मुख्य समाचार:
- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने विस्तारित श्रीनगर-जम्मू वंदे भारत एक्सप्रेस को रवाना किया।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय सुरक्षा शिखर सम्मेलन के दूसरे चरण को संबोधित किया। भारत को सूचना प्रौद्योगिकी और पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद का केंद्र बताया।
- सर्वोच्च न्यायालय ने केंद्र से दुष्कर्म पीड़ितों के 20 सप्ताह से अधिक के गर्भपात संबंधी कानून में संशोधन पर विचार करने को कहा।
- पश्चिमी राजस्थान में तीन दिन लू की स्थिति का अनुमान।
- आईपीएल क्रिकेट में, आज शाम गुजरात टाइटन्स का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से।
*****
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज जम्मू तवी रेलवे स्टेशन से विस्तारित श्रीनगर-जम्मू वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा को रवाना किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी उपस्थित थे। अभी यह रेल सेवा श्रीनगर और श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा के बीच संचालित हो रही है, जिसे जम्मू तवी तक बढ़ाया जा रहा है। विस्तारित मार्ग पर नियमित सेवाएं शनिवार से शुरू होंगी। इस रेलगाड़ी में अब आठ के बजाय 20 डिब्बे होंगे।
इस अवसर श्री वैष्णव ने कहा कि पिछले बारह वर्ष में रेलवे में महत्वपूर्ण परिवर्तन देखने को मिले हैं। उन्होंने बताया कि जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटने के बाद से इस क्षेत्र में निरंतर विकास हुआ है।
आज वंदे भारत को जम्मू से स्टार्ट करेंगे जो माननीय प्रधानमंत्री जी ने एक साल पहले कटरा से स्टार्ट की थी। कटरा से श्रीनगर सर्विस थी आज उसको जम्मू से श्रीनगर करेंगे। इसमें आठ कोच थे पहले और उसको एक्सटेंड करके 20 कोच की ट्रेन बनाई गई है।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि इससे वैष्णो देवी मंदिर और अमरनाथ यात्रा करने वाले तीर्थयात्रियों को विशेष रूप से लाभ होगा। इससे बिना किसी रुकावट के प्रमुख तीर्थ स्थलों को जोड़ने वाली निर्बाध रेल यात्रा संभव हो सकेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल जून में कटरा–श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। तब इस वन्दे भारत ट्रेन में आठ डिब्बे थे। इस रूट पर यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए इस ट्रेन का विस्तार जम्मू तक कर दिया गया है और कोच की संख्या आठ से बढ़ाकर 20 कर दी गई है। । यह ट्रेन आम लोगों के लिए दो मई से शुरू होगी जिससे तीर्थयात्रियों, पर्यटकों, व्यापारियों के साथ–साथ स्थानीय लोगों को भी लाभ मिलेगा। जम्मू तवी से यह ट्रेन सुबह 6 बजकर 20 मिनट पर चलेगी और श्री माता वैष्णो देवी कटरा, रियासी, बनिहाल स्टेशनों पर रुकते हुए सुबह 11 बजकर 10 मिनट में श्रीनगर पहुंचेगी। वहीं, वापसी में यह ट्रेन श्रीनगर से दोपहर दो बजे प्रस्थान करेगी और शाम 6 बजकर 50 मिनट पर जम्मू तवी पहुंचेगी। इस यात्रा में कुल चार घंटे पचास मिनट का समय लगेगा। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, जम्मू।
इस अवसर पर यात्रियों ने हमारे संवाददाता के साथ अपने अनुभव साझा किए।
मेरा नाम अर्चना कौशल है। अब जम्मू से जो ट्रेन चलने जा रही है आज तो जम्मू के लोगों को बहुत ही फायदा होगा। कटरा के लिए, कश्मीर के लिए, अमरनाथ और वैष्णो देवी यात्रा जाने के लिए जितने भी यात्री उनके लिए तो बहुत ही ज्यादा खुशी का विषय रहेगा। राकेश कौल मेरा नाम है। आज एक ऐतिहासिक पल है खसकर भारतीय रेल के लिए। जम्मू से आज रेल निकलेगी कश्मीर पहुंचेगी। पहले तो सड़क का यूज होता था या हवाई। सड़क पर टाइम लगता था। रेल के माध्यम से बड़ा अच्छा रहेगा। ट्रेन को डिजाइन किया गया उस तरीके से इसको कश्मीर के भी टेम्परेचर को ध्यान रखा गया और जम्मू को भी ध्यान रखा गया है।
*****
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर ने विश्व को यह संदेश दिया है कि भारत किसी भी परिस्थिति में किसी भी आतंकवादी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगा। नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय सुरक्षा शिखर सम्मेलन के दूसरे चरण में श्री सिंह ने कहा कि देश अब उस पुरानी मानसिकता के साथ आगे नहीं बढ़ता, जहां हमारी धरती पर आतंकवादी हमले होते रहें और हम केवल कूटनीतिक बयान जारी करते रहें। उन्होंने पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद का केंद्र और भारत को सूचना प्रौद्योगिकी का केंद्र बताया।
हमारे मिलिट्री इंडस्ट्रियल कॉम्लेक्स में भी समय–समय पर यह साबित किया है कि वह केवल शांतिकाल की जरूरतों के लिए ही नहीं युद्धकाल की तेज आपूर्ति के लिए भी वह तैयार है। हालांकि, उस बीच हमें न्यूक्लियर हमले तक की धमकी दी गई लेकिन हम उस ब्लफ में नहीं आए। हमने उन धमकियों को नकारते हुए कोई तवज्जो न देते हुए वही किया जो करना था। जो राष्ट्र हित में जरूरी था और यही है न्यू वॉर ऑर्डर यानि नई दुनिया का नया भारत।
श्री सिंह ने देश में एआई की भूमिका पर भी प्रकाश डाला और कहा कि यह तकनीक भारतीय सेनाओं का अभिन्न अंग बन गई है।
एआई का अर्थ हमारे लिए आर्गमेंटिट इन्फेन्ट्री। एआई हमारी सेनाओं का एक अभिन्न अंग बन चुका है। यह हमारे फुट ऑन ग्राउंड यानि हमारी सेनाओं की क्षमताओं में वृद्धि भी कर रहा है और आज के समय के युद्ध के हिसाब से हम हमारी सेना को एक टैक्नोलॉजी प्रिवेंट और इंटीग्रेटिड फाइटिंग मशीन बनाने की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
रक्षा मंत्री ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का रक्षा निर्यात रिकॉर्ड 38 हजार 424 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 62 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्शाता है।
*****
रक्षा मंत्री ने आज नई दिल्ली में इटली के रक्षा मंत्री गुइडो क्रोसेटो से मुलाकात की। दोनो नेताओं के बीच होने वाली द्विपक्षीय वार्ता में रक्षा सहयोग से संबंधित कई मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। बदलते सुरक्षा परिदृश्य में क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हो सकता है।
इससे पहले इटली के रक्षा मंत्री ने राष्ट्रीय समर-स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
*****
सर्वोच्च न्यायालय ने 15 वर्षीय बालिका को 30 सप्ताह का गर्भ चिकित्सकीय रूप से हटाने की अनुमति देने के न्यायालय के आदेश पर रोक लगाने की एम्स की याचिका पर कड़ी आपत्ति व्यक्त की है। न्यायालय ने केन्द्र सरकार से दुष्कर्म पीडि़तों को 20 सप्ताह से अधिक के अनचाहे गर्भ को समाप्त करने की अनुमति देने के लिए कानून में संशोधन करने पर विचार करने को कहा है। न्यायालय ने कहा कि जब गर्भावस्था दुष्कर्म के कारण हुई है तो समयसीमा को कठोर रूप से लागू नहीं किया जाना चाहिए।
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉय माल्या बागची की पीठ ने कहा कि यदि मां को किसी स्थायी चिकित्सकीय जटिलता का खतरा नहीं है तो गर्भ हटाने की अनुमति दी जानी चाहिए। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि अंतिम निर्णय संबंधित व्यक्ति की इच्छा पर निर्भर होना चाहिए।
*****
पश्चिम बंगाल में दो चरणों में हुए विधानसभा चुनावों में रिकॉर्ड 92 दशमलव चार सात प्रतिशत मतदान हुआ है। आज़ादी के बाद से किसी बड़े राज्य में यह अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत है। राज्य में छह करोड़ 81 लाख मतदाता हैं।
असम, पश्चिम बंगाल, केरलम, तमिलनाडु और केन्द्रशासित प्रदेश पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव की मतगणना 4 मई को होगी।
*****
इस बीच, पुद्दुचेरी के मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय ने मतगणना को लेकर इंतजाम पुरे कर लिए हैं। मतगणना चारों क्षेत्रों पुद्दुचेरी, कराईक्काल, माहे और यनम के छह निर्धारित केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के अन्तर्गत की जाएगी। एक रिपोर्ट-
पुद्दुचेरी में, मतगणना विमेंस इंजीनियरिंग कॉलेज, मोतीलाल नेहरू गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक और टैगोर आर्ट्स एंड साइंस कॉलेज में होगी। वहीं कारईक्कल में अरिग्नार अन्ना गवर्नमेंट आर्ट्स एंड साइंस कॉलेज के P.G. सेंटर में मतगणना होगी। माहे में, मतगणना केंद्र जवाहरलाल नेहरू गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में बनाया गया है, जबकि यनम में, मतगणना डॉ. एस.आर.के.. गवर्नमेंट आर्ट्स कॉलेज में की जाएगी। ईवीएम और वीवीपेट के लिए, 218 मतगणना निरीक्षक, 221 मतगणना सहायक और 232 सूक्ष्म पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। डाक मतपत्र के लिए, 47 मतगणना निरीक्षक, 94 मतगणना सहायक और 47 सूक्ष्म पर्यवेक्षक लगाए गए हैं। पुद्दुचेरी से बिबिन एस नाथ की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अर्जुन शर्मा।
*****
ओडिशा विधानसभा का एक दिन का विशेष सत्र आज शुरु हुआ। विधानसभा का यह विशेष सत्र शासन, नीति निर्माण और विधायी संस्थानों में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर केन्द्रित है। सत्तारूढ़ भाजपा ने एक प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए महिलाओं के सशक्तीकरण और अधिक प्रतिनिधित्व के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। बीजू जनता दल और कांग्रेस के सदस्यों ने चुनावी राजनीति और पार्टी संरचनाओं में महिलाओं की भागीदारी को लेकर अपने दलों के योगदान पर जोर दिया।
*****
संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि सोमनाथ मंदिर भारत के आत्मसम्मान, दृढ़ता और अदम्य भावना का प्रतीक है। श्री शेखावत ने आज नई दिल्ली में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा का उद्घाटन करते हुए यह बात कही।
भारतवासी भारत के इस अदम्य जीजीविषा की चेतना का सुवर्ण करते हुए संकल्पबद्ध हों कि भविष्य में भारत के किसी भी सभ्यतागत विकास को कहीं कोई चोट न पहुंचा पाए। भारतीयों में अपने अतीत के प्रति, अपने पूर्वजों के प्रति उनकी बार–बार — गिराए जाने के बाद भी उठ खड़े होने की जो जीजीविषा थी उससे एक प्रेरणा ले सकें।
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा के तहत लगभग एक हजार तीन सौ श्रद्धालुओं को लेकर एक विशेष रेलगाडी गुजरात के सोमनाथ मंदिर के लिए रवाना हुई।
*****
गृहमंत्री अमित शाह आज से दो दिन के लद्दाख दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर कल से शुरू हो रहे भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों की पहली अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में शामिल होंगे। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री शाह ने कहा कि विश्व के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालु इस प्रदर्शनी में भगवान बुद्ध के अवशेषों की पूजा करेंगे।
*****
अमरीकी सेना ने घोषणा की है कि उसके सुरक्षा बलों ने नाकेबंदी के तहत 42 जहाजों को ईरान के बंदरगाहों में प्रवेश या निकासी करने से रोका हैं। एक रिपोर्ट-
अमरीकी सेंट्रल कमांडर ब्रैड कूपर ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इनमें लगभग 6 करोड़ 90 लाख बैरल तेल है, जिसका संभावित राजस्व 6 अरब अमरीकी डॉलर है। इससे तेल निर्यात से लाभ कमाने की ईरान की क्षमता बाधित होगी। उधर, ईरान ने इसकी निंदा करते हुए इसे समुद्री डकैती की कार्रवाई बताया है। ईरान के मुख्य सैन्य कमान खातिम–अल–अंबिया केन्द्रीय मुख्यालय ने कहा कि जब्ती के समय उसके सशस्त्र बलों ने हस्तक्षेप नहीं किया क्योंकि इन जहाजों पर चालक दल के परिजन सवार थे। ईरान ने अमरीका द्वारा समुद्री कार्रवाई जारी रखने पर व्यावहारिक और अप्रत्याशित सैन्य कार्रवाई की चेतावनी दी है। समाचार कक्ष से सरफिरोजी।
*****
वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में उछाल जारी है। लगभग चार वर्ष के अपने उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद भी इसमें और वृद्धि देखी गई। कल, ब्रेंट क्रूड का मूल्य 6 प्रतिशत से अधिक बढ़कर जून 2022 के बाद के उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद लगभग 120 अमरीकी डॉलर प्रति बैरल हो गया।
आज, ब्रेंट क्रूड पिछले बंद भाव से तीन दशमलव पांच प्रतिशत बढ़कर 122 अमरीकी डॉलर और 20 सेंट प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
*****
इस बीच, घरेलू शेयर बाजार के संवेदी सूचकांक में आज दोपहर के कारोबार में शून्य दशमलव सात प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। अंतिम समाचार मिलने तक सेंसेक्स 553 अंक फिसलकर 76 हजार 943 पर जबकि निफ्टी 191 अंक लुढक कर 23 हजार 987 पर कारोबार कर रहा था।
*****
मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तक पश्चिमी राजस्थान में लू का अनुमान व्यक्त किया है। तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराइकाल में अगले दो दिन तक गर्म और उमस भरा मौसम रहेगा। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल के तराई वाले क्षेत्र और सिक्किम में कल तेज बारिश की संभावना है। केरल, माहे, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराइकाल में 2 मई तक मूसलाधार बारिश होगी।
*****
हमारे गुजरात संवाददाता ने बताया है कि आज तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ लू से राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज अमरेली, भावनगर, अहमदाबाद और राजकोट में 36 डिग्री सेल्सियस और कच्छ के भुज में 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गर्मी को लेकर मौसम विभाग ने लोगों को बाहर जाते समय पानी की बोतलें ले जाने और दूसरे तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है। इसके साथ ही लोगों से मसालेदार, हाई प्रोटीन और बासी खाने से बचने एवं दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बेवजह बाहर न निकलने की अपील की गई है। प्रवेश अडिएचा, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।
*****
आईपीएल क्रिकेट में अहमदाबाद में आज गुजरात टाइटन्स का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। यह मैच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा।
कल सनराइजर्स हैदराबाद ने मुंबई इंडियंस को छह विकेट से हरा दिया। मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 244 रन बनाए। सनराइजर्स हैदराबाद ने 19वें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसके कर्मठ और ऊर्जावान नागरिक हैं। सोशल मीडिया पर संस्कृत सुभाषितम् साझा करते हुए उन्होंने कहा कि नागरिकों की मेहनत से ही विकास के नए रास्ते खुलते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि नागरिकों के प्रयासों से ही देश समृद्धि, आत्मनिर्भरता और प्रगति की ऊंचाइयों को छू रहा है।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने विस्तारित श्रीनगर-जम्मू वंदे भारत एक्सप्रेस को रवाना किया।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय सुरक्षा शिखर सम्मेलन के दूसरे चरण को संबोधित किया। भारत को सूचना प्रौद्योगिकी और पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद का केंद्र बताया।
- सर्वोच्च न्यायालय ने केंद्र से दुष्कर्म पीड़ितों के 20 सप्ताह से अधिक के गर्भपात संबंधी कानून में संशोधन पर विचार करने को कहा।
- पश्चिमी राजस्थान में तीन दिन लू की स्थिति का अनुमान।
- आईपीएल क्रिकेट में, आज शाम गुजरात टाइटन्स का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से।
*****