मुख्य समाचार:
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी भारी जीत की ओर अग्रसर, 293 सीटों में से 193 सीटों पर आगे, तृणमूल कांग्रेस की 93 सीटों पर बढ़त।
असम में भाजपा तीसरी बार सत्ता में आने को तैयार।
तमिलनाडु में, अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टी.वी.के. की अपने पहले ही चुनाव में जबरदस्त सफलता। सत्तारूढ़ डीएमके तीसरे स्थान पर, मुख्यमंत्री एमके स्टालिन पीछे चल रहे हैं।
केरलम में, कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ स्पष्ट बहुमत की ओर।
पुद्दुचेरी में एनडीए की सत्ता में फिर वापसी।
विधानसभा उपचुनावों में, भाजपा ने त्रिपुरा, नागालैंड और गुजरात में एक-एक सीट जीती।
——————————–
पश्चिम बंगाल, असम, केरलम, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनाव की मतगणना के रूझानों से भविष्य की राजनीति की दिशा तय होने के संकेत मिल रहे हैं।
पश्चिम बंगाल, और केरलम में सत्ता परिवर्तन तय नजर आ रहा है। पश्चिम बंगाल में भाजपा को ऐतिहासिक जीत मिलने जा रही है और वो पहली बार इस पूर्वी राज्य में सरकार बनाएगी।
——————————–
पश्चिम बंगाल में विधानसभा की 293 सीटों में से 292 के रूझान मिल रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी ने काफी बढ़त बना ली है और वो 193 सीटों पर आगे है।
तृणमूल कांग्रेस गठबंधन – 93
ए.जे.यू.पी. – 2
ए.आई.एस.एफ – 2
कांग्रेस – 1
और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी – एक सीट पर आगे है।
राज्य की फलता सीट पर दोबारा चुनाव कराने का फैसला किया गया है। यहां 21 मई को मतदान होगा।
——————————–
केरलम में कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ गठबंधन सत्तारूढ़ एलडीएफ से बहुत आगे निकल गया है।
वहां विधानसभा की सभी 140 सीटों में से 9 के परिणाम मिल गए हैं। 6 सीट कांग्रेस, 2 मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और एक सीट आई.यू.एम.एल ने जीती है। पुतुपल्ली सीट कांग्रेस के चांडी ओम्मन, हरिपद सीट रमेश चेन्नीतला, निलांबुर सीट आर्यदन शौकत, त्रिशूर सीट राजन जे. पल्लन और कोल्लम सीट बिन्दु कृष्णा ने जीती। अल्तूर से मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के टी.एम. शशि विजयी रहे। रूझान इस प्रकार हैं-
कांग्रेस – 54
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी – 26
आई.यू.एम.एल – 22
सीपीआई – 9 पर आगे।
——————————–
पुद्दुचेरी में परिणाम और रूझानों में एआईएनआरसी की सत्ता बरकरार रहने की साफ संकेत हैं।
——————————–
भाजपा प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने आकाशवाणी समाचार से बातचीत में कहा कि विधानसभा चुनावों के शुरुआती रुझान भाजपा के पक्ष में हैं और पार्टी असम और पश्चिम बंगाल में भारी बहुमत से जीत हासिल करने जा रही है। श्री सिन्हा ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने तृणमूल कांग्रेस की राजनीति को नकार दिया है।
भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के रुझान भाजपा के पक्ष में उभर रहे हैं।
पश्चिम बंगाल में जो रूझान दिख रहे हैं। वो दर्शा रहे है कि बंग भूमि में राष्ट्रवाद की तरंग उठी है और रूझान दिखा रहे है कि वो निरंतर एक ज्वार में परिवर्तित हो रही है और जब वो परिणाम में परिवर्तित होंगे, तो वो सुनामी के रूप में दिखाई देंगे। 12 वर्षों के सतत प्रयास और हमारे केन्द्रीय नेतृत्व की दूरदृष्टि के साथ कार्यकर्ताओं के संघर्ष, बलिदान के साथ हम इस मुकाम तक पहुंचे। असम में 2011 के चुनाव में हमारी तीन-चार सीटें तीसरी बार सरकार, ये अपने आप में दिखाता है कि पूर्वोत्तर में कितना बड़ा बदलाव आया है।
भाजपा नेता जी.वी.एल. नरसिम्हा राव ने विधानसभा चुनावों के रुझानों में ऐतिहासिक जनादेश देने के लिए असम और पश्चिम बंगाल की जनता द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनके विकास मॉडल को वोट देना बताया है।
भाजपा नेता रवि त्रिपाठी ने कहा है कि पश्चिम बंगाल की जनता ने भाजपा को स्पष्ट जनादेश दिया है।
——————————–
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आकाशवाणी से बातचीत में कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल में पहली बार सरकार बनाने जा रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि यह केवल शुरूआती रूझान हैं और पूरी तस्वीर साफ होने पर ही कुछ कहना उचित होगा।
——————————–
असम में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। असम में विधानसभा की 126 सीटों में से 2 के परिणाम मिले हैं। बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट के चरण बोरो ने मजबूत सीट जीती है। धेमाजी सीट से सत्तारूढ़ भाजपा के डॉ. रनोज पेगु विजयी रहे।
भाजपा – 78
कांग्रेस – 24
बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट – 9
असम गण परिषद – 8
एआईयूडीएफ – 2
और अन्य – 3 सीट पर आगे हैं।
——————————–
पांच राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर उपचुनावों में से तीन के परिणाम मिल गए हैं और तीनों ही भाजपा के खाते में गए हैं।
गुजरात की उमरेठ सीट भाजपा उम्मीदवार हर्षदभाई गोविन्दभाई परमार ने जीती।
कर्नाटक की बागलकोट से कांग्रेस उम्मीदवार उमेश हुल्लाप्पा मेती और दावणगेरे दक्षिण से कांग्रेस उम्मीदवार समर्थ शमनुर मल्लिकार्जुन आगे हैं।
महाराष्ट्र की राहुरी सीट से भाजपा उम्मीदवार अक्षय शिवाजीराव करदिले और बारामती सीट से पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नि और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी उम्मीदवार सुनेत्रा अजित पवार बढ़त बनाए हुए है।
नागालैंड की कोरिडांग सीट भाजपा उम्मीदवार दाओचीर आई इमचेन ने जीती।
त्रिपुरा की धर्मनगर सीट से भाजपा उम्मीदवार जाहर चक्रवर्ती विजयी रहे।
——————————–
नागालैंड में भाजपा उम्मीदवार दाओचिर आई इम्चेन ने 28 कोरिडांग विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सात हजार तीन सौ 17 वोटों से जीत हासिल की। पीडीए के उम्मीदवार ने निर्दलीय प्रतिद्वंद्वी तोशिकाबा को हराया, जिन्हें चार हजार एक सौ 94 वोट मिले। इस सीट के लिए कुल छह उम्मीदवार मैदान में थे।
निर्दलीय उम्मीदवार इम्तिवापांग को तीन हजार छह सौ 33 वोट मिले, जबकि राष्ट्रीय जन पार्टी (एनपीपी) के आई. अबेनजांग को तीन हजार दो सौ 19 वोट मिले। निर्दलीय उम्मीदवार इम्चाटोबा इम्चेन को 147 वोट मिले, वहीं कांग्रेस उम्मीदवार टी. चालुकुम्बा आओ को सबसे कम 144 वोट मिले।
——————————–
तमिलनाडु में विधानसभा की सभी 234 सीटों के रूझान मिल गए हैं।
अभिनेता विजय जोसेफ की पार्टी टीवीके ने सभी को चौंकाते हुए 112 सीटों पर बढ़त बना ली है।
ए.आई.ए.डी.एम.के. – 58
डीएमके – 47
पीएमके – 5
कांग्रेस – 4
सीपीआई – 2
भाजपा – 1
और अन्य 4 सीट पर आगे हैं।
——————————–
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने जमैका में भारतीय समुदाय के साथ चर्चा की है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि जमैका के प्रधानमंत्री ने भारतीय समुदाय के योगदान की सराहना की। दोनों पक्षों के बीच खासकर बुनियादी ढांचे, मानव विकास और तकनीक आधारित शासन तथा उद्यमिता पर विमर्श हुआ। दोनों नेताओं ने भारत – जमैका संबंधों में हाल के घटनाक्रम पर भी चर्चा की।
डॉ. जयशंकर जमैका, सूरीनाम तथा त्रिनिदाद और टोबैगों की यात्रा पर हैं।
——————————–
चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनावों के परिणाम घोषित होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
——————————–
भारत ने लिपुलेख दर्रे पर नेपाल के दावे को खारिज करते हुए कहा है कि यह दर्रा वर्ष 1954 से कैलाश मानसरोवर यात्रा का पुराना मार्ग है। प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत लगातार कहता रहा है कि ऐसे दावे अनुचित और ऐतिहासिक तथ्यों से परे हैं।
नेपाल ने भारत-चीन द्वारा आगामी कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए लिपुलेख दर्रे का उपयोग करने पर आपत्ति जताई है। नेपाल ने कहा है कि यह क्षेत्र उसके अधिकार में आता है।
——————————–
घरेलू शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों में आज दोपहर के कारोबार में लगभग शून्य दशमलव दो प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। अंतिम समाचार मिलने तक सेंसेक्स 159 अंक बढ़कर 77 हजार 73 पर जबकि निफ्टी 58 अंक की वृद्धि के साथ 24 हजार 56 पर था।
——————————–
आईपीएल क्रिकेट में, आज लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस आमने-सामने होंगे। मुंबई में यह मैच शाम साढे सात बजे से खेला जाएगा।
——————————–
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय, सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और विभिन्न एजेंसियों के सहयोग से, देश भर में आज से अखिल भारतीय ‘अग्नि सुरक्षा सप्ताह’ मना रहा है। इसका उद्देश्य स्वास्थ्य केंद्रों में अग्नि खतरों की रोकथाम और निवारण के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
——————————–
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी भारी जीत की ओर अग्रसर, 293 सीटों में से 192 सीटों पर आगे, तृणमूल की 95 सीटों पर बढ़त।
असम में भाजपा तीसरी बार सत्ता में आने को तैयार।
तमिलनाडु में, अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टी.वी.के. की अपने पहले ही चुनाव में जबरदस्त सफलता। सत्तारूढ़ डीएमके तीसरे स्थान पर, मुख्यमंत्री एमके स्टालिन पीछे चल रहे हैं।
केरलम में, कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ स्पष्ट बहुमत की ओर।
पुद्दुचेरी में एनडीए की सत्ता में फिर वापसी।
विधानसभा उपचुनावों में, भाजपा ने त्रिपुरा, नागालैंड और गुजरात में एक-एक सीट जीती।
——————————–