April 29, 2026 3:18 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में अब तक 61 प्रतिशत से अधिक मतदान की खबर।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने मेरठ को प्रयागराज से जोड़ने वाले पांच सौ 94 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया, राज्‍य का सबसे लंबा यह एक्सप्रेसवे 12 जिलों से होकर गुजरता है।

 

श्री मोदी ने कहा – गंगा नदी की तरह यह एक्सप्रेसवे विकास की नई जीवनरेखा बनेगा।

 

सरकार ने केंद्रीय मोटर वाहन नियम में प्रस्‍तावित संशोधनों के लिए मसौदा अधिसूचना जारी की।

 

मिजोरम में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित; लगातार बारिश से भूस्खलन का खतरा बढ़ा।

 

और आईपीएल क्रिकेट में आज शाम मुंबई इंडियन्‍स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से।

 

*********************

 

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 142 निर्वाचन क्षेत्र में वोट डाले जा रहे हैं। ताजा समाचार मिलने तक 61 प्रतिशत से अधिक मतदान की खबर है। कोलकाता, हावड़ा और 24 परगना जिलों में लंबी कतारें लगी हुई हैं।

 

*********************

 

और अधिक जानकारी के लिए बात करते हैं हमारे संवाददाता संदीपन दास गुप्‍ता से जो इस समय चौरंगी निर्वाचन क्षेत्र में मौजूद हैं –

 

प्रश्‍न 1  – संदीपन, मतदान शुरू हुए आधे से ज्‍यादा समय बीत चुका है। भवनीपुर सीट पर सबकी निगाहें हैं। इस बारे में क्‍या जानकारी है आपके पास।  

 

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में आज 7 जिलों का 142 सीटों पर मतदान हो रहा है। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। दोपहर एक बजे तक ईसीआई अनुसार 61 दशमलव एक-एक प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कोलकाता में भवानीपुर में सुबह से ही तनावपूर्ण माहौल रहा।

 

प्रश्‍न 2 –  संदीपन, मतदाताओं में कैसा उत्‍साह देखा जा रहा है।

 

हावड़ा, बर्धमन और नदिया जिला में ईवीएम और वीवीपैट खराब होने से मतदान बाधित हुआ। हुगली जिले में कुल मिलाकर मतदान शांतिपूर्ण रहा। हालांकि खानापुर में आईएसएफ और तृणमूल के बीच तनाव हुआ। प्रमुख व्यक्तियों में जो आज वोट डाले हैं उसमें है मिथुन चक्रवर्ती, अभिषेक बनर्जी, दिनेश त्रिवेदी, महुआ मोइत्रा। आज मौसम अच्छा होने के कारण लोगों में उत्साह काफी है और वह बड़ी संख्या में लाइन पर खड़े हैं।

 

*********************

 

इस बीच, भारतीय जनता पार्टी ने महाराष्ट्र विधान परिषद की नौ सीट पर द्विवार्षिक चुनावों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। चुनाव 12 मई को होंगे।

 

30 अप्रैल तक नामांकन दाखिल किए जा सकते हैं। उम्मीदवार 4 मई तक नाम वापस ले सकते हैं। चुनाव प्रक्रिया 13 मई तक पूरी कर ली जाएगी।

 

*********************

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार गंगा हजारों वर्षों से उत्तर प्रदेश की जीवनरेखा रही है, उसी प्रकार यह एक्सप्रेसवे भी राज्य के विकास की नई जीवनरेखा बनेगा।

 

आज यूपी के एक्सप्रेसवे से भी ज्यादा रफ्तार अगर कहीं है तो यूपी के विकास की रफ्तार ही है। गंगा एक्सप्रेस वे करीब 600 किलोमीटर लंबा पश्चिमी यूपी में मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़, अमरोहा और बदायूं इनके आसपास के दूसरे जिले गंगा एक्सप्रेसवे इससे इन इलाकों के करोड़ों लोगों का जीवन बदलेगा।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि बुनियादी ढांचा देश की तीव्र प्रगति और महत्वाकांक्षा को दर्शाता है। गंगा नदी के ऐतिहासिक महत्व का उल्‍लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इसके आसपास से गुजरने वाले आधुनिक एक्सप्रेस-वे विकास की नई धमनियां बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी परियोजनाएं उत्तर प्रदेश के विकास को गति देने और भारत के उज्ज्वल भविष्य में योगदान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

 

गंगा एक्सप्रेसवे यूपी के एक छोर को दूसरे छोर से तो जोड़ता ही है ये एनसीआर के ऐसी संभावनाओं को भी करीब लाएगा। गंगा एक्सप्रेसवे पर गाड़ियां तो दौड़ेगी ही इसके किनारे नए औद्योगिक अवसर विकसित होंगे। इसके लिए हरदोई जैसे दूसरे जिलों में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित किए जा रहे हैं। अलग-अलग सेक्टर जैसे फार्मा टेक्सटाइल आदि के सर कलस्‍ट्रल विकसित होंगे, युवाओं के लिए रोजगार के लिए नए अवसर भी तैयार होंगे।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश में सबसे अधिक एक्सप्रेसवे वाला राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन वाली सरकार ने न केवल परियोजनाओं की आधारशिला रखी बल्कि समय पर उनके पूरा होने और उद्घाटन को भी सुनिश्चित किया। प्रधानमंत्री ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करके महिलाओं के साथ विश्वासघात करने के लिए समाजवादी पार्टी की आलोचना भी की।

 

इस बीच, श्री मोदी ने बंगाल में जारी दूसरे चरण के मतदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रिपोर्टों से पता चला है कि पहले चरण की तरह ही बड़ी संख्या में लोग वोट डाल रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह लोकतंत्र के लिए एक अच्छा संकेत है।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदृष्टि के तहत राज्य में उन्नत बुनियादी ढांचा विकास को गति दे रहा है।

 

उत्तर प्रदेश के अंदर केवल यहां एक्सप्रेस सुबह हमारी दूरी को ही काम नहीं कर रहे हैं, बल्कि इन सभी पर डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर वहां भी है और साथ-साथ उत्तर प्रदेश के अंदर इन एक्सप्रेसवे के माध्यम से अन्‍नदाताओं किसानों की उन्नति के ये एक्सप्रेसवे बने हैं, युवाओं के रोजगार के एक्सप्रेसवे बने हैं।

 

उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित गंगा एक्सप्रेसवे, उत्तर प्रदेश के पश्चिमी, मध्य और पूर्वी क्षेत्रों को एक ही हाई-स्पीड कॉरिडोर से जोड़ेगा। यह राज्य का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे होगा। इससे मेरठ और प्रयागराज के बीच यात्रा का समय लगभग 12 घंटे से घटकर लगभग 6 घंटे हो जाएगा।

 

यह एक्सप्रेसवे 12 जिलों मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज से होकर गुजरेगा।

 

*********************

 

सरकार ने केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 में प्रस्तावित संशोधनों की रूपरेखा प्रस्तुत करके हुए एक मसौदा अधिसूचना जारी किया है। अधिसूचना के अनुसार मसौदे में उत्सर्जन और प्रकार-अनुमोदन मानकों के अंतर्गत तकनीकी ईंधन के प्रकार को अद्यतन किया गया है ताकि उच्च इथेनॉल और जैव ईंधन मिश्रण लक्ष्यों को दर्शाया जा सके। मसौदा अधिसूचना में प्रमुख संशोधनों में हाइड्रोजन ईंधन वर्गीकरण में बदलाव किया गया है। इसके तहर ईंधन के तकनीकी नाम को हाइड्रोजन+सीएन से बदलकर अब हाइड्रोजन + सीएनजीकर दिया गया है। यह बदलाव उत्सर्जन मानकों और अनुमोदन प्रक्रिया में एकरूपता लाने के लिए किया गया है, ताकि तकनीकी संकेतों को मानकीकृत किया जा सके। इसके अतिरिक्त, पेट्रोल के लिए तकनीकी नाम को ई10/ई से बदलकर ई20 किया जा रहा है, जो 20% इथेनॉल सम्मिश्रण के लक्ष्य को दर्शाता है। इस कार्यान्वयन के अनुरूप चुनिंदा श्रेणियों में सकल वाहन भार की सीमा को 3,000 किलोग्राम से बढ़ाकर 3,500 किलोग्राम करने का प्रस्ताव है।

 

*********************

 

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आज इक्वाडोर की विदेश मंत्री गैब्रिएला सॉमरफेल्ड से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने व्यापार, कृषि तथा क्षमता निर्माण जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। इक्वाडोर की विदेश मामलों और मानव गतिशीलता मंत्री तीन दिवसीय यात्रा पर कल भारत पहुंची। उनकी यात्रा का उद्देश्य भारत के साथ संबंधों को मजबूत करना है।

 

सोशल मीडिया पोस्ट में विदेश मंत्री ने भारत के नेतृत्व वाले अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन और अंतर्राष्ट्रीय बिग कैट गठबंधन-आईबीसीए में शामिल होने की प्रक्रिया शुरू करने के इक्वाडोर के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि इक्वाडोर पहले से ही आपदा प्रतिरोधी अवसंरचना गठबंधन का सदस्य है।

 

डॉ. जयशंकर ने त्वरित प्रभाव परियोजनाओं के कार्यान्वयन के लिए वित्तपोषण पर एक समझौते की घोषणा भी की।

 

*********************

 

सर्वोच्च न्यायालय ने शिक्षा का अधिकार कानून के अंतर्गत, विद्यार्थियों के अनिवार्य दाखिले को राष्ट्रीय मिशन बताते हुए बरकरार रखा है। न्यायालय ने कहा कि निजी गैर-सहायता प्राप्त संस्थानों सहित नजदीकी विद्यालय, पात्र विद्यार्थियों को बिना किसी देरी के दाखिला देने के लिए कानूनी रूप से बाध्य हैं। एक रिपोर्ट-

 

न्यायमूर्ति पी.एस. नरसिम्हा और आलोक आराधे की पीठ ने कहा कि कमजोर और वंचित वर्गों के बच्चों को विद्यालयों में दाखिला ना देना, संविधान के अनुच्छेद 21-ए के तहत शिक्षा के मौलिक अधिकार का उल्लंघन है। न्यायालय ने कहा कि शिक्षा के अधिकार के तहत ऐसे विद्यार्थियों के लिए तय, 25 प्रतिशत आरक्षण में, सामाजिक संरचना को सकारात्मक रूप से बदलने और समानता की भावना को बढ़ावा देने की क्षमता है। न्यायालय ने कहा कि निःशुल्क और अनिवार्य शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए कानून का प्रभावी कार्यान्वयन आवश्यक है। सर्वोच्च न्यायालय ने लखनऊ के एक निजी स्कूल की याचिका को खारिज कर दिया। स्कूल ने शिक्षा के अधिकार कानून के तहत पात्र एक छात्रा को प्रवेश देने से इनकार किया था। उच्च न्यायालय के फैसले को बरकरार रखते हुए, पीठ ने कहा कि विद्यालय, सरकारी अधिकारियों द्वारा लिए गए पात्रता निर्णयों पर सवाल नहीं उठा सकते और ना ही उन्हें, रद्द कर सकते। न्यायालय ने कहा कि एक बार राज्य द्वारा चयनित विद्यार्थियों की सूची भेजे जाने के बाद, विद्यालयों के पास प्रवेश देने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। न्यायालय ने कहा कि इस संबंध में किसी तरह की रूकावट शिक्षा के अधिकार को खोखला वायदा बना देगी। समाचार कक्ष से फरहत नाज।

 

*********************

 

केन्या के नैरोबी में 10वीं भारत-केन्या संयुक्त व्यापार समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक सहयोग की समीक्षा और उसे मजबूत करने पर चर्चा हुई।

 

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने बताया है कि पिछले वित्तीय वर्ष में भारत और केन्या के बीच कुल व्यापार 4 अरब 31 करोड़ डॉलर रहा, जो 2024-25 से 24 दशमलव नौ-एक प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। मंत्रालय ने कहा कि भारतीय मानक ब्यूरो और केन्या मानक ब्यूरो के बीच एक समझौता ज्ञापन सहित कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए। केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड और केन्या राजस्व प्राधिकरण के बीच एक अन्य समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए गए।

 

*********************

 

जम्‍मू-कश्‍मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज जम्मू के लोक भवन में उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में अमरनाथ यात्रा के लिए वर्तमान सुरक्षा स्थिति की आगामी तैयारियों की समीक्षा की गई। पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात सहित वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने बैठक में भाग लिया, जिसमें कानून व्यवस्था प्रबंधन और समन्वित सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान केंद्रित किया गया।

 

*********************

 

भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेष लद्दाख पहुंच गए हैं, जहां अगले महीने की पहली तारीख से 15 तारीख तक इनका प्रदर्शन किया जाएगा। हमारे संवाददाता ने बताया है लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने वरिष्ठ अधिकारियों और सुरक्षा बलों के साथ वायुसेना हवाई अड्डे पर अवशेषों का स्वागत किया।

 

भगवान बुद्ध की पवित्र अवशेषों को आज कड़ी सुरक्षा के बीच वायु सेना के विशेष विमान के जरिए लाया गया। हवाई अड्डे से इन अवशेषों को एक विशेष फ्लैट बेड ट्रक के माध्यम से जीवात्शल तक ले जाया गया। पवित्र अवशेषों को प्राप्त करने के बाद मीडिया से बात करते हुए लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक क्षण है। खासकर बौद्ध धर्म के अनुयायियों और लद्दाख के लोगों के लिए। श्री सक्सेना ने कहा कि प्रदर्शनी को एक मई से बुद्ध पूर्णिमा के दिन आम जनता के लिए खोला जाएगा।

 

पहली मई जो बुद्ध पूर्णिमा का दिन है उस दिन उनको जो है पब्लिकली खोला जाएगा। ये दिन  20 पूर्णिमा का दिन हैउ से दिन देश में पहली दफा ऐसा हुआ है कि जब बुद्धा के होली रेलिक्‍स को देश में कहीं पर भी एक्सपोजिशन के लिए लाया गया है।

 

यह अवशेष भगवान बुद्ध की जीवंत उपस्थिति और उनके सार्वभौमिक उपदेशों का प्रतिनिधित्व करते हैं। इनका प्रदर्शन केवल एक धार्मिक आयोजन ही नहीं है, बल्कि भारत की समृद्ध बौद्ध विरासत को बढ़ावा देने का एक प्रयास भी है। यह प्रदर्शनी 11 और 12 तारीख को ज़ांस्कर भी जाएगी। इसके बाद 14 तारीख को लेह में समापन समारोह होगा और 15 तारीख को अवशेष वापस लौट जाएंगे। लेह से अक्षित के साथ सकलेन अखतर, आकाशवाणी समाचार।

 

*********************

 

मिजोरम में लगातार हो रही तेज बारिश और हवाओं के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त है। अधिकारियों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश से चट्टान गिरने और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। राज्‍य में आज दूसरे दिन आइजॉल, सेरछिप और दक्षिणी मिजोरम के लुंगलेई जिले में स्कूल बंद रहे। 70 से अधिक घर, स्कूल, चर्च हॉल और सरकारी इमारतें प्रभावित हुए हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों में तेज बारिश दर्ज की है और शुक्रवार तक और अधिक वर्षा, तूफान और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।

 

*********************

 

दिल्ली में आज सुबह गरज के साथ बारिश हुई, जिससे पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। राष्‍ट्रीय राजधानी और आसपास के इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चली, जिससे तापमान में गिरावट आई।

 

*********************

 

मौसम विभाग ने शनिवार तक ओडिशा, उत्तरी तमिलनाडु, पुदुदुचेरी, कराईक्‍काल और दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश के यनम के कुछ इलाकों में गर्म और उमस भरे मौसम की संभावना व्‍यक्‍त की है।

 

*********************

 

आईपीएल क्रिकेट में, आज मुंबई इंडियंस का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से मुंबई में होगा। यह मैच शाम साढ़े सात बजे से मुंबई के वानखेडे स्‍टेडियम में खेला जाएगा।

 

अंक तालिका में मुंबई नौवें और हैदराबाद चौथे स्‍थान पर है।

 

*********************

 

फीफा परिषद ने अपने शासन नियमों में संशोधन को मंजूरी दे दी है। इस संशोधन के अंतर्गत अफगान महिला खिलाड़ी फीफा प्रतियोगिताओं में आधिकारिक अंतरराष्ट्रीय मैचों में भाग ले सकेंगी।

 

*********************

 

घरेलू शेयर बाजार के संवेदी सूचकांक में आज दोपहर के कारोबार में एक दशमलव तीन प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

 

*********************

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर:-

 

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में अब तक 61 प्रतिशत से अधिक मतदान की खबर।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने मेरठ को प्रयागराज से जोड़ने वाले पांच सौ 94 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया, राज्‍य का सबसे लंबा यह एक्सप्रेसवे 12 जिलों से होकर गुजरता है।

 

श्री मोदी ने कहा – गंगा नदी की तरह यह एक्सप्रेसवे विकास की नई जीवनरेखा बनेगा।

 

सरकार ने केंद्रीय मोटर वाहन नियम में प्रस्‍तावित संशोधनों के लिए मसौदा अधिसूचना जारी की।

 

मिजोरम में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित; लगातार बारिश से भूस्खलन का खतरा बढ़ा।

 

आईपीएल क्रिकेट में आज शाम मुंबई इंडियन्‍स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से।

 

*********************

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.