मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के विकास के लिए महिलाओं से राजनीति में अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया; कहा – भाजपा महिला सशक्तिकरण का पर्याय है।
- पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार चरम पर। राजनीतिक दलों के नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए लगातार रैलियां कर रहे हैं।
- भारत ने श्रीलंका के साथ द्विपक्षीय सहयोग मजबूत करने के लिए पड़ोसी प्रथम की नीति अपनाने का संकल्प दोहराया।
- उत्तराखंड में गंगोत्री और यमुनात्री तीर्थों के कपाट खुलने के साथ चार धाम यात्रा का शुभारंभ।
- महिला क्रिकेट में पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के दूसरे मैच में आज शाम डरबन में भारतीय टीम का मुकाबला मेजबान दक्षिण अफ्रीका से।
*********
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि देश का विकास सुनिश्चित करने के लिए अधिक से अधिक महिलाओं को राजनीति में आना चाहिए। श्री मोदी ने आज पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जि़ले के बिष्णुपुर में एक जनसभा में आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस 2029 में महिला आरक्षण देने के लिए विधेयक को पारित करने से रोकने में कांग्रेस के साथ शामिल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला सशक्तिकरण का पर्याय बन चुकी है।
विकसित भारत बनाने में बेटियों की भूमिका का विस्तार हो, राजनीति में भी ज्यादा से ज्यादा बेटियां आए लेकिन साथियों, आपने देखा है कि संसद में क्या हुआ है। टीएमसी नहीं चाहती थी की बंगाल की बेटियां ज्यादा संख्या में एम.एल.ऐ बने।
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस आदिवासी विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव के दौरान दोनों दलों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के खिलाफ एक उम्मीदवार को खड़ा किया था।
महाजंगलराज को महा सजा मिलनी चाहिए। आदिवासी बहनों-बेटियों से तो टी.एम.सी बहुत नफरत करती है। बीजेपी ने देश को पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति दी। कांग्रेस टीएमसी ने आदिवासी राष्ट्रपति को पराजित करने के लिए बहुत बड़ा खेल खेला था। यानि यह नहीं चाहते थे कि आदिवासी बेटी देश की राष्ट्रपति बने।
**********
प्रधानमंत्री ने पुरुलिया में भी एक चुनावी रैली को संबोधित किया। श्री मोदी ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचार और अत्याचारों ने पश्चिम बंगाल के लोगों में भय का माहौल बना दिया है। उन्होंने कहा कि लोग अब भाजपा पर भरोसा जता रहे हैं।
जहां भी भय और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच जाता है, वहां लोग बीजेपी पर भरोसा करते हैं, बीजेपी को चुनते है। और यही आज हम बंगाल में होते देख रहे हैं। बंगाल के लोगों ने भी ठान लिया है भय आउट भरोसा इन।
*********
इस बीच, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में चुनाव प्रचार चरम पर पहुंच गया है। विभिन्न दलों के नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए लगातार रैलियां कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी ने हुगली और पूर्वी बर्धमान जिलों में पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में जनसभाएं की। ममता बैनर्जी ने भाजपा पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। ममता बैनर्जी जनसभाओं और रोड शो में भी शामिल होंगी। भाजपा नेता और त्रिपुरा के मुख्यमंत्री मानिक साहा ने मुर्शिदाबाद जिले के जियागंज और कांदि में रोड शो में भाग लिया। कांग्रेस, वामपंथी दल और अन्य राजनीतिक दलों ने भी अपना अभियान तेज कर दिया है। उधर तमिलनाडु में भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज तमिलनाडु के इरोड जिले के शिवगिरी और मोडाक्कुरिची में चुनाव प्रचार किया। जनसभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में एआईएडीएमके महासचिव एडप्पाडी के पलानीस्वामी के नेतृत्व वाला एनडीए एक मजबूत और सफल गठबंधन है। उन्होंने डीएमके सरकार की निष्क्रियता और जन कल्याण की उपेक्षा की आलोचना की। नमक्कल में चुनाव प्रचार करते हुए एआईएडीएमके महासचिव एडप्पाडी के पलानीस्वामी ने कहा कि सत्ता में आने पर उनकी पार्टी किसानों को 14 सौ यूनिट मुफ्त बिजली मुहैया कराएगी।
*********
आकाशवाणी समाचार के विधानसभा क्षेत्रों की प्रोफाइल श्रृंखला में आज हम पश्चिम बंगाल के नयाग्राम विधानसभा क्षेत्र की जानकारी दे रहे हैं।
झारग्राम जिले की नयाग्राम विधानसभा सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है। झारग्राम जिला मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्र है, जहां जंगल और लोकप्रिय पर्यटन स्थल मौजूद हैं। नयाग्राम सीट के वर्तमान विधायक दुलाल मुर्मु सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस से हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या दो लाख पच्चीस हजार से अधिक है। चुनाव में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के बीच है। तृणमूल कांग्रेस ने फिर से दुलाल मुर्मु को उम्मीदवार बनाया है। वहीँ, बीजेपी ने अमिया किस्कू को उम्मीदवार बनाया है। सीपीआईएम के उम्मीदवार डॉ. पुलिन बिहारी बास्के हैं और कांग्रेस ने प्रसांत मुर्मु को मैदान में उतारा है। चार निर्दलीय उम्मीदवार भी इस सीट से चुनाव लड़ रहें हैं। कोलकाता से कल्याण लाहा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्णवी।
*********
उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन श्रीलंका की दो दिन की राजकीय यात्रा पर हैं। ब्यौरा हमारे संवाददाता से –
भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने आज कलम्बो स्थित राष्ट्रपति सचिवालय में श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत और श्रीलंका के बीच बहु आयामी संबंधों को और मजबूत करने के उद्देश्य से व्यापक और सार्थक चर्चा की। बैठक के दौरान श्री राधाकृष्णन ने भारत की पड़ोसी पहला नीति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और पारस्परिक विकास तथा प्रगति के लिए निरंतर सहयोग पर जोर दिया। वार्ता में भारतीय आवास परियोजना सहित विभिन्न चल रही पहलों तथा साइक्लोन दित्वा से प्रभावित क्षेत्रों के लिए साढे चार सौ मिलीयन अमरीकी डॉलर के सहायता पैकेज के तहत परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। भारतीय उपराष्ट्रपति प्रधानमंत्री डॉ. हरिनी अमरसुरिया और अन्य नेताओं से भी मुलाकात करेंगे तथा समुदाय के सदस्यों और प्रवासी भारतीय सदस्यों से बातचीत करेंगे। यह यात्रा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग में निरंतर प्रगती को रेखांकित करती है। अहमद मुइन फारूकी आकाशवाणी समाचार कोलंबो।
*********
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो के अध्यक्ष डॉ. वी. नारायणन ने कहा है कि जलवायु, वायु प्रदूषण और मौसम की निगरानी संबंधी अध्ययन के लिए डिजाइन किए गए जी-20 उपग्रह को 2027 में प्रक्षेपित किए जाने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि भारत एक रॉकेट का प्रयोग करके सौ से अधिक उपग्रहों को कक्षा में स्थापित करने में सफल रहने वाला पहला देश है। डॉ. नारायणन ने हैदराबाद में कल इंजीनियरिंग स्टाफ कॉलेज ऑफ इंडिया में रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन, इसरो और एयरोनॉटिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया के वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि इसरो वर्ष 2040 तक चांद पर मानव को भेजने की दिशा में काम कर रहा है।
इसरो गगनयान कार्यक्रम चला रहा है, जिसका उद्देश्य मानवयुक्त मिशन को अंतरिक्ष में भेजना है। वर्ष 2040 तक भारत, रॉकेट और उपग्रह प्रौद्योगिकी, अनुप्रयोग और मानव अंतरिक्ष यात्रा के क्षेत्र में किसी भी अन्य अंतरिक्ष प्रौद्यो्गिकी वाले देश के बराबर होगा। वर्ष 2040 तक, भारत चंद्रमा पर उतरेगा और वहां पर तिरंगा फहराएगा। यह उपलब्धि दर्शाएगी कि भारत आने वाले कुछ वर्षों में एक विकसित देश बनने की दिशा में निरंतर अग्रसर है।
*********
प्रवर्तन निदेशालय कोलकाता पुलिस उपायुक्त शांतनु सिन्हा बिस्वास और सन एंटरप्राइज़ के प्रबंध निदेशक जॉय कामदार से जुड़े तीन भवनों में तलाशी अभियान चला रहा है। इन तीन स्थानों में से दो का संबंध बिस्वास और एक का कामदार से है। ये छापेमारी हिस्ट्री-शीटर सोना पप्पू और जॉय कामदार मामले में धनशोधन रोकथाम अधिनियम के अंतर्गत की गई है।
*********
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नाशिक की टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज इकाई में कथित धर्मांतरण मामले में पुलिस विभाग को कड़ा रुख अपनाने का निर्देश दिया है। उन्होंने आरोपियों को सजा दिलाने के लिए पुलिस को मामले की गहन जांच करने और हर पहलू की छानबीन करने को कहा है। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज इकाई में कथित यौन उत्पीड़न और धर्मांतरण मामले में सात आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
*********
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्योंग आज से भारत की यात्रा पर रहेंगे। भारत की उनकी यह पहली यात्रा होगी। उनके साथ मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और व्यवसायिक प्रमुख सहित एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी होगा। विदेश मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रपति ली जे म्योंग, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ पोत निर्माण, व्यापार, निवेश, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर और सांस्कृतिक आदान-प्रदान सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को सुदृढ़ करने के लिए वार्ता करेंगे। श्री ली जे म्योंग राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात करेंगे।
*********
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 21 अप्रैल को जर्मनी की तीन दिन की यात्रा पर रवाना होंगे। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इस दौरान वर्तमान रक्षा सहयोग प्रस्तावों की समीक्षा और दोनों देशों के रक्षा उद्योगों के बीच सहयोग के नए अवसर तलाशने के बारे में बातचीत होगी। श्री राजनाथ सिंह जर्मनी के रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस के साथ आपसी वार्ता करेंगे। चर्चा में रक्षा औद्योगिक सहयोग बढ़ाना, सैन्य संबंध मजबूत करना और साइबर सुरक्षा, आर्टिफिशिय़ल इंटेलिजेंस तथा ड्रोन जैसे उभरते क्षेत्रों के बारे में बातचीत होगी।
*********
अक्षय तृतीया का त्यौहार आज पूरे देश में मनाया जा रहा है। यह त्यौहार सौभाग्य और सफलता का प्रतीक है। इस दिन स्वर्ण खरीदारी करने का भी प्रचलन है। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ आज उत्तराखंड में वार्षिक चारधाम यात्रा की शुरुआत हुई। गंगोत्री मंदिर के भीतर देवी गंगा की प्रतिमा और यमुनोत्री मंदिर परिसर में यमुना की प्रतिमा पूरी रीति-रिवाज़ के साथ स्थापित की गई। ब्यौरा हमारी संवाददाता से
अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर हर साल की तरह इस वर्ष भी बडी संख्या में भक्त इन धामों के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। दोनों धामों के कपाट खुलने के साथ ही प्रदेश में चार धम यात्रा का शुभारंभ हो गया है। श्रद्धालु की सुरक्षा के लिए पुलिस की ओर से गंगोत्री तथा यमनोत्री धाम को दो सुपर ज़ोन, 12 जोन और तीस सेक्टर में बांटकर सुपर जोनल, जोनल व सेक्टर जोनल अधिकारियों को नियुक्त किया गया है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की गई है। चार धाम की शुरूआत के साथ ही उत्त्राखंड में उत्साह का महौल है। प्रसाशन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यात्रा करें। आकाशवाणी देहरादून से साक्षी सिंह।
केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल और बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खुलेंगे।
*********
अक्षय तृतीय के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएँ दी हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह त्योहार पुण्य कर्म, दान और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।प्रधानमंत्री ने परशुराम जयंती की भी शुभकामनाएँ दी हैं। श्री मोदी ने कहा कि भगवान परशुराम नागरिकों को अन्याय के विरुद्ध दृढ़ रहने और सत्य के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देते हैं।
*********
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने नागरिकों से अपने स्वास्थ्य की जिम्मेदारी लेने और स्वस्थ यकृत तथा स्वस्थ भविष्य के लिए प्रतिदिन बेहतर विकल्प चुनने का आह्वान किया। विश्व यकृत दिवस के अवसर पर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में श्री नड्डा ने कहा कि स्वस्थ यकृत स्वस्थ जीवन की कुंजी है।
*********
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड-बीसीसीआई ने वरिष्ठ चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर का अनुबंध एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया है। यह निर्णय वर्ष 2027 के एक दिवसीय क्रिकेट विश्व कप की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
*********
महिला क्रिकेट में पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के दूसरे मैच में आज शाम डरबन में भारतीय टीम का मुकाबला मेजबान दक्षिण अफ्रीका से होगा। यह मैच डरबन में भारतीय समयानुसार शाम साढे पांच से खेला जाएगा। श्रृंखला के पहले मैच में हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम को छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।
*********
आईपीएल क्रिकेट में आज कोलकाता नाइटराइडर्स का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स से होगा। यह मैच कोलकाता में दोपहर बाद साढे तीन बजे से खेला जाएगा। चंडीगढ़ में एक अन्य मैच में शाम साढे सात बजे पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जाइंट्स आमने-सामने होंगे।
*************
आकाशवाणी पीपल्स पद्म श्रृंखला के अंतर्गत आज पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले मेघालय के श्री हल्ली वार से बातचीत प्रसारित की जाएगी। उन्होंने जीवित जड़ पुलों और स्वदेशी पारिस्थितिक प्रथाओं की परंपरा को संरक्षित करने में प्रमुख भूमिका निभाई है। उन्हें प्रतिष्ठित पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह बातचीत आकाशवाणी के एफएम गोल्ड चैनल पर शाम 5 बजकर 10 मिनट पर प्रसारित होगी।
************
मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में कल लू चलने की आशंका व्यक्त की है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और काराईक्काल में गर्म और उमस भरे मौसम की संभावना जताई है।
************
अंत में मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के विकास के लिए महिलाओं से राजनीति में अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया; कहा – भाजपा महिला सशक्तिकरण का पर्याय है।
- पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार चरम पर। राजनीतिक दलों के नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए लगातार रैलियां कर रहे हैं।
- भारत ने श्रीलंका के साथ द्विपक्षीय सहयोग मजबूत करने के लिए पड़ोसी प्रथम की नीति अपनाने का संकल्प दोहराया।
- उत्तराखंड में गंगोत्री और यमुनात्री तीर्थों के कपाट खुलने के साथ चार धाम यात्रा का शुभारंभ।
- महिला क्रिकेट में पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के दूसरे मैच में आज शाम डरबन में भारतीय टीम का मुकाबला मेजबान दक्षिण अफ्रीका से।
*******