मुख्य समाचार:
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण और तमिलनाडु में एक चरण का मतदान जारी। दोपहर एक बजे तक पश्चिम बंगाल में 62 प्रतिशत से अधिक और तमिलनाडु में लगभग 57 प्रतिशत मतदान की ख़बर।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के दूसरे चरण के लिए प्रचार तेज।
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा- बढ़ती वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत-अफ्रीका भागीदारी बहुत महत्वपूर्ण।
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर सड़क दुर्घटना में 11 लोगों की मौत। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने शोक व्यक्त किया।
केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, 10वीं परीक्षा का दूसरा चरण 15 मई से आयोजित करेगा।
और, आईपीएल क्रिकेट में, आज शाम मुंबई इंडियंस का मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स से।
****************
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण और तमिलनाडु में एक चरण के लिए मतदान जारी है। पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान हो रहा है।
राज्य में दिन में एक बजे तक 62 प्रतिशत से अधिक मतदान की खबर है।
निर्वाचन आयोग ने स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रबंध किये हैं।
****************
तमिलनाडु के 234 निर्वाचन क्षेत्रो में दिन में एक बजे तक लगभग 57 प्रतिशत मतदान की खबर है। नमक्कल और इरोड में सबसे अधिक 41 प्रतिशत से अधिक वोट डाले गए। चेन्नई, सेलम, तिरुप्पुर, तिरुवनमलाई, विलुपुरम और विरुधुनगर में 35 प्रतिशत से अधिक मतदान की खबर है। एक रिपोर्ट …
सभी ज़िलों में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान जारी है। चेन्नई में केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन, मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन, उदयनिधि स्टालिन, अभिनेता से राजनेता बने विजय और कई अन्य लोगों ने मतदान किया। तेज़ धूप के बावजूद अब भी लोग कतारों में खड़े हैं। इस बार, मतदान की शुरुआत अच्छी रही। दोपहर 1 बजे तक के रुझानों के अनुसार, राज्य में लगभग 56 दशमलव आठ-एक प्रतिशत मतदान होने की खबर है। तिरूपुर, इरोड, करूर, नामक्कल और सेलम में 60 प्रतिशत से अधिक वोट डाले गए हैं। वहीं, चेन्नई में कई निर्वाचन क्षेत्रों में 50 प्रतिशत से अधिक मतदान की खबर हैं। चेन्नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्रियंका अरोडा।
पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुद्दुचेरी के परिणाम, एक साथ 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
****************
महाराष्ट्र की बारामती और राहुरी विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहा है। मतदान शाम 6 बजे समाप्त होगा। निर्वाचन आयोग के अनुसार दोपहर 1 बजे तक बारामती में 31 दशमलव नौ-एक प्रतिशत और राहुरी में 29 दशमलव छह-सात प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
****************
गुजरात के आणंद जिले की उमरेठ विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए आज दोपहर एक बजे तक लगभग 37 दमशलव दो-तीन प्रतिशत मतदान हुआ है। कुल छह उम्मीदवार मैदान में हैं, परन्तु भाजपा के हर्षद परमार और कांग्रेस के भृगुराजसिंह चौहान के बीच कड़ा मुकाबला है।
विधायक गोविंद परमार के निधन के कारण इस सीट के लिए चुनाव कराया जा रहा है।
****************
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार जोर-शोर से चल रहा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृष्णानगर में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भय पर भरोसे की विजय का विश्वास दिख रहा है।
नादिया यह भक्ति की धरती है। शक्ति, क्रांति और संस्कृति की एक धरती है और आज इस धरती पर मैं परिवर्तन की आंधी देख रहा हूं। कृष्णानगर में आज भय पर भरोसे की विजय का विश्वास दिख रहा है। भय जा रहा है, भरोसा आगे बढ रहा है।
प्रधानमंत्री का मथुरापुर में रैलियां और हावड़ा में रोड शो करने का कार्यक्रम है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह हुगली, बालागढ़ और पुरसुराह में जनसभाएं कर रहे हैं।
तृणमूल कांग्रेस की ओर से, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चौरंगी और जादवपुर में सभाओं को संबोधित कर रही हैं और भाबानीपुर में एक मार्च में शामिल होंगी। पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी मेतियाब्रुज में प्रचार कर रहे हैं।
सीपीआईएम के प्रदेश सचिव मोहम्मद सलीम बल्लीगंज में रोड शो और कोननगर से उत्तरपारा तक मार्च का नेतृत्व कर रहे हैं। एम.ए. बेबी और वृंदा करात सहित वरिष्ठ नेता जादवपुर में एक रैली में भाग ले रहे हैं। इस बीच, कांग्रेस, आईएसएफ और अन्य दलों के नेता मतदाताओं को लुभाने का प्रयास कर रहे हैं।
****************
निर्वाचन आयोग ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी मामले में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को नोटिस जारी किया है। श्री खरगे ने तमिलनाडु के चेन्नई में एक संवाददाता सम्मेलन में ये टिप्पणी की थी।
****************
भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज़ हुसैन ने कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ जो कथित अपमानजनक टिप्पणी की है उसके लिए कांग्रेस को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
मल्लिकार्जुन खरगे ने भारत के प्रधानमंत्री का भारत अपमान किया है। कांग्रेस को यह भारी पडेगा। चुनाव आयोग ने भी नोटिस दिया है कि चुनाव आयोग को उन पर एक्शन लेना चाहिए। इसमें कोई शक की गुंजाइश नही है।
****************
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने बताया है कि ऐसे समय में जब विश्व जटिल भू-राजनीतिक चुनौतियों का सामना कर रहा है उसमें भारत-अफ्रीका भागीदारी बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आज भारत की विदेश नीति में अफ्रीका का महत्वपूर्ण स्थान है और भारत ने अफ्रीका में अपनी राजनयिक उपस्थिति का विस्तार किया है। विदेश मंत्री ने ये बात भारत-अफ्रीका शिखर सम्मेलन के लिए आज लोगो, विषय और वेबसाइट जारी करते हुए कही। यह सम्मेलन 28 से 31 मई तक नई दिल्ली आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन के बारे में जानकारी देते हुए नई दिल्ली में डॉ. जयशंकर ने कहा कि अफ्रीका में 17 नए राजनयिक मिशन खोले गए हैं जिससे इनकी कुल संख्या बढ़कर 46 हो गई है। उन्होंने कहा कि यह अफ्रीका के साथ भारत का संबंध समानता, परस्पर सम्मान तथा साझा प्रगति के सिद्धांत के स्पष्ट दृष्टिकोण के अनुरूप है।
आज भारत की विदेश नीति में अफ्रीका का प्रमुख स्थान है। ‘विकसित भारत 2047’ और ‘अफ्रीका का एजेंडा 2063’ – ये दोनों ही एक-दूसरे के पूरक रोडमैप हैं, जो सतत विकास और समावेशी उन्नति के माध्यम से समृद्धि और प्रगति की दिशा में अग्रसर हैं।
डॉ. जयशंकर ने बताया कि भारत, अफ्रीका के सबसे बड़े व्यापारिक भागीदारों और द्विपक्षीय निवेशकों में से एक है।
****************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि रेल पटरियों के आधुनिकीकरण से एक तेज़ और अधिक भरोसेमंद नेटवर्क बन रहा है। एक अंग्रेजी दैनिक में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा लिखित लेख को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए श्री मोदी ने कहा कि पटरियों के नवीनीकरण, उन्नत परीक्षण और मशीनीकृत रखरखाव से यात्रा की गुणवत्ता में सुधार हुआ है और गति में वृद्धि सुनिश्चित हुई है।
****************
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं है बल्कि समग्र व्यक्तित्व विकास और जीवन मूल्यों को समाहित करने की निरंतर प्रक्रिया भी है। श्री बिरला ने कहा कि आज के बदलते युग में युवाओं के लिए यह आवश्यक है कि वे नवाचार, मूल सोच और प्रौद्योगिकी की दिशा में आगे बढें। उन्होंने यह बात आज नई दिल्ली में दिल्ली पब्लिक स्कूल के वार्षिक समारोह के दौरान कही।
अगर देश को आगे बढ़ाना है तो लोकतंत्र के संस्थाओं के अंदर भी आने वाली पीढियां की सक्रिय भागीदारी होनी चाहिए। जब हमारे बाल्यकाल से ही बच्चा नया इनोवेशन, नए अनुसंधान, नई टेक्नोलॉजी से दक्ष होगा तो निश्चित रूप से आज भी नेतृत्व करने वाला है और दुनिया में आने वाला समय भारत के नौजवानों का है।
****************
केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि पिछले 12 वर्ष में भारत के समुद्री क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। श्री सोनोवाल ने सागरमाला परियोजना के माध्यम से ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल करने के साथ देश के समुद्री क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख किया।
****************
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में संभावित वृद्धि से संबंधित कुछ समाचारों का खंडन किया है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि सरकार के समक्ष ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। मंत्रालय ने कहा कि ऐसी खबरें नागरिकों में भय और दहशत पैदा करने के उद्देश्य से फैलाई गई हैं और ये दुर्भावनापूर्ण तथा भ्रामक हैं।
मंत्रालय ने कहा है कि केंद्र सरकार और सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने अंतरराष्ट्रीय कीमतों में भारी वृद्धि से बचाने के लिए निरंतर कदम उठाए हैं।
****************
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर के ड्रमंडगंज इलाके में कल रात एक सड़क हादसे में चार बच्चों सहित 11 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सभी मृतकों की पहचान की जा रही है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुर्घटना में मारे गए लोगों के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया है।
श्री मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि दिए जाने की घोषणा की।
****************
केंद्रीय माध्यामिक शिक्षा बोर्ड-सीबीएसई दसवीं परीक्षा 2026 का दूसरा चरण 15 मई से आयोजित करेगा। यह परीक्षा वैकल्पिक है और जो विद्यार्थी पहले चरण में प्राप्त अपने अंक सुधारना चाहते हैं वे इसे दे सकते हैं। सभी उत्तीर्ण विद्यार्थी विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और भाषाओं में से किन्ही तीन विषयों में अपना प्रदर्शन सुधारने के लिए परीक्षा दे सकते हैं।
यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप है। इसका उद्देश्य एक शैक्षणिक वर्ष में विद्यार्थियों को दूसरा अवसर देकर परीक्षा से जुड़े तनाव को कम करना है।
****************
उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ धाम के कपाट आज विधिवत श्रद्धालुओं के लिए खोल दिये गये हैं। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षित तीर्थयात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं।
****************
11वीं भारत-मिस्र संयुक्त रक्षा समिति की बैठक कल काहिरा में संपन्न हुई। इस दौरान द्विपक्षीय रक्षा सहयोग बढ़ाने की दिशा में सार्थक चर्चा हुई। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि चर्चा के दौरान, दोनों पक्षों ने पिछली बैठक के बाद से हुई प्रगति की व्यापक समीक्षा की और रक्षा सहयोग के लिए एक दूरदर्शी रूपरेखा तैयार की। मंत्रालय के अनुसार 2026-27 के लिए द्विपक्षीय रक्षा सहयोग योजना पर सहमति हुई है।
****************
अमरीका के विदेश विभाग ने ईरान में मौजूद अपने नागरिकों को देश छोड़ने की सलाह दी है। परामर्श में अफगानिस्तान और इराक सहित उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों की यात्रा न करने के लिए कहा है।
****************
आईपीएल क्रिकेट में आज मुम्बई इंडियंस का सामना चेन्नई सुपर किंग्स से होगा। मुम्बई में यह मैच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा। कल रात राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को 40 रन से हरा दिया।
****************
घरेलू शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक आज लगभग शून्य दशमलव छह प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। अंतिम समाचार मिलने तक सेंसेक्स 584 अंक लुढककर 77 हजार 932 जबकि निफ्टी 126 अंक की गिरावट के साथ 24 हजार 252 पर था।
****************
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर:-
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण और तमिलनाडु में एक चरण का मतदान जारी। दोपहर एक बजे तक पश्चिम बंगाल में 62 प्रतिशत से अधिक और तमिलनाडु में लगभग 57 प्रतिशत मतदान की ख़बर।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के दूसरे चरण के लिए प्रचार तेज।
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा- बढ़ती वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत-अफ्रीका भागीदारी बहुत महत्वपूर्ण।
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में सड़क दुर्घटना में 11 लोगों की मौत। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने शोक व्यक्त किया।
केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, 10वीं परीक्षा का दूसरा चरण 15 मई से आयोजित करेगा।
और आईपीएल क्रिकेट में, आज शाम मुंबई इंडियंस का मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स से।
****************