मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल्पक्कम फास्ट ब्रीडर परमाणु रिएक्टर के चालू होने पर परमाणु वैज्ञानिकों की प्रशंसा की। कहा- असैन्य परमाणु कार्यक्रम, राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
- आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने मौजूदा जनगणना अभियान में पूर्ण जनभागीदारी की अपील की। कहा- दी गई जानकारी पूरी तरह सुरक्षित।
- अमरीका में एक होटल में गोलीबारी की घटना के दौरान राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की सुरक्षित निकासी पर प्रधानमंत्री मोदी ने संतोष व्यक्त किया। कहा- लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं।
- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार जोरों पर।
- गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों के लिए मतदान जारी।
- आईपीएल क्रिकेट में, आज दोपहर चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटन्स आमने-सामने। शाम को लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तमिलनाडु के कल्पक्कम में फास्ट ब्रीडर रिएक्टर को चालू करने में सफलता हासिल करने पर देश के परमाणु वैज्ञानिकों की सराहना की है। आकाशवाणी से आज मन की बात कार्यक्रम में, प्रधानमंत्री ने कहा कि परमाणु ऊर्जा यात्रा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से भारत का गौरव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि असैन्य परमाणु कार्यक्रम राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है
कुछ ही दिन पहले, हमारे न्यूक्लियर साइंटिस्ट ने एक और बड़ी उपलब्धि से भारत का गौरव बढ़ाया है। तमिलनाडु के कलपक्कम में फास्ट्र ब्रिडर रिएक्टर ने क्रिटीकेलिटी हासिल कर ली है। इस स्टेज का मतलब है रिएक्टर का ऑपरेशन फेज़ में पहुंचना। भारत की न्यूक्लियर एनर्जी जर्नी में यह एक ऐतिहासिक माइलस्टोन है और परमाणु रिएक्टर पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से निर्मित है।
श्री मोदी ने कहा कि भारत के विकास के लिए सौर और पवन ऊर्जा आवश्यक हैं तथा युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
पवन-शक्ति, भारत के विकास की नई कहानी लिख रही है। अब भारत का विंड एनर्जी जनरेशन कैपेसिटी 56 गिगावाट से अधिक हो चुकी है। पिछले एक साल में ही करीब 6 गिगावाट नई क्षमता जुड़ी है। आज भारत, विंड एनर्जी कैपेसिटी में दुनिया में चौथे स्थान पर है। यह हमारे इंजीनियरों की मेहनत है, यह हमारे युवाओं का परिश्रम है, यह देश की सामूहिक इच्छाशक्ति का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री मोदी ने मौजूदा जनगणना अभियान को विश्व का सबसे बड़ा जनगणना अभियान बताया। प्रधानमंत्री ने इस अभियान में पूर्ण जन भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनगणना के लिए सभी जानकारी डिजिटल रूप से दर्ज की जा रही है।
जनगणना 2027 को डिजिटल बनाया गया है। सारी जानकारी सीधे डिजिटल माध्यम में दर्ज हो रही है। इस बार जनगणना में आपकी भागीदारी भी आसान बनाई गई है, अब तक लगभग एक करोड़ 20 लाख परिवारों का मकान सूचीकरण का कार्य पूरा भी हो चुका है। आपकी दी गई जानकारी पूरी तरह सुरक्षित रहती है, यह गोपनीय रखी जाती है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष पहली मई को बुद्ध पूर्णिमा मनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध् की शिक्षाएं मानवता के कल्याण के लिए हमेशा प्रासंगिक रहेंगी।
आज दुनिया जिस तरह के तनावों और संघर्षों से गुजर रही है। ऐसे समय में बुद्ध के विचार और भी अहम हो गए हैं। दक्षिण अमरीका के चिली में एक संस्था भगवान बुद्ध के विचारों को आगे बढ़ा रही है। लद्दाख में जन्मे ड्रबपोन ओत्जर रिनपोचे के मार्गदर्शन में काम हो रहा है। कोचीगु आज घाटी में बना स्तूप लोगों को शांति का अनुभव कराता है।
श्री मोदी ने कहा कि देश, 9 मई को ‘पोचीशे बोइशाख’ के अवसर पर गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती मनाएगा। उन्होंने, गुरूदेव टैगोर के ग्राम कल्याण के दृष्टिकोण का भी उल्लेख किया।
गुरुदेव टैगोर लोगों के लिए ऐसे उद्योगों के पक्षधर थे, जिनमें स्थायी रोजगार मिलने के साथ ही गांवों का भी कल्याण हो। उनके रवींद्र संगीत का प्रभाव आज भी दुनिया-भर में बना हुआ है। मेरे लिए शांति निकेतन की यात्राएं अविस्मरणीय रहीं। यह वही इंस्टीट्यूशन है, जिसे उन्होंने पूरे समर्पण भाव से सींचा और संवारा था।
प्रधानमंत्री ने प्रकृति संरक्षण का उल्लेख करते हुए कच्छ के रण की बात कही, जहां मानसून खत्म होते ही हर साल लाखों राजहंस आते हैं। इसलिए इसे फ्लेमिंगो सिटी भी कहा जाता है।
श्री मोदी ने बांस क्षेत्र में पूर्वोत्तर की सफलता का भी उल्लेख किया।
साल 2017 में कानून में बदलाव करके हमने बैम्बू को पेड़ की कैटगरी से बाहर किया। त्रिपुरा के गोमती डिस्ट्रिक्ट के बिजॉय सूत्रधार और साउथ त्रिपुरा के प्रदीप चक्रवर्ती इन्होंने नए कानूनों को अपने लिए एक बड़े अवसर के रूप में देखा। अपने काम को टेक्नोलॉजी से जोड़ा। आज वे पहले से कहीं बेहतर और कहीं ज्यादा बांस के उत्पाद बना रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बीटिंग रिट्रीट गणतंत्र दिवस समारोह का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
एयर फोर्स बैंड ने सिंदूर फोर्मेशन बनाया। नेवल बैंड ने मत्स्य यंत्र फोर्मेशन बनाया। वहीं, आर्मी बैंड के परफोर्मेंस में वंदे-मातरम् के 150 साल और क्रिकेट में भारत की सफलता को भी दर्शाया गया। बीटिंग रीट्रीट के बीत जाने के बाद, ये सारी मेहनत, ये उपलब्धि धीरे-धीरे ओझल हो जाती थी, लेकिन, अब बीटिंग रीट्रीट का म्यूजिक पहली बार वेव्स ओ.टी.टी. परभी उपलब्ध है।
श्री मोदी ने बच्चों को गर्मियों की छुट्टी का भरपूर आनंद लने और कुछ नया सीखने की सलाह भी दी।
*******
पश्चिम बंगाल में 29 अप्रैल को दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक सरगर्मी चरम पर है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी आज बनगाँव में ठाकुरनगर में रैली कर रहे हैं। वे एक अन्य रैली हुगली के हरिपाल में करेंगे। श्री मोदी उत्तरी कोलकाता के ठनठनिया कालीबाड़ी में शाम को प्रार्थना करेंगे और बीके पाल एवेन्यू से खन्ना क्रॉसिंग तक रोड-शो करेंगे। भाजपा नेता अमित शाह तेहट्ट, नदिया और अनुलिया में रैली करेंगे। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा कोलकाता के भातार, पूर्वी बर्द्धमान और बेहाला पश्चिम में रोड-शो कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी चिनार पार्क में जोड़ामंदिर अंडरपास तक जुलूस करेंगे। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बैनर्जी के आज अपने निर्वाचन-क्षेत्र भवानीपुर में कई कार्यक्रम हैं। पार्टी महासचिव अभिषेक बैनर्जी पश्चिम मगराहाट में एक रैली करेंगे और फलता में एक मार्च में भी शामिल होंगे। सीपीआई (एम) के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम और वरिष्ठ नेता वृंदा करात पानीहाटी और खड़दह की रैलियों में शामिल होंगी।
*******
विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की श्रृंखला के तहत आज हम पश्चिम बंगाल के भाटपाडा निर्वाचन क्षेत्र के बारे में जानकारी दे रहे हैं।
उत्तर 24 परगना जिले की भाटपारड़ा सीट पर पश्चिम बंगाल विधानसभा के दूसरे चरण के तहत 29 अप्रैल को मतदान होगा। 9 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 3 निर्दलीय हैं। भाजपा ने इस सीट से मौजूदा विधायक पवन कुमार सिंह को मैदान में उतारा है। तृणमूल कांग्रेस ने अमित गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है। सी.पी.आई.एम. की ओर से अशोक नारायण सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने धर्मेंद्र शॉ को उम्मीदवार बनाया है। भाटपाड़ा विधानसभा में लगभग एक लाख अठारह हजार मतदाता हैं। कोलकाता से कल्याण लाहा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से सरफिरोज़ी।
*******
उधर, गुजरात में आज स्थानीय निकायों के चुनाव हो रहे हैं। इसके लिए 15 नगर-निगमों, 84 नगरपालिकाओं और दो सौ से अधिक जिला और तालुका पंचायतों के लिए मतदान हो रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद के नारनपुरा के अपने परिवार के साथ मतदान किया। मतदान शाम छह बजे तक जारी रहेगा। मतगणना 28 अप्रैल को होगी।
*******
सरकार ने स्पष्ट किया है कि कुछ इलाक़ों में मौसम संबंधी चुनौतियों के बावजूद, देश में गेहूं का उत्पादन स्थिर है। वर्ष 2025-26 के लिए गेहूं उत्पादन के बारे में मीडिया की खबरों के जवाब में, कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय ने कहा कि लगभग तीन करोड़ 34 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में फसल की बुवाई की गई थी।
*******
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की है। अमीरात में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि दोनों पक्षों ने व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने, क्षेत्रीय स्थिति और आपसी हित के अन्य मुद्दों पर चर्चा की।
*******
भारत और उज़्बेकिस्तान का सातवां संयुक्त सैन्य अभ्यास डस्टलिक उज़्बेकिस्तान के नमंगन में संपन्न हो गया है। दो सप्ताह के इस आयोजन में अर्ध-पर्वतीय क्षेत्रों में कार्रवाई का अभ्यास किया गया।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमरीका की राजधानी वाशिंगटन के एक होटल में गोलीबारी की घटना से राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप और उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस की सुरक्षित निकासी पर संतोष व्यक्त किया है। श्री मोदी ने कहा है कि लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है और इसकी एकस्वर से निंदा की जानी चाहिए।
*******
यह घटना व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान हुई बाद में, राष्ट्रपति ट्रंप ने व्हाइट हाउस में एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि सुरक्षाकर्मियों ने घटना के सिलसिले में कैलिफोर्निया के एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है जिसकी पहचान 31 वर्षीय कोल टॉमस एलन के रूप में हुई हे।
हथियारबंद हमलावर सिक्योरिटी चैक प्वाइंट की ओर बढ़ा लेकिन सीक्रेट सर्विस के लोगों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे काबू कर लिया एक अधिकारी को बहुत करीब से गोली मारी गई थी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण उनकी जान बच गई।
पिछले दो वर्षों में राष्ट्रपति ट्रंप पर हत्या के दो प्रयास हुए हैं। उन पर 13 जुलाई 2024 को पेंसिल्वेनिया के बटलर में राष्ट्रपति चुनाव की प्रचार रैली में पहला हमला हुआ था। एक अन्य हमला 15 सितम्बर 2024 को फ्लोरिडा के पाम बीच पर हुआ था।
*******
बांग्लादेश पुलिस ने आतंकी हमले के खतरे की खुफिया रिपोर्ट के आधार पर देशव्यापी सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। बांग्लादेश पुलिस मुख्यालय के एक पत्र में कहा गया है कि संसद भवन, धार्मिक स्थलों, मनोरंजन केन्द्रों और सैन्य तथा पुलिस कार्यालयों पर संगठित हमले हो सकते हैं। मीडिया खबरों में कहा गया है कि हथियार भंडारों को खास तौर पर निशाना बनाए जाने की आशंका है।
*******
पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय तथा राष्ट्रीय जैव विविधता प्राधिकरण ने तमिलनाडु और मेघालय में जैव विविधता प्रबंधन के लिए पंचवर्षीय परियोजना शुरू की है। 48 लाख डॉलर से अधिक अनुदान वाली यह परियोजना वर्ष 2025 से 2030 तक के लिए है। तमिलनाडु में, यह परियोजना मुदुमलाई और सत्यमंगलम बाघ अभ्यारण्यों सहित सत्यमंगलम क्षेत्र को कवर करेगी। मेघालय में, इसे गारो हिल्स क्षेत्र में लागू किया जाएगा, जिसमें नोकरेक जैवमंडल अभ्यारण्य, बालपक्रम राष्ट्रीय उद्यान और सिजू वन्यजीव अभ्यारण्य शामिल हैं।
*******
स्वापक नियंत्रण ब्यूरो-एन.सी.बी. ने असम राइफल्स और मणिपुर पुलिस के साथ मिलकर मणिपुर के चुराचांदपुर में, अवैध मादक पदार्थ बाजार से हेरोइन के 474 साबुन केस जब्त किए हैं। इनकी कीमत 11 करोड़ रूपए आंकी जा रही है।
*******
जाने-माने फोटोग्राफर रघु राय का निधन हो गया है। वे 83 वर्ष के थे और दो साल से कैंसर से जूझ रहे थे। श्री राय ने अपनी फोटोग्राफी से दुनिया भर का ध्यान आकर्षित किया। उनकी फोटोग्राफी को अक्सर आधुनिक भारत का “दृश्य अभिलेख” कहा जाता है। उन्हें 1972 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया था।
*******
आई.पी.एल. क्रिकेट में आज गुजरात टाइटन्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला होगा। चेन्नई में यह मैच दोपहर साढ़े तीन बजे से खेला जाएगा। एक अन्य मैच में शाम साढ़े सात बजे से लखनऊ में कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जॉयंट्स आमने-सामने होंगे। प्रतियोगिता में कल सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को और पंजाब किंग्स ने डेल्ही कैपिटल्स को हराया था।
*******
मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तक देश के उत्तर-पश्चिमी और मध्य भाग में लू चलने का अनुमान व्यक्त किया है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कल तक लू की स्थिति बनी रहेगी। कल ओडिशा के कुछ इलाकों में और बुधवार तक तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कारईक्काल में गर्म और उमस भरे मौसम की संभावना है। पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में रात में गर्मी रहेगी। कल अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश होने का भी अनुमान है। अगले सप्ताह पूर्वी भारत में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
*******
अंत में मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल्पक्कम फास्ट ब्रीडर परमाणु रिएक्टर के चालू होने पर परमाणु वैज्ञानिकों की प्रशंसा की। कहा- असैन्य परमाणु कार्यक्रम, राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
- आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने मौजूदा जनगणना अभियान में पूर्ण जनभागीदारी की अपील की। कहा- दी गई जानकारी पूरी तरह सुरक्षित।
- अमरीका में एक होटल में गोलीबारी की घटना से राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की सुरक्षित निकासी पर प्रधानमंत्री मोदी ने संतोष व्यक्त किया। कहा- लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं।
- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार जोरों पर।
- गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों के लिए मतदान जारी।
- आईपीएल क्रिकेट में, आज दोपहर चेन्नई सुपर किंग्स गुजरात टाइटन्स आमने-सामने। शाम को लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से।
*******