April 18, 2026 3:33 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

  1. संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बाद बजट सत्र का समापन।
  2. पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार तेज।
  3. राष्ट्रीय महिला आयोग ने अमरावती यौन उत्पीड़न मामले की जांच की प्रगति की समीक्षा की।
  4. अमरीका ने रूस से तेल खरीदने के लिए प्रतिबंधों पर छूट को एक महीने के लिए बढ़ाया।
  5. नेपाल के सुप्रीम कोर्ट ने गगन थापा गुट को आधिकारिक नेपाली कांग्रेस के रूप में मान्यता दी।
  6. आईपीएल क्रिकेट में, आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स से और सनराइजर्स हैदराबाद का सामना चेन्नई सुपर किंग्स से होगा।

————-

संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बाद बजट सत्र का समापन हो गया है। लोकसभा में सत्र के समापन भाषण में अध्यक्ष ओम बिरला ने बताया कि बजट सत्र के दौरान 93 प्रतिशत कामकाज हुआ।

 

 

यह सत्र 28 जनवरी को 2026 को आरंभ हुआ था। इस सत्र में हमने 31 बैठके कीं जो लगभग 151 घंटे और 42 मिनट तक चली। सत्र के दौरान 126 तारंकिंत प्रश्‍नों के उत्‍तर दिए गए। माननीय सदस्‍यों ने लोकमत के 226 मामले उठाएं गए। सभा में नियम 377 के अधीन 626 मामले उठाए गए।

 

श्री बिरला ने बताया कि सत्र के दौरान बारह सरकारी विधेयक पेश किए गए और नौ विधेयक पारित किए गए। इसमें वित्त विधेयक 2026, दिवालियापन और दिवालिया संहिता (संशोधन) विधेयक, 2025, आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक, 2026, जन विश्वास (प्रावधान संशोधन) विधेयक, 2026 और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सामान्य प्रशासन) विधेयक, 2026 शामिल हैं।

 

राज्यसभा में सत्र के समापन भाषण में सभापति सी पी राधाकृष्णन ने कहा कि कुल मिलाकर सदन 157 घंटे से अधिक समय तक चला और लगभग 110 प्रतिशत कामकाज हुआ। सभापति ने कहा कि इस सत्र में मनोनीत सदस्य हरिवंश तीसरी बार राज्यसभा के उपसभापति चुने गए।

 

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने संसद के बजट सत्र को उत्पादक और सफल बताया है। संसद पुस्तकालय भवन में बजट सत्र के समापन के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए श्री रिजिजू ने कहा कि इस सत्र में केंद्रीय बजट और कई महत्वपूर्ण विधायी विधेयक सफलतापूर्वक पारित हुए।

 

बहुत ही प्रोडक्टिव बजट सेंशन रहा है। यूनियन बजट बहुत अच्‍छी तरह से पारित हुआ, फिर फाइनेंस बिल पारित किया गया। दूसरे पार्ट में प्रधानमंत्री जी ने वेस्‍ट एशिया क्राइसिस को लेकर स्‍टेटमेंट दिया। तीन दिन स्‍पेशल सिटिंग एक्‍सटेंशन किया गया। नारी शक्ति वंदन अधिनियम डिलिमिटेशन अमेंडमेंट बिल पेश किया गया था। ये बिल पारित नही हो पाया। बाकी जितना भी सरकारी बिल्‍स थे सब पारित हैं।

 

बजट सत्र की कार्यवाही के बारे में और जानकारी के साथ है हमारे संवाददाता –

 

संसद के बजट सत्र की शुरूआत 28 जनवरी को राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और दोनो सदनों की संयुक्‍त बैठक में एक संबोधन के साथ हुई थी। वित्‍त मंत्री निर्मला सीतारामन ने एक फरवरी को केन्‍द्रीय बजट पेश किया था। सत्र के दौरान प्रधानमंत्री  नरेन्‍द्र मोदी ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष और इससे भारत के सामने आ रही चुनौतियों पर दोनो सदनों में बयान दिया था। इसके अलावा लोकसभा में देश को वामपंथी उग्रवाद से मुक्‍त करने प्रयास पर भी चर्चा हुई। पहले यह बजट इस म‍हीने की दो तारीख तक चलना था,  ल्रेकिन महिला आरक्षण से जुडे महत्‍वपूर्ण विधेयक पारित करने के लिए तीन दिन की विशेष बैठक के लिए विस्‍तारित किया गया। हालांकि लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने से संबंधित 131वां संशोधन विधेयक-2026 लोकसभा में पास नही हो सका, क्‍योंकि इसे दो तिहाई बहुमत नही मिला। दीपेन्‍द्र कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली।

 

महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक के पारित न होने पर कहा कि कांग्रेस का रुख महिलाओं के हितों के खिलाफ प्रतीत होता है। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि देश भर की महिलाएं बड़ी उम्मीदों से देख रही थीं।

 

कांग्रेस महिला विरोधी है और कांग्रेस ने बहुत ही गलत किया है। पूरे हिन्‍दुस्‍तान की महिलाएं बहुत उम्‍मीदभरी निगाहों से देख रही थी। 2029 में उनको आने से रोका है। जिस तरह से इन्‍होंने विरोध किया है आने वाले समय में महिलाएं कहीं का इनको नही छोडेंगी।

 

भाजपा की लोकसभा सदस्य बांसुरी स्वराज ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने देश की महिलाओं के साथ विश्वासघात किया है।

 

केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने कहा कि सरकार ने विधानसभा और लोकसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान करने वाला विधेयक महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए पेश किया था।

 

नारी शक्ति बिल जिस तरह से गिरा, यह कांग्रेस पार्टी का चरित्र है। प्रधानमंत्री जी ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया, जो 50 प्रतिशत आबादी महिलाओं की है। उनको सशक्‍त करने के लिए 33 प्रतिशत का आरक्षण विधानसभा और लोकसभा में उन्‍होंने देने का प्रावधान लिखित दिया है और कांग्रेस पार्टी उसको गिरा के खुश हो रही है।

 

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने आज महिला आरक्षण विधेयक पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी की टिप्पणियों की निंदा की। नई दिल्ली में संवाददाता सम्‍मेलन में श्री प्रसाद ने कहा कि परिसीमन के बिना लोकसभा या विधानसभा में सीटों से संबंधित कोई संशोधन संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जनगणना में काफी समय लगता है, इसलिए परिसीमन, पिछली जनगणना के आधार पर किया जा सकता है।

 

भाजपा नेता, स्मृति ईरानी ने भी कांग्रेस पर देश की महिलाओं की उम्मीदों को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया।

 

इस बीच, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने दावा किया कि विपक्ष ने भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के संघीय ढांचे को बदलने और देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के प्रयास को विफल कर दिया है। नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण की सच्ची वकालत के लिए निरंतर प्रतिबद्धता की आवश्यकता है और यह केवल राजनीतिक दांव-पेच से हासिल नहीं की जा सकती।

 

कल जो हुआ वो लोकतंत्र के लिए बहुत बडी जीत है, जो सरकार की साजिश थी। संघीय ढांचे को बदलने की, लोकतंत्र को कमजोर करने की। उसको हराया गया। यह संविधान की जीत थी, देश की जीत थी और विपक्ष की एकता की जीत थी। 

 

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज हो गया है। विभिन्‍न राजनीतिक दलों के नेता जनसभाएं और रैलियां कर रहे हैं। तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हावड़ा में पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में एक जनसभा में भाग लिया।

 

भाजपा नेता और विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी पूर्वी मेदिनीपुर में एक जनसभा में शामिल हुए। असम, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्रियों सहित भाजपा के कई नेताओं ने भी पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों में जनसभाएं कीं।

 

दूसरी ओर, कांग्रेस नेता और तेलंगाना के मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन मुर्शिदाबाद जिले में रैलियों में शामिल हुए। बाद में वे मालदा जिले में रैलियां करेंगे।

 

वामपंथी और अन्य राजनीतिक दलों ने भी मोहल्लों में रैलियों और छोटी जनसभाओं के माध्यम से प्रचार तेज कर दिया है।

 

वहीं, तमिलनाडु के कोयम्‍बटूर में भाजपा के वरिष्‍ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रचार करेंगे। प्रधानमंत्री हवाई अड्डे से कोडिसिया तक रोड शो करेंगे। 

 

डीएमके प्रमुख और मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने परिसीमन विधेयक को लेकर भाजपा और ऑल इंडियसा अन्‍ना डीएमके की आलोचना की। पोन्नेरी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि प्रत्येक राज्य की अपनी अनूठी विशेषता है और इससे समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र अमूल्‍य है और इसकी रक्षा के लिए हर संभव प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने राज्य के शोलिंगर और थुरैयूर में भी प्रचार में भाग लिया। ऑल इंडिया अन्‍ना डीएमके के महासचिव एडापड्डी पलानीसामी ने इरोड में प्रचार किया।

 

निर्वाचन क्षेत्र प्रोफाइल की हमारी श्रृंखला में, आज हम तमिलनाडु के तेनकासी जिले की अलंगुलम सीट की जानकारी दे रहे हैं। पश्चिमी घाट पर स्थित यह जिला मनमोहक कुट्रालम झरनों के लिए प्रसिद्ध है।

 

तेनकासी जिले में पांच विधानसभा क्षेत्र हैं। इन्हीं में से एक हैं अलंगुलम। इस निर्वाचन क्षेत्र में दो वकील आमने-सामने हैं। एक हैं मनोज पांडियन, जो पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्वर्गीय पी.एच. पांडियन के पुत्र हैं। मनोज पांडियन ने 2021 के विधानसभा चुनाव में एआईएडीएमके से चुनाव लड़ा था और अब डीएमके उम्मीदवार के रूप में दोबारा चुनाव मैदान में हैं। उनका मुकाबला एआईएडीएमके के के.आर.पी. प्रभाकरन से है, जो चुनावी राजनीति में नए हैं। विपिन चक्रवर्ती टीवीके पार्टी के उम्मीदवार हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र का गठन 1971 में हुआ था जहां कुल मतदाताओं की संख्या 2 लाख 53 हजार 438 है। एआईएडीएमके पांच बार, डीएमके तीन बार और कांग्रेस दो बार इस सीट पर जीत हासिल कर चुकी है। कोयंबटूर से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्‍णवी।

 

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने महाराष्ट्र के अमरावती में परातवाड़ा मामले की प्रगति का आकलन करने के लिए एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस मामले में नाबालिग लड़कियों के अश्लील वीडियो और तस्वीरें बनाने और प्रसारित करने का आरोप है। आयोग ने एक बयान में कहा कि इस मामले ने शोषण के लिए तकनीक का दुरुपयोग, सामग्री के प्रसार के पैमाने और पीड़ितों की सुरक्षा और गरिमा के संबंध में गंभीर चिंताएं पैदा की हैं। आयोग ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विशाल आनंद के हवाले से बताया कि अब तक मुख्य आरोपी सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

 

भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने न्यायिक अधिकारियों को सलाह दी है कि वे यह सुनिश्चित करें कि प्रौद्योगिकी, न्याय को परिभाषित करने वाले मानवीय तत्वों को बढ़ाने का काम करे न कि उन्हें प्रतिस्थापित करे। वे आज बेंगलुरु में कर्नाटक राज्य न्यायिक अधिकारी संघ द्वारा आयोजित एआई के युग में न्यायपालिका की पुनर्कल्पना’ विषय पर न्यायिक अधिकारियों के 22वें द्विवार्षिक राज्य स्तरीय सम्मेलन में बोल रहे थे।

 

इस वर्ष हज के लिए 371 हज यात्रियों का पहला जत्था आज नई दिल्ली से सऊदी अरब के मक्का के लिए रवाना हुआ। जायरीन इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से मक्का के लिए रवाना हुए। अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय के सचिव डॉ. श्रीवत्स कृष्णा ने पहली उड़ान को रवाना किया। संवाददाताओं से बातचीत में दिल्ली हज कमेटी की अध्यक्ष कौसर जहां ने व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में सभी सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है

 

प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्‍व में लगातार हर सुविधाओं का विस्‍तार हो रहा है और सरकार का पूरा प्रयास है इंशाल्‍लाह उनकी यात्रा जितनी हो सके सुगम हो, अच्‍छी हो, और आसान हो। हमने अपनी ओर से पूरा प्रयासा किया है जो हमारे हाजी है उनका सफर आसान हो।

 

इस बीच, अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने हज यात्रियों को शुभकामनाएं दीं। उन्‍होंने  सुगम, सुरक्षित और आरामदायक हज सुनिश्चित करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।

 

सरकार ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे उस वीडियो का खंडन किया है जिसमें दावा किया गया है कि सभी भारतीय नागरिकों को देश छोड़ने से पहले हर बार आयकर क्लीयरेंस प्रमाणपत्र प्राप्त करना अनिवार्य है। पत्र सूचना कार्यालय की तथ्य जांच इकाई ने बताया है कि यह दावा निराधार है।

 

आज विश्व धरोहर दिवस है। यह दिन सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत की विविधता, संवेदनशीलता और महत्व के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देता है। एक रिपोर्ट –

 

विश्व धरोहर दिवस का उद्देश्य विश्व के धरोहर स्थलों के संरक्षण और सुरक्षा के लिए अंतर्राष्‍ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देना है। ये स्थल केवल किसी एक देश की संपत्ति नहीं होते, बल्कि पूरी मानवता की साझा धरोहर होते हैं। भारत में भी अनेक विश्व धरोहर स्थल हैं, जैसे ताजमहल, कुतुब मीनार, खजुराहो के मंदिर, हम्पी के स्मारक, अजंता-एलोरा की गुफाएँ, सुंदरबन डेल्टा और कितना ही कुछ…ये स्थल हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक गौरव का प्रतीक हैं। भारत की सांस्कृतिक विरासत, स्मारकों, पुरावशेषों, पांडुलिपियों और ऐतिहासिक स्थलों से सुशोभित है। इनके संरक्षण के लिए पिछले दशक में नए सिरे से काम किया जा रहा है। इस कड़ी में पर्यटन, स्थानीय आजीविका और सांस्कृतिक से जुड़ी पहलें शुरू की गई हैं। विश्व धरोहर दिवस हमें यह संदेश देता है कि हमें अपनी सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को संजोकर रखना चाहिए। समाचार कक्ष से मुकेश कुमार बल।

 

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने इस अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।

 

अमरीका ने रूस से पेट्रोलियम उत्पाद खरीदने संबंधी छूट को एक महीने के लिए बढ़ा दिया है। अमरीका के वित्त विभाग के आदेश के अनुसार यह छूट अब 17 अप्रैल या उससे पहले समुद्र में मौजूद रूस के तेल से संबंधित लेनदेन के संबंध में 16 मई तक के लिए है।

 

नेपाल के सुप्रीम कोर्ट ने गगन थापा के नेतृत्व वाले गुट को आधिकारिक नेपाली कांग्रेस के रूप में मान्यता दे दी है और पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा के नेतृत्व वाले गुट की चुनौती को खारिज कर दिया है। न्यायमूर्ति नृपा ध्वज निरौला की खंडपीठ ने कल चुनाव आयोग के उस फैसले को बरकरार रखा, जिसमें जनवरी में काठमांडू में आयोजित विशेष आम सम्मेलन के बाद गगन थापा के नेतृत्व में गठित पार्टी की केंद्रीय कार्य समिति को वैध ठहराया गया था।

 

आईपीएल क्रिकेट में आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना डेल्ही कैपिटल्स से होगा। दूसरे मैच में हैदराबाद में आज शाम साढे सात बजे से सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स आमने-सामने होंगे।

 

मुख्य समाचार एक बार फिर:-

 

  1. संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बाद बजट सत्र का समापन।
  2. पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार तेज।
  3. राष्ट्रीय महिला आयोग ने अमरावती यौन उत्पीड़न मामले की जांच की प्रगति की समीक्षा की।
  4. अमरीका ने रूस से तेल खरीदने के लिए प्रतिबंधों पर छूट को एक महीने के लिए बढ़ाया।
  5. नेपाल के सुप्रीम कोर्ट ने गगन थापा गुट को आधिकारिक नेपाली कांग्रेस के रूप में मान्यता दी ।
  6. आईपीएल क्रिकेट में, आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स से और सनराइजर्स हैदराबाद का सामना चेन्नई सुपर किंग्स से होगा।

 

*******

Most Read
View All arrow-right

No posts found.