मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गंगटोक में चार हजार करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने सिक्किम के 50वें स्थापना दिवस के समापन समारोह में भी हिस्सा लिया।
- श्री मोदी आज शाम उत्तर प्रदेश के वाराणसी में छह हजार तीन सौ करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का अनावरण करेंगे, वे दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस रेलगाडि़यों को भी रवाना करेंगे।
- केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की उपस्थिति में आंध्र प्रदेश के विशाखपट्णम में गूगल क्लाउड इंडिया एआई हब का शिलान्यास किया गया।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किर्गिस्तान में एससीओ रक्षा मंत्रियों की बैठक में आतंकवाद के खिलाफ कड़ी चेतावनी दी। कहा- आतंकवाद के केंद्र अब उचित दंड से अछूते नहीं रहेंगे।
- पश्चिम बंगाल में कल होने वाले विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी।
- आईपीएल क्रिकेट में, आज शाम पंजाब किंग्स का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स से।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि सरकार ने सिक्किम में सम्पर्क और बुनियादी ढांचे में सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री ने राज्य के 50वें स्थापना दिवस के समापन समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने गंगटोक के पालजोर स्टेडियम में पूर्वोत्तर में छह क्रिकेट अकादमियों के साथ-साथ 4 हजार करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने राज्य की अपार पर्यटन क्षमता का जिक्र किया। श्री मोदी ने पर्यटन को पूरी तरह विकसित करने की केन्द्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
सिक्किम के टूरिज्म से यहां बहुत बड़ी संख्या में लोगों की आय जुड़ी हुई है और टूरिज्म तभी बढ़ता है उस राज्य का इंफ्रास्ट्रक्चर जब बढ़िया हो, तब बढ़ता है। इसलिए हम सिक्किम की कनेक्टिविटी और यहां इंफ्रास्ट्रक्चर पर सबसे ज्यादा फोकस कर रहे हैं। बागडोगरा से गंगटोक तक एक्सप्रेसवे का निर्माण हो, सेवोक-रंगपो रेल लाइन हो, यह प्रोजेक्ट सिक्किम को पूरे देश से जोड़ने का जरिया बन रहे हैं।
श्री मोदी ने कहा कि जैविक और प्राकृतिक खेती में सिक्किम की सफलता पूरे देश के लिए एक मिसाल बन गई है। उन्होंने सिक्किम को पूर्व का स्वर्ग बताया।
पूर्व का स्वर्ग सिक्किम, आर्ककिड का गार्डन सिक्किम, इसका अप्रतिम सौंदर्य यहां की शांति, यहां का आध्यात्मिक आनंद, यह अनुभूति बड़े सौभाग्य से मिलती है। देश भर के प्रकृतिक प्रेमी टूरिस्टों को अगर उन्होंने सिक्किम का यह आर्ककिड नहीं देखा है, तो कुछ भी नहीं देखा है।
पूर्वोत्तर को राष्ट्र की “अष्टलक्ष्मी” बताते हुए श्री मोदी ने कहा कि इस समय चल रही और आने वाली परियोजनाएं इस क्षेत्र के लोगों के जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव लाएंगी।
हमारे लिए नॉर्थ ईस्ट केवल देश का एक अहम हिस्सा ही नहीं है, बल्कि यह भारत की अष्टलक्ष्मी है इसलिए हम एक्ट ईस्ट की पॉलिसी पर तो काम कर ही रहे हैं। हमने नॉर्थ ईस्ट के लिए एक्ट फास्ट का संकल्प भी लिया है और इसलिए एक्ट ईस्ट, एक्ट फास्ट।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उत्तर प्रदेश के दो दिन के दौरे के पहले चरण में अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी पहुंच गए हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रधानमंत्री वाराणसी में महिला सम्मेलन में शामिल होंगे और लगभग छह हजार तीन सौ 50 करोड़ रुपये लागत की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और आधारशिला भी रखेंगे।
प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए काशी के हर कोने को पोस्टर और होर्डिंग से सजाया गया है। आज शाम वाराणसी के बनारस रेल कारखाना यानी बरेका मैदान में आयोजित महिला सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं के शामिल होने की उम्मीद है। यह कार्यक्रम महिलाओं के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है जिसमें पार्टी की महिला शाखा की कार्यकर्ता ही कार्यक्रम स्थल पर सभी व्यवस्थाओं का जिम्मा संभालेंगी। इसके साथ ही महिला पुलिसकर्मी कार्यक्रम की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी मंच पर उपस्थित रहने की उम्मीद है। सुशील चंद्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार, वाराणसी।
प्रधानमंत्री आज शाम उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र को जोडने वाली दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस रेलगाडियों को भी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
यह अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें बनारस और पुणे के हडपसर तथा अयोध्या-मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस के लिए चलेंगी। इन ट्रेनें के जरिए बनारस-पुणे सेवा से काशी विश्वनाथ धाम तक पहुंच आसान हो जाएगी। जबकि अयोध्या-मुंबई सेवा से श्री राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र से अन्य धार्मिक स्थलों के बीच संपर्क बेहतर होगा। इन दो नई सेवाओं के शुरू होने जाने के साथ ही चालू अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की कुल संख्या बढ़कर 66 हो जाएगी। वहीं, तीसरी और चौथी रेलवे लाइन बिछाने से जुडा प्रोजेक्ट काशी विश्वनाथ धाम और राष्ट्रीय राजमार्ग-19 तक पहुंच बेहतर बनाएगा साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के साथ रेल संपर्क भी बढेगा। आनंद कुमार आकाशवणी समाचार वाराणसी।
यात्रा के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री हरदोई जाएंगे और गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे।
*******
रेलवे और सूचना तथा प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के साथ आज विशाखपट्णम में गूगल क्लाउड इंडिया एआई हब की आधारशिला रखी। इस अवसर पर श्री वैष्णव ने कहा कि देश ने पहले इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, सेमीकंडक्टर उत्पादन और हार्डवेयर विकास में कई अवसर गंवाए थे, लेकिन लक्षित नीतिगत समर्थन और मजबूत राजनीतिक नेतृत्व के कारण हाल के वर्षों में महत्वपूर्ण बदलाव आए हैं।
1990 के दशक और 2000 के शुरुआती वर्षों में कई महत्वपूर्ण पहलें की गईं, लेकिन उस समय हम इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण, सेमीकंडक्टर निर्माण और मोबाइल फोन निर्माण जैसे क्षेत्रों में पीछे रह गए। जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने “मेक इन इंडिया” कार्यक्रम की शुरुआत की, तो उन्होंने सबसे पहले जिन क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया, उनमें इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण प्रमुख था। आज मोबाइल फोन हमारे देश का सबसे बड़ा निर्यात होने वाला उत्पाद बन चुका है।
श्री वैष्णव ने विशाखपट्णम को देश का उभरता हुआ आर्टिफिशयल इंटेलिजेंस का केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि यह शहर जल्द ही “एआई पटनम” के नाम से प्रसिद्ध हो जाएगा।
*******
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज किर्गिस्तान के बिश्केक में आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद से निपटने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने आतंकवाद के सुरक्षित ठिकानों को समाप्त करने और किसी भी राजनीतिक अपवाद को खारिज करने की बात कही। पहलगाम में हुए जघन्य आतंकवादी हमले के पीड़ितों को याद करते हुए श्री सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने यह दृढ़ संकल्प प्रदर्शित किया कि आतंकवाद के केन्द्र अब उचित दंड से अछूते नहीं रहेंगे।
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमने यह स्पष्ट कर दिया कि आतंकवाद के केंद्र अब सजा पाने से किसी प्रकार से बच नहीं सकते। आतंकवाद और उसके समर्थकों के प्रति यह हमारे जीरो टॉलरेंस के दृष्टिकोण का प्रमाण था जिसे प्रतिष्ठित मंच ने भी स्वीकार किया है। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि आतंकवाद का ना कोई देश होता है और ना कोई धर्म। टेररिज्म और इनोसेंट ह्यूमैनिटेरियन लॉस के लिए कोई भी वजह चाहे वो वास्तविक हो या काल्पनिक जायज नहीं है।
रक्षा मंत्री ने एससीओ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे समय में जब वैश्विक दृष्टिकोण में भिन्नता है और देश तेजी से आत्म केंद्रित होते जा रहे हैं ऐसे में एससीओ विश्व की कुछ सबसे प्राचीन सभ्यताओं का घर है और सबको एकजुट किए हुए है।
……में आतंकवाद सबसे बड़ा खतरा बनकर सामने आया है। इसी पृष्ठभूमि में ये एससीओ एक ऐसे आर्गेनाइजेशन के रूप में सामने आया जो हमारे शेयर्ड वैल्यूज पर आधारित है। इस संगठन ने हमेशा आतंकवादी विचारधाराओं और गतिविधियों की कड़ी निंदा की है। और आतंकवाद के विरूद्ध सामूहिक संघर्ष को अपना आधार माना है। इसलिए आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई इस संगठन की मूल सिद्धांतों में शामिल है।
*******
भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते का फार्मा क्षेत्र ने स्वागत किया है। संवाददाताओं से बातचीत में फार्मास्युटिकल्स एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष नमित जोशी ने कहा कि यह समझौता दोनों देशों के बीच सहयोग, सह-विकास और नवाचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
यह सिर्फ एक व्यापार समझौता नहीं है, बल्कि इसे दो देशों के बीच सहयोग, सह-विकास और सह-नवाचार की दिशा में एक साझा प्रतिबद्धता के रूप में देखा जाना चाहिए। इसके अंतर्गत कई ऐसी गतिविधियाँ शामिल हैं जिन्हें दोनों देश मिलकर आगे बढ़ाएँगे और विकसित करेंगे। इस समझौते से, हम अपने व्यापार को लगभग एक अरब तक बढ़ाने की अपेक्षा रखते हैं।
*******
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने निर्यातकों और उद्योग जगत से कहा है कि वे बाजार पहुंच का विस्तार करने, निर्यात को बढ़ावा देने और रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए विकसित अर्थव्यवस्थाओं के साथ हुए भारत के मुक्त व्यापार समझौतों का पूरा लाभ उठाएं। निर्यात संर्वधन परिषदों और उद्योग संघों के साथ नई दिल्ली में बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री गोयल ने कहा कि भारत का कुल माल व्यापार और सेवा निर्यात 2025-26 में रिकॉर्ड आठ सौ 60 अरब से अधिक हो गया।
*******
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि भारत की परिवहन प्रणालियां वैश्विक मानदंडों के अनुरूप होनी चाहिए ताकि नागरिकों को सुरक्षित, कारगर और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिल सके। नई दिल्ली में आज बसवर्ल्ड भारत सम्मेलन -2026 में श्री गडकरी ने कहा कि देश में परिवहन क्षेत्र अब सिर्फ लागत तक सीमित नहीं है बल्कि यह गुणवत्ता और सुविधा की ओर बढ़ा है।
*******
पश्चिम बंगाल में कल होने वाले विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी हो गई है। सात जिलों की 142 सीटों के लिए कल वोट डाले जाएंगे। एक रिपोर्ट-
पश्चिम बंगाल में दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के लिए तैयारियां ज़ोरों पर हैं। मतदान अधिकारी वितरण केंद्रों से अपने-अपने मतदान केंद्रों रवाना हो रहे हैं। सात जिलों में मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होगा। इस चरण में 3 करोड़ 20 लाख से अधिक मतदाता हैं, जिनमें 1 करोड़ 50 लाख से अधिक महिलाएं और 792 थर्ड जेंडर हैं। सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद एक अपीलीय न्यायाधिकरण ने अतिरिक्त मतदाता सूची भी जारी की है, जिससे अधिक नागरिकों को अपना वोट डालने की अनुमति मिली है। 20 महिलाओं सहित कुल 1 हजार चार सौ 48 उम्मीदवार मैदान में हैं। केंद्रीय बलों की 2 हजार तीन सौ 21 कंपनियां, 142 सामान्य पर्यवेक्षक, 95 पुलिस पर्यवेक्षक और 100 व्यय पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। कुल 41,001 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कोलकाता से संदीपोन दासगुप्ता की रिपोर्ट के साथ जागृति शर्मा।
*******
निर्वाचन आयोग ने सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले एक बार फिर अतिरिक्त मतदाता सूची जारी की है। अधिकरण को सौंपे गए आवेदनों का निपटान करने के बाद जारी सूची में एक हजार 468 मतदाताओं को शामिल किया गया है जबकि छह नाम हटा दिये गए हैं। आयोग ने कहा है कि पूरक सूची में शामिल किए गए लोगों को वोट डालने का अधिकार होगा। पहले चरण के मतदान से पहले भी न्यायालय के आदेश के अनुसार अतिरिक्त मतदाता सूची जारी की गई थी। इसमें पहले चरण के लिए 139 मतदाताओं को शामिल किया गया था।
*******
गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम के करीबी सहयोगी और कुख्यात ड्रग तस्कर मोहम्मद सलीम डोला को आज सुबह भारत लाया गया। खुफिया और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के सहयोग से चलाए गए समन्वित अभियान के बाद यह प्रत्यर्पण किया गया। गृह मंत्री अमित शाह ने बताया है कि स्वापक नियंत्रण ब्यूरो ने तुर्किए से सलीम डोला की वापसी सुनिश्चित करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
*******
सरकार ने बढ़ते तापमान और लू के प्रतिकूल प्रभावों से कामगारों और मजदूरों को बचाने के लिए राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों को राष्ट्रव्यापी परामर्श जारी किया है। राज्यों को सलाह दी गई है कि वे कामगारों के सुरक्षा उपायों के तत्काल कार्यान्वयन के लिए कर्मियों, उद्योगों और निर्माण कंपनियों को आवश्यक निर्देश जारी करे।
*******
संयुक्त राष्ट्र अंतर्राष्ट्रीय बाल आपातकालीन कोष-यूनिसेफ ने आज चेतावनी दी है कि अफगानिस्तान में लड़कियों की शिक्षा और महिलाओं के रोजगार पर जारी प्रतिबंधों के कारण वर्ष 2030 तक 20 हजार महिला शिक्षकों और 5 हजार चार सौ स्वास्थ्यकर्मियों की कमी होगी।
*******
आईपीएल क्रिकेट में आज पंजाब किग्स का सामना राजस्थान रॉयल्स से होगा। यह मैच शाम साढे सात बजे न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। कल रात रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने डेल्ही कैपिटल्स को नौ विकेट से हरा दिया।
*******
अंत में मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गंगटोक में चार हजार करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने सिक्किम के 50वें स्थापना दिवस के समापन समारोह में भी हिस्सा लिया।
- श्री मोदी आज शाम उत्तर प्रदेश के वाराणसी में छह हजार तीन सौ करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का अनावरण करेंगे, वे दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस रेलगाडि़यों को भी रवाना करेंगे।
- केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की उपस्थिति में आंध्र प्रदेश के विशाखपट्णम में गूगल क्लाउड इंडिया एआई हब का शिलान्यास किया गया।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किर्गिस्तान में एससीओ रक्षा मंत्रियों की बैठक में आतंकवाद के खिलाफ कड़ी चेतावनी दी। कहा- आतंकवाद के केंद्र अब उचित दंड से अछूते नहीं रहेंगे।
- पश्चिम बंगाल में कल होने वाले विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी।
- आईपीएल क्रिकेट में, आज शाम पंजाब किंग्स का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स से।
*******