April 25, 2026 3:26 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

  1. पश्चिम बंगाल में विधानसभा के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के लिए प्रचार तेज, विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं की पूरे राज्य में रैलियां।
  2. सरकार ने कहा-देश में उर्वरक की उपलब्धता पर्याप्त और स्थिर बनी हुई है। इसमें कमी की खबरें तथ्यों पर आधारित नहीं।
  3. अमरीका ने कहा- ईरान के साथ शांति वार्ता के लिए उसके विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और वरिष्ठ सलाहकार जेरेड कुशनर पाकिस्तान जाएंगे। ईरान ने कहा- पाकिस्तान के इस्लामाबाद में अमरीका से सीधी बातचीत की कोई योजना नहीं।
  4. संयुक्त राष्ट्र महासभा ने चेर्नोबिल त्रासदी की 40वीं वर्षगांठ के अवसर पर परमाणु प्रौद्योगिकी के शांतिपूर्ण उपयोग का आह्वान किया।
  5. उत्तर भारत के कई हिस्सों में आज लू की चेतावनी। पूर्वोत्तर राज्यों में तेज वर्षा की संभावना।
  6. आईपीएल क्रिकेट में, आज दोपहर दिल्ली कैपिटल्स का सामना पंजाब किंग्स से और शाम में राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से होगा।

अब समाचार विस्‍तार से

 

**************

 

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार ज़ोरों पर है। इस चरण में 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।

 

भाजपा के बड़े नेता पूरे राज्य में रैलियां कर रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पूर्वी बर्दवान और हावड़ा में रैलियों को संबोधित कर रहे हैं, बाद में वे हावड़ा और दक्षिण कोलकाता में रोडशो करेंगे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा पूर्वी बर्दवान और नदिया में रोडशो कर रहे हैं, जबकि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नबद्वीप पहुँच चुके हैं।

 

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी हुगली, दमदम, भवानीपुर और बेहाला में प्रचार कर रही हैं। पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी दक्षिण 24 परगना, हावड़ा और मानिकतला में रैलियाँ कर रहे हैं।

 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज श्रीरामपुर, कोलकाता के शहीद मीनार और मेटियाब्रुज में तीन रैलियों को संबोधित कर रहे हैं सीपीआईएम के प्रदेश सचिव मोहम्मद सलीम और वरिष्ठ नेता असीम दासगुप्ता हावड़ा, पानीहाटी और खरदह में रोडशो और रैलियों कर रहे हैं। आईएसएफ के नेता नौशाद सिद्दीकी कैनिंग, हारोआ, दत्तापुकुर और कई अन्य सीटों पर प्रचार कर रहे हैं।

 

**************

 

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले, राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल, विशेष पर्यवेक्षक सुब्रता गुप्ता और विशेष पुलिस पर्यवेक्षक एन.के. मिश्रा आरामबाग, बोंगाँव, बैरकपुर और संदेशखाली में औचक निरीक्षण कर रहे हैं। निर्वाचन आयोग के सूत्रों के अनुसार यह कदम आगामी चरण में शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।

 

**************

 

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को कुल 142 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। निर्वाचन क्षेत्र श्रृंखला में आज हम जानकारी दे रहे हैं। पश्चिम बंगाल के मानिकटोला विधानसभा क्षेत्र की।

 

दूसरे चरण के अंतर्गत कोलकाता उत्तर स्थित मानिकटोला विधानसभा क्षेत्र में 29 अप्रैल को मतदान होगा। यहां वर्तमान में तृणमूल कांग्रेस की सुप्ति पांडे विधायक हैं। इस बार चुनाव में 7 निर्दलीय सहित कुल 13 उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा ने इस सीट से तापस रॉय को उम्मीदवार बनाया है, जबकि तृणमूल कांग्रेस ने वर्तमान विधायक की बेटी श्रेया पांडे को मैदान में उतारा है। CPIM ने मौसमी घोष को टिकट दिया हैं। सुगोतो रॉय चौधरी कांग्रेस से उम्मीदवार है। मानिकटोला विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या लगभग एक लाख 66 हजार है। सभी राजनीतिक दल इस क्षेत्र में जोर-शोर से प्रचार मे जुटे हैं। भाजपा भ्रष्टाचार, घुसपैठ, बेरोजगारी और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों को प्रमुखता दे रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस ने एसआईआर प्रक्रिया में भाजपा के प्रभाव में मतदाताओं के नाम हटाए जाने का आरोप लगाया है। वामपंथी और कांग्रेस ने भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच मिलीभगत का आरोप लगाया है। कोलकाता से कल्याण लाहा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जागृति शर्मा।

 

**************

 

निर्वाचन आयोग ने बताया कि पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में प्रपत्र 17ए (मतदाता रजिस्टर) की जांच पूरी हो चुकी है। आयोग ने मतदान के बाद की जांच और मतदान दिवस के अन्य अभिलेखों के लिए समेकित निर्देश जारी किए हैं। इसका उद्देश्य पारदर्शिता बढ़ाना, मतदान केंद्रों पर किसी भी अनियमितता का पता लगाना और जहां आवश्यक हो वहां पुनर्मतदान की सिफारिश करना है।

 

निर्वाचन आयोग ने बताया कि पश्चिम बंगाल में 152 विधानसभा सीटों पर पहले चरण के मतदान के बाद सभी दस्तावेजों की जांच कल सुचारू रूप से संपन्न हुई। तमिलनाडु में भी इसी तरह की प्रक्रिया अपनाई गई।

 

**************

 

रसायन और उर्वरक मंत्रालय ने कहा है कि सरकार की सक्रियता के कारण देश में सभी उर्वरकों की उपलब्धता स्थिर, सुव्यवस्थित और आवश्यकता से अधिक है। मंत्रालय के अनुसार, उर्वरकों की कमी के संबंध में हाल के दावे तथ्यों पर आधारित नहीं हैं।

 

मौजूदा वित्त वर्ष में पहली अप्रैल से 23 अप्रैल तक की अवधि में भी यूरिया की उपलब्धता 18 दशमलव 1-7 लाख मीट्रिक टन की आवश्यकता के मुकाबले 69 दशमलव 3-3 लाख मीट्रिक टन है, और डीएपी की उपलब्धता 5 दशमलव 9-0 लाख मीट्रिक टन की आवश्यकता के मुकाबले 22 दशमलव 7-8 लाख मीट्रिक टन है।

 

**************

 

अमरीकी वार्ताकार आज पाकिस्तान के लिए रवाना होने वाले हैं, लेकिन ईरान ने कहा है कि उसके अधिकारियों की अमरीकी वार्ताकारों से मुलाकात की कोई योजना नहीं है। व्हाइट हाउस ने बताया कि अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और दामाद जेरेड कुशनर ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से बातचीत के लिए रवाना होंगे।

 

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने पत्रकारों से बात करते हुए इस घटनाक्रम की पुष्टि की और कहा कि बातचीत सीधे तौर पर होगी। उन्होंने कहा कि उप राष्ट्रपति जेडी वैंस वाशिंगटन से ही बातचीत में शामिल होंगे और विदेश मंत्री मार्को रुबियो तथा राष्ट्रीय सुरक्षा टीम के साथ समन्वय करेंगे। रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने पत्रकारों से कहा कि ईरान के पास अभी भी अमरीका से अच्छा समझौता करने और समझदारी से निर्णय लेने का अवसर है। उन्होंने कहा कि उन्हें इसके लिए सार्थक और सत्यापन योग्य तरीकों से परमाणु हथियार छोड़ने होंगे। इस बीच, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची इस्लामाबाद में पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से मिलने पहुंचे हैं। वे कल देर रात एक वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल के साथ पाकिस्तान आए। यह पश्चिम एशिया में युद्ध समाप्त करने के लिए ईरान और अमरीका के बीच  वार्ता को फिर से शुरू करने के राजनयिक प्रयासों का संकेत है। ईरान के विदेश मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान में अपनी बैठकों के बाद, वे ओमान और रूस की यात्रा करेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इसका उद्देश्य द्विपक्षीय मामलों पर अपने साझेदारों के साथ समन्वय करना और क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर परामर्श करना है। समाचार कक्ष से निखिल कुमार।

 

**************

 

मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शाइनबाम ने कहा है कि देश की संप्रभुता पर कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्‍होंने अमरीका सहित किसी भी प्रकार के विदेशी हस्तक्षेप को अस्वीकार किया है। कल संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि अन्य देशों के साथ सहयोग मेक्सिको के संविधान और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के अनुरूप होना चाहिए।

 

**************

 

संयुक्त राष्ट्र महासभा ने चेर्नोबिल त्रासदी की 40वीं वर्षगांठ के अवसर पर परमाणु प्रौद्योगिकी के शांतिपूर्ण उपयोग का आह्वान किया है। संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्ष एनालेना बेरबॉक ने कल एक विशेष स्मृति सभा में कहा कि चेर्नोबिल त्रासदी ने बताया है कि शांतिपूर्ण उपयोग के बावजूद परमाणु प्रौद्योगिकी अन्य प्रौद्योगिकियों से मौलिक रूप से भिन्न है।

 

चेर्नोबिल परमाणु ऊर्जा संयंत्र के रिएक्टर संख्या 4 में 26 अप्रैल 1986 को कई विस्फोट हुए, जिससे यूक्रेन, बेलारूस और यूरोप के अन्य हिस्सों में रेडियोधर्मी प्रदूषण फैल गया।

 

**************

 

विदेश मामलों के राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने तुवालू में वहां के शिक्षा मंत्री और कार्यवाहक स्वास्थ्य मंत्री हमोआ होलोना से मुलाकात की। श्री मार्गेरिटा ने आज सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों में भारत-तुवालू सहयोग को और बढ़ाने पर चर्चा की।

 

**************

 

इससे पहले, श्री मार्गेरिटा ने कार्यवाहक प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री पॉलसन पनापा से भी करके स्वास्थ्य और जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए बुनियादी ढांचे के निर्माण सहित द्विपक्षीय विकास सहयोग मजबूत करने पर सार्थक चर्चा की।

 

**************

 

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामण ने आज सभी वित्तीय नियामकों से आम नागरिकों की केवाईसी प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए मिलकर काम करने की अपील की। ​​मुंबई में सेबी के 38वें स्थापना दिवस समारोह में वित्त मंत्री ने कहा कि यह सभी हितधारकों की साझा जिम्मेदारी है कि किसी भी नागरिक को कई वित्तीय उत्पाद और प्लेटफार्म पर एक ही सत्यापन प्रक्रिया को बार-बार न दोहराना पड़े। इस अवसर पर उन्होंने सेबी की निवेशक जागरूकता पहल ‘जागरूक’ का भी शुभारंभ किया।

 

वित्त मंत्री ने चेतावनी दी कि किसी बड़े एक्सचेंज, डिपॉजिटरी, क्लियरिंग कॉर्पोरेशन या बड़े ब्रोकर पर एक भी सफल साइबर हमला राष्ट्रीय स्तर पर बाजारों को बाधित कर सकता है, धन का सफाया कर सकता है और जनता के विश्वास को इस तरह से हिला सकता है जिसे फिर से कायम करने में वर्षों लग सकते हैं।

 

**************

 

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा है कि कैंसर के खिलाफ लड़ाई में और इस बीमारी पर जीत हासिल करने के लिए मानसिक मज़बूती बहुत ज़रूरी है। आज जयपुर में राजस्थान विश्वविद्यालय के 35वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए, उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से आग्रह किया कि वे कैंसर से बचाव के लिए नशे और तंबाकू से दूर रहें।

 

**************

 

मौसम विभाग ने आज दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में लू का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी कल तक ऐसी ही स्थिति बनी रहेंगी। बिहार, तटीय आंध्र प्रदेश और कर्नाटक, गुजरात, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र, केरलम, माहे, कोंकण, गोवा और मणिपुर के कुछ हिस्सों में आज मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा। दिल्ली, हरियाणा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में रातें भी गर्म रहेंगी।

 

इस बीच, मौसम विभाग ने आज अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में कल तक गरज-चमक के साथ आंधी और ओलावृष्टि होने की संभावना है।

 

**************

 

आकाशवाणी के 90वें वर्ष के उपलक्ष्य में, एक नई सिग्नेचर ट्यून बनाने की प्रतियोगिता शुरु की गई है। इसका उद्देश्य आकाशवाणी के विशिष्ट कार्यक्रमों के लिए ऐसा संगीत तैयार करना है जो विषय-वस्तु के अनुरूप हों और श्रोताओं को आकर्षित करें।

 

सभी धुनें केवल वाद्य संगीत पर आधारित होनी चाहिए। ये धुनें एमपीथ्री या डब्‍ल्‍यूएवी फॉर्मेट में स्वीकार की जाएंगी। प्रथम पुरस्कार विजेता को 30 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार विजेता को 20 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार पर दस हजार रुपये दिए जाएंगे। पांचपांच हजार रुपये के 10 सांत्वना पुरस्कार भी होंगे। आकाशवाणी ने जिंगल बनाने के लिए भी प्रविष्टियां आमंत्रित की हैं। यह एफएम गोल्ड, एफएम रेनबो और विविध भारती के विशेष संदर्भ में है। जिंगल की भाषा हिंदी या अंग्रेजी होनी चाहिए। प्रतिभागी प्रत्‍येक चैनल के लिए एक और अधिकतम तीन जिंगल भेज सकते हैं। प्रथम पुरस्कार 20 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 15 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 10 हजार रुपये है। इसके अलावा ढाई हजार रुपये के 10 सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। समाचार कक्ष से सरफिरोजी।

 

**************

 

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज बेंगलुरु में आत्मनिर्भर हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन निर्माण संयंत्र आदित्य का उद्घाटन किया। आकाशवाणी और दूरदर्शन से बातचीत में उन्होंने बताया कि पहला प्रोटोटाइप अगले साल बनकर तैयार हो जाएगा और उत्पादन 2027 के आखिरी में शुरू होगा।

 

डिसीजन के साथ काम हो सके, वैसा काम यहां पर होगा। उस तरह की यहां पे मशीनें हैं जोकि एकदम प्रेसाइज वर्क कर सके जैसा कि ये रोबोटिक लेजर बेल्‍डिंग मशीन है। लेजर बेल्डिंग मशीन में एकदम प्रेसाइज हाई स्‍ट्रेंथ की वेल्डिंग होती है। वैसे कई सारी ऐसी मशीने हैं। जोकि वी28 आत्‍मनिर्भर भारत की स्‍वदेशी बुलेट का निर्माण यहां पर होगा। 

 

**************

 

आईपीएल क्रिकेट में आज डेल्ही कैपिटल्स का मुकाबला पंजाब किंग्स से होगा। दिल्ली में यह मैच दोपहर साढ़े 3 बजे शुरू होगा। एक अन्य मैच में, जयपुर में शाम साढ़े 7 बजे राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने होंगे।

 

महिला टी-टवेंटी क्रिकेट में, पांच मैचों की श्रृंखला के चौथे मैच में, आज भारत का सामना मेजबान दक्षिण अफ्रीका से होगा। जोहान्सबर्ग में ये मैच रात साढ़े नौ बजे से खेला जाएगा। दक्षिण अफ्रीका इस श्रृंखला में तीन-शून्‍य की अजेय बढ़त हासिल कर चुका है। 

 

**************

 

जम्मू और श्रीनगर के बीच बेहतर रेल संपर्क और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 30 अप्रैल से वंदे भारत एक्सप्रेस चलाई जाएगी। आधुनिक सुविधाओं वाली इस ट्रेन से पहलगाम, गुलमर्ग और सोनमर्ग के पर्यटन स्थलों को बढ़ावा मिलेगा।

 

**************

 

भारत के महापंजीयक और जनगणना आयुक्त कार्यालय के अनुसार, जनगणना 2027 के लिए देशभर में टोल फ्री नंबर 1855 सक्रिय हो गया है। इस हेल्पलाइन से मकान सूचीकरण और आवास जनगणना संबंधी मार्गदर्शन लिया जा सकेगा है। ये सूचना क्षेत्रीय भाषाओं और अंग्रेजी में उपलब्ध होगी।

 

**************

     

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर:-

  1. पश्चिम बंगाल में विधानसभा के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के लिए प्रचार तेज, विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं की पूरे राज्य में रैलियां।
  2. सरकार ने कहा-देश में उर्वरक की उपलब्धता पर्याप्त और स्थिर बनी हुई है। इसमें कमी की खबरें तथ्यों पर आधारित नहीं।
  3. अमरीका ने कहा- ईरान के साथ शांति वार्ता के लिए उसके विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और वरिष्ठ सलाहकार जेरेड कुशनर पाकिस्तान जाएंगे। ईरान ने कहा- पाकिस्तान के इस्लामाबाद में अमरीका से सीधी बातचीत की कोई योजना नहीं।
  4. संयुक्त राष्ट्र महासभा ने चेर्नोबिल त्रासदी की 40वीं वर्षगांठ के अवसर पर परमाणु प्रौद्योगिकी के शांतिपूर्ण उपयोग का आह्वान किया।
  5. उत्तर भारत के कई हिस्सों में आज लू की चेतावनी। पूर्वोत्तर राज्यों में तेज वर्षा की संभावना।
  6. आईपीएल क्रिकेट में, आज दोपहर दिल्ली कैपिटल्स का सामना पंजाब किंग्स से और शाम में राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से।
Most Read
View All arrow-right

No posts found.