मुख्य समाचार:
- उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा – जमीनी स्तर पर सरकार की योजनाओं और नीतियों को लागू करने में सिविल सेवाओं की अहम भूमिका।
- तमिलनाडु में एक ही चरण और पश्चिम बंगाल में पहले चरण के विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार आज शाम समाप्त। विभिन्न पार्टियों के नेता मतदाताओं को लुभाने में जोर-शोर से लगे।
- भारत और जर्मनी सामरिक रक्षा साझेदारी को और मजबूत करने के लिए द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
- अमरीका और ईरान के बीच संघर्ष विराम कल समाप्त हो रहा है। होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव के कारण वार्ता को लेकर अनिश्चितता।
- भारतीय निशानेबाज आज काहिरा में आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप में अपना अभियान शुरू करेंगे।
- आईपीएल क्रिकेट में, आज शाम सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला डेल्ही कैपिटल्स से।
*******
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा है कि जमीनी स्तर पर सरकार की योजनाओं और नीतियों को लागू करने में सिविल सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। आज नई दिल्ली में सिविल सेवा दिवस के अवसर पर उपराष्ट्रपति ने कहा कि योजनाएं भले राजधानी दिल्ली में बनाई जाएं लेकिन दूरदराज के गांवों में सार्थक परिणाम तभी मिलते हैं जब उन्हें सही मायने में लागू किया जाता है। सरदार वल्लभभाई पटेल को अखिल भारतीय सेवाओं का सूत्रधार बताते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि सरदार पटेल ने सेवा और एकता की भावना से राष्ट्र को एकजुट किया।
केंद्रीय कार्मिक और लोक शिकायत राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शासन में एक क्रांतिकारी बदलाव आया है।
पिछले 12 वर्षों में-जब से प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यभार संभाला है देश में एक बड़ा बदलाव आया है। यह परिवर्तन, व्यक्तिगत स्तर पर सेवाओं के वितरण से परे उनमें संस्थागत सुधारों को दर्शाता है। यह बदलाव ‘नियम’ से हटकर ‘भूमिका’ की ओर है। साथ ही, यह परिवर्तन प्रशासन-केंद्रित शासन से हटकर नागरिक-केंद्रित शासन की भावना को मजबूत करता है। आप सभी को याद होगा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पदभार ग्रहण करने के कुछ ही समय बाद, ‘अधिकतम शासन, न्यूनतम सरकार’ का मंत्र दिया था।
*******
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने सिविल सेवा दिवस के अवसर पर सभी सिविल सेवकों को शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ने कहा कि सिविल सेवकों की प्रतिबद्धता उत्तरदायी शासन को मजबूत करने और सार्वजनिक संस्थानों को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
सोशल मीडिया पोस्ट में उपराष्ट्रपति ने सिविल सेवकों के समर्पण और राष्ट्र के प्रति अनुकरणीय सेवा की सराहना की है।
सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह सुशासन और राष्ट्र निर्माण की दिशा में काम करने के संकल्प को और मजबूत करने का अवसर है।
गृह मंत्री ने आशा व्यक्त की कि यह अवसर राष्ट्र के प्रति उनके योगदान की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा।
*******
तमिलनाडु में एक ही चरण के विधानसभा चुनाव और पश्चिम बंगाल में पहले चरण के चुनाव के लिए प्रचार आज समाप्त हो रहा है। तमिलनाडु की सभी 234 सीटों और बंगाल में पहले चरण में 152 सीटों के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा।
*******
तमिलनाडु में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने दावा किया कि एनडीए के पक्ष में एक भारी लहर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। ऑल इंडिया अन्ना डीएमके के महासचिव एडापडडी पलानीसामी ने एनडीए सहयोगियों के साथ आज सेलम में प्रचार करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की समस्या व्याप्त है और एक कुशल सरकार की आवश्यकता है। डीएमके सांसद कनिमोझी ने आज थूथुकुडी में प्रचार किया और डीएमके सरकार की उपलब्धियां बताई। टीवीके के संस्थापक, अभिनेता और राजनेता विजय चेन्नई में चुनाव प्रचार कर रहे हैं।
*******
पश्चिम बंगाल में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए अंतिम प्रयास में जुटे हैं। एक रिपोर्ट…
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार, आज समाप्त हो रहा है। राजनीतिक दलों के नेता राज्यभर में आखिरी दौर के प्रचार में जुटे हैं। भाजपा नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज कर्सियांग में एक जनसभा को संबोधित किया। श्री शाह ने गोरखा समुदाय को आश्वासन दिया कि भाजपा के पश्चिम बंगाल में सत्ता में आने के छह महीने के भीतर गोरखा मुद्दे का समाधान कर किया जाएगा। भाजपा नेता रेखा गुप्ता आसनसोल में एक रोड शो में शामिल हुईं। दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हल्दिया में एक जनसभा को संबोधित किया और बंगाल में भाजपा द्वारा कथित तौर पर फैलाए जा रहे झूठ को लेकर पार्टी पर तीखा हमला बोला। भाजपा के अमित शाह का पूर्वी और पश्चिमी मेदिनीपुर तथा पश्चिमी बर्दवान जिलों में भी जनसभाओं को संबोधित करने का कार्यक्रम है। वहीं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज उत्तरी 24 परगना जिले और कोलकाता में जनसभाओं को संबोधित करेंगी। कांग्रेस, वाम दल और अन्य पार्टियां भी राज्य में अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार कर रही हैं। कोलकाता से कल्याण लाहा, की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से, मैं मुकेश कुमार बल।
निर्वाचन क्षेत्र प्रोफाइल श्रृंखला में आज हम जानकारी दे रहे हैं, पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रामपुरहाट विधानसभा क्षेत्र की।
पश्चिम बंगाल के बीरभूम ज़िले की रामपुरहाट विधानसभा सीट में पर पहले चरण में 23 अप्रैल को मतदान होगा। वर्तमान में इस सीट पर तृणमूल कांग्रेस के आशीष बनर्जी विधायक हैं। वे पांच बार इस निर्वाचन क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं। इस बार 6 निर्दलीयों सहित कुल 14 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। तृणमूल कांग्रेस ने एक बार फिर इस सीट से मौजूदा विधायक आशीष बनर्जी को टिकट दिया है, जबकि भाजपा ने ध्रुव साहा को मैदान में उतारा है। सी.पी.आई.एम ने संजीव मल्लिक और कांग्रेस ने विवेकानंद साऊ को अपना उम्मीदवार बनाया है। रामपुरहाट विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या दो लाख पैंतालीस हज़ार से अधिक है। भाजपा भ्रष्टाचार, बेरोज़गारी और कुप्रबंधन के मुद्दों पर सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस को घेरे हुए हैं। वहीं, तृणमूल कांग्रेस मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के मुद्दे पर भाजपा को घेर रही है। भाजपा ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दलों ने महिला आरक्षण के मुद्दे को बाधित किया है। दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस, कांग्रेस और अन्य दलों ने भाजपा को चुनौती दी है कि वे अपने चुनावी अभियान में पहले से पारित, महिला आरक्षण कानून को लागू करें। कोलकाता से कल्याण लाहा, की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष, से जागृति शर्मा।
*******
पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान को देखते हुए सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग व्यवस्था के सुचारू संचालन का ट्रायल रन आज से शुरू हो रहा है। यह प्रक्रिया राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय से संचालित की जाएगी। केंद्रीय बलों, कोलकाता पुलिस, राज्य पुलिस और निर्वाचन आयोग के प्रतिनिधि मतदान के दिन बूथों से लाइव प्रसारण सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करेंगे। इस पहल का उद्देश्य बूथ स्तर पर निगरानी को मजबूत करना और पारदर्शी मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित करना है। निर्वाचन आयोग दिल्ली से इस ट्रायल रन के हर चरण की स्वयं निगरानी करेगा।
*******
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज जर्मनी की तीन की राजकीय यात्रा पर म्युनिख पहुंचे। रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि इस यात्रा के दौरान श्री सिंह जर्मनी के रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ बातचीत करेंगे। इसमें मुख्य रूप से दोनों देशों के बीच सामरिक रक्षा भागीदारी और मजबूत करने पर ध्यान केन्द्रित किया जाएगा।
दोनों रक्षा मंत्रियों की मौजूदगी में रक्षा औद्योगिक सहयोग की रूपरेखा और संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना अभियानों के लिए प्रशिक्षण में सहयोग समझौतों को लागू करने के बारे में हस्ताक्षर होने की संभावना है। श्री राजनाथ सिंह जर्मनी के रक्षा उद्योग के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ बातचीत भी करेंगे।
*******
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज अपने गृह राज्य ओडिशा के एक दिन के दौरे पर हैं। राउरकेला दौरे में राष्ट्रपति ने इस्पात नगर में लगभग 158 करोड़ रुपये की विकास और सांस्कृतिक परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने छेंड कॉलोनी में एक आधुनिक तारामंडल और विज्ञान केंद्र का भी उद्घाटन किया।
*******
कपड़ा मंत्रालय की सचिव नीलम शमी राव ने कहा है कि बजट में घोषित सात कार्यक्रमों से वस्त्र उद्योग और निर्यात बढ़ाने में मदद मिलेगी। आज बैंग्लुरू में आकाशवाणी समाचार से विशेष भेंट वार्ता में उन्होंने कहा कि 2026-27 के केन्द्रीय बजट में घोषित टेक्सटाइल क्षेत्र की सात योजनाओं से देश में वस्त्र उद्योग के विकास के लिए अनुकूल वातावरण का निर्माण होगा।
*******
खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के लिए उत्पादन-आधारित प्रोत्साहन- पीएलआई योजना देश के खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के विकास में प्रमुख भूमिका निभा रही है। इस योजना के अन्तर्गत प्रोत्साहनों को बिक्री में बढोतरी से जोड़कर निवेश को प्रोत्साहित किया गया है, उत्पादन क्षमता का विस्तार और भारतीय खाद्य उत्पादों की वैश्विक उपस्थिति को मजबूत किया गया है। इसने मूल्यवर्धन, लघु और मध्यम उद्यमों की भागीदारी और श्रीअन्न-आधारित उत्पादों पर समावेशी विकास में योगदान दिया है।
*******
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल की याचिका खारिज करने से यह संदेश गया है कि न्यायपालिका पर कोई सवाल नहीं उठा सकता। उच्च न्यायालय के फैसले की सराहना करते हुए उन्होंने दावा किया कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने दिल्ली आबकारी नीति घोटाला किया और फिर न्यायपालिका की निष्ठा पर सवाल उठाया। आज नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि सरकार को न्यायिक प्रणाली पर पूरा भरोसा है।
बहुत ही शानदान वक्तव्य के साथ में न्यायपालिका में जो अपना जजमेंट दिया है। हाईकोर्ट ने जो बात कही है, हमें जनता को पूरा विश्वास है न्यायपालिका में ये जजमेंट बहुत ही बेहतरीन है और ये समझना होगा कि न्यायपालिका पर कोई भी प्रश्नचिन्ह नहीं लगा सकता।
*******
सरकार ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत 860 रुपये के अनुबंध शुल्क पर 7 लाख रुपये का ऋण देने का दावा करने वाले फर्जी स्वीकृति पत्र का खंडन किया है। पत्र सूचना कार्यालय-पीआईबी की तथ्य जांच ईकाई ने इस पत्र को फर्जी बताया है। कार्यालय ने स्पष्ट किया कि सूक्ष्म इकाई विकास और पुनर्वित्त एजेंसी (मुद्रा) सूक्ष्म उद्यमियों या व्यक्तियों को सीधे ऋण नहीं देती है।
*******
अमरीका और ईरान के बीच संघर्ष विराम कल शाम समाप्त हो रहा है। दोनो पक्षों के बीच नए सिरे से वार्ता की संभावना और होर्मुज जलडमरूमध्य के भविष्य पर अनिश्चितता बनी हुई है। अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने संघर्ष विराम के विस्तार को असंभव बताया है।
उन्होंने कहा कि कोई समझौता नहीं हुआ तो संघर्षविराम के बाद हमले फिर से शुरू हो जाएंगे। अमरीकी सूत्रों के अनुसार, पहले दौर में वार्ता का नेतृत्व करने वाले उपराष्ट्रपति जेडी वैंस बातचीत के लिए आज इस्लामाबाद जाएंगें।
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपनी शर्तो पर बातचीत का संकेत देते हुए कहा कि अगर कोई सफलता मिलती है तो वह ईरान के वरिष्ठ नेताओं से मिलने को तैयार हैं। हालांकि, ईरान की ओर से मिलेजुले संकेत रहे। ईरान की ओर से सोमवार रात सर्वोच्च नेता के अमरीका के साथ बातचीत करने को सहमति मिली है, लेकिन अधिकारियों ने अभी भागीदारी की पुष्टि नहीं की।
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने सोमवार को कहा कि ईरान के पास फिलहाल दूसरे दौर की वार्ता की कोई योजना नहीं है।
होर्मुज जलडमरूमध्य पर तनाव बरकरार है। इस महत्वपूर्ण मार्ग से वैश्विक तेल का लगभग पांचवां हिस्सा गुजरता है।
इस महीने की शुरूआत में इस्लामाबाद में हुई पहले दौर की वार्ता में कोई सफलता नहीं मिली थी।
*******
संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत की अर्थव्यवस्था में इस वर्ष 6 दशमलव 4 प्रतिशत और 2027 में 6 दशमलव 6 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है। एशिया और प्रशांत क्षेत्र के लिए संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक आयोग ने कल जारी रिपोर्ट में कहा कि दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम एशिया की अर्थव्यवस्थाओं में 2025 में 5 दशमलव 4 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि 2024 में 5 दशमलव 2 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।
*******
घरेलू शेयर बाजार के संवेदी सूचकांक में आज दोपहर के कारोबार में लगभग एक प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की। सेंसेक्स 727 अंक बढ़कर 79 हजार 248 जबकि निफ्टी 187 अंक की वृद्धि के साथ 24 हजार 552 पर था।
*******
उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज आध्यात्मिक गुरु आदि शंकराचार्य की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
*******
भारत के जूनियर निशानेबाज आज मिस्र के काहिरा में आई.एस.एस.एफ जूनियर निशानेबाजी वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।
आज 10 मीटर एयर राइफल महिला और 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष स्पर्धाओं में दो पदकों का फैसला होगा।
*******
आईपीएल क्रिकेट में आज शाम साढे सात बजे सनराइजर्स हैदराबाद का सामना डेल्ही कैपिटल्स से होगा। यह मैच हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा।
कल अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटन्स को 99 रन से हराया।
*******
मौसम विभाग ने अगले दो दिन के लिए हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में लू चलने की संभावना व्यक्त की है।
*******
मुख्य समाचार एक बार फिर:-
- उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा – जमीनी स्तर पर सरकार की योजनाओं और नीतियों को लागू करने में सिविल सेवाओं की अहम भूमिका।
- तमिलनाडु में एक ही चरण और पश्चिम बंगाल में पहले चरण के विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार आज शाम समाप्त। विभिन्न पार्टियों के नेता मतदाताओं को लुभाने में जोर-शोर से लगे।
- भारत और जर्मनी सामरिक रक्षा साझेदारी को और मजबूत करने के लिए द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
- अमरीका और ईरान के बीच संघर्ष विराम कल समाप्त हो रहा है। होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव के कारण वार्ता को लेकर अनिश्चितता।
- भारतीय निशानेबाज आज काहिरा में आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप में अपना अभियान शुरू करेंगे।
- आईपीएल क्रिकेट में, आज शाम सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला डेल्ही कैपिटल्स से।
*******