May 1, 2026 3:13 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

  1. गृह मंत्री अमित शाह ने बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर लेह में तथागत बुद्ध के पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। कहा – यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि एक ऐतिहासिक पुनर्मिलन है।
  2. सरकार ने नागरिकता (संशोधन) नियम, 2026 को अधिसूचित किया, इसमें ओसीआई कार्डधारकों और नागरिकता आवेदनों से संबंधित संशोधित प्रावधान शामिल हैं।
  3. पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी ने मतगणना केंद्रों में गड़बड़ी के ममता बनर्जी के आरोपों को निराधार बताया।
  4. इस वर्ष अप्रैल में वस्‍तु और सेवा कर- जीएसटी संग्रह दो लाख 42 हजार करोड़ रुपये के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंचा।
  5. अमरीका ने भारत को लगभग 14 मिलियन डॉलर मूल्य की चोरी की गई 657 कलाकृतियां लौटाईं।
  6. आईपीएल क्रिकेट में आज शाम राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला डेल्‍ही कैपिटल्स से।

बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह ने आज लेह के जीवत्सल में तथागत बुद्ध के पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। हमारे संवाददाता ने बताया है कि 75 वर्ष के बाद ये पवित्र अवशेष लद्दाख में वापस आए हैं।

 

 

यह पहली बार है कि भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों को देश के भीतर किसी प्रदर्शनी के लिए उनके स्थायी स्थान से दूसरे स्‍थान पर लाया गया है। प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद, श्री शाह ने बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर लद्दाख के लोगों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लद्दाख में इन पवित्र अवशेषों की उपस्थिति याद दिलाती है कि भारत की सभ्यता ने हजारों वर्षों से शांति और सह-अस्तित्व का संदेश दिया है।

 

 

मुझे पूरा विश्‍वास है कि लद्दाख के कारगिल के सभी बुद्ध के अनुयायी और अन्‍य मतों के अनुयायी भी भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों से दिव्‍य अनुभूति का एहसास करेंगे। आज यहां पर भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों को लोगों के दर्शन के लिए खुला रखने का कार्यक्रम हो रहा है। आज ये एक प्रकार से धार्मिक आयोजन तो है ही, मगर एक ऐतिहासिक मिलन भी है।

 

 

लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कहा कि यह प्रदर्शनी दुनिया के हर कोने से धार्मिक नेताओं, भिक्षुओं, इतिहासकारों, विद्वानों, शोधकर्ताओं, तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और आम लोगों को एक मंच पर ला रही है। उद्घाटन समारोह बुद्ध पूर्णिमा के उत्‍सव के साथ हुआ। ये अवशेष उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर ज़िले में स्थित पिपरहवा स्तूप में हुई खुदाई से प्राप्त हुए थे। आम जनता के दर्शन के लिए, ये पवित्र अवशेष कल से इस महीने की 10 तारीख तक लेह में रहेंगे और उसके बाद 11 और 12 मई को ज़ांस्कर घाटी में ले जाए जाएँगे। प्रदर्शनी के साथ-साथ, कई सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रम भी आयोजन किए जा रहे हैं। लेह से आकाशवाणी समाचार के लिए, अक्षत वेद्यान।

 

 

 

इन पवित्र अवशेषों को देश के भीतर किसी प्रदर्शनी के लिए उनके स्थायी स्थान से बाहर पहली बार बाहर लाया गया है। पवित्र अवशेषों की यह प्रदर्शनी 14 मई तक लद्दाख में आयोजित की जाएगी।

 

 


 

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने बुद्ध पूर्णिमा पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं।

 

 

आज के दिन भगवान गौतम बुद्ध का जन्म और महापरिनिर्वाण हुआ था। आज ही के दिन उन्‍हें बिहार के बोधगया में महाबोधि वृक्ष के नीचे ज्ञान की प्राप्‍ति‍ हुई थी।

 

 


 

 

सरकार ने नागरिकता (संशोधन) नियम, 2026 को अधिसूचित कर दिया है। इसके तहत ओसीआई कार्ड पंजीकरण अब पूरी तरह डिजिटल होगा। नए नियमों में ई-ओसीआई, बायोमेट्रिक आधारित फास्ट ट्रैक इमिग्रेशन और नाबालिगों के लिए दोहरे पासपोर्ट पर पाबंदी जैसे प्रावधान शामिल हैं। एक रिपोर्ट-

 

 

गृह मंत्रालय ने नागरिकता अधिनियम, 2009 में संशोधन किए हैं। इस बदलाव का उद्देश्य प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और तेज बनाना है। मंत्रालय ने कहा है कि कोई भी नाबालिग बच्चा भारतीय पासपोर्ट के साथ-साथ किसी अन्य देश का पासपोर्ट नहीं रख सकता है। अधिसूचना के अनुसार, ओसीआई कार्ड पंजीकरण के सभी आवेदन अब आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक रूप से जमा किए जाएंगे।  ओसीआई छोड़ने की घोषणा करने पर व्यक्ति को अपना मूल कार्ड निकटतम भारतीय मिशन, पोस्ट या विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण अधिकारी के पास जमा करना होगा। सरकार द्वारा ओसीआई दर्जा रद्द किए जाने की स्थिति में भी कार्ड लौटाना जरूरी होगा। नये नियम के अनुसार ओसीआई आवेदकों को अब फास्ट ट्रैक इमिग्रेशन प्रोग्राम में शामिल होने के लिए एक नए सहमति पत्र पर हस्ताक्षर करने होंगे, जिसमें उन्हें पंजीकरण के दौरान अपनी बायोमेट्रिक जानकारी एकत्र करने के लिए सहमति देनी होगी। समाचार कक्ष से फरहत नाज़।

 

 


 

 

पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज अग्रवाल ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा मतगणना केंद्रों पर धांधली के आरोपों को निराधार बताया है। आकाशवाणी के साथ एक विशेष साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि सभी मतगणना केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और कड़ी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त केंद्रीय बल तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि निर्धारित माध्यमों से किसी भी प्रकार की शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। उन्होंने कहा कि आयोग चुनाव के बाद होने वाली हिंसा से निपटने के लिए हरसंभव उपाय कर रहा है। श्री अग्रवाल ने बताया कि कुछ स्थानों पर छिटपुट घटनाएं हुई हैं और इस संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

 

 

राज्य के 294 विधानसभा क्षेत्रों के 77 मतगणना केंद्रों पर स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए लगभग एक हजार 850 केंद्रीय सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।

 

 

तृणमूल कांग्रेस नेता और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता के सखावत मेमोरियल स्कूल स्थित स्ट्रांगरूम का दौरा किया और आरोप लगाया कि मतदान और मतगणना के बीच चार दिन का अंतराल जानबूझकर मतदान मशीनों में छेड़छाड़ के लिए रखा गया है। उन्होंने आयोग से पारदर्शिता बनाए रखने के लिए राज्य भर के सभी स्ट्रांगरूम के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने का आग्रह किया था।

 

 

राज्य में दो चरणों में हुए विधानसभा चुनावों की मतगणना सोमवार को केरलम, तमिलनाडु, असम और पुडुचेरी के साथ होगी।

 

 


 

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा की पत्नी रिनिकी भुईया सरमा के खिलाफ कथित झूठे बयानों से संबंधित जालसाजी और मानहानि मामले में  अग्रिम जमानत दे दी है।

 

 

आज एक आदेश में न्यायमूर्ति जे.के. माहेश्वरी और न्यायमूर्ति ए.एस. चंदुरकर की पीठ ने श्री खेड़ा को कुछ शर्तों के अधीन अग्रिम जमानत दी है। अदालत ने कल इस मामले पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।

 

 

 


 

 

 

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि स्वापक नियंत्रण ब्यूरो -एनसीबी ने मुंबई में एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नशीले पदार्थ के गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इनसे एक हजार 745 करोड़ रुपये मूल्य की 349 किलोग्राम कोकीन जब्त की गई है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री शाह ने इस ऐतिहासिक सफलता के लिए स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की टीम को बधाई भी दी।

 

 


 

 

इस वर्ष अप्रैल में वस्तु और सेवा कर- जीएसटी का कुल संग्रह अब तक के उच्च स्तर पर दर्ज किया गया। यह पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 8 दशमलव सात प्रतिशत अधिक है। कुल जीएसटी संग्रह 2 लाख 42 हजार करोड़ रुपये से अधिक रहा, जबकि पिछले वर्ष इसी महीने में यह 2 लाख 23 हजार करोड़ रुपये से अधिक था।

 

 

पिछले वर्ष अप्रैल माह में केंद्रीय जीएसटी का कुल संग्रह 52 हजार करोड़ रुपये से अधिक और राज्य जीएसटी 61 हजार 300 करोड़ रुपये से अधिक रहा। कुल एकीकृत जीएसटी- आईजीएसटी संग्रह एक लाख 29 हजार 232 करोड़ रुपये है।

 

 


 

 

एलपीजी के 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 993 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में नई कीमत 3 हजार 71 रुपये 50 पैसे होगी। संशोधित कीमत आज से प्रभावी होगी। हालांकि, घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। हमारे संवाददाता ने बताया कि यह बढ़ोतरी तेल विपणन कंपनियों द्वारा किए जाने वाले नियमित मासिक मूल्य अपडेट का हिस्सा है।

 

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने कहा है कि पेट्रोल और डीज़ल की खुदरा कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। देश की कुल खपत में आम जनता की हिस्‍सेदारी लगभग 90 प्रतिशत है। कंपनी ने कहा  कि 33 करोड़ उपभोक्ताओं के लिए 14 किलोग्राम से अधिक के घरेलू एलपीजी सिलेंडर के कीमत में भी कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। कंपनी ने बताया कि निर्धारित उड़ानों में लगी घरेलू एयरलाइनों के लिए विमानन टर्बाइन ईंधन और केरोसिन की कीमतों में भी कोई बदलाव नहीं हुआ है। बयान के अुनसार कीमतों में संशोधन चुनिंदा और औद्योगिक क्षेत्रों तक ही सीमित है, जिनकी कुल खपत में अपेक्षाकृत कम हिस्‍सेदारी है और इनमें प्रचलित अंतर्राष्‍ट्रीय कीमतों के आधार पर नियमित मासिक समायोजन किया जाता है। कंपनी के अनुसार 80 प्रतिशत उत्पादों की कीमतों पर कोई असर नहीं पड़ा है। अमन यादव, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

 


 

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्य प्रदेश के जबलपुर में नाव पलटने से हुई जानमाल की हानि पर दुख व्यक्त किया है। श्री मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

 

 

नाव पलटने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। यह हादसा कल शाम खमारिया द्वीप के पास बरगी नदी में हुआ, जब 39 यात्रियों को ले जा रही एक  नाव अचानक आए भयंकर तूफान और तेज लहरों की चपेट में आकर डूब गई। 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 4 पर्यटक लापता हैं।

 


 

 

महाराष्‍ट्र और गुजरात आज अपना स्‍थापना दिवस मना रहे हैं। इस अवसर पर महाराष्‍ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने मुंबई के लोक भवन में राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान और राज्य गीत की प्रस्तुति के बीच तिरंगा फहराया। हमारी संवाददाता ने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

 

 

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज हुतात्मा स्मारक पर संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन के शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री देवेन्‍द्र फडणवीस ने महाराष्ट्र को भारत का पावरहाउस और विकास का इंजन बताया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र दिवस को केवल उत्सव का ही नहीं, बल्कि आत्मपरीक्षण का भी अवसर बताया। उपमुख्यमंत्री और ठाणे के पालकमंत्री एकनाथ शिंदे ने ठाणे के साकेत पुलिस मैदान में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जबकि उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, जो बीड जिले की पालकमंत्री है उन्‍होंने वहां आयोजित कार्यक्रम में तिरंगा फहराया। 67वें महाराष्ट्र दिवस के उपलक्ष्य में राज्य भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अंकिता आपटे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

 

 

 


 

 

 

गुजरात में स्थापना दिवस का राज्‍य स्‍तरीय समारोह आज शाम सूरत में होगा, जिसमें राज्‍यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की उपस्थिति में एक परेड होगी। एक रिपोर्ट –

 

 

राज्य स्तरीय समारोह के अंतर्गत आयोजित होने वाली परेड में पुलिस प्लाटून, विभिन्न विभागों की झांकियां और बाइक स्टंट शामिल होंगे। इसके बाद, डुमस सीफ्रंट पर राज्य की विकास यात्रा को प्रदर्शित करने के लिए एक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। राज्य के नाम अपने संदेश में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सरकार पर निरंतर विश्वास बनाए रखने के लिए जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने 2035 तक गुजरात को विश्व स्तरीय मॉडल राज्य बनाने का संकल्प दोहराया। मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास की सफलता का श्रेय उद्योग और परंपरा के एकीकरण को भी दिया। मयूर सोलंकी आकाशवाणी समाचार अहमदाबाद।

 

 

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात और महाराष्‍ट्र के स्थापना दिवस के अवसर पर बधाई दी है।

 

 


 

 

अमरीका ने भारत को लगभग 14 मिलियन डॉलर मूल्य की चोरी की गई 657 कलाकृतियां लौटा दी  हैं। मैनहट्टन जिला अटॉर्नी एल्विन ब्रैग ने इसकी घोषणा की। न्यूयॉर्क में भारतीय वाणिज्य दूतावास की महावाणिज्यदूत राजलक्ष्मी कदम की उपस्थिति में एक कार्यक्रम में इन कलाकृतियों को लौटाया गया। तस्करी नेटवर्क की कई जांचों के बाद ये कलाकृतियां बरामद की गईं। एक रिपोर्ट

 

 

श्री एल्विन ब्रैग ने कहा कि भारत में तस्करी नेटवर्क सांस्कृतिक विरासत को बड़े पैमाने पर निशाना बनाते है। 600 से अधिक कलाकृतियों की वापसी से यह बात स्पष्ट होती है। उन्होंने कहा कि चोरी की गई कलाकृतियों को भारत वापस लाने के लिए अभी और काम करना बाकी है। न्यूयॉर्क स्थित भारतीय महावाणिज्यदूत बिनय प्रधान ने मैनहट्टन जिला अटॉर्नी कार्यालय, अमरीका के गृह सुरक्षा विभाग और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के निरंतर सहयोग की सराहना की। लौटाई गई वस्तुओं में दो मिलियन डॉलर की कांस्य प्रतिमा अवलोकितेश्वरऔर वर्ष 2000 में मध्य प्रदेश के एक मंदिर से चुराई गई नृत्य करते भगवान गणेश की बलुआ पत्थर की प्रतिमा भी शामिल है। समाचार कक्ष से सरफिरोजी।

 

 

 


 

 

 

आज श्रम दिवस है। विश्वभर के श्रमिकों को सम्मानित करने के लिए यह दिवस मनाया जाता है। इसे मई दिवस के रूप में भी जाना जाता है। इस दिन विश्व भर में आर्थिक और सामाजिक अधिकारों की प्राप्ति में श्रमिकों के बलिदान का स्मरण किया जाता है।

 

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और श्रम और रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने इस अवसर पर देशभर के श्रमिकों को शुभकामनाएं दी हैं।

 

 


 

 

आईपीएल क्रिकेट में, आज राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला डेल्‍ही कैपिटल्स से होगा। यह मैच जयपुर में सवाई मानसिंह स्टेडियम में शाम साढे सात बजे से खेला जाएगा। राजस्थान रॉयल्स अंक तालिका में चौथे स्थान पर है, जबकि डेल्‍ही कैपिटल्स सातवें स्थान पर है।

 

 


 

 

मौसम विभाग ने कल नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल के तराई वाले क्षेत्रों और सिक्किम में दूर-दराज के स्थानों पर तेज बारिश की संभावना व्यक्त की है। अगले दो-तीन दिन में असम और मेघालय में तेज बारिश हो सकती है।

 

 


 

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  1. गृह मंत्री अमित शाह ने बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर लेह में तथागत बुद्ध के पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। कहा – यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि एक ऐतिहासिक पुनर्मिलन है।
  2. सरकार ने नागरिकता (संशोधन) नियम, 2026 को अधिसूचित किया, इसमें ओसीआई कार्डधारकों और नागरिकता आवेदनों से संबंधित संशोधित प्रावधान शामिल हैं।
  3. पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी ने मतगणना केंद्रों में गड़बड़ी के ममता बनर्जी के आरोपों को निराधार बताया।
  4. इस वर्ष अप्रैल में वस्‍तु और सेवा कर- जीएसटी संग्रह दो लाख 42 हजार करोड़ रुपये के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंचा।
  5. अमरीका ने भारत को लगभग 14 मिलियन डॉलर मूल्य के चोरी की गई 657 कलाकृतियां लौटाईं।
  6. आईपीएल क्रिकेट में आज शाम राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला डेल्‍ही कैपिटल्स से।