April 24, 2026 4:02 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

  • पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के लिए प्रचार ज़ोरों पर। विभिन्‍न पार्टियों के वरिष्‍ठ नेताओं का मतदाताओं को लुभाने का प्रयास।
  • सर्वोच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल में एसआईआर में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के खिलाफ याचिका पर सुनवाई करने से इनकार किया। इसे जल्‍दबाजी में की गई कार्रवाई बताया।
  • भारत ने सार्क मुद्रा अदला-बदली ढांचे के तहत मालदीव के लिए 3 हजार करोड़ रुपये की पहली निकासी को मंजूरी दी।
  • सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने कहा – कोई भी अदालत किसी महिला, विशेषकर नाबालिग को, उसकी इच्छा के विरुद्ध गर्भ रखने के लिए मजबूर नहीं कर सकता।
  • मौसम विभाग ने राजस्थान, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और महाराष्‍ट्र के विदर्भ में लू चलने का अनुमान व्‍यक्‍त किया।
  • और, आईपीएल क्रिकेट में आज शाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला गुजरात टाइटन्स से।

****

पश्चिम बंगाल में 29 अप्रैल को विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के लिए प्रचार जोरों पर है। विभिन्‍न पार्टियों के वरिष्‍ठ नेता मतदाताओं को लुभाने के भरसक प्रयास कर रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दमदम में एक जनसभा को संबोधित किया। श्री मोदी ने पश्चिम बंगाल की जनता से दूसरे चरण में भी भरपूर मतदान करने की अपील की।

 

मैं बंगाल की जनता से करबद्ध प्रार्थना करता हूं आप हमें वोट रूपी आशीर्वाद दीजिए। हम मिलकर बंगाल को अनेक कष्‍टों से आजादी दिलाएंगे।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का आज बारुईपुर में एक रैली करने का कार्यक्रम है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह भी प्रचार कर रहे हैं। श्री शाह आज दोपहर हिंगलगंज और कोननगर के लेबुखाली मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम को वे जगद्दल विधानसभा क्षेत्र के आतपुर ईएसडी गेट पर रोड शो करेंगे।

 

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी भवानीपुर में चुनाव प्रचार करेंगी, जबकि तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी आज हावड़ा और दक्षिण 24 परगना में कई स्थानों पर चुनावी सभाएं और रोड शो करेंगे।

****

भाजपा के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह ने विश्वास व्‍यक्‍त किया है कि भाजपा को बंगाल चुनाव के पहले चरण में 152 में से 110 से अधिक सीटें मिलेंगी। श्री शाह ने आज कोलकाता में एक संवाददाता सम्‍मेलन को संबोधित किया। श्री शाह ने निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग और सुरक्षा बलों को धन्यवाद दिया।

 

****

कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान पर कहा कि इतने अधिक लोगों का मतदान में भाग लेना आश्चर्यजनक और बहुत अच्छी बात है। पत्रकारों से बात करते हुए श्री शुक्ला ने कहा कि सभी राजनीतिक दल इस भारी मतदान को अपने पक्ष में मान रहे हैं हालांकि, मतदान का वास्तविक प्रभाव चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

 

 

 

देखिए ये काफी जो है आश्‍चर्यजनक है। वैसे तो अच्‍छी बात है इतने मतदाता मतदान में भाग लें लेकिन इसका विश्‍लेषण करना पड़ेगा कि इस मतदान का रिजल्‍ट क्‍या होता है। लेकिन जो है ये मतदान इतना होना बहुत सिग्निफिकेंट बहुत इम्‍पोर्टेंट है।

 

****

 

पश्चिम बंगाल में कल हुए विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 152 विधानसभा क्षेत्रों में 92 दशमलव सात दो प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ है। ट्रांसजेंडर मतदाताओं का प्रतिशत 56 दशमलव सात नौ रहा।

 

****

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने आज पश्चिम बंगाल में विशेष गहन पुनरीक्षण- एसआईआर के बाद मतदाता सूची से नाम हटाए गए व्यक्तियों द्वारा दायर रिट याचिकाओं पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया, हालांकि वे इस समय विधानसभा चुनावों में चुनाव अधिकारी के रूप में सूचीबद्ध हैं। न्‍यायालय ने इन याचिकाओं को अपरिपक्‍व बताया है। मुख्य न्यायाधीश न्‍यायमूर्ति सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने याचिकाकर्ताओं को एसआईआर निर्णय प्रक्रिया में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के खिलाफ अपीलों की सुनवाई के लिए गठित अपीलीय न्यायाधिकरणों से संपर्क करने को कहा है।

 

****

 

निर्वाचन क्षेत्र प्रोफाइल श्रृंखला में आज हम पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी विधानसभा क्षेत्र की जानकारी दे रहे हैं।

 

 

 

पश्चिम बंगाल की पानीहाटी विधानसभा सीट राजनीतिक दृष्टिकोण से बहुत महत्वपूर्ण है। आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज इसी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। ये वही मेडिकल कॉलेज है जिसमें वर्ष 2024 में नौ अगस्त की दरमियानी रात को एक प्रशिक्षु महिला चिकित्सक के साथ दुष्कर्म और हत्या का मामला सामने आया था। पीड़िता की माँ, रत्ना देबनाथ, इस सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। वामपंथी उम्मीदवार सी.पी.आई.एम. के कलातन दासगुप्ता हैं, जबकि तृणमूल कांग्रेस ने मौजूदा विधायक के बेटे तीर्थंकर घोष को मैदान में उतारा है। इस सीट पर कुल ग्यारह उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें 4 निर्दलीय शामिल हैं। कांग्रेस ने सुभाशीष भट्टाचार्य को टिकट दिया है। इस सीट पर काफी दिलचस्प राजनीतिक मुकाबला होने की संभावना है। भाजपा और वामपंथी दल आर.जी. कर मामले की पीड़िता के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं, वहीं तृणमूल कांग्रेस अपने चुनाव प्रचार में राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में बता रही है। ऐसे में ये देखना रोचक होगा की पालीघाट की जनता इस बार किसे सत्ता का ताज पहनाती है। कोलकाता से कल्याण लाहा की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से मैं, मुकेश कुमार बल।

 

****

 

बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने आज विधानसभा में विश्वास मत हासिल किया। ​​सदन के एक दिन के विशेष सत्र के दौरान, विश्वास प्रस्ताव ध्वनि मत से पारित हो गया।

 

विश्वास प्रस्ताव पर बहस का जवाब देते हुए, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि एनडीए सरकार को बिहार की 14 करोड़ जनता का विश्वास प्राप्त है। उन्होंने कहा कि उनका प्रशासन पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

 

मैं जरूर ये आश्‍वस्‍त करना चाहता हूं सदन को भी और पूरे बिहार को। देश के प्रधानमंत्री आदरणीय नरेन्‍द्र मोदी जी चाहते हैं देश विकसित हो और बिहार के नेता हम लोगों के नेता नीतीश कुमार जी चाहते हैं बिहार समृद्ध हो, इस पर काम हमको करना है।

 

इससे पहले, चर्चा शुरू करते हुए, विपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने बताया कि पिछले पांच वर्ष में बिहार में पांच सरकारें बन चुकी हैं और इस तरह की राजनीतिक अस्थिरता विकास कार्यों पर नकारात्मक प्रभाव डालती है।

 

 

 

किसी भी सरकार को विकास कार्य के लिए स्‍टेबलिटी चाहिए होती है। पांच साल में पांच सरकार बनानी पड़ रही है अब। ये आश्‍चर्य की बात है आखिर ऐसी नौबत बारबार क्‍यों आ पाती है।

 

 

****

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने कहा है कि कोई भी अदालत किसी महिला विशेष रूप से नाबालिग को उसकी इच्‍छा के विरूद्ध गर्भ जारी रखने के लिए बाध्‍य नहीं कर सकती। न्‍यायमूर्ति बी.वी. नागरत्‍ना और न्‍यायमूर्ति उज्‍जल भुईंया की पीठ ने आज 15 वर्ष की लड़की को सात महीने से अधिक के गर्भ को चिकित्‍सीय रूप से हटाने की अनुमति दी। पीठ ने कहा कि महिला की प्रजनन संबंधी स्‍वायत्‍ता को सर्वोच्‍च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

 

 

 

 

न्‍यायालय ने कहा कि विशेषकर प्रजनन के मामले में अपने शरीर से जुड़े निर्णय लेने का अधिकार संविधान के अनुच्‍छेद-21 के अंतर्गत व्‍यक्तिगत सुरक्षा और निजता का अभिन्‍न हिस्‍सा है। न्‍यायालय ने कहा कि किसी नाबालिग को अनचाहे गर्भ को जारी रखने के लिए मजबूर करना उसके संवैधानिक अधिकार का उल्‍लंघन होगा और इससे गंभीर मानसिक, भावनात्‍मक और शारीरिक आघात हो सकता है। पीठ ने इस तर्क को भी खारिज कर दिया कि बच्‍चे को गोद देने के लिए छोड़ा जा सकता है और कहा कि इस तरह की दलील गर्भवर्ती नाबालिग की इच्‍छा और कल्‍याण से ऊपर नहीं हो सकती। न्‍यायालय ने यह भी चेतावनी दी कि ऐसे मामले में राहत से इंकार करने पर लोग असुरक्षित और अवैध गर्भपात के तरीकों की ओर जा सकते हैं, जिससे स्‍वास्‍थ्‍य संबंधी जोखिम बढ़ेंगे। शीर्ष न्‍यायालय ने कहा कि ऐसे मामलों पर विचार करते समय अदालतों को गर्भवती महिला के हित और उसकी पसंद को प्राथमिकता देनी चाहिए। समाचार कक्ष से प्रियंका अरोडा।

 

****

 

गुवाहाटी उच्च न्यायालय ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। न्यायमूर्ति पार्थिवज्योति सैकिया की पीठ ने आज गुवाहाटी पुलिस की अपराध शाखा द्वारा दर्ज एक मामले में उन्हें राहत देने से इनकार कर दिया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद, न्यायालय ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था,

 

यह मामला खेड़ा द्वारा एक संवाददाता सम्‍मेलन के दौरान मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भूइयां सरमा पर कथित तौर पर कई पासपोर्ट और विदेशी संपत्तियों के आरोप लगाने से जुड़ा है।

****

 

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने छत्तीसगढ़ के शक्ति जिले में स्थित एक ताप विद्युत संयंत्र में बॉयलर ट्यूब विस्फोट के कारण 13 श्रमिकों की कथित मौत और 20 अन्य के घायल होने के मामले में छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी किया है। मीडिया रिपोर्टों का स्वतः संज्ञान लेते हुए आयोग ने दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

 

****

 

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने ओडिशा सरकार के मुख्य सचिव और गजपति जिले के पुलिस अधीक्षक को एक स्कूल में दो छात्राओं की कथित मौत के मामले में नोटिस जारी किया है। मीडिया रिपोर्टों का स्वतः संज्ञान लेते हुए आयोग ने दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

 

****

 

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में उत्तरी क्षेत्र कृषि सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। इस अवसर पर श्री चौहान ने कहा कि कृषि मंत्रालय सभी राज्यों के साथ मिलकर काम करने के लिए तत्पर है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि देश में विभिन्न कृषि-जलवायु क्षेत्र हैं और इन क्षेत्रों में सेमिनार और कार्यशालाओं का आयोजन करने से व्‍यावाहारिक परिणाम प्राप्त होते हैं।

 

****

 

पत्तन पोत, परिवहन और जलमार्ग मंत्री सरबानंदा सोनोवाल ने कहा कि विकसित भारत की परिकल्पना की ओर बढ़ते हुए भारत की आर्थिक वृद्धि को गति देने में समुद्री क्षेत्र एक परिवर्तनकारी भूमिका निभाएगा। नई दिल्ली स्थित दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में समुद्री शिक्षा पर एक संगोष्ठी को संबोधित करते हुए श्री सोनोवाल ने कहा कि भारत की समुद्री परिकल्पना सागर और महासंघ सिद्धांतों द्वारा निर्देशित है, जो क्षेत्रीय सहयोग, समुद्री सुरक्षा और साझा समृद्धि के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

 

****

 

भारतीय औषध संहिता आयोग ने फार्मास्‍यूटिकल एंड मेडिकल डिवाइसिज़ ब्‍यूरो ऑफ इंडिया और हाजीपुर के राष्‍ट्रीय फार्मास्‍यूटिकल्‍स शिक्षा और अनुसंधान संस्‍थान के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्‍ताक्षर किए हैं। इसका उद्देश्य औषधि गुणवत्‍ता, अनुसंधान और मरीज़ों की सुरक्षा को बढ़ावा देना है।

 

****

 

देश में आज राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस मनाया जा रहा है। यह दिवस स्थानीय स्वशासन की औपचारिक संरचना के रूप में पंचायती राज व्यवस्था की स्थापना की स्मृति में मनाया जाता है।

 

 

 

पंचायती राज संस्थाएँ भारत में ग्रामीण विकास, स्‍थानीय स्‍वशासन की नींव है। इनकी जड़ें बहुत पुरानी है जो गांव अपने फैसले खुद लेते थे। अब सरकार की कई शक्तियां केंद्र और राज्‍य से गांव के चुने हुए प्रतिनिधियों को दी गई हैं। आज देश में ढाई लाख से ज़्यादा पंचायतें हैं और 24 लाख से अधिक चुने हुए प्रतिनिधि काम कर रहे हैं। हाल के वर्षों में, ग्राम स्‍वराज, मेरी पंचायत, पंचायत निर्णय, ऑडिट ऑनलाइन, स्‍वामित्‍व, और ग्राम उर्जा स्‍वराज जैसी डिजिटल योजनाओं ने कामकाज को ज्‍यादा पारदर्शी, तेज और जिम्‍मेदार बनाया है। आज 95 प्रतिशत से ज़्यादा गाँवों में 3G और 4G इंटरनेट की सुविधाएं पहुंच चुकी हैं, जिससे लोगों तक सरकारी सेवाएं आसानी से और जल्‍दी पहुंच रही हैं। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

****

 

केंद्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री एस पी सिंह बघेल ने कहा कि गांवों, किसानों, पंचायतों और व्यापक ग्रामीण परिदृश्य के समग्र विकास के बिना ‘विकसित भारत’ की परिकल्पना साकार नहीं हो सकती। उन्होंने राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर ये बात कहीं।

 

****

 

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और गृह मंत्री अमित शाह ने इस अवसर पर सभी नागरिकों, विशेषकर पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

 

****

 

भारत ने सार्क मुद्रा विनिमय व्‍यवस्‍था के अंतर्गत मॉलदीव के लिए तीन हजार करोड रुपए की पहली किस्‍त की निकासी की अनुमति दे दी है। यह भारत द्वारा मॉलदीव को दिए जा रहे वित्‍तीय समर्थन में दृढ़ता को दर्शाता है। माले में भारतीय उच्‍चायुक्‍त ने कहा है कि यह राशि, भारतीय रिजर्व बैंक और मॉलदीव सरकार के बीच व्‍यवस्‍था को लेकर बनी सहमति के अंतर्गत पहली किस्‍त का हिस्‍सा है। इस पर अक्‍तूबर 2024 में मॉलदीव के राष्‍ट्रपति मोहम्‍मद मुइज़ू की भारत यात्रा के दौरान सहमति बनी थी।

 

****

 

आईपीएल क्रिकेट में आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला गुजरात टाइटन्स से होगा। यह मैच बेंगलुरु में शाम साढ़े सात बजे से शुरू होगा।

****

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को सुबह 11 बजे आकाशवाणी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में लोगों से अपने विचार साझा करेंगे। यह मासिक रेडियो कार्यक्रम का 133वां एपिसोड होगा।

****

 

मौसम विभाग ने राजस्थान, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और महाराष्‍ट्र के विदर्भ में सोमवार तक लू चलने की संभावना व्‍यक्‍त की है। दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और बिहार में भी कल तक ऐसी ही स्थिति रहने की आशंका है।

****

 

 

मुख्य समाचार एक बार फिर:-

 

  • पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के लिए प्रचार ज़ोरों पर। विभिन्‍न पार्टियों के वरिष्‍ठ नेताओं का मतदाताओं को लुभाने का प्रयास।
  • सर्वोच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल में एसआईआर में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के खिलाफ याचिका पर सुनवाई करने से इनकार किया। इसे जल्‍दबाजी में की गई कार्रवाई बताया।
  • भारत ने सार्क मुद्रा अदला-बदली ढांचे के तहत मालदीव के लिए 3 हजार करोड़ रुपये की पहली निकासी को मंजूरी दी।
  • सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने कहा – कोई भी अदालत किसी महिला, विशेषकर नाबालिग को, उसकी इच्छा के विरुद्ध गर्भ रखने के लिए मजबूर नहीं कर सकता।
  • मौसम विभाग ने राजस्थान, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और महाराष्‍ट्र के विदर्भ में लू चलने का अनुमान व्‍यक्‍त किया।
  • और, आईपीएल क्रिकेट में आज शाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला गुजरात टाइटन्स से।

 

****

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.