मुख्य समाचार:
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए प्रचार खत्म होने में कुछ घंटे शेष।
राज्यसभा के सभापति ने आम आदमी पार्टी के सात सांसदों के भाजपा में विलय की मंज़ूरी दी। सदन में भाजपा के सदस्यों की संख्या बढ़कर कुल 113 हुई।
भारत और न्यूज़ीलैंड आज औपचारिक रूप से मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा – यह समझौता विश्व भू-राजनीति में भारत के बढ़ते रणनीतिक महत्व को दर्शाता है।
हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के विदर्भ में आज लू चलने की आशंका।
और आईपीएल क्रिकेट में, आज शाम डेल्ही कैपिटल्स का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से।
————————————————————
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए प्रचार आज शाम समाप्त हो जाएगा। इस चरण में 142 सीट पर बुधवार को मतदान होगा। सभी प्रमुख दलों के नेता रैलियां कर रहे हैं।
————————————————————
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 1857 के युद्ध में बैरकपुर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि वही भूमि अब बंगाल में बदलाव का मार्ग प्रशस्त कर रही है। जिलेपी माठ में एक जनसभा में प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरा देश पूर्वोत्तर के विकास का साक्षी है, वहीं बंगाल एक ऐतिहासिक परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है।
1857 में इसी बैरकपुर की धरती ने आजादी की पहली लड़ाई को ताकत दी थी। यही धरती आज बंगाल में परिवर्तन की राह को और प्रशस्त कर रही है। यहां हर तरफ एक ही गूंज है- पलटानो डोरकर।
तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी जादवपुर और टॉलीगंज निर्वाचन क्षेत्रों से पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में रैली में शामिल होंगी। उनका अपने निर्वाचन क्षेत्र भवानीपुर में भी एक जनसभा का कार्यक्रम है।
तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में राणाघाट, हुगली, आरामबाग और महेशतला में प्रचार करेंगे।
————————————————————
निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने या मतदाताओं को डराने-धमकाने के किसी भी प्रयास से सख्ती से निपटा जाएगा। आयोग ने सुरक्षा बलों को निर्देश दिया है कि वे निर्वाचन क्षेत्रों में तैनाती सुनिश्चित करें और आंतरिक गलियों तथा संवेदनशील इलाकों में तैनाती बढ़ाएं, ताकि मतदाता निर्भय होकर मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
————————————————————
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में बुधवार को कुल 142 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा। निर्वाचन क्षेत्र श्रृंखला में आज हम जानकारी दे रहे हैं हावड़ा उत्तर विधानसभा क्षेत्र की।
पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले की हावड़ा उत्तर विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस ने मौजूदा विधायक गौतम चौधरी को फिर मैदान में उतारा है। इस सीट पर 7 निर्दलीय सहित कुल 13 उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा ने उमेश राय को उम्मीदवार बनाया है। सीपीआईएम से गौतम राय और कांग्रेस से ओम प्रकाश जायसवाल चुनाव मैदान में हैं। इस सीट पर लगभग 1 लाख 50 हजार मतदाता हैं। हावड़ा उत्तर विधानसभा सीट पर कई औद्योगिक क्षेत्र थे, जिनमें से अधिकांश अब बंद हो चुके हैं। कोलकाता से कल्याण लाहा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मनोज।
————————————————————
राज्यसभा में भाजपा के सांसदों की संख्या बढ़कर कुल 113 हो गई है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने आज सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि सभापति सी पी राधाकृष्णन ने आम आदमी पार्टी छोड़ने वाले सात सांसदों के भाजपा में विलय को मंजूरी दे दी है। इन सांसदों में राघव चड्ढा, डॉ. अशोक कुमार मित्तल, संदीप पाठक, स्वाति मालीवाल और हरभजन सिंह शामिल हैं। विलय के बाद सदन में आम आदमी पार्टी के सांसदों की संख्या घटकर तीन रह गई है।
श्री रिजिजू ने भाजपा में इन सांसदों का स्वागत करते हुए कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण में योगदान देंगे।
————————————————————
भारत और न्यूजीलैंड आज नई दिल्ली में मुक्त व्यापार समझौते – एफटीए पर औपचारिक रूप से हस्ताक्षर करेंगे। हस्ताक्षर समारोह की अध्यक्षता केंद्रीय वाणिज्य तथा उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और न्यूजीलैंड के व्यापार और निवेश मंत्री टॉड मैक्ले करेंगे। पिछले साल दिसंबर में अंतिम रूप दिए गए इस समझौते के तहत भारतीय निर्यात को सभी टैरिफ लाइनों पर शत-प्रतिशत शुल्क-मुक्त पहुंच प्रदान की गई है। इससे विभिन्न क्षेत्रों को लाभ होगा। यह समझौता सेवाओं, परिवहन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, पारंपरिक चिकित्सा और निवेश में भी नए अवसर खोलता है। समझौते के तहत, न्यूजीलैंड की 20 अरब डॉलर की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता भारत में औद्योगिक विकास, नवाचार, बुनियादी ढांचे और रोजगार सृजन को बढ़ावा देगी। इस समझौते के तहत भारत ने डेयरी, कृषि और रत्न तथा आभूषण जैसे संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए सुनियोजित सुरक्षा उपायों के माध्यम से अपने मूल हितों की भी दृढ़ता से रक्षा की है।
भारत-न्यूजीलैंड व्यापार मंच को संबोधित करते हुए आज सुबह श्री गोयल ने कहा कि एफटीए दोनों देशों के बीच साझा विश्वास को दर्शाता है और द्विपक्षीय आर्थिक व्यापार को दोगुना करने का मार्ग प्रशस्त करता है।
आज जब दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए जा रहे हैं, तब हम अपनी साझेदारी को एक नए और व्यापक स्तर पर ले जा रहे हैं। यह कदम केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे बड़े व्यापारिक अवसर खुलेंगे, निवेश में वृद्धि होगी, और दोनों देशों के बीच आपसी भरोसा और विश्वास और मजबूत होगा। हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि न्यूजीलैंड और भारत के लोग आने वाले वर्षों में मिलकर काम करें और एक साझा, समृद्ध भविष्य का निर्माण करें।
श्री गोयल ने कहा कि यह समझौता व्यापार, पर्यटन, अनुसंधान तथा विकास, शिक्षा, नवाचार और सेवा क्षेत्र को लाभ पहुंचाकर किसानों, उद्यमियों, विद्यार्थियों, महिलाओं और नवप्रवर्तकों के लिए विभिन्न अवसर पैदा करेगा।
जब हम इस साझेदारी की पूरी श्रृंखला को समझते हैं-खेती से लेकर उद्योग तक, और उद्योग से दोनों देशों के समृद्ध भविष्य तक-तो यह हमें दिखाती है कि हमारे दोनों देशों के बीच अपार संभावनाएं मौजूद हैं। साथ ही, यह हमारे उस दृढ़ संकल्प को भी दर्शाती है कि हम केवल बातचीत तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि ठोस परिणामों की दिशा में आगे बढ़ते हुए अपने प्रयासों को वास्तविक उपलब्धियों में बदलेंगे।
————————————————————
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज से सिक्किम के दो दिन के दौरे पर रहेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि श्री मोदी राज्य में चार हजार करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सिक्किम यात्रा प्रदेश के सतत विकास के प्रति मोदी सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। प्रधानमंत्री मोदी आज दोपहर गंगटोक शहर के बिरलू द्वार से होकर एमजी मार्ग तक एक भव्य रोड शो में हिस्सा लेंगे। इसके बाद आज शाम को ही वह पार्टी कार्यकर्ताओं से भी बातचीत करेंगे। कल, प्रधानमंत्री मोदी गंगटोक के ऐतिहासिक पालजोर एरिया में सिक्किम के भारत के साथ जोड़ने के 50वें वर्ष के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां वे पूरे सिक्किम के लिए 4 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। मानक के साथ, मैं मानस प्रतिम सरमा, आकाशवाणी समाचार, गंगटोक।
————————————————————
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु हिमाचल प्रदेश की पांच की दिन की यात्रा पर आज शिमला पहुंची। हमारे संवाददाता ने बताया कि राष्ट्रपति कल शिमला के लोक भवन में एक भोज में शामिल होंगी।
राष्ट्रपति का 29 अप्रैल को अटल टनल रोहतांग का दौरा करने का कार्यक्रम है। इस दौरान वे सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों के साथ बातचीत भी करेंगी और ऐतिहासिक अटल टनल रोहतांग के बारे में जानकारी हासिल करेंगी। इसके अलावा 30 अप्रैल को राष्ट्रपति ज़िला काँगड़ा स्थित चौधरी सरवण कुमार कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। इसी दिन राष्ट्रपति सेना प्रशिक्षण कमान शिमला में भी एक कार्यक्रम में भाग लेंगी। रितेश कपूर, आकाशवाणी समाचार, शिमला।
————————————————————
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह कल किर्गिस्तान के बिश्केक में आयोजित होने वाली शंघाई सहयोग संगठन – एससीओ के रक्षा मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री सिंह ने कहा कि बैठक के दौरान वे विश्व में व्याप्त सुरक्षा चुनौतियों के बीच वैश्विक शांति के प्रति भारत की प्रतिबद्धता का उल्लेख करेंगे।
————————————————————
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नीति आयोग के नवनियुक्त पूर्ण सदस्य डॉ. गोबरधन दास से मुलाकात की। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि डॉ. दास का व्यक्तिगत जीवन बेहद प्रेरणादायक है और उनके हर संघर्ष ने समाज की सेवा करने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है।
————————————————————
सर्वोच्च न्यायालय ने आज एक महिला वकील पर उसके पति द्वारा किए गए क्रूर हमले के मामले में स्वतः संज्ञान लिया और तीन अस्पतालों द्वारा आपातकालीन उपचार से इनकार किए जाने के आरोप की जांच के आदेश दिए। एक रिपोर्ट-
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉय माल्या बागची की पीठ ने यह कार्रवाई कड़कड़डूमा अदालत में वकील स्नेहा कलिता द्वारा हमले के संबंध में लिखे गए पत्र पर की है। पीड़िता को चोटें आईं हैं और उसे कई अस्पतालों में ले जाया गया, जहां उसे भर्ती करने से कथित तौर पर इनकार कर दिया गया। बाद में अखिल भारतीय आर्युविज्ञान संस्थान – एम्स में उसका इलाज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। इलाज के दौरान इनकार किए जाने पर चिंता व्यक्त करते हुए, पीठ ने जांच अधिकारी को स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये हैं। समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।
————————————————————
आन्ध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों और तेल विपणन कंपनियों को निर्देश दिया कि वे जनता की मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सुनिश्चित करके आंध्र प्रदेश में सामान्य स्थिति बहाल करें।
————————————————————
पंजाब में पूर्व पुलिस उपमहानिरीक्षक हरचर सिंह भुल्लर के खिलाफ मामले में प्रवर्तन निदेशालय चंडीगढ़, लुधियाना, पटियाला, नाभा और जालंधर सहित राज्य के ग्यारह परिसरों में तलाशी ले रहा है। ये तलाशी धन शोधन निवारण अधिनियम की धारा 17 के तहत की जा रही है। यह आपराधिक मामले के निपटारे के लिए बिचौलिए के माध्यम से अवैध रिश्वत की मांग के आरोपों से संबंधित हैं।
————————————————————
इस्राएल के हवाई हमलों में दक्षिणी लेबनान में 14 लोग मारे गए हैं। इस्राएल और हिजबुल्लाह के बीच जारी संघर्ष विराम के बावजूद तनाव बना हुआ है। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, मृतकों में दो बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं, हमले में 37 अन्य घायल हुए हैं।
संघर्ष विराम 16 अप्रैल को लागू हुआ और बाद में तीन सप्ताह के लिए बढ़ाया गया लेकिन इसके बार-बार उल्लंघन की खबरें आई हैं।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची वार्ता के लिए रूस पहुंच गए हैं और उनकी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलने की उम्मीद है।
————————————————————
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026 के लिए नामांकन आमंत्रित किए जा रहे हैं। नामांकन प्रक्रिया इस वर्ष 31 जुलाई तक 5 से 18 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए है। एक रिपोर्ट
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर का पुरस्कार है जो प्रतिवर्ष राष्ट्रपति द्वारा देश भर के बच्चों की असाधारण उपलब्धियों को मान्यता देने के लिए प्रदान किया जाता है। यह पुरस्कार उन बच्चों को दिया जाता है जिन्होंने वीरता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण, खेल, कला और संस्कृति तथा विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी जैसी श्रेणियों में उत्कृष्टता प्रदर्शित की है। नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई है। नामांकन केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल awards.gov.in के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। स्व-नामांकन और पुरस्कारों के लिए अनुशंसा पर विचार किया जाएगा। प्रिया की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्णवी।
————————————————————
मौसम विभाग ने आज राष्ट्रीय राजधानी में कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना व्यक्त की है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है। हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात और महाराष्ट्र के विदर्भ में भी आज ऐसा ही मौसम रह सकता है।
अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में आज मूसलाधार बारिश हो सकती है। दिल्ली, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में आज बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ बौछारे पडने की भी संभावना है।
————————————————————
घरेलू शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक में आज दोपहर बाद के कारोबार में लगभग एक प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। अंतिम समाचार मिलने तक सेंसेक्स 707 अंक बढ़कर 77 हजार 372 जबकि निफ्टी 218 अंक की वद्धि के साथ 24 हजार 116 पर कारोबार कर रहा था।
————————————————————
आईपीएल क्रिकेट में आज शाम साढे सात बजे दिल्ली में डेल्ही कैपिटल्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा।
इससे पहले, कल लखनऊ में कोलकाता नाइट राइडर्स ने कल रात सुपर ओवर के रोमांचक मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को हरा दिया।
————————————————————
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज रात साढे नौ बजे पब्लिक स्पीक कार्यक्रम में, ऑनलाइन गेमिंग नियमों 2026 के प्रचार और विनियमन पर परिचर्चा प्रसारित करेगा।
कार्यक्रम के दौरान, श्रोता हमारे नंबर 0 1 1 – 2 3 3 1 0 4 8 1 और 0 1 1 – 2 3 7 1 7 1 1 7 पर अपने प्रश्न पूछ सकते हैं।
————————————————————
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर:-
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए प्रचार खत्म होने में कुछ घंटे शेष।
राज्यसभा के सभापति ने आम आदमी पार्टी के सात सांसदों के भाजपा में विलय की मंज़ूरी दी। सदन में भाजपा के सदस्यों की संख्या बढ़कर कुल 113 हुई।
भारत और न्यूज़ीलैंड आज औपचारिक रूप से मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा – यह समझौता विश्व भू-राजनीति में भारत के बढ़ते रणनीतिक महत्व को दर्शाता है।
हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के विदर्भ में आज लू चलने की आशंका।
और आईपीएल क्रिकेट में, आज शाम डेल्ही कैपिटल्स का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से।
————————————————————