मुख्य समाचार:
- चार राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव की मतगणना कल। सभी इंतजाम पूरे।
- निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में फलता विधानसभा सीट के सभी 285 केंद्रों पर 21 मई को फिर मतदान के आदेश दिए।
- राजधानी दिल्ली के विवेक विहार क्षेत्र में भीषण आग में 9 लोगों की मृत्यु।
- पश्चिम एशिया में वर्तमान संकट के बीच ओपेक-प्लस देश जून में तेल उत्पादन बढ़ाने पर सैद्धांतिक रूप से सहमत।
- आज विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस मनाया जा रहा है।
- और आईपीएल क्रिकेट में आज हैदराबाद में कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से।
*****
पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरलम और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव की मतगणना कल सुबह 8 बजे से शुरू होगी। निर्वाचन आयोग ने इसकी सभी तैयारियां कर ली हैं। पश्चिम बंगाल में मतों की गिनती कड़ी सुरक्षा के बीच 77 मतगणना केन्द्रों पर की जाएगी।
294 सीटों में से, पश्चिम बंगाल की 293 विधानसभा सीटों के लिए वोटों की गिनती कल होगी। मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के तीन-स्तरीय इंतज़ाम किए गए हैं, जिसमें ज़िला पुलिस, राज्य पुलिस और केंद्रीय बलों को तैनात किया गया है। मतगणना स्थलों पर केंद्रीय बलों की कुल 200 कंपनियाँ तैनात की गई हैं। यह पूरी प्रक्रिया रिटर्निंग अधिकारियों और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों के नियंत्रण में होगी। यह पहली बार है जब मतगणना प्रक्रिया के लिए वरिष्ठ IPS अधिकारियों को पुलिय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। मतगणना प्रक्रिया का प्रबंधन एक टीम करेगी। इसमें सुपरवाइज़र, मतगणना सहायक और माइक्रो-पर्यवेक्षक शामिल होंगे। कोलकाता से कल्याण लाहा की रिपोर्ट के साथ समाचाकर कक्ष से कुमार राधारमण।
केरलम विधानसभा की 140 सीटों के लिए 9 अप्रैल को लगभग 79 प्रतिशत मतदान हुआ।
वरिष्ठ अधिकारियों ने केरलम के सभी 140 मतगणना केंद्रों पर तैयारियों के अंतिम दौर की समीक्षा की है। मतगणना स्थलों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जिससे यह प्रक्रिया सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। अधिकारियों को कल सुबह 6 बजे तक मतगणना केंद्रों पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है। मतगणना एजेंटों को भी मतगणना शुरू होने से एक घंटा पहले रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्वाचन आयोग ने रिटर्निंग अधिकारियों सहित सभी कर्मचारियों के लिए जारी किए गए क्यू.आर. कोड वाले पहचान पत्र को साथ रखना अनिवार्य कर दिया है। इसके साथ ही, मतगणना केंद्रों में प्रवेश के लिए त्रि-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था भी लागू की गई है। स्मिथ एम. पल्लुरुथी, की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मनोज।
पुद्दुचेरी विधानसभा चुनावों की मतगणना के लिए सुरक्षा और निगरानी के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुद्दुचेरी के मुख्य चुनाव अधिकारी पी. जवाहर ने आकाशवाणी को बताया कि पुद्दुचेरी की सभी 30 विधानसभा सीटों की मतगणना कराईक्काल, यानम और माहे में होगी।
पुद्दुचेरी के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना लास्पेट इलाके में स्थित तीन केंद्रों पर होगी। ये मतगणना केंद्र पूरी तरह से सुरक्षित हैं। इन जिलों में निर्वाचन अधिकारियों की देखरेख में पुलिस विभाग और अर्धसैनिक बलों द्वारा तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि तमिलनाडु में 62 मतगणना केंद्र बनाये गये हैं।
सभी पार्टियों ने मतगणना प्रक्रिया की तैयारी के लिए अपने-अपने प्रतिनिधियों के साथ बैठक बुलाई है। डीएमके और टीवीके ने मतगणना के दिन गड़बड़ी की आशंका जताते हुए राज्य में कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग को पत्र लिखा है। राज्य के 234 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ था। सभी मतगणना केंद्रों पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। ईवीएम और वीवीपीएटी मशीनों को पूरी सुरक्षा और व्यवस्था के साथ स्ट्रांग रूम से मतगणना केंद्रों में भेज दिया गया है। राज्य भर के प्रमुख स्थानों पर पुलिस ने फ्लैग मार्च भी किया और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मतगणना केंद्रों के पास यातायात को भी डायवर्ट किया गया है। जॉय के साथ सुशील चंद्र तिवारी आकाशवाणी समाचार चेन्नई।
असम में विधानसभा की सभी 126 सीट के लिए 35 जि़लों के 40 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना होगी। राज्य में 9 अप्रैल को लगभग 86 प्रतिशत मतदान हुआ था।
*****
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के फलता विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 मतदान केंद्रों पर 21 मई को फिर मतदान होगा। मतगणना 24 मई को की जाएगी। निर्वाचन आयोग ने बताया कि 29 अप्रैल के मतदान में गंभीर गडबड़ी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के बड़े पैमाने पर उल्लंघन के बाद यह निर्णय लिया गया है।
पर्यवेक्षकों ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों से छेड़छाड़, मतदाताओं को डराने-धमकाने और मतदान नियमों का उल्लंघन जैसी गंभीर अनियमितताओं की सूचना दी है। कई केन्द्रों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के बटन पर जानबूझकर काला टेप लगाया गया था। अनधिकृत लोगों का मतदान केंद्रों में प्रवेश और दूसरों का वोट डालने की भी घटना सामने आई हैं।
*****
दिल्ली के विवेक विहार इलाके में आज तड़के चार मंज़िला इमारत में भीषण आग लगने से 9 लोगों की मृत्यु हो गई। आग लगने की घटना की जानकारी मिलने के बाद 14 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। अग्निशमन अधिकारी मुकेश वर्मा ने बताया कि सुबह 6 बजकर 25 मिनट तक आग पर काबू पा लिया गया।
इम्मीडिएटली हमारी गाडि़यां यहां पर पहुंची और सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन और फयार फाइटिंग ऑपरेशन साइमनटेनसली हमने स्टार्ट करा। फ्रंट साईड से हमने अपने स्पेशलाइज्ड वाईकल, लैडर, फायर इक्यूपमेंट, कटर्स वगैरा डिप्लोए कर के आगे से टोटल जो है 15 व्यक्तियों को यहां से रेस्क्यू करा। टोटल 9 इसमें चार्ट बॉडी रिकवर करी जो कि दिल्ली पुलिस को हैंडओवर कर दी गई है।
*****
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आग लगने की दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री संधू ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार इस मुश्किल घडी में प्रभावित परिवारों के साथ है। उन्होंने कहा कि स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है।
*****
संसदीय कार्य मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता किरेन रिजिजू ने आरोप लगाया है कि विपक्षी दल सरकारी एजेंसियों, निर्वाचन आयोग, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों और मीडिया पर लगातार हमले कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष अब न्यायपालिका को भी निशाना बना रहा है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री रिजिजू ने कहा कि इन दलों को यह एहसास नहीं है कि वे देश के लोकतंत्र की नींव पर हमला कर रहे हैं।
*****
भारतीय जनता पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने आज राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में, राज्य में कदाचार, शासन व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति और प्रशासनिक व्यवस्था के दुरुपयोग पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने हाल ही में आयोजित एकदिवसीय विशेष विधानसभा सत्र में, नशे की हालत में भाग लिया जो चिंता का विषय है।
इस बीच, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कल मोहाली में लोक मिलनी के दौरान कहा कि विपक्षी दल उन्हें बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं क्योंकि विपक्षी दल जनता के कल्याण के लिए राज्य सरकार के कार्यों से ईर्ष्या करते हैं।
*****
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज नई दिल्ली में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने बताया कि रक्षामंत्री से विकसित बिहार के लक्ष्य को साकार करने पर चर्चा हुई। श्री चौधरी ने बताया कि रेलमंत्री से मुलाकात में रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, बेहतर रेलसंपर्क और बिहार के समग्र विकास में तेजी लाने पर विचार-विमर्श हुआ।
*****
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच, ओपेक-प्लस समूह के सात देश जून में तेल उत्पादन बढ़ाने पर सैद्धांतिक रूप से सहमत हो गए हैं। सऊदी अरब, इराक, कुवैत, अल्जीरिया, कजाखिस्तान, रूस और ओमान अगले महीने प्रतिदिन लगभग एक लाख 88 हज़ार बैरल तेल उत्पादन बढ़ाएंगे। भू-राजनीतिक संकट और संयुक्त अरब अमीरात के समूह से अलग होने के बाद, यह लगातार तीसरा महीना होगा जब ओपेक प्लस तेल का अधिक उत्पादन करेंगे।
*****
आज विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस है। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 1993 में प्रत्येक वर्ष 3 मई को विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस मनाने की घोषणा की थी।
इस वर्ष विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस का विषय है- शांतिपूर्ण भविष्य का निर्माण। विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की पुष्टि करने और पत्रकारिता, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित प्रौद्योगिकी तथा मानवाधिकार कार्यकर्ताओं को भविष्य के लिए सूचना व्यवस्था मजबूत करने के व्यावहारिक तरीकों के लिए एकजुट करने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। यह दिन प्रेस की स्वतंत्रता और स्वायत्तता के लिए महत्वपूर्ण है। यह सरकारों को प्रेस की स्वतंत्रता की प्रतिबद्धता का सम्मान करने की याद दिलाता है और मीडिया पेशेवरों के लिए प्रेस की स्वतंत्रता और पेशेवर नैतिकता के मुद्दों पर चिंतन करने का भी दिन है। समाचार कक्ष से कृष्णकान्त।
*****
अंतरराष्ट्रीय सौर दिवस पर आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रन फॉर सन मैराथन का आयोजन किया गया। नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा सचिव संतोष कुमार सारंगी ने कहा कि इस दिन सौर ऊर्जा का उपयोग करके अधिकतम बिजली प्राप्त करने के तरीकों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए यह आयोजन किया जा रहा है।
सूर्य ग्रहण हमलोग के लिए अल्टीमेट सोर्स ऑफ़ एनर्जी है। उसका इतना सालों तक हम लोग व्यवहार नहीं कर पा रहे थे, लेकिन आज उसका व्यवहार करके देश में एक लाख 50 हजार मेगावाट का इंस्टालेशन हो चुका है और भी आगे बढ़ाना है हम लोगों को।
श्री सारंगी ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत देश भर में 38 लाख घरों को शामिल किया जा चुका है।
*****
उत्तराखंड में कई इलाक़ों में रुक-रुककर वर्षा जारी रहने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ब्यौरा हमारी संवाददाता से-
राज्य के विभिन्न हिस्सों में आज सुबह से हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। पिछले तीन दिनों में विभिन्न स्थानों पर हुई बारिश के कारण प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग केंद्र, देहरादून के अनुसार आज और कल भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है। विभाग ने इस दौरान गरजन के साथ बारिश और तेज आंधी-तूफान की चेतावनी दी है। देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिलों में ओलावृष्टि और तेज बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, देहरादून।
*****
आज पूर्वोत्तर भारत, केरलम, माहे, पश्चिम बंगाल में हिमालय के तराई वाले क्षेत्रों, सिक्किम, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी के कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, छत्तीसगढ़ और तटीय आंध्रप्रदेश में बादल गरजने और बिजली गिरने की आशंका है।
*****
आईपीएल क्रिकेट में आज हैदराबाद में कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। यह मैच दोपहर बाद साढ़़े तीन बजे से खेला जाएगा। अहमदाबाद में शाम साढ़े सात बजे गुजरात टाइटन्स और पंजाब किंग्स आमने-सामने होंगे।
कल चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 8 विकेट से हराया था।
*****
स्नातक चिकित्सा शिक्षा में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-नीट यूजी आज आयोजित की जा रही है। परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू हुई और शाम 5 बजे तक चलेगी।
*****
संयुक्त अरब अमीरात में भी भारतीय मूल के विद्यार्थी नीट परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। दुबई और शारजाह में परीक्षा केंद्र बनाए गये हैं। परीक्षा की निगरानी दुबई में भारत का महावाणिज्य दूतावास कर रहा है।
*****
शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने स्नातक मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए नीट परीक्षा में शामिल हो रहे विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि चिकित्सा का क्षेत्र करूणा, सेवा और जीवनभर सीखने की प्रतिबद्धता का क्षेत्र है।
*****
ईरान ने संघर्ष विराम के लिए अमरीका को 14-सूत्री प्रस्ताव सौंपा है। इसमें लेबनान सहित सभी मोर्चों पर युद्ध समाप्त करने की रूपरेखा पेश की गई है। प्रस्ताव में इस बात पर जोर दिया गया है कि कूटनीतिक प्रयासों में युद्धविराम को केवल बढ़ाने के बजाय युद्ध की समाप्ति को प्राथमिकता दी जाए।
उधर, अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कल इस प्रस्ताव पर असंतोष व्यक्त किया, लेकिन कहा कि वे इसकी समीक्षा करेंगे।
*****
भारत और कंबोडिया के बीच दूसरे सैन्य अभ्यास सिनबैक्स के लिए भारतीय सेना की एक टुकड़ी कंबोडिया रवाना हो गई है। सेना के अपर लोक सूचना महानिदेशक ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि यह अभ्यास 4 से 17 मई तक होगा जिसका उद्देश्य दोनों देशों की सेना के बीच अर्धशहरी परिवेश में किसी भी अभियान के लिए तालमेल को और बेहतर बनाना है।
*****
पंचायत विकास योजनाओं की तैयारी पर दो दिन की राष्ट्रीय कार्यशाला कल से नई दिल्ली में शुरु हो रही है। कार्यशाला में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि वर्ष 2026-27 के लिए पंचायत विकास योजनाएं सोलहवें वित्त आयोग की शर्तों के अनुरूप हों और ग्रामीण समुदायों के लिए स्पष्ट दिख सकने योग्य परिणाम प्रदान करें। पंचायती राज मंत्रालय ने यह भी बताया कि कार्यशाला में राज्यों के प्रतिनिधि और पंचायत से जुड़े प्रमुख पक्ष शामिल होंगे।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- चार राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव की मतगणना कल। सभी इंतजाम पूरे।
- निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में फलता विधानसभा सीट के सभी 285 केंद्रों पर 21 मई को फिर मतदान के आदेश दिए।
- राजधानी दिल्ली के विवेक विहार क्षेत्र में भीषण आग में 9 लोगों की मृत्यु।
- पश्चिम एशिया में वर्तमान संकट के बीच ओपेक-प्लस देश जून में तेल उत्पादन बढ़ाने पर सैद्धांतिक रूप से सहमत।
- आज विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस मनाया जा रहा है।
- और आईपीएल क्रिकेट में आज हैदराबाद में कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से।
*****