मुख्य समाचार:
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर सशस्त्र बलों के शौर्य को नमन किया। प्रधानमंत्री ने आतंकवाद और इसे बढ़ावा देने वाले तंत्र को नष्ट करने की राष्ट्र की प्रतिबद्धता को दोहराई।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। नीतीश कुमार के पुत्र सहित 32 विधायको ने मंत्री पद की शपथ ली।
तमिलनाडु और केरलम में सरकार गठन के लिए सघन वार्ताओं का दौर जारी।
सरकार ने 40 वर्ष और उससे अधिक आयु के श्रमिकों के लिए राष्ट्रव्यापी वार्षिक स्वास्थ्य जांच शुरू की।
और, आईपीएल क्रिकेट में आज शाम लखनऊ सुपर जायंट्स का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से।
*****************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर सशस्त्र बलों के शौर्य को नमन किया है। उन्होंने आतंकवाद और इसे बढ़ावा देने वाले तंत्र को नष्ट करने की राष्ट्र की प्रतिबद्धता को दोहराया। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अद्वितीय साहस, सटीकता और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने पहलगाम में निर्दोष नागरिकों पर हमला करने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया।
अपने संस्कृत श्लोक सुभाषितम में प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत की असाधारण विजय देश के बहादुर सैनिकों के उल्लेखनीय शौर्य और देशभक्ति का एक प्रेरक उदाहरण है।
*****************
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और कई अन्य मंत्रियों ने ऑपरेशन सिंदूर में सशस्त्र बलों के शौर्य की सराहना की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ऑपरेशन सिंदूर को आतंकवाद, देश की संप्रभुता तथा नागरिकों की सुरक्षा को खतरे में डालने वाली सभी ताकतों के खिलाफ अटूट संकल्प का एक निर्णायक प्रमाण बताया है। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने ऑपरेशन सिंदूर को एक निर्णायक क्षण बताया, जब भारत ने शांति, एकता और संप्रभुता को भंग करने की कोशिश कर रहे आतंकी संगठनों और आतंकवाद को प्रायोजित करने वाले देशों को दृढ़ता से जवाब दिया। गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य और बलिदान को नमन किया है। गृहमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इतिहास में इस दिन को भारतीय सशस्त्र सेना की ताकत और उसके सटीक निशाना लगाने की क्षमता तथा देश की खुफिया एजेंसियों की सूझबूझ के लिए जाना जाएगा। रक्षामंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर राष्ट्रीय संकल्प और तैयारी का मजबूत प्रतीक है, जो दिखाता है कि भारतीय सशस्त्र बल हर चुनौतियों का निर्णायक जवाब देने के लिए हमेशा तैयार हैं।
*****************
भारतीय सशस्त्र बलों ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर ने अपने उद्देश्यों को सफलतापूर्वक हासिल किया है। इस अभियान में सेना, नौसेना और वायु सेना के बीच उत्कृष्ट समन्वय का प्रदर्शन किया गया। ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर आज जयपुर में भारतीय सशस्त्र बलों के कमांडरों का संयुक्त संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान, लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत का अभियान दृढ़ संकल्प के साथ जारी है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने दिखा दिया है कि आत्मनिर्भर भारत का सपना अब सिर्फ एक नारा मात्र नहीं रह गया है। श्री घई ने बताया कि भारत के 65 प्रतिशत से अधिक रक्षा उपकरण स्वदेशी रूप से निर्मित हैं।
*****************
भारतीय सेना ने आज ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत की सुनियोजित, सटीक और प्रभावी कार्रवाई को दर्शाया गया है।
*****************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य को सम्मान देने के लिए अपने सोशल मीडिया अकांउट प्रोफाइल पिक्चर बदल दी है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमारी सशस्त्र सेनाओं की सफलता और उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए देशवासियों से भी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर प्रोफाइल पिक्चर बदलने की अपील की है।
*****************
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज कुमार सिन्हा ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर इस बात का प्रमाण है कि भारत के सशस्त्र बल देश की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा हर कीमत पर करेंगे। उपराज्यपाल ने ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर सशस्त्र बलों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले के गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में भी पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों के लिए विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई।
*****************
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में महिलाओं ने ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ के उपलक्ष्य में देशभक्ति दर्शाने वाली रंगोली बनाईं। देशभक्ति के विषयों और राष्ट्रीय प्रतीकों से सजी इन रंगोलियों को एक सामुदायिक कार्यक्रम में प्रदर्शित किया गया, इसमें स्थानीय निवासी और महिला प्रतिभागी शामिल थीं।
*****************
आज ही के दिन भारतीय सशस्त्र बलों ने अत्याधुनिक मिसाइलों, ड्रोन तकनीक और सटीक खुफिया जानकारी का उपयोग कर के ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था।
विनय न मानत जलधि जड़, गए तीनि दिन बीति
बोले राम सकोप तब, भय बिनु होइ न प्रीति…
जी श्रोताओं, बिलकुल ठीक ही कहा गया है कि, भय के बिना प्रीति संभव नहीं होती…ठीक कुछ ऐसा ही हुआ भारतीय सशस्त्र बलों के अद्भुत साहस और शौर्य के प्रतिमान, ऑपरेशन सिंदूर में। जब भारतीय सैन्य बलों के रणबांकुरों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के अवैध कब्ज़े वाले जम्मू-कश्मीर में आंतकवादी ठिकानों और आंतकी नेटवर्क की जड़ों को हिलाने वाली सटीक और निर्णायक कार्रवाई की। पिछले वर्ष, 6-7 मई की दरमियानी रात भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। इस अभियान में करीब एक सौ आतंकवादी मारे गए थे। सिंदूर नाम अपने आप में प्रतीकात्मक है। भारतीय संस्कृति में सिंदूर सम्मान, सुरक्षा और अस्मिता का प्रतीक माना जाता है। इसलिए इस अभियान का नाम ऑपरेशन सिंदूर रखा गया। ऑपरेशन सिंदूर ने भारत की सैन्य क्षमता, तकनीकी दक्षता और त्वरित निर्णय क्षमता को प्रदर्शित किया। यह अभियान भारतीय सशस्त्र बलों के साहस, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का उत्कृष्ट उदाहरण है।
तस्मात्त्वमुत्तिष्ठ यशो लभस्व जित्वा शत्रून् भुङ्क्ष्व राज्यं समृद्धम्।
मयैवैते निहताः पूर्वमेव निमित्तमात्रं भव सव्यसाचिन्॥
*****************
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। पटना के गांधी मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने बत्तीस मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मंत्रिमंडल में अब भाजपा के पंद्रह, जेडीयू के तेरह, लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के दो और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा तथा राष्ट्रीय लोक मोर्चा से एक-एक मंत्री हैं। मंत्रियों ने पहले पांच-पांच के समूह में और फिर छह-छह के समूह में शपथ ली। शपथ लेने वाले मंत्रियों में जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार भी शामिल हैं। जेडीयू के कुल 15 मंत्री हैं, जिनमें से 13 ने आज गांधी मैदान में शपथ ली।
श्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने अप्रैल में सम्राट चौधरी के साथ शपथ ली थी और उन्हें उपमुख्यमंत्री नामित किया गया था। 243 सदस्यीय विधानसभा में 89 विधायकों के साथ भाजपा सबसे बड़ी पार्टी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह और जेपी नड्डा समेत केंद्रीय मंत्रिमंडल के कई अन्य सदस्य शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित थे।
*****************
तमिलनाडु और केरलम के सरकार गठन के लिए सघन वार्ताओ का दौर जारी है।
*****************
तमिलनाडु में, टीवीके प्रमुख जोसेफ विजय ने आज लोकभवन में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से दूसरी बार मुलाकात की। बताया जा रहा है कि राज्यपाल ने उन्हें बुलाया था। श्री विजय ने राज्यपाल से मुलाकात की थी और पार्टी विधायकों की सूची और कांग्रेस का समर्थन पत्र प्रस्तुत किया था। इस समय उन्हें बहुमत दिखाने के लिए और अधिक समर्थन की आवश्यकता है। वीसीके नेता थिरुमावलवन ने कहा है कि उनकी पार्टी आज विधानसभा की बैठक के बाद विजय को समर्थन देने पर फैसला करेगी। उनकी पार्टी के दो विधायक हैं। वाम दलों ने भी राज्यपाल से अपील की है कि वे सबसे बड़ी पार्टी, टीवीके को सरकार बनाने का अवसर दें।
*****************
कांग्रेस पार्टी केरलम में नई सरकार बनाने के लिए चर्चा कर रही है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने राज्य की 140 विधानसभा सीटों में से 102 सीटें जीती हैं। केरलम के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेरकर के तिरुवनंतपुरम पहुंचने पर अनसे सम्पर्क किया जाएगा, उनके पास तमिलनाडु का अतिरिक्त प्रभार भी है, वे इस समय चेन्नई में हैं। ब्यौरा हमारी संवाददाता से-
कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि केरलम में नए मुख्यमंत्री का नाम पार्टी आला कमान तय करेगी। हालांकि, आज तिरुवनंतपुरम में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई, लेकिन इसमें मुख्यमंत्री के संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया गया। कांग्रेस के पर्यवेक्षक नव निर्वाचित सदस्यों के साथ व्यक्तिगत बैठकें कर रहे हैं। पर्यवेक्षकों का उद्देश्य सभी नव निर्वाचित सदस्यों के विचारों को जानना और उनकी मंशा को दल के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाना है। राज्य में, मौजूदा हालात को देखते हुए, मुख्यमंत्री का नाम रविवार तक तय होने की उम्मीद है। तिरूवनंतपुरम से स्मिथि एम. पुल्लुरूथई की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं, पायल शर्मा।
*****************
पुदुच्चेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी ने आज उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन को अपना इस्तीफा सौंप दिया। इससे केंद्र शासित प्रदेश में नई सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त हो गया है। मुख्यमंत्री ने राज निवास में उपराज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा।
*****************
पश्चिम बंगाल में नवनिर्वाचित भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में रवींद्र जयंती के अवसर पर आयोजित किया जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। एक रिपोर्ट
बंगाल के नए मुख्यमंत्री कौन होंगे इसको लेकर चल रहे अटकलों में विराम लग सकता है। उस दिन शाम 4 बजे न्यू टाउन के बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में बीजेपी विधानमंडल दल की पहली बैठक बुलाया गया है। उसी बैठक में औपचारिक रूप से विधानमंडल दल की नेता का चयन हो सकता है अर्थात बंगाल का नया मुख्यमंत्री का ताज किस के सिर सजेगा इसके संकेत इस हाई प्रोफाइल मीटिंग से मिल सकता है। राजनीतिक दल की नजर एक और बात पर भी टिकी हुई है। बीजेपी विधानमंडल दल के नेता के चयन के लिए इस बार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह खुद कोलकाता में मौजूद रहेंगे। बीजेपी नेतृत्व चाहते हैं कि नेता का चयन सर्वसम्मति से हो। साथ ही, सरकार गठन के पहले विधायकों को एकजुट रखने का संदेश भी देना चाहते हैं दल। आकाशवाणी के लिए कोलकाता से अभिरूप भट्टाचार्य।
*****************
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आरोप लगाया है कि भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या, ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार द्वारा फैलाई गई हिंसा की राजनीति का एक और भयावह उदाहरण है। सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री प्रधान ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों को बार-बार निशाना बनाया गया है, उन पर हमले किए गए हैं और उनकी हत्या की गई है, क्योंकि वे तृणमूल सरकार की भय की राजनीति के आगे कभी नहीं झुके।
*****************
इस बीच, पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक, चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में राज्य पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सात सदस्यीय विशेष जांच दल का भी गठन किया है। कल रात हमलावरों ने चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
*****************
असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और पुदुच्चेरी तथा अन्य राज्यों में विधानसभा उपचुनाव के दौरान लागू आचार संहिता को हटा दिया गया है। आयोग ने कहा है कि पश्चिम बंगाल के फलता विधानसभा क्षेत्र में फिर से मतदान होने के कारण वहां आचार संहिता लागू रहेगी। फलता में मतदान 21 मई को और मतगणना 24 मई को होगी।
*****************
श्रम और रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने नए श्रम संहिता के अंतर्गत 40 वर्ष और उससे अधिक आयु के श्रमिकों के लिए आज राष्ट्रव्यापी वार्षिक स्वास्थ्य जांच पहल का शुभारंभ किया।
नई दिल्ली स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम- ई.एस.आई.सी. मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का उद्घाटन करते हुए डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्ष में देश के कार्यबल और युवा शक्ति के प्रति सम्मान में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
आज से एक दशक पहले देश में केवल 30 करोड़ लोगों को सोशल सिक्युरिटी का कवरेज मिलता था। लेकिन बारह साल के बाद इंटरनेशनल लेबर आर्गेनाइजेशन के डायरेक्टर जनरल ने एनाउंसमेंट करा कि भारत में सोशल सिक्युरिटी कवरेज बढ़ के मोदी गवर्मेंट के प्रयासों से आज देश में 94 करोड़ लोगों को सोशल सिक्युरिटी कवरेज मिल रहा है।
*****************
अमरीका ने हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य से वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षित निकासी के लिए चलाये गये अभियान प्रोजेक्ट फ्रीडम को रोक दिया है। सऊदी अरब ने इस अभियान में शामिल अमरीकी विमानों को अनुमति नहीं दी है।
*****************
आईपीएल क्रिकेट में आज लखनऊ सुपर जायंट्स का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। हैदराबाद में यह मैच शाम साढे सात बजे से खेला जाएगा।
*****************
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर सशस्त्र बलों के शौर्य को नमन किया। प्रधानमंत्री ने आतंकवाद और इसे बढ़ावा देने वाले तंत्र को नष्ट करने की राष्ट्र की प्रतिबद्धता दोहराई।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। नीतीश कुमार के पुत्र सहित 32 विधायको ने मंत्री पद की शपथ ली।
तमिलनाडु और केरलम में सरकार गठन के लिए सघन वार्ताओं का दौर जारी।
सरकार ने 40 वर्ष और उससे अधिक आयु के श्रमिकों के लिए राष्ट्रव्यापी वार्षिक स्वास्थ्य जांच शुरू की।
और, आईपीएल क्रिकेट में आज शाम लखनऊ सुपर जायंट्स का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से।
*****************