April 22, 2026 3:14 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

राष्‍ट्र आज पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने आतंकवाद के हर रूप से लड़ने के देश के दृढ़ संकल्प को दोहराया।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का सिविल सेवकों से विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य के लिए हर संभव प्रयास करने का आह्वान।

 

पश्चिम बंगाल में पहले चरण और तमिलनाडु में एक ही चरण में कल होने वाले विधानसभा चुनावों की सभी तैयारियां पूरी।

 

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन आयोग से प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्‍पणी के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का अनुरोध।

 

बॉम्बे उच्च न्यायालय ने 2006 के मालेगांव विस्फोट मामले में चार आरोपियों को बरी किया। उनके खिलाफ लगे आरोपों को खारिज किया।

 

महिला क्रिकेट में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच आज जोहान्‍सबर्ग में। 

 

*********************

 

राष्‍ट्र आज पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। जम्‍मू-कश्‍मीर के पहलगाम में आज ही के दिन आतंकवादियों ने 26 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी थी। इनमें अधिकतर लोग पर्यटक थे। एक रिपोर्ट –

 

ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सशस्‍त्र बलों द्वारा किए गए लक्षित हमलों में पाकिस्‍तान और पीओजेके में नौ आतंकवादी शिविरों को सटीक रूप से निशाना बनाया गया जिसमें सौ से अधिक आतंकवादी, उनके प्रशिक्षक, संचालक और सहयोगी मारे गए। अधिकांश आतंकवादी जैशमोहम्‍मद, लश्‍करतैयबा और हिज्‍बुल मुजाहिद्दीन जैसे आतंकवादी संगठनों से संबंधित थे। इस ऑपरेशन ने भूमि, वायु और समुद्र के माध्‍यम से उच्‍च सटीकता और समन्वित सैन्‍य कार्रवाई के जरिए भारत की उत्‍कृष्‍ट क्षमता को प्रदर्शित किया। आंनद कुमार के साथ सकलेन अख्‍तर, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

 

जम्‍मू-कश्‍मीर में पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी के मद्देनजर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जम्मू-कश्मीर के दोनों क्षेत्रों में, विशेष रूप से नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त गश्त को हाई अलर्ट पर रखा गया है। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-

 

जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अपने अलगअलग संदेशों में कहा है कि निर्दोष नागरिकों के बलिदान को भुलाया नहीं जाएगा। उन्होंने जम्मूकश्मीर की धरती से आतंकवाद को समाप्त करने के लिए और टूट प्रतिबद्धता दोहराई है। विभिन्न राजनीतिक दलों के लगभग सभी वरिष्ठ नेताओं ने बैसरन, पहलगाम के शहीदों को श्रद्धांजलि दी है। इस बीच दक्षिण कश्मीर में भाजपा के एक वरिष्ठ नेता सूफी यूसुफ ने पहलगाम के शहीदों को याद करने के लिए पहलगाम में एक रैली का नेतृत्व किया, जिसमें शोकाकुल परिवारों के प्रति एक जुटता व्यक्त की गई और इस भीष्ण हमले में जान गंवाने वाले सभी लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। तारिक राथर, आकाशवाणी समाचार श्रीनगर।

 

पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में, भारतीय सशस्त्र बलों ने पिछले साल 6 और 7 मई की रात को ऑपरेशन सिंदूरशुरू किया था। ऑपरेशन सिंदूर को याद करते हुए भारतीय सेना ने सोशल मीडिया पर एक संदेश भी साझा किया। जिसमें आतंकवादियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा गया है कि ‘जब मानवता की सीमाएं पार होती हैं, तो जवाब निर्णायक होता है।

 

इस जघन्य कृत्य ने पूरे देश को झकझोर दिया था और दुनिया भर की सरकारों तथा नेताओं ने इसकी कड़ी निंदा की थी।

 

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री जयशंकर और सूचना तथा प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की है।

 

सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ने कहा कि उस जघन्य कृत्य में निर्दोष लोगों की जान जाने का दुखद दृश्य हमारी स्मृति में अंकित है।

 

सोशल मीडिया पोस्ट में उपराष्‍ट्रपति ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों को हमेशा याद रखा जाएगा।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे कभी नहीं झुकेगा और आतंकवादियों के घिनौने मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे।

 

गृहमंत्री ने कहा कि आतंकवाद मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन है और नागरिकों से इसके खिलाफ खड़े होने का आह्वान किया।

 

रक्षा मंत्री ने कहा राष्ट्र, मृतकों के प्रियजनों और परिवारों के असहनीय दर्द की घड़ी में उनके साथ है।

 

सूचना और प्रसारण मंत्री ने कहा कि यह तकलीफ हर भारतीय के दिल में है और आतंकवाद के खिलाफ देश का संकल्प अडिग है। 

 

*********************

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने सिविल सेवकों से विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य के साथ अपने हर प्रयास को समायोजित करने का आह्वान किया है। देश के सिविल सेवकों को लिखे पत्र में श्री मोदी ने निरंतर सीखने और क्षमता निर्माण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को सराहा। हाल ही में संपन्न कर्मयोगी साधना सप्ताह में सिविल सेवकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी पर बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि सीखने के इस सप्ताहभर के उत्सव में देश भर के सिविल सेवकों ने हिस्‍सा लिया। एक रिपोर्ट

 

अपने पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार सीखते रहने की लगन को सकारात्मक ऊर्जा का स्रोत बताया है। उन्होंने कहा है कि दुनिया ऐसे दौर में है जहां खुद को अपडेटेड रखना और नई कौशल सीखना विकल्प नहीं रह गया है। श्री मोदी ने कहा कि भविष्य में बदलाव की गति और तेज होगी और ऐसे वक्त में लगातार सिखाते हुए ही आगे बढ़ा जा सकता है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि 21वीं सदी में बड़ी चुनौतियों के साथसाथ बड़े अवसर भी मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि ट्रेंड लगातार बदल रहे हैं नईनई तकनीकी आ रही है और लगातार नवाचार देखने को मिल रहा है। श्री मोदी ने जोर देकर कहा कि सरकार की सेवाएं और काम करने की संस्कृति इस ऐतिहासिक तौर का अधिकतम लाभ उठाने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने सिविल सेवकों से आग्रह किया कि वह सीखने को जीवन भर की आदत बनाएं। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पत्र में आईगोटकर्मियों की जैसे प्लेटफार्म के इस्तेमाल को महत्वपूर्ण बताया है। अक्षित वैद्यान के साथ अंकित कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

*********************

 

पश्चिम बंगाल में पहले चरण और तमिलनाडु में एक ही चरण में कल होने वाले विधानसभा चुनाव के मतदान के लिए तैयारियां पूरी हो गई हैं।

 

पश्चिम बंगाल में कल 16 जिलों की 152 सीटों पर विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान होगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस चरण में एक हजार चार सौ अठहत्तर उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

 

निर्वाचन आयोग ने स्‍वतंत्र, निष्‍पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए सभी तैयारियां कर ली हैं। मतदान 44,376 बूथों पर होगा जिनमें तीन हजार सहायक बूथ शामिल हैं।  महिलाओं द्वारा 5444 बूथ संचालित किए जाएंगे।  मॉडल बूथों की संख्‍या 207 हैं। वहीं, बालुरघाट और आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों में दो दिव्यांगजनसंचालित बूथ हैं। पहले चरण के चुनाव में 167 महिला उम्मीदवार मैदान में हैं। सभी बूथों पर शतप्रतिशत वेबकास्टिंग की जाएगी। शांतिपूर्ण मतदान के लिए आयोग ने त्वरित प्रतिक्रिया दल, हवाई दस्ते, सीसीटीवी कैमरे सहित विभिन्‍न सुरक्षा व्यवस्थाएं की हैं। कोलकाता से कल्याण लाहा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अर्जुन शर्मा।

 

राज्य में दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। उधर, तमिलनाडु में भी कल राज्य की सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान होगा। राज्य में 5 करोड़ 73 लाख 43 हजार से अधिक मतदाता हैं।

 

*********************

 

तमिलनाडु की मुख्य चुनाव अधिकारी अर्चना पटनायक ने कहा है कि राज्‍य में कल होने वाले चुनाव की सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। तैयारियों की समीक्षा के बाद आज संवाददाताओं को संबोधित करते हुए श्रीमती पटनायक ने कहा कि निर्वाचन आयोग ने सुचारू मतदान के लिए पर्याप्त कदम उठाए हैं।

 

सभी मतदाताओं से अनुरोध है कि वे अपने-अपने मतदान केंद्रों पर आकर अपना वोट डालें। मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि सभी मतदाताओं के लिए यह एक अच्छा अनुभव हो। मतदान केंद्रों पर पीने का पानी, साफ-सफाई, छाया। दिव्यांग वोटर्स के लिए शमायना की सुविधा है। बुज़ुर्ग लोगों के लिए बेंच। ऐसी सभी सुविधाएं मौजूद हैं।

 

श्रीमती पटनायक ने कहा कि लगभग एक हजार 262 करोड़ रुपये जब्त किए गए हैं, जिनमें से कुल 543 करोड़ रुपये की वास्तविक जब्ती हुई है। उन्होंने पुष्टि की कि जिन मामलों में जब्ती हुई है, उन सभी में एफआईआर दर्ज की गई है और उचित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।

 

*********************

 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं निर्मला सीतारामन, किरेन रिजिजू, अर्जुन राम मेघवाल और अरुण सिंह सहित एक प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के संबंध में आज निर्वाचन आयोग से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने आयोग से कड़ी कार्रवाई की मांग की और कांग्रेस अध्यक्ष से देश से माफी मांगने को कहा। बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में श्री रिजिजू ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने मल्लिकार्जुन खरगे पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

 

देश का प्रधानमंत्री दुनिया में एक बहुत मजबूत नेता, लोकतंत्र का प्रतीक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को मानते हैं। हमने कमिश्नर को रिक्वेस्ट किए हैं कि देश का कोई भी पॉलीटिकल पार्टी अगर इस तरह का भाषा का प्रयोग करेंगे। सख्त से सख्त करवाई किया जाए और हमने यह भी मांग किया है कि मल्लिकार्जुन खड़गे जी पूरा देश के लोगों से माफी मांगे।

 

भाजपा नेता निर्मला सीतारामन ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने आयोग के संज्ञान में लाया है कि कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष जैसे व्यक्ति ने भी इस तरह के निंदनीय शब्दों का प्रयोग किया है।

 

*********************

 

बॉम्बे उच्च न्यायालय ने आज 2006 के मालेगांव बम विस्फोट मामले के चार आरोपियों को बरी कर दिया। न्‍यायालय ने उनके खिलाफ आरोप तय करने वाले विशेष न्यायालय के आदेश को रद्द कर दिया। चारों पर भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत हत्या और आपराधिक साजिश के साथ-साथ कड़े गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत आरोप लगाए गए थे।

 

*********************

 

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने सामाजिक समानता और समाज सेवा का उपदेश देने वाले संत बसवेश्वर के दर्शन का अनुकरण करने का आह्वान किया है। उपराष्‍ट्रपति आज बीदर के भालकी स्थित श्री चन्नाबसवाश्रम में हीरेमठ संस्थान के डॉ. बसवलिंग पट्टादेवरु महास्वामीजी के अमृत महोत्सव का उद्घाटन करने के बाद बोल रहे थे।

 

*********************

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत और जर्मनी के बीच संबंध समय के साथ धीरे-धीरे मजबूत हुए हैं। जर्मनी के बर्लिन में भारतीय प्रवासी समुदाय को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि दोनों देश न केवल राजनीतिक और रणनीतिक संबंध साझा करते हैं, बल्कि कला और संस्कृति का भी बड़े उत्साह से आदान-प्रदान करते हैं।

 

भारत और जर्मनी दोनों देश ऐसे डेमोक्रेटिक पावर्स हैं। जो आपसी सहयोग से दुनिया में एक नई प्रॉस्पर्टी लाने का पोटेंशियल रखते हैं और भारत और जर्मनी के बीच रिश्ता केवल डेमोक्रेसी तक सीमित नहीं है, बल्कि उसके इकोनामिक, कमर्शियल, इंडस्ट्रियल, स्ट्रैटेजिक और अब तो आप डिफेंस के भी डाइमेंशन और यह संबंध धीरेधीरे और अधिक मजबूत हो रहे हैं और मैं मानता हूं मेरी विजिट जो इस बार की है इस दिशा में है। एक बहुत की मजबूत कदम है। भारत और जर्मनी के बीच संबंधों में हमारी भारतीय समुदाय के लोग एक लिविंग ब्रिज का काम करते हैं।

 

*********************

 

प्रमुख रक्षा अध्‍यक्ष जनरल अनिल चौहान ने ब्रिटेन के आधिकारिक यात्रा के दौरान ब्रिटेन के प्रमुख रक्षा अध्‍यक्ष एयर चीफ मार्शल रिचर्ड नाइटन से मुलाकात की। बैठक में दोनों देशों ने वैश्विक व्यापार असंतुलन से लेकर उभरते साइबर खतरों तक की समकालीन चुनौतियों का मिलकर समाधान करने, शांतिपूर्ण और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र को बढ़ावा देने और तीव्र तकनीकी परिवर्तन का लाभ उठाने के अपने साझा संकल्प की पुष्टि की।

 

*********************

 

उत्‍तराखंड में केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह आठ बजे वैदिक मंत्रोच्‍चार और पारंपरिक विध‍ि विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। मंदिर में पहली पारंपरिक पूजा प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नाम पर की गई। मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी भी इस अवसर पर उपस्थित थे। उन्‍होंने कहा कि राज्‍य सरकार ने चार धाम यात्रा को सुरक्षित, सुनियोजित और सुविधाजनक बनाने के व्‍यापक प्रबंध किए हैं।

 

आज विधिविधान से बाबा केदारनाथ के कपाट भी खुल गए हैं और कल भगवान बद्री विशाल के कपाट की खुल जाएंगे। सब तीर्थयात्रियों की, श्रद्धालुओं की, भक्तगणों की यात्रा अच्छी हो। इसके निमित सभी प्रबंध अच्छे करने के प्रयास किए गए हैं। सभी लोग स्वच्छ यात्रा को भी प्रोत्साहित करे, वास्तिविक यात्रा को भी प्रोत्साहित करे, पर्यावरण को स्वच्छ रखने में अपना योगदान दें। यात्रा की जो नियम है उन नियमों का जरूर पालन करें।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भी उत्‍तराखंड आने वाले तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे पांच संकल्‍पों का पालन करें। इनमें स्वच्‍छता बनाए रखना, पर्यावरण संरक्षण, सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करना, स्‍थानीय उत्‍पादों को बढ़ावा देना और यात्रा दिशानिर्देशों का अनुपालन करना शामिल है।

 

संस्‍कृति और पर्यटन मंत्री गजेन्‍द्र सिंह शेखावत ने कहा कि केदारनाथ धाम के खुलने से आस्‍था, भक्ति और आध्‍यात्मिक ऊर्जा का प्रसार हो रहा है।

 

*********************

 

पृथ्‍वी दिवस के अवसर पर आज उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने  सभी से पृथ्वी की रक्षा और संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराने का आग्रह किया है। सोशल मीडिया पर एक संस्कृत सुभाषितम साझा करते हुए, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी  ने इस बात पर बल दिया कि पृथ्वी की रक्षा करना न केवल एक सामूहिक कर्तव्य है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति एक पवित्र प्रतिज्ञा भी है। आकाशवाणी के समाचार सेवा प्रभाग में महानिदेशक धीरज एम. काकड़िया ने नई दिल्ली स्थित आकाशवाणी भवन में अधिकारियों और कर्मचारियों को इस अवसर पर शपथ दिलाई। 

 

*********************

 

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच महिला टी-20 क्रिकेट का तीसरा मैच आज जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समय के अनुसार रात साढ़े नौ बजे से शुरू होगा। पांच मैच की श्रृंखला में दक्षिण अफ्रीका 2-0 से आगे है।

 

आईपीएल क्रिकेट में आज लखनऊ सुपर जायंट्स का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स से होगा। यह मैच शाम साढे सात बजे से शुरु होगा।

 

*********************

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर:-

 

राष्‍ट्र आज पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने आतंकवाद के हर रूप से लड़ने के देश के दृढ़ संकल्प को दोहराया।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का सिविल सेवकों से विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य के लिए हर संभव प्रयास करने का आह्वान।

 

पश्चिम बंगाल में पहले चरण और तमिलनाडु में एक ही चरण में कल होने वाले विधानसभा चुनावों की सभी तैयारियां पूरी।

 

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन आयोग से प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्‍पणी के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का अनुरोध किया।

 

बॉम्बे उच्च न्यायालय ने 2006 के मालेगांव विस्फोट मामले में चार आरोपियों को बरी किया। उनके खिलाफ लगे आरोपों को खारिज किया।

 

महिला क्रिकेट में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच आज जोहान्‍सबर्ग में।   

 

*********************

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.