की मैराथन की शुरूआत आकाशवाणी भवन से हुई। यह मैराथन कृषि भवन, रेल भवन, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया से गुजरते हुए आकाशवाणी भवन पर समाप्‍त हुई। मैराथन पूरा करने वाले सभी प्रतिभागियों को पदक प्रदान किए गए। वहीं पुरूष और महिला दोनों वर्गों में शीर्ष तीन प्रतिभागियों को ट्रॉफी प्रदान की गई। हमारे संवाददाता ने बताया कि प्रसार भारती के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी और आकाशवाणी के महानिदेशक राजीव कुमार जैन ने इस मैराथन को रवाना किया।

 

आकाशवाणी के व्यापक राष्ट्रव्यापी नेटवर्क में इसी प्रकार की मैराथन और वॉकाथॉन कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है जिससे 90वीं वर्षगांठ के समारोह के दौरान व्यापक जन भागीदारी और जागरूकता सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर प्रसार भारती के सीईओ गौरव द्विदी ने कहा कि मैराथन के माध्यम से फिटनेस का संदेश जनता तक पहुंचा जा रहा है।

 

आकाशवाणी में आयोजित किये जा रहे हैं। हमारे पूरे देश में जितने भी स्टेशन हैं, जो देश में फिटनेस की एक मूवमेंट माननीय प्रधानमंत्री जी के आह्वान पर आरंभ हुई है। उसका संदेश भी लोगों तक ले जाने के लिए ये उस कड़ी में एक कदम था।

 

आकाशवाणी के महानिदेशक राजीव कुमार जैन ने बताया कि यह आयोजन सार्वजनिक प्रसारक के रूप में  आकाशवाणी द्वारा देश की सेवा में किए गए योगदान को दर्शाता है।

बाइट-राजीव कुमार जैन, महानिदेशक, आकाशवाणी – ब्रॉडकास्टर होने के नाते जब इस तरह का कार्यक्रम हम करते हैं तो इसका संदेश दूर-दूर तक, सुदूर प्रदेश तक पहुंचता है। और यह बहुत बड़ा उदाहरण होगा। देश भर में जो हमारे 232 मु्ख्य केंद्र हैं, उन पर ये आयोजन इस महीने आयोजित होगा।, अमन यादव, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

——

 

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय एक भारत श्रेष्‍ठ भारत पहल के अंतर्गत छठे युवा संगम का आयोजन कर रहा है। इसका उद्देश्‍य विभिन्‍न राज्‍यों और केंद्र शासित प्रदेशों के युवाओं में सांस्‍कृतिक एकीकरण को बढावा देना तथा लोगों के बीच संपर्क को सशक्‍त बनाना है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत देश के विभिन्‍न हिस्‍सों के युवा प्रतिभागी जीवन, विकास, संस्‍कृति, विरासत, शिक्षा, पर्यटन, नवाचार और श्रेष्‍ठ कार्य प्रणालियों के विभिन्‍न पहलुओं का अनुभव करने के लिए  सहयोगी राज्‍यों और केंद्रशासित प्रदेशों का दौरा कर रहे हैं।

 

——

 

आई.पी.एल क्रिकेट में आज डेल्ही कैपिटल्स का मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। यह मैच शाम साढे सात बजे से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। प्रतियोगिता में कल लखनऊ सुपर जायंट्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 9 रन से हरा दिया। वर्षा से बाधित मैच का फैसला डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर हुआ। दो सौ 13 रन के लक्ष्य के जवाब में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु निर्धारित 19 ओवर में 6 विकेट पर दो सौ तीन रन ही बना सकी। मिचेल मार्श को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

 

—–

 

घरेलू शेयर बाजार के संवेदी सूचकांक में आज दोपहर के कारोबार में शून्‍य दशमलव सात प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। अंतिम समाचार मिलने तक सेंसेक्‍स 527 अंक गिरकर 77 हजार 318 पर जबकि निफ्टी 153 अंक की गिरावट के साथ 24 हजार 173 पर था।

 

—–

 

मौसम विभाग ने 10 से 13 मई के बीच देश के उत्तर-पश्चिमी भागों के विभिन्‍न स्‍थानों पर बिजली चमकने, बादल गरजने और तेज हवाएं चलने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। केरलम, माहे, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईक्‍काल में तेज बारिश की संभावना है। रविवार तक उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।

 

—–

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  1. पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए आज कोलकाता में बैठक।
  2. डीआरडीओ और भारतीय वायु सेना ने स्वदेशी ग्लाइड हथियार- तारा का पहला सफल उड़ान परीक्षण किया।
  3. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमनाथ मंदिर को भारत की दृढ़ता, एकता और सभ्यतागत शक्ति का शाश्वत प्रतीक बताया।
  4. अमरीकी अंतर्राष्ट्रीय व्यापार न्यायालय ने ट्रंप प्रशासन द्वारा भारत और अन्य देशों से आयात पर लगाए गए 10 प्रतिशत शुल्क को अवैध घोषित किया।
  5. अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा – अमरीका और यूरोपीय संघ यह सुनिश्चित करने के लिए एकजुट हैं कि ईरान के पास परमाणु हथियार न हों।
  6. आईपीएल क्रिकेट में, डेल्ही कैपिटल्स का मुकाबला आज शाम दिल्ली में कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा।
Most Read
View All arrow-right

No posts found.