मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात में फुज़ैराह हमले की कड़ी निंदा की, हमले में तीन भारतीय नागरिक घायल हुए। श्री मोदी का पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए संवाद और कूटनीति का आह्वान।
- होर्मुज़ जलडमरूमध्य पर नियंत्रण के लिए संघर्ष के बीच, अमरीका और ईरान ने खाड़ी में नए सिरे से हमले किए।
- विदेश मंत्री एस जयशंकर ने जमैका की विदेश मंत्री कामिना जे स्मिथ से बातचीत की। दोनों देशों के बीच मजबूत आर्थिक संबंधों का आह्वान।
- पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरलम् में विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद सरकार गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज़।
- शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का नवाचार-आधारित परिणाम देने के लिए भारत के अनुसंधान तंत्र को बदलने की आवश्यकता पर जोर।
- और आईपीएल क्रिकेट में, आज शाम डेल्ही कैपिटल्स का मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स से।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की है। इन हमलों में तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि नागरिकों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि भारत, संयुक्त अरब अमीरात के साथ एकजुटता से खड़ा है और संवाद तथा कूटनीति के माध्यम से सभी मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए अपना समर्थन दोहराता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि होर्मुज जल डमरू मध्य से सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करना क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। कल ईरान के ड्रोन हमले में फुजैराह पेट्रोलियम उद्योग क्षेत्र में आग लगने से तीन भारतीय नागरिक घायल हो गए थे। विदेश मंत्रालय ने भी इस हमले की निंदा करते हुए इसे अस्वीकार्य बताया। मंत्रालय ने इस संघर्ष को तत्काल समाप्त करने का आह्वाहन किया है और इसमें नागरिक बुनियादी ढ़ांचों और निर्दोष लोगों को निशाना बनाने की आलोचना की है। मंत्रालय ने कहा है कि पश्चिम एशिया संघर्ष को हल करने के लिए भारत लगातार वार्ता और कूटनीति का समर्थन कर रहा है ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल हो सके। प्रिया की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्रियंका अरोड़ा।
*******
मध्य पूर्व के देशों और क्षेत्रीय संगठनों ने संयुक्त अरब अमीरात पर ईरान के हमलों की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता के लिए खतरा बताया है।
*******
उधर, खाड़ी क्षेत्र में अमरीका और ईरान के बीच नए सिरे से हमले शुरू हुए हैं। इससे होर्मुज़ जलडमरूमध्य के नियंत्रण को लेकर तनाव और बढ़ गया है तथा पहले से ही नाजुक युद्ध-विराम और कमजोर हो गया है। अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ड्रम्प की नई पहल प्रोजेक्ट फ्रीडम की घोषणा के बाद मिसाइलें और ड्रोन दागे गए। इस पहल का उद्देश्य फंसे टैंकरों और वाणिज्यिक जहाजों को होर्मुज़ जलडमरूमध्य के ज़रिए गुज़रने में मदद करना है।
*******
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा है कि विकास सहयोग भारत और जमैका के बीच साझेदारी का एक प्रमुख स्तंभ बना हुआ है। डॉ. जयशंकर जमैका की विदेश मंत्री कामिना जॉनसन स्मिथ और अन्य कैबिनेट सदस्यों के साथ अपनी बैठक के बाद मीडिया को संबोधित कर रहे थे।
विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा कि वार्ता व्यापक और सार्थक रही, जिसमें द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं को शामिल किया गया और सहयोग को और मजबूत करने के नए रास्ते तलाशे गए। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए और डिजिटल परिवर्तन, सांस्कृतिक आदान–प्रदान, खेल और डिजिटल भुगतान जैसे क्षेत्रों में हाल ही में संपन्न हुए समझौता ज्ञापनों के प्रभावी कार्यान्वयन पर चर्चा की ताकि जमीनी स्तर पर ठोस परिणाम सुनिश्चित किए जा सकें। डॉ. जयशंकर ने आज जमैका के किंग्स्टन में वेस्ट इंडीज विश्वविद्यालय में ‘परिवर्तनशील दुनिया‘ और भारत की प्रतिक्रिया विषय पर लोगों को संबोधित किया। सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने बताया कि उन्होंने वैश्विक दक्षिण, सुधारित बहुपक्षवाद और बहुध्रुवीयता से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की। समाचार कक्ष से फरहत नाज़।
*******
वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम भारत की तीन दिन की यात्रा के पहले चरण में आज बिहार के बोधगया पहुंचे। हवाई अड्डे पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनका स्वागत किया। यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति तो लाम यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। वे बोधगया स्थित वियतनामी मठ का भी दौरा करेंगे। राष्ट्रपति तो लाम के साथ वियतनाम सरकार के कई मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी आया है। राष्ट्रपति आज दोपहर बाद में नई दिल्ली पहुंचेंगे। कल राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में राष्ट्रपति तो लाम का औपचारिक स्वागत किया जाएगा।
*******
पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरलम् में विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद सरकार गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज़ हो गई हैं।
*******
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की शानदार जीत के बाद, राज्य में नई सरकार के गठन और शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। नए मंत्रिमंडल के सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को होने की संभावना है, इसी दिन गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के समारोह में शामिल होने की उम्मीद है।
*******
भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए वरिष्ठ पार्टी नेता और केंद्रीय मंत्री अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी को राज्य में केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, असम में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को केंद्रीय पर्यवेक्षक और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। इन नामों को भाजपा संसदीय पर्यवेक्षक बोर्ड ने मंजूरी दी।
*******
तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। अभिनेता से राजनेता बने सी. जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कज़गम (टीवीके) 108 सीटें लेकर राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। पार्टी के शानदार चुनावी प्रदर्शन के बाद, नव निर्वाचित टीवीके विधायकों ने आज चेन्नई के पास पनैयूर स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित विधायक दल की बैठक में श्री विजय को औपचारिक रूप से अपना नेता चुना।
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर फिलहाल केरल में हैं, इसलिए सरकार बनाने का दावा पेश करने वाला पत्र भेजने में देरी हो सकती है। डीएमके प्रमुख एम.के. स्टालिन ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा आज सौंप दिया है, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। एक बयान में स्टालिन ने कहा कि उनकी पार्टी एक मजबूत विपक्ष के रूप में काम करेगी। एआईएडीएमके के महासचिव ई. पलानीसामी ने कहा कि वे जनता के जनादेश को स्वीकार करेंगे। भाजपा नेता के. अन्नामलाई ने नतीजों का स्वागत करते हुए कहा है कि जनता ने वोट खरीदने और वंशवादी राजनीति के खिलाफ अपना संदेश दिया है। जॉय के साथ सुशील चन्द्र तिवारी आकाशवाणी समाचार, चेन्नई।
*******
केरलम में कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ, सरकार गठन को लेकर अनौपचारिक चर्चा कर रहा है।
केरलम में सरकार गठन को लेकर कांग्रेस पार्टी में अनौपचारिक चर्चाएँ जारी हैं, कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ विधायक दल की बैठक के बाद राज्यपाल से सरकार गठन के लिए संपर्क करेगा। यूडीएफ सूत्रों ने संकेत दिया है कि विधायक दल की बैठक दिल्ली से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधियों के आने के बाद ही निर्धारित की जाएगी। नव निर्वाचित विधायकों में वर्तमान विपक्ष के नेता वी. डी. सतीशान, पूर्व विपक्ष के नेता और पूर्व केपीसीसी अध्यक्ष रमेश चेन्निथला और वर्तमान केपीसीसी अध्यक्ष सनी जोसेफ प्रमुख वरिष्ठ कांग्रेस नेता हैं। तिरुवनंतपुरम से स्मिथ एम पल्लुरुथी की रिपोर्ट के साथ अमन यादव, आकाशवाणी समाचार।
*******
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ आज नई दिल्ली के सीआर पार्क स्थित काली बाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की। बाद में संवाददाताओं से बातचीत में श्री नवीन ने विधानसभा चुनाव के परिणाम पर सभी को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संस्कृति और विरासत का संरक्षण करते हुए देश को विकास के पथ पर अग्रसर कर रहे हैं।
*******
अमरीका में भारतीय अमरीकी नेताओं ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत का स्वागत किया है और इसे ऐतिहासिक जनादेश तथा राज्य में सुशासन, सुरक्षा और विकास के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ बताया है। प्रख्यात भारतीय अमरीकी नेता डॉ. भरत बराई ने इस परिणाम को राज्य की जनता की विजय बताया और पिछली सरकार पर राज्य के सभी संसाधनों का दुरुपयोग करके माफिया साम्राज्य को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
*******
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने देश में एक मजबूत अनुसंधान और नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया है। नई दिल्ली में आज आईआईटी मद्रास तकनीकी शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए, श्री प्रधान ने नवाचार-संचालित परिणाम देने के लिए भारत के अनुसंधान पारिस्थितिकी तंत्र को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में, सरकार अनुसंधान क्षेत्र में एक नया इकोसिस्टम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। वो दिन अब बीत गए जब संस्थान केवल शिक्षा तक ही सीमित रहते थे, अब प्राथमिकताएं बदल गई हैं। अनुसंधान केवल PhD थीसिस, साइटेशन पेपर या प्रकाशन तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अनुसंधान से नवाचार यानी इनोवेशन होना चाहिए।
*******
भाजपा सांसद राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, संदीप पाठक और राजेंद्र गुप्ता ने आज राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर पंजाब में आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा कथित तौर पर राज्य तंत्र के दुरुपयोग पर चिंता व्यक्त की। मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए श्री राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार पर आरोप लगाया कि वह हाल ही में पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सांसदों को निशाना बनाने के लिए राज्य तंत्र का इस्तेमाल कर रही है।
मैं सीधे तौर पर आम आदमी पार्टी को कहना चाहता हूं कि आप ये विजिलेंस, ये पॉल्यूशन बोर्ड, ये पंजाब पुलिस का सहारा लेकर जो बदले की भावना से कार्रवाई कर रहे हैं, ये डेंजरेस खेल है जिसकी शुरुआत तो आपने कर दी है, लेकिन इसका अंत बहुत खराब होने जा रहा है। जब तक हम आपके साथ थे, हम तमाम लोग बहुत अच्छे, बड़े संस्कारी थे, आज्ञाकारी थे और जैसे ही आपका साथ हमने छोड़ा हम सब लोग भ्रष्टाचारी हो गए।
इसी बीच, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसदों के भाजपा में शामिल होने के संबंध में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए श्री मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी सांसदों का भाजपा में विलय असंवैधानिक है और उन्होंने राज्यसभा से उनकी अयोग्यता की मांग की।
*******
दिल्ली पुलिस ने एक अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए उत्तराखंड से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि आरोपी ऑनलाइन निवेश घोटालों में शामिल थे। उन्होंने कहा कि वह साइबर जालसाजों के लिए फर्जी बैंक खाते बनाने और वित्तीय लेनदेन में सहायता करने में सक्रिय रूप से शामिल थे।
*******
भारत के दो पत्रकारों ने देश में साइबर अपराध का पर्दाफाश करने वाली चित्र आधारित रिपोर्टिंग परियोजना के लिए प्रतिष्ठित पुलित्ज़र पुरस्कार जीता है। आनंद आर.के और सुपर्णा शर्मा तथा नतालिए ओबिको पिअर्सन को इलस्ट्रेटिड रिपोर्टिंग और कॉमंट्री श्रेणी में विजेता घोषित किया गया। उन्होंने यह रिपोर्ट ब्लूमबर्ग के लिए तैयार की थी।
हनोई के रिपोर्टर अनिरूद्ध घोषाल को अंतर्राष्ट्रीय रिपोर्टिंग वर्ग में विजयी घोषित किया गया। उन्होंने अमरीका की बॉर्डर पेट्रोल द्वारा गुप्त रूप से इस्तेमाल किए जा रहे व्यापक निगरानी उपकरणों की जांच की, जिन्हें मूल रूप से सिलिकॉन वैली में विकसित किया गया था और बाद में चीन में उन्नत रूप से विकसित किया गया। इस श्रृंखला ने चीन और अन्य देशों द्वारा इनके उपयोग को भी उजागर किया। पुलित्जर पुरस्कार पत्रकारिता के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित पुरस्कार है। इसे अमरीका में कोलंबिया युनिवर्सिटी द्वारा दिया जाता है। समाचार कक्ष से मैं आकर्षिता सिंह।
*******
भारत-सूडान विदेश कार्यालय परामर्श का नौवां दौर कल पोर्ट सूडान में आयोजित किया गया। परामर्श की सह-अध्यक्षता विदेश मंत्रालय के पश्चिम एशिया और उत्तरी अफ्रीका मामलों के संयुक्त सचिव और सूडान के विदेश मामलों और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के अवर सचिव ने की। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि दोनों देशों ने पारस्परिक हित के क्षेत्रीय मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया।
*******
मध्य चीन के हुनान प्रांत में आतिशबाजी के कारखाने में हुए विस्फोट में 21 लोग मारे गए और 61 अन्य घायल हो गए। चीन के राष्ट्रपति षी चिनफिंग ने दुर्घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
*******
घरेलू शेयर बाजार के संवेदी सूचकांक में आज लगभग शून्य दशमलव तीन प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। अंतिम समाचार मिलने तक सेंसेक्स 246 अंक फिसलकर 77 हजार 24 पर जबकि निफ्टी 73 अंक लुढ़ककर 24 हजार 47 पर था।
*******
आई.पी.एल. क्रिकेट में आज डेल्ही कैपिटल्स का मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स से होगा। यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शाम साढे सात बजे से खेला जाएगा। कल रात मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स को छह विकेट से हरा दिया।
*******
मौसम विभाग ने अगले दो दिन के दौरान मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र के कुछ हिस्सों में आज भी ऐसी ही स्थिति रह सकती है।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात में फुज़ैराह हमले की कड़ी निंदा की, हमले में तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। श्री मोदी का पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए संवाद और कूटनीति का आह्वान।
- होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण के लिए संघर्ष के बीच, अमरीका और ईरान ने खाड़ी में नए सिरे से हमले किए।
- विदेश मंत्री एस जयशंकर ने जमैका की विदेश मंत्री कामिना जे स्मिथ से बातचीत की। दोनों देशों के बीच मजबूत आर्थिक संबंधों का आह्वान।
- पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरलम् में विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद सरकार गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज़।
- शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का नवाचार-आधारित परिणाम देने के लिए भारत के अनुसंधान तंत्र को बदलने की आवश्यकता पर जोर।
- और आईपीएल क्रिकेट में, आज शाम डेल्ही कैपिटल्स का मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स से।
*******