May 2, 2026 3:21 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मतगणना पर्यवेक्षकों के रूप में केवल केंद्रीय कर्मचारियों की नियुक्ति के निर्वाचन आयोग के फैसले पर सर्वोच्च न्यायालय का हस्तक्षेप से इनकार। कहा- अधिकारियों का चयन आयोग का अधिकार।

 

पश्चिम बंगाल की दो विधानसभा सीटों के 15 बूथों पर पुनर्मतदान जारी। दोपहर एक बजे तक लगभग 56 प्रतिशत मतदान।

 

लोकसभा अध्यक्ष ने वर्ष 2026-27 के लिए चार संसदीय समितियों का पुनर्गठन किया।

 

भारत और नेपाल के बीच बाढ़ पूर्वानुमान मॉडल पर चर्चा जारी।

 

मौसम विभाग का अगले दो दिन पूर्वोत्तर और देश के प्रायद्वीपीय हिस्सों में तेज वर्षा का अनुमान।

 

आईपीएल क्रिकेट में आज शाम चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा।

 

*****

 

सर्वोच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना के लिए केंद्रीय कर्मचारियों की नियुक्ति के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस की याचिका में दखल देने से इनकार कर दिया। न्यायमूर्ति पी. एस. नरसिम्हा और जॉयमाल्या बागची की विशेष पीठ ने कहा कि निर्वाचन आयोग को मतगणना के लिए कर्मियों को नियुक्त करने का पूरा अधिकार है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि विशेष पीठ ने कहा कि केंद्रीय कर्मचारियों को शामिल करने के निर्देश वाले 13 अप्रैल के परिपत्र को गलत नहीं कहा जा सकता।

 

निर्वाचन आयोग ने न्यायालय को बताया कि परिपत्र में केंद्र और राज्य सरकार के कर्मचारियों के मिश्रण का स्पष्ट प्रावधान है। आयोग ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस की किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की आशंका निराधार है। पीठ ने कहा कि आयोग केंद्रीय कर्मचारियों सहित एक ही समूह से मतगणना कर्मियों का चयन कर सकता है और उसके परिपत्र में कोई त्रुटि नहीं है।    इससे पहले, कलकत्ता उच्च न्यायालय ने तृणमूल कांग्रेस की याचिका खारिज करते हुए कहा था कि निर्वाचन आयोग का राज्य कर्मचारियों के बजाय केंद्रीय कर्मियों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के कर्मचारियों को मतगणना पर्यवेक्षक और सहायक के रूप में नियुक्‍त करने का निर्णय वैध हैपश्चिम बंगाल विधानसभा के 294 सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में कराया गया था। कोलकाता से संदीपन और मानस की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जागृति शर्मा।

 

*****

 

इस बीच, पश्चिम बंगाल में दक्षिण 24 परगना जिले की दो विधानसभा सीटों के 15 बूथों पर पुनर्मतदान जारी है। दोपहर एक बजे तक लगभग 56 प्रतिशत मतदान की खबर है। मगराहट पश्चिम के 11 बूथ और डायमंड हार्बर के चार बूथ पर वोट डाले जा रहे हैं। निर्वाचन आयोग ने अनियमितताओं की खबरें सामने आने के बाद इन सीटों पर पुनर्मतदान कराया है।

 

दोपहर एक बजे तक मगराहट पश्चिम में लगभग 56 प्रतिशत और डायमंड हार्बर में लगभग 55 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतगणना 4 मई को होगी।

 

*****

 

तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों पर सोमवार को होने वाली मतगणना की तैयारियां जोरों पर हैं। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से –

 

तमिलनाडु में विधानसभा चुनावों में डाले गए वोटों की गिनती के लिए कुल 62 मतगणना केंद्र स्‍थापित किए गए हैं। इस बार डीएमके, एआईएडीएमके और राज्य के राजनीतिक मैदान में नये खिलाडी के तौर पर उभरी टीवीके पार्टी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। कई सीटों पर पिछले चुनाव में वोटों कम अंतर से जीतहार होने और इस बार बहुकोणीय मुकाबले की आशंका को देखते हुए राजनीतिक दल मतगणना के दिन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए कड़ी निगरानी रख रहे हैं और इसके लिए विशेष वॉर रूमतैयार किए गए हैं। तमिलनाडु की प्रधान सचिव और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, अर्चना पटनायक भी आगामी मतगणना प्रक्रिया की तैयारियों के संबंध में ज़िला चुनाव अधिकारियों के साथ लगातार समीक्षा बैठकें कर रही हैं और तैयारियों का जायजा ले रही हैं। सुशील चंद्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार, चेन्नई।

 

*****

 

उधर, केरलम में सोमवार को होने वाली मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी रतन यू. केलकर ने बताया कि मतगणना 8 बजे से 43 स्थानों पर बने 140 मतगणना केंद्रों पर होगी। इस प्रक्रिया के लिए रिटर्निंग ऑफिसर, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर, सूक्ष्म पर्यवेक्षक, मतगणना पर्यवेक्षक और सहायकों सहित कुल 15 हजार 4 सौ 65 अधिकारी तैनात रहेंगे। स्ट्रॉन्ग रूम में उम्मीदवारों या उनके अधिकृत प्रतिनिधियों, चुनाव पर्यवेक्षकों और अधिकारियों की उपस्थिति में मतपत्र खोले जाएंगे और पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी होगी।

 

*****

 

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने वर्ष 2026-27 के लिए चार संसदीय समितियों का पुनर्गठन किया है। भाजपा सांसद डॉ. संजय जायसवाल को लोकसभा के 30 सदस्यों वाली अनुमान समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। लोकसभा के 15 और राज्यसभा के 7 सदस्यों वाली लोक उपक्रम समिति की अध्यक्षता भाजपा सांसद बैजयंत पांडा करेंगे। लोकसभा से कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल को लोक लेखा समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। समिति में लोकसभा के 15 और राज्यसभा के 7 सदस्य शामिल हैं। वहीं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति कल्याण समिति की अध्यक्षता लोकसभा में भाजपा सांसद, फग्गन सिंह कुलस्ते करेंगे। समिति में लोकसभा के 20 और राज्यसभा के 10 सदस्य शामिल हैं। समितियों का कार्यकाल अगले वर्ष 30 अप्रैल तक रहेगा।

 

*****

 

पंजाब पुलिस ने राज्यसभा सांसद, संदीप पाठक के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। संदीप पाठक हाल ही में भाजपा में शामिल हुए थे। उनके साथ आम आदमी पार्टी के 6 अन्य राज्यसभा सांसदों ने भी भाजपा की सदस्‍यता ग्रहण की थी।

 

*****

 

सरकार ने स्वदेशी तकनीक का उपयोग करते हुए नागरिकों को आपदा की तत्काल सूचना देने के लिए सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम शुरू किया है। इस प्रणाली का परीक्षण करने के लिए आज दोपहर करीब 12 बजे नागरिकों के मोबाइल पर सायरन के साथ एक सूचना भेजी गई। परीक्षण के दौरान संदेश में लिखा था – सतर्क नागरिक, सुरक्षित राष्ट्र। यह संदेश परीक्षण के लिए है, इसलिए जनता को इस पर कोई प्रतिक्रिया देने की कोई आवश्यकता नहीं है। एक रिपोर्ट…

 

केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इस संदेश से नागरिकों को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। यह भारत की नई मोबाइल आधारित आपदा संचार प्रणाली का परीक्षण संदेश है। इसे दूरसंचार विभाग ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से सेल ब्रॉडकास्ट तकनीक का उपयोग करके विकसित किया है। श्री सिंधिया ने कहा कि भविष्य में, इसी प्रणाली के माध्यम से आपदा या आपात स्थिति में स्थानीय भाषा में और स्थान के अनुसार तत्काल अलर्ट भेजे जा सकेंगे। दूरसंचार विभाग ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह एक उन्नत सार्वजनिक चेतावनी प्रणाली है। आनंद की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मुकेश कुमार बल।

 

*****

 

जम्मू-कश्मीर घाटी के बीच आज से वंदे भारत एक्सप्रेस ने अपनी नियमित सेवा आधिकारिक तौर पर शुरू कर दी है। ट्रेन सुबह 6 बजकर 20 मिनिट पर जम्मू से रवाना हुई। यह इस क्षेत्र में रेल संपर्क को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस सेवा का उद्घाटन 30 अप्रैल को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया था।

 

*****

 

बिहार, हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और अरूणाचल प्रदेश में जनगणना 2027 के पहले चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण और मकानों की गणना आरंभ हो गई है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि इन राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों में स्वगणना की 15 दिन की पूर्व सूचना अवधि कल समाप्त हुई थी।

 

गृह मंत्रालय ने कहा है कि यह कार्य 30 मई तक जारी रहेगा। इसके अंतर्गत प्रशिक्षित गणनाकर्ता घरघर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। इस बीच, स्वगणना की सुविधा नगरनिगम क्षेत्र दिल्ली, राजस्थान, महाराष्ट्र, मेघालय और झारखंड में भी शुरू हो गई है। ऑनलाईन सुविधा 15 मई तक रहेगी। इसके बाद 16 मई से 14 जून तक घरघर जाकर जानकारी ली जाएगी।     जनगणना का दूसरा चरण अगले वर्ष फरवरी में आयोजित किया जाना है। इस चरण में आयु, लिंग, व्यवसाय, साक्षरता, जाति और अन्य सामाजिकआर्थिक संकेतकों सहित विस्तृत जानकारी एकत्र की जाएगी। जनगणना का उद्देश्य नीति नियोजन और विकास पहलों को समर्थन देने के लिए व्यापक डेटा तैयार करना है। समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।

 

*****

 

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि वैश्विक ऊर्जा संकट के दौरान देश ने अपनी ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के प्रयास किए हैं। वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन में उन्होंने कहा कि दीर्घकालिक योजना ने संकट के प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्‍होंने कहा कि हमने अपने घरेलू उत्‍पादन में 60 प्रतिशत तक की वृद्धि की है।

 

हमने अपने स्रोतों में विविधता लाई है। कच्चे तेल की खरीद अब 27 देशों से बढ़कर 41 देशों तक हो गई है। हमने मध्य पूर्व के अलावा अमरीका, नॉर्वे और अल्जीरिया से एलपीजी की खरीद शुरू कर दी है। भारत ने बहुत तेजी से प्रगति की है। रिफाइनरियों में एलपीजी उत्पादन को अधिकतम करने के लिए आदेश जारी किए गए हैं और हमने अपने घरेलू उत्पादन में 60% की वृद्धि की है।

 

*****

 

सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने आज पटना में बिहार और झारखंड के विभिन्न मीडिया संस्थानों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में पत्र सूचना कार्यालय, केंद्रीय संचार ब्यूरो, आकाशवाणी और दूरदर्शन के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक के दौरान श्री कुमार ने सभी मीडिया संस्थानों को बेहतर समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी मीडिया संस्थानों को डिजिटल मीडिया प्रौद्योगिकी का अधिकतम उपयोग करके अपनी क्षमताओं को बढ़ाना चाहिए।

 

*****

 

आगामी मानसून से पहले बाढ़ के पूर्वानुमान मॉडल पर भारत और नेपाल के बीच काठमांडू में बैठक  हो रही है। भारत की ओर से बिहार के जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव, संतोष कुमार मल बैठक में हिस्‍सा ले रहे हैं। यह बैठक 30 अप्रैल और पहली मई को काठमांडू में आयोजित कोसी और गंडक परियोजनाओं पर भारत-नेपाल संयुक्त समिति की दो दिवसीय बैठक के बाद हो रही है। बैठक में दोनों पक्षों ने जल प्रबंधन और अवसंरचना से संबंधित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति व्यक्त की।

 

नेपाल ने पश्चिमी कोसी मुख्य नहर के 35 किलोमीटर लंबे नेपाली हिस्से के साथ-साथ कोसी बैराज, गंडक बैराज और पश्चिमी मुख्य नहर के कुछ हिस्सों से अतिक्रमण हटाने पर सहमति जताई है। इसके अलावा, पश्चिमी कोसी मुख्य नहर के तटबंधों पर लगे बिजली के खंभों को स्थानांतरित करने की भी मंजूरी दी गई है।

 

*****

 

इस बीच, मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान असम, मेघालय, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल के हिमालय के तराई वाले क्षेत्र, केरल, माहे, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईक्काल में भारी वर्षा का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। विभाग ने बिहार, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और देश के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में आज बिजली और तेज हवाओं के साथ तूफान की भी संभावना व्यक्त की है। आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईक्काल में कल तक गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है।

 

*****

 

अमरीका ने वैश्विक शिपिंग कंपनियों को चेतावनी दी है कि यदि वे होर्मुज जल-डमरू-मध्य से गुजरने के लिए ईरान को भुगतान करती हैं, तो उन्हें प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है। इससे, इस महत्वपूर्ण जलमार्ग पर नियंत्रण को लेकर दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है।

 

खबरों के अनुसार, इस वर्ष की शुरुआत में अमरीका और इस्राएल के बीच हुए संघर्ष के बाद ईरान ने होर्मुज से जहाजों की आवाजाही रोक दी थी। इसके बाद ईरान ने अपनी तटरेखा के पास वैकल्पिक मार्गों से कुछ जहाजों को गुजरने की अनुमति दी, और कभी-कभी इसके लिए शुल्क भी वसूल किया था।

 

अमरीका ने 13 अप्रैल को होर्मुज में नौसैनिक नाकाबंदी लागू की। इससे ईरान के तेल टैंकरों को रोक दिया गया। अमरीका की केंद्रीय कमान ने कहा कि नाकाबंदी शुरू होने के बाद से 45 वाणिज्यिक जहाजों को वापस लौटने के लिए कहा गया है।

 

*****

 

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने यूरोपीय संघ से आयात होने वाली कारों और ट्रकों पर शुल्क  बढ़ाकर 25 प्रतिशत करने की घोषणा की है। इससे, अमरीका का यूरोप के साथ व्यापारिक तनाव और बढ़ गया है। ट्रंप ने यूरोपीय संघ पर व्यापार समझौते का पालन न करने का आरोप लगाया। उन्‍होंने यूरोप की वाहन निर्माता कंपनियों से अमरीका में अपना उत्पादन स्थानांतरित करने का आग्रह किया।

 

यूरोपीय आयोग ने कहा कि वह अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा कर रहा है और अमरीका से स्पष्टीकरण मांग रहा है। आयोग ने कहा कि वह अपने हितों की रक्षा के लिए अपने विकल्प खुले रखेगा।

 

*****

 

ईरान द्वारा संघर्ष समाप्त करने के लिए अमरीका को भेजे गए ताजा प्रस्ताव के बाद कल वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई। अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्प ने कहा है कि वे इस प्रस्ताव से संतुष्ट नहीं हैं।

 

सप्ताह भर में, ब्रेंट क्रूड ऑयल में दो दशमलव सात प्रतिशत की वृद्धि हुई, और डब्ल्यूटीआई में आठ प्रतिशत की तेजी आई।

 

*****

 

आईपीएल क्रिकेट में आज चेन्नई में शाम साढे सात बजे से चेन्नई सुपर किग्ंस का मुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा।

 

कल जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में डेल्ही कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को सात विकेट से हराया था। यह आईपीएल इतिहास में डेल्ही कैपिटल्स का सबसे बड़ा रन चेज़ है।

 

*****

 

उधर, डेनमार्क में थॉमस कप बैडमिंटन के सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला आज फ्रांस से होगा। भारत ने क्वार्टरफाइनल में चीनी ताइपे को तीन-शून्‍य से हराया था।

 

*****

 

फुटबॉल में भारतीय टीम एएफसी अंडर-17 महिला एशिया कप में आज चीन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना अभियान शुरू कर रही है। भारत 2005 के बाद पहली बार इस प्रतियोगिता में भाग ले रहा है। अंडर-17 राष्ट्रीय टीम मैच भारतीय समय के अनुसार शाम पांच बजे शुरू होगा। यह भारतीय महिला फुटबॉल के लिए एक और ऐतिहासिक क्षण है। वरिष्ठ टीम और अंडर-20 टीम के बाद भारत तीसरी बार महिला एशिया कप में हिस्सा ले रहा है। मुख्य कोच पामेला कोंटी ने कहा कि महीनों की तैयारी के बाद टीम उत्साहित और तैयार है।

 

*****

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मतगणना पर्यवेक्षकों के रूप में केवल केंद्रीय कर्मचारियों की नियुक्ति के निर्वाचन आयोग के फैसले पर सर्वोच्च न्यायालय का हस्तक्षेप से इनकार। कहा- अधिकारियों का चयन आयोग का अधिकार।

 

पश्चिम बंगाल की दो विधानसभा सीटों के 15 बूथों पर पुनर्मतदान जारी। दोपहर एक बजे तक लगभग 56 प्रतिशत मतदान।

 

लोकसभा अध्यक्ष ने वर्ष 2026-27 के लिए चार संसदीय समितियों का पुनर्गठन किया।

 

भारत और नेपाल के बीच बाढ़ पूर्वानुमान मॉडल पर चर्चा जारी।

 

मौसम विभाग का अगले दो दिन पूर्वोत्तर और देश के प्रायद्वीपीय हिस्सों में तेज वर्षा का अनुमान।

 

आईपीएल क्रिकेट में आज शाम चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा।

 

*****

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.