April 20, 2026 3:27 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने नई दिल्ली में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की; दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने के लिए चार समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए।

 

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा – विपक्ष को महिला आरक्षण विधेयक को रोकने के परिणाम भुगतने होंगे।

 

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में राजनीतिक दलों के नेता मतदाताओं को लुभाने का अंतिम प्रयास कर रहे हैं।

 

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में सड़क दुर्घटना में पंद्रह लोगों की मौत। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने शोक व्यक्त किया।

 

पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोवाल ने रियाद में सऊदी अरब के नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय वार्ताएं की।

 

ईरान ने अमरीका के साथ दूसरे दौर की वार्ता से इनकार किया; अमरीका की अव्‍यवहारिक मांगों का हवाला दिया।

 

और, आईपीएल क्रिकेट में, आज शाम अहमदाबाद में गुजरात टाइटन्स का सामना मुंबई इंडियंस से।

 

*******

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज दक्षिण कोरिया के राष्‍ट्रपति ली जे म्‍यूंग के साथ नई दिल्‍ली में वार्ता की। इस बैठक के दौरान भारत और दक्षिण कोरिया ने खेल, संस्‍कृति और रचनात्‍मक उद्योग के क्षेत्रों में सहयोग सहित विभिन्‍न क्षेत्रों में कई समझौता ज्ञापन पर हस्‍ताक्षर किए। इसमें औद्योगिकी सहयोग समिति की स्‍थापना तथा सूक्ष्‍म, लघु और मध्‍यम उद्यमों के क्षेत्र के समझौता ज्ञापन भी शामिल हैं। दोनों देशों ने भारत और दक्षिण कोरिया के बीच व्‍यापक आर्थिक साझेदारी समझौता और भारत कोरिया डिजिटल सेतु के ढांचे को उन्‍नत बनाने संबंधी वार्ता को फिर शुरू करने को लेकर साझा घोषणा पत्र का आदानप्रदान किया। श्री मोदी ने संयुक्‍त संवाददाता सम्‍मेलन में कहा कि लोकतांत्रिक मूल्‍यों और कानून के प्रति सम्‍मान दोनों देशों के डीएनए में है।

 

फ्रेंड 8 वर्ष बाद कोरिया के राष्ट्रपति की ये भारत यात्रा अत्यंत महत्वपूर्ण है।  डेमोक्रेटिक वैल्यूज, मार्केट इकोनामी आर रिस्पेक्ट फोर रूल ऑफ़ लॉ।  हम दोनों देशों के डीएनए में है। इंडो पेसिफिक क्षेत्र में भी हमारा कॉमन आउटलुक है। इन सब के आधार पर पिछले एक दशक में हमारे संबंध अधिक गतिशील और व्यापक हुए है और आज प्रेसिडेंट ली की यात्रा से हमें ट्रस्टेड पार्टनरशिप को फ्यूचरिस्टिक पार्टनरशिप में ट्रांसफॉर्म करने जा रहे हैं।

 

श्री मोदी ने कहा कि पिछले दस वर्षों में दोनों देशों के बीच संबंध व्‍यापक और गतिशील रहे हैं।

 

दक्षिण कोरिया के राष्‍ट्रपति ली जे म्‍यूंग ने कहा कि भारत वैश्विक दक्षिण के देशों में एक मार्गदर्शक के रूप में उभर चुका है। उन्‍होंने कहा कि दोनों देश रक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और पोत निर्माण में सहयोग को विस्‍तार देंगे।

 

*******

 

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने आज कहा कि महिला आरक्षण विधेयक को बाधित करने के परिणाम विपक्ष को भुगतने होंगे। नई दिल्‍ली में संवाददाताओं से बातचीत में उन्‍होंने लोकसभा में संविधान (एक सौ इकतीसवां संशोधन) विधेयक 2026 को लोकसभा में मंजूरी नहीं मिलने के बाद कांग्रेस और इसके सहयोगियों की कड़ी आलोचना की है। उन्‍होंने कहा कि देश की महिलाएं बहुत गुस्‍से में हैं और भय से मुक्‍त हैं। श्री रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस के ऊपर जो दाग लगा है, वो मिटने वाला नहीं है।

 

महिलाओं के सामने हम लोग ये बता रहे है अभी कि आगे मोदी जी के नेतृत्‍व में महिलाओं के लिए हमारा सरकार एनडीए काम करते रहेंगे, लेकिन जिन्‍होंने महिला आरक्षण बिल को गिराया उनको भी सजा मिलना चाहिए, तो ये काला दाग कांग्रेस के ऊपर लगा है, जीवन भर साफ होने वाला नहीं है। 

 

*******

 

मध्य प्रदेश के भोपाल में भारतीय जनता पार्टी ने आज महिला आक्रोश रैली का आयोजन किया। भाजपा का कहना है कि विपक्ष ने महिलाओं के अधिकारों के साथ खिलवाड़ किया है और आज की रैली इसी के विरोध में बुलाई गई है।

 

*******

 

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार समाप्त होने में केवल दो दिन शेष  हैं। राज्‍य में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रमुख नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए अंतिम प्रयास कर रहे हैं।

 

भारतीय जनता पार्टी के नेता और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा बांकुड़ा के कोतुलपुर में एक जनसभा करेंगे। वहीं, तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बंदोपाध्याय बांकुड़ा के रानीबांध में एक जनसभा में आज शामिल हुए। भाजपा के वरिष्‍ठ नेता राजनाथ सिंह ने बीरभूम में एक रैली को संबोधित किया। इस बीच, भाजपा के अध्यक्ष नितिन नवीन के पूर्वी मेदिनीपुर में एक रोड शो में शामिल होने का कार्यक्रम है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी उत्तर 24 परगना के खरदाह में एक जनसभा करेंगे। उधर, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आज कूचबिहार और सिलीगुड़ी में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। कोलकाता से कल्याण लाहा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से निखिल कुमार।

 

*******

 

विधानसभा चुनावों वाले राज्‍यों के निर्वाचन क्षेत्रों की जानकारी श्रृखंला में आज हम चर्चा कर रहे हैं पश्चिम बंगाल के बांकुडा जिले के सिंधु विधानसभा क्षेत्र की। इस जिले में 23 अप्रैल को मतदान होगा।

 

पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा ज़िले में स्थित इंडस विधानसभा क्षेत्र में, राज्‍य विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत 23 अप्रैल को मतदान होगा। मौजूदा विधायक निर्मल कुमार धारा भाजपा से हैं। यह सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। इस चुनाव में, 4 निर्दलीय उम्मीदवारों सहित कुल 8 उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा ने इस सीट पर एक बार फिर निर्मल कुमार धारा को उतारा है, जबकि तृणमूल कांग्रेस ने श्यामली रॉय बागदी को उम्‍मीदवार बनाया हैं। मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी की उम्मीदवार झरना मलिक हैं, जबकि कांग्रेस ने मौ मंडल सामंत को मैदान में उतारा है। नामांकन की अंतिम तिथि तक इंडस विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या दो लाख पैंतालीस हज़ार से अधिक है। कल्याण लाहा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से इशिका शाह।

 

*******

 

वहीं, तमिलनाडु में तेलुगु देशम पार्टी-टीडीपी के नेता और आंध्र प्रदेश के मुख्‍यमंत्री चन्‍द्र बाबू नायडू और केंद्रीय नागर विमानन मंत्री तथा टीडीपी के नेता किंजरापु राम मोहन नायडू ने राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए के लिए कोयंबटूर में चुनाव प्रचार किया। केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने भी आज सुबह कोयंबटूर में प्रचार किया। कन्‍याकुमारी की एक जनसभा में आज राहुल गांधी ने विरूधुनगर की आग दुर्घटना के पीडि़तों के लिए गहरी संवेदना प्रकट की। वे राज्‍य के कई स्‍थानों पर चुनाव प्रचार कर रहे हैं।  श्री गांधी ने एनडीए के साथ गठबंधन करने के लिए एआईएडीएमके की आलोचना की।

 

*******

 

जम्‍मू-कश्‍मीर के उधमपुर जिले में एक बस के दुर्घटनाग्रस्‍त होने के बाद 15 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना राजनगर-उधमपुर सड़क पर जल्‍लो गांव के निकट हुई है।

 

जम्‍मू-कश्‍मीर के उपराज्‍यपाल मनोज सिन्‍हा ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्‍यक्‍त किया है। श्री सिन्‍हा ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्‍वस्‍थ होने की कामना की। श्री सिन्‍हा ने बताया कि उन्‍होंने प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस, राज्‍य आपदा मोचन बल और स्‍वास्‍थ्‍य विभाग को निर्देश दिया है। प्रधानमंत्री कार्यालय में केंद्रीय राज्‍यमंत्री और कठुआ-उधमपुर से लोकसभा के सांसद जितेंद्र सिंह ने कहा कि तत्‍काल बचाव अभियान शुरू कर दिया गया और लोगों को सभी संभव सहायता दी जा रही है।

 

*******

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में हुई बस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की।

 

*******

 

तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में कल एक पटाखा कारखाने में हुए विस्फोट में मरने वालों की संख्या 25 हो गई है। यह घटना तब हुई जब मजदूर कारखाने में काम कर रहे थे। कल रात मलबा हटाते समय हुए एक अन्‍य विस्फोट में 12 लोग घायल हो गए। मृतकों में 22 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं।

 

इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।

 

*******

 

राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच द्विपक्षीय संबंधों को सशक्‍त बनाने और प्रगाढ़ होते ऊर्जा सहयोग पर केंद्रित सउदी अरब के वरिष्‍ठ नेतृत्‍व के साथ कई उच्‍चस्‍तरीय बैठक की। यह यात्रा बदलते भू-राजनीतिक परिस्थितियों के बीच भारत और सउदी अरब के बीच लगातार बढ़ती कार्यनीतिक साझेदारी को दर्शाती है। एक रिपोर्ट-

 

सऊदी अरब में भारत के राजदूत डॉ. सुहेल एजाज खान और सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय में राजनीतिक मामलों के उप मंत्री डॉ. सऊद अलसाती ने किंग खालिद अंतर्राष्‍ट्रीय हवाई अड्डे पर श्री डोभाल का स्‍वागत किया। इस यात्रा के दौरान श्री डोभाल सउदी अरब के ऊर्जा मंत्री प्रिंस अब्दुल अज़ीज़ बिन सलमान, विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार डॉ. मुसाद बिन मोहम्मद अलआइबान के साथ बैठक की। सउदी के अधिकारियों ने बताया कि ऊर्जा मंत्री प्रिंस अब्दुल अज़ीज़ बिन सलमान के साथ हुई बैठक में ऊर्जा क्षेत्र और वैश्विक आपूर्ति की स्थिरता को समर्थन देने में सहयोग बढ़ाने पर ध्‍यान केंद्रित किया गया। बैठक में सुरक्षा सहयोग के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने आतंकवाद से मुकाबले पर समन्‍वय और खुफिया जानकारी को साझा किए जाने पर समीक्षा की। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।

 

*******

 

भारत और उजबेकिस्‍तान के बीच 7वां संयुक्‍त सैन्‍य अभ्‍यास-डस्‍टलिक उज‍बेकिस्‍तान के नामंगन में चल रहा है। रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि इसका उद्देश्‍य अर्ध-पर्वतीय इलाकों में संचालन क्षमता को मजबूत करना है तथा गैर-कानूनी सशस्‍त्र गुटों के खिलाफ विशेष सशस्‍त्र कौशल और विशेष अभियान पर ध्‍यान केंद्रित करना है। यह अभ्‍यास 25 अप्रैल तक चलेगा।

 

*******

 

उपराष्‍ट्रपति सी पी राधाकृष्‍णन की दो दिवसीय श्रीलंका यात्रा आज संपन्‍न हो गई। यात्रा के दौरान परस्‍पर संबंधों और विकास से जुड़े सहयोग को निरंतर मजबूती देने पर बल दिया गया।

 

इससे पहले, उपराष्‍ट्रपति ने आज श्रीलंका के नुवारा एलिया में भारतीय आवासीय परियोजना के अंतर्गत निर्मित मकानों का दौरा किया और लाभार्थियों से बातचीत की।

 

*******

 

ईरान ने अमरीका के साथ दूसरे दौर की शांति वार्ता से इंकार कर दिया है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता ने कहा है कि अमरीका द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्‍य में ईरान के ध्‍वज वाले जहाज को जब्‍त करने के बाद ईरान की नए दौर की वार्ता शुरू करने की कोई योजना नहीं है।

 

इससे पहले अमरीकी राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने घोषणा की थी कि वे ईरान के साथ संभावित वार्ता के लिए अपनी टीम को पाकिस्‍तान भेज रहे हैं। ईरान की सरकारी न्‍यूज एजेंसी – आईआरएनए ने बताया है कि वार्ता से इंकार करने की वजह अमरीका की अत्‍यधिक मांगे, रूख में बार-बार बदलाव और नौसेना नाकेबंदी है।

 

*******

 

भारत और अमरीका के बीच प्रस्‍तावित द्विपक्षीय व्‍यापार समझौते के पहले चरण की बातचीत आज फिर शुरू होगी। यह वार्ता 22 अप्रैल तक वाशिंगटन में होगी।      

 

*******

 

पाकिस्तान के सिंध प्रांत के कई हिस्सों में महिलाओं के साथ होने वाले अन्याय को उजागर करने और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन, रैलियां और नुक्कड़ रंगमंच आयोजित किए गए। ये प्रदर्शन मानवाधिकार समूह ‘सिविल सोसाइटी फॉर ट्रुथ, पीस एंड जस्टिस’ द्वारा आयोजित किए गए थे।

 

*******

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा में देश के पहले ग्रीनफील्ड एकीकृत तेल शोधन-सह-पेट्रोकेमिकल परिसर का उद्घाटन करेंगे। 90 लाख मीट्रिक टन प्रति वर्ष की क्षमता वाले इस तेल शोधन-सह-पेट्रोकेमिकल परिसर की स्थापना 79 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से की गई है।

 

*******

 

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि अवसंरचना वह नींव है जिस पर आधुनिक देश बने हैं। उन्‍होंने कहा कि मजबूत बुनियादी ढांचा लॉजिस्टिक लागत कम करता है, व्‍यापार को मजबूती देता है, निवेश आकर्षित करता है तथा उत्‍पादकता बढ़ाता है। रेलवे और राजमार्गों का उल्‍लेख करते हुए राष्‍ट्रपति ने कहा कि परिवहन के  यह माध्‍यम देश के दूरस्‍थ क्षेत्रों में सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए अपार संभावनाएं खोलते हैं।

 

राष्‍ट्रपति ने यह बात आज राष्‍ट्रपति भवन में भारतीय रेलवे के परिवीक्षाधीन अधिकारी और केंद्रीय अभियांत्रिकी सेवा सड़क के सहायक कार्यकारी अभियंताओं के साथ बातचीत के दौरान कही। 

 

*******

 

सरकार ने केंद्र सरकार द्वारा विद्यार्थियों को मुफ्त लैपटॉप प्रदान करने के दावे से जुड़े लिंक को प्रसारित करने वाले संदेश को खारिज कर दिया है। पत्र सूचना कार्यालय की तथ्‍य जांच इकाई ने इस दावे को फर्जी बताया है।

 

*******

 

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज रात साढे नौ बजे पब्लिक स्‍पीक कार्यक्रम में, विश्व पृथ्वी दिवस: सतत भविष्य के लिए सौर ऊर्जा विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। राष्ट्रीय सौर ऊर्जा संस्थान के महानिदेशक डॉ. मोहम्मद रिहान परिचर्चा में भाग लेंगे।

 

*******

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने बसव जयंती पर भगवान बसवेश्वर को श्रद्धा सुमन अर्पित किये हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि न्यायपूर्ण समाज का भगवान बसवेश्वर का दृष्टिकोण और हर एक को सशक्त बनाने का उनका अथक प्रयास सबके लिये प्रेरणा स्रोत बना रहेगा।

 

*******

 

आईपीएल क्रिकेट में आज अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस का मुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा। यह मैच शाम साढे सात बजे से शुरू होगा।

 

इससे पहले पंजाब किंग्‍स ने कल रात लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रन से हरा दिया। एक अन्‍य मैच में कल कोलकाता नाइट राइडर्स ने राजस्‍थान रॉयल्‍स को चार विकेट से पराजित कर अपना पहला मैच जीता।

 

*******

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर:-

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने नई दिल्ली में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की; दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने के लिए चार समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए।

 

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में राजनीतिक दलों के नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए अंतिम प्रयास कर रहे हैं।

 

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में सड़क दुर्घटना में पंद्रह लोगों की मौत। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने शोक व्यक्त किया।

 

पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोवाल ने रियाद में सऊदी अरब के नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय वार्ताएं की।

 

ईरान ने अमरीका के साथ दूसरे दौर की वार्ता से इनकार किया; अमरीका की अव्‍यवहारिक मांगों का हवाला दिया।

 

और, आईपीएल क्रिकेट में, आज शाम अहमदाबाद में गुजरात टाइटन्स का सामना मुंबई इंडियंस से।

 

*******