मुख्य समाचार:
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वियतनाम के राष्ट्रपति तो-लाम के बीच नई दिल्ली में वार्ता हुई। डिजिटल प्रौद्योगिकी, दुलर्भ खनिजों और चिकित्सकीय उत्पादों से जुड़े विनियमन के क्षेत्र में कई समझौतों का आदान-प्रदान हुआ।
तमिलनाडु में टी.वी.के. पार्टी के पास बहुमत का आंकड़ा न होने के बावजूद सरकार बनाने को लेकर दावा पेश करने के साथ राजनीतिक गतिविधियां तेज।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने त्यागपत्र दिया। नई सरकार का शपथ ग्रहण 11 मई के बाद।
भारत और यूरोपीय संघ ने ई.वी. बैटरी पुनर्चक्रण क्षमता को मज़बूत करने के लिए संयुक्त पहल का शुभारंभ किया।
मौसम विभाग का असम, बिहार, केरलम, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी में आज मूसलाधार वर्षा का अनुमान।
और आईपीएल क्रिकेट में आज शाम सनराइज़र्स हैदराबाद का मुकाबला पंजाब किंग्स से होगा।
***********************************
भारत और वियतनाम ने आज डिजिटल प्रौद्योगिकी, दुर्लभ खनिजों, चिकित्सीय उत्पादों से जुडे विनियमन, सार्वजनिक क्षेत्र लेखापरीक्षा, डिजिटल भुगतान प्रणाली और संस्कृति तथा पर्यटन के क्षेत्र में कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए। ये समझौते आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम के बीच हुई वार्ता के बाद किए गए। वार्ता के दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी व्यापक चर्चा की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वियतनाम के राष्ट्रपति चुने जाने के एक महीने के भीतर ही राष्ट्रपति तो लाम की भारत की पहली राजकीय यात्रा यह दर्शाती है कि वे भारत-वियतनाम संबंधों को कितनी प्राथमिकता देते हैं।
वियतनाम के प्रेसिडेंट बनने के बाद एक महीने के भीतर ही उनका भारत आना और एक हाई लेवल डेलिगेशन समेत कई बिजनेस लीडर्स के साथ आना यह स्पष्ट करता है कि वह भारत वियतनाम संबंधों को कितनी प्राथमिकता देते हैं। इतना ही नहीं उन्होंने भारत की यात्रा की शुरुआत बोधगया से की, यह हमारे दोनों देशों की साझा सभ्यता और आध्यात्मिक परंपरा को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भारत और वियतनाम अपने संबंधों का और विस्तार करेंगे।
आज हम अपने संबंधों को एनहांस कंप्रिहेंसिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप के स्तर पर ले जा रहे हैं। अब हम अपनी साझेदारी को और ऊंचे लक्ष्यों की ओर अग्रसर करेंगे। कल्चर, कनेक्टिविटी और कैपेसिटी बिल्डिंग के साथ-साथ सिक्योरिटी, सस्टेनेबिलिटी और सप्लाई चैन रेजिलियंस हर क्षेत्र में हमारा सहयोग नए स्तर पर पहुंचेगा।
श्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार दोगुना हुआ है।
भारत और वियतनाम का बाई-लैटरल ट्रेड पिछले एक दशक में डबल होकर 16 बिलीयन डॉलर तक पहुंच चुका है। 2030 तक इसे 25 बिलियन डॉलर तक पहुंचाने के लिए हमने आज कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए है। हमारी ड्रग अथॉरिटीज के बीच एमओयू से अब भारत की दवाइयां का वियतनाम में एक्सेस बढ़ेगा। हमने भारत आसियान ट्रेड एग्रीमेंट AITIGA को वर्ष के अंत तक अपडेट करने पर भी सहमति बनाई है।
श्री मोदी ने कहा कि भारत के कृषि, मत्स्य पालन और पशु उत्पादों का वियतनाम को निर्यात भी सुगम होगा। उन्होंने कहा कि वित्तीय संपर्क को बढ़ावा देने के लिए आज दोनों पक्षों ने केंद्रीय बैंकों के बीच सहयोग बढ़ाने का निर्णय लिया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की यूपीआई और वियतनाम की त्वरित भुगतान प्रणाली को भी जल्द ही जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि वियतनाम भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी और विजन ओशन का एक प्रमुख स्तंभ है।
***********************************
पश्चिम बंगाल, असम, केरलम, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी में सरकार गठन को लेकर गतिविधियां तेज़ हो गई हैं।
निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को चुनाव के बाद होने वाली किसी भी हिंसा से निपटने के कड़े निर्देश दिये हैं।
***********************************
राज्य में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से पहले राज्य प्रशासन में तैयारियां चरम पर पहुंच गई हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार गृह मंत्री अमित शाह आज कोलकाता पहुंच रहे हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि वे नव निर्वाचित भाजपा विधायकों के साथ बैठक के बाद भाजपा विधायक दल के नेता के नाम की घोषणा कर सकते हैं। शपथ ग्रहण समारोह इसके तुरंत बाद होने की संभावना है।
सरकार बनाने की संवैधानिक प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ रही है। पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने आज चुनाव आयोग के प्रतिनिधियों के साथ राज्यपाल से मुलाकात की। उन्होंने राज्य की सभी 293 विधानसभा सीटों के चुनाव परिणामों की आधिकारिक अधिसूचना राज्यपाल को सौंपी। राज्यपाल निर्णय ले सकते हैं कि नई सरकार के औपचारिक शपथ ग्रहण तक अंतरिम प्रशासनिक व्यवस्था कैसे कार्य करेगी। इस बीच, निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के रुख से स्थिति और जटिल हो गई है। ममता बनर्जी ने साफ कहा है कि वे इस्तीफा नहीं देंगी। इस राजनीतिक टकराव के माहौल में, बंगाल में प्रशासनिक बदलाव की तैयारियां अब निर्णायक चरण में पहुंच गई हैं। संदीपोन दासगुप्ता, आकाशवाणी न्यूज, कोलकाता।
***********************************
इस बीच पश्चिम बंगाल सरकार के अधीन विभिन्न पदों पर कार्यरत सेवानिवृत्त अधिकारियों को आज से कार्यालय आने से रोक दिया गया है। इनमें अधिकतर भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी शामिल हैं। यह आदेश नई सरकार के गठन तक लागू रहेगा। मुख्यमंत्री कार्यलय सूत्रों ने पुष्टि की है कि प्रशासन के कई सलाहकारों ने इस्तीफा दे दिया है। मुख्य सचिव ने सभी विभागों से आधिकारिक सुरक्षा के महत्व को दोहराया है।
***********************************
असम में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा ने आज गुवाहाटी के लोक भवन में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को इस्तीफा सौंप दिया। राज्य में अब नई सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
बाद में मीडिया से बातचीत में डॉ. सरमा ने बताया कि राज्यपाल ने मंत्रिपरिषद का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और वर्तमान विधानसभा को भंग कर दिया है।
जब तक नया मंत्री सभा का गठन नहीं होते हैं तब तक मुझे और मेरा मंत्री सभा को केयरटेकर रूप से काम चलाने के लिए राज्यपाल महोदय ने निर्देश दिया। बीते 5 साल सरकार चलाने में हमारे राज्यपाल महोदय ने हमें जो मार्गदर्शन किया इसके लिए भी मैं राज्यपाल महोदय को धन्यवाद और हमारा और से अपना प्रतिसाद भी प्रस्तुत किया।
श्री सरमा ने बताया कि नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 11 मई के बाद होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समारोह में आमंत्रित किया गया है।
राज्य के अगले मुख्यमंत्री के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि भाजपा विधानसभा दल नेतृत्व का निर्णय करेगी, जिसके बाद नए मुख्यमंत्री मंत्रिपरिषद का गठन करेंगे।
***********************************
तमिलनाडु में, तमिलगा वेत्री कड़गम- टी.वी.के. के नेता सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व में नई सरकार बनाने के लिए राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई है। पार्टी को सरकार बनाने के लिए 10 और सदस्यों की आवश्यकता है। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर आज चेन्नई पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री पद के लिए नामित सी. जोसेफ विजय आज शाम राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। एक रिपोर्ट –
राज्य में, कांग्रेस के पांच विधायकों ने टीवीके को समर्थन देने का फैसला किया है। यह निर्णय तमिलनाडु के प्रभारी गिरीश चोडंकर के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी के नव निर्वाचित विधानसभा सदस्यों की बैठक में लिया गया। किल्लियूर विधानसभा क्षेत्र से तीन बार के कांग्रेस विधायक राजेश कुमार को राज्य विधानसभा में कांग्रेस का नेता चुना गया है। इससे डी.एम.के. गठबंधन के विधायकों की संख्या कम हो गई है। कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी टी.वी.के. के नेतृत्व वाली सरकार को औपचारिक रूप से समर्थन देगी। उधर, तमिलनाडु में टी.वी.के. को कांग्रेस के समर्थन पर, डी.एम.के. नेता और प्रवक्ता कनिमोझी एनवीएन सोमू ने कहा, अगर कांग्रेस ने ऐसा किया है, तो यह डीएमके पर एक बड़ा प्रहार है। चेन्न्ई से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से निखिल कुमार।
***********************************
केरलम विधानसभा चुनाव में स्पष्ट बहुमत प्राप्त यूडीएफ गठबंधन सरकार गठन को लेकर लगातार चर्चा कर रहा है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि मोर्चे का नेतृत्व कर रही कांग्रेस पहले मुख्यमंत्री का चयन करेगी, इसके बाद आगे की चर्चा होगी।
केरल में कांग्रेस विधायक दल की बैठक कल तिरुवनंतपुरम में आयोजित की जाएगी। यह बैठक अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के पर्यवेक्षकों द्वारा की जाने वाली अनौपचारिक चर्चाओं के बाद होगी। पर्यवेक्षक आज शाम राजधानी पहुंचने वाले हैं। केपीसीसी अध्यक्ष सनी जोसेफ ने कहा है कि मुख्यमंत्री के संबंध में निर्णय विधायकों के विचार सुनने के बाद ही लिया जाएगा। कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद यूडीएफ विधायक दल की बैठक भी आयोजित की जाएगी। इन बैठकों के पश्चात, गठबंधन के नेता राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं। तिरुवनंतपुरम से स्मिथी एम, पल्लीपुरुथी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से कनकलता।
***********************************
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के 19 जिलों में रेलवे परियोजनाओं को मंत्रिमंडल की मंजूरी का स्वागत किया है। सोशल मीडिया पर पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि इन परियोजनाओं से कनेक्टिविटी बढ़ेगी और आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से देश भर के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच और भी बेहतर होगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की संख्या 33 से बढ़ाकर 37 करने के मंत्रिमंडल के निर्णय से देश की न्यायिक व्यवस्था मजबूत होगी और लोगों को शीघ्र न्याय मिल सकेगा।
***********************************
सरकार ने सोशल मीडिया पर प्रसारित उस वीडिया का खंडन किया है जिसमें रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह को यह दावा करते दिखाया गया है कि पाकिस्तान ने पिछले साल 10 मई को भारत के सिस्टम को जाम कर दिया था। पत्र सूचना कार्यालय की तथ्य जांच इकाई ने स्पष्ट किया है कि यह वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस निर्मित डीपफेक है और इसे पाकिस्तानी द्वारा गलत सूचना फैलाने के लिए प्रसारित किया जा रहा है।
***********************************
पंजाब में कल रात जालंधर में सीमा सुरक्षा बल मुख्यालय और अमृतसर के खासा में सेना के एक प्रतिष्ठान के बाहर दो विस्फोट हुए। ये पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आई.एस.आई. के नापाक मंसूबों का एक हिस्सा है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सेना और अन्य सुरक्षा अधिकारियों के साथ अमृतसर के खासा स्थित विस्फोट स्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार दोनों स्थानों पर आई.ई.डी. का इस्तेमाल किया गया था।
खालिस्तान लिबरेशन आर्मी ये सारे नॉन एक्जिस्टेंट ऑर्गेनाइजेशंस है। आईएसआई की कोशिश है वो एक नरेटिव बना रहे है कि पंजाब डिस्टर्बड है। एक एफआईआर रजिस्टर्ड की गई है अंडर द रेलीवेंट सेक्शंस ऑफ लॉ। इन्वेस्टिगेशन इज बीइंग केरिड आउट इन क्लोज कोऑर्डिनेशन विद द आर्मी एंड अदर एजेंसीज।
***********************************
भारत और यूरोपीय संघ ने भारत-यूरोपीय ऊर्जा व्यापार और प्रौद्योगिकी परिषद कार्य समूह के तहत ईवी बैटरी पुनर्चक्रण क्षमता को मजबूत करने के लिए 169 करोड़ रुपये की संयुक्त पहल शुरू की है।
भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार, प्रोफेसर अजय कुमार सूद ने कहा है कि यह पहल भारत-यूरोपीय ऊर्जा रणनीतिक साझेदारी में एक महत्वपूर्ण मोड़ है। उन्होंने कहा कि देश के ईवी बाजार के तेजी से विस्तार के साथ, संसाधन सुरक्षा और पर्यावरणीय प्रतिबद्धताओं के लिए एक मजबूत घरेलू पुनर्चक्रण प्रणाली का निर्माण आवश्यक है।
***********************************
मूडीज़ रेटिंग्स के अनुसार भारत पिछले पांच वर्षों में सबसे बड़ी उभरती बाजार अर्थव्यवस्थाओं में से एक बना हुआ है। अपनी हाल की रिपोर्ट में एजेंसी ने कहा है कि भारत मजबूत विदेशी मुद्रा भंडार, एक स्थिर और पूर्वानुमानित नीतिगत ढांचा तथा मजबूत घरेलू पूंजी बाजार के साथ भविष्य के वैश्विक झटकों को झेलने के लिए अपने अधिकांश समकक्षों की तुलना में बेहतर स्थिति में है।
यह रिपोर्ट ऐसे समय में आई है जब व्यापार को लेकर तनाव और भू-राजनीतिक अनिश्चितता के बीच वैश्विक वित्तीय बाजार अस्थिर बने हुए हैं।
***********************************
अमरीका में भारतीय मूल के विवेक रामास्वामी ओहायो के गवर्नर पद के लिए रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार होंगे। इस वर्ष नवंबर में उनका मुकाबला डेमोक्रेटिक पार्टी एमी एक्टन से होगा। अगर वे चुने जाते हैं, तो वे, लुइसियाना में बॉबी जिंदल और दक्षिण कैरोलिना में निक्की हेली के बाद अमरीका में तीसरे भारतीय गवर्नर बन सकते हैं।
***********************************
चीन के विदेश मंत्री वांग यी और ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने आज पेइचिंग में वार्ता की। यह वार्ता ईरान पर होर्मुज जलडमरूमध्य को अंतरराष्ट्रीय जहाजों के लिए खोलने और संघर्ष समाप्त करने के लिए अमरीका के साथ समझौता करने के बढ़ते दबाव के बीच हुई। चीन की मीडिया के अनुसार, दोनों विदेश मंत्रियों ने होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी हटाने से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की।
***********************************
मौसम विभाग ने आज अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, बिहार, केरलम, माहे, पश्चिम बंगाल के तराई वाले क्षेत्र, सिक्किम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईक्काल में कुछ स्थानों पर तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। दिन के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, असम, मेघालय, पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कुछ स्थानों पर बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ वर्षा हो सकती है। आज हिमाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पंजाब, तेलंगाना, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी ऐसी ही स्थिति का अनुमान है।
***********************************
आईपीएल क्रिकेट में आज सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला पंजाब किंग्स से होगा। हैदराबाद में यह मैच शाम साढे सात बजे से खेला जाएगा।
***********************************
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वियतनाम के राष्ट्रपति तो-लाम के बीच नई दिल्ली में वार्ता हुई। डिजिटल प्रौद्योगिकी, दुलर्भ खनिजों और चिकित्सकीय उत्पादों से जुड़े विनियमन के क्षेत्र में कई समझौतों का आदान-प्रदान हुआ।
तमिलनाडु में टी.वी.के. पार्टी के पास बहुमत का आंकड़ा न होने के बावजूद सरकार बनाने को लेकर दावा पेश करने के साथ राजनीतिक गतिविधियां तेज।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने त्यागपत्र दिया। नई सरकार का शपथ ग्रहण 11 मई के बाद।
भारत और यूरोपीय संघ ने ई.वी. बैटरी पुनर्चक्रण क्षमता को मज़बूत करने के लिए संयुक्त पहल का शुभारंभ किया।
मौसम विभाग का असम, बिहार, केरलम, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी में आज मूसलाधार वर्षा का अनुमान।
और आईपीएल क्रिकेट में आज शाम सनराइज़र्स हैदराबाद का मुकाबला पंजाब किंग्स से होगा।
***********************************