April 17, 2026 4:38 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  1. संसद के निचले सदन और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को आरक्षण देने सहित तीन विधेयकों पर लोकसभा में चर्चा फिर शुरू।
  2. महिला आरक्षण अधिनियम-2023 लागू। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोहराया भारत की नारी शक्ति सशक्त भारत की पहचान।
  3. श्री हरिवंश नारायण सिंह तीसरी बार राज्यसभा के उपसभापति चुने गए। प्रधानमंत्री ने कहा- श्री हरिवंश के पूर्व अनुभवों ने सदन की कार्यवाही को और अधिक प्रभावशाली बनाया।
  4. पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर।
  5. संयुक्‍त राष्‍ट्र महासचिव अंतोनियो गुतरश ने इस्राएल और लेबनान के बीच संघर्ष विराम की घोषणा का स्‍वागत किया और अंतरराष्ट्रीय कानून के पूर्ण अनुपालन का आग्रह किया।
  6. और, महिला क्रिकेट में, भारत तथा दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच टी-20 मैचों की श्रृंखला का पहला मुकाबला आज डर्बन में खेला जाएगा।

*******

लोकसभा में संविधान (एक सौ इकतीसवां संशोधन) विधेयक 2026, परिसीमन विधेयक 2026 और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक 2026 पर चर्चा हो रही है। इन तीनों विधेयकों का उद्देश्य लोकसभा और राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना है। तीनों विधेयकों पर आज मतदान होना है।

 

चर्चा में भाग लेते हुए डीएमके सांसद के. कनिमोझी ने विधेयकों का विरोध करते हुए कहा कि यह आश्‍चर्यजनक है कि केंद्र ने 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून को कल रात अधिसूचित कर दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब संसद में महिला आरक्षण पर चर्चा हो रही है, ऐसे में इसकी क्या आवश्यकता है।

 

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि देश महिला आरक्षण के पक्ष में लगभग राजनीतिक सहमति की दहलीज पर खड़ा है। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि महिला आरक्षण का कार्यान्वयन संसद के विस्तार, 2011 की जनगणना के आंकड़ों और परिसीमन प्रक्रिया से जुड़ा हुआ है। श्री थरूर ने परिसीमन विधेयक को राजनीतिक सत्ता में एक बड़ा बदलाव बताया और किसी भी निर्णय से पहले व्यापक चर्चा की मांग की।

 

सीमांकन से जुड़े मुद्दों पर सभी हितधारकों, सभी राज्‍य सरकारों, सभी राजनैतिक दलों और नागरिक समाज के साथ व्‍यापक परामर्श की आवश्‍यकता है। इस प्रक्रिया को जल्‍दबाजी में नहीं किया जा सकता और ना ही इसे महिलाओं के प्रतिनिधित्‍व को लागू करने के बहाने के रूप में इस्‍तेमाल किया जाना चाहिए।

 

वाई.एस.आर.सी.पी. सांसद पीवी मिधुन रेड्डी ने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा से महिला सशक्तिकरण की समर्थक रही है। उन्होंने कहा कि परिसीमन प्रक्रिया विपक्ष को कुचलने का उपकरण नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया होनी चाहिए।

 

पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह ने कहा कि यह विधेयक देश की महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए है।

 

पचास प्रतिशत महिलाओं को आरक्षण देना सिर्फ आज ही का कदम नहीं हो सकता है। 2023 में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पास हुआ और आज 2026 है। तीन साल के बाद इसकी पूरी तैयारी करके और पूरे सोच समझ कर ये बात कही गई है।

 

तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी ने विधानसभा चुनाव के दौरान संसद के विशेष सत्र पर सवाल उठाते हुए इसे अनुचित और दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

 

टीडीपी सांसद लावु श्री कृष्ण देवरायलू ने विधेयकों के समर्थन में कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने कल ही लोकसभा में राज्यों के लिए 50 प्रतिशत सीटों की वृद्धि पर स्पष्टीकरण दे दिया है।

 

समाजवादी पार्टी की डिंपल यादव ने कहा कि केंद्र सरकार को महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए बालिकाओं की शिक्षा पर काम करना चाहिए। उन्होंने पूछा कि उत्तर प्रदेश में कई स्कूल क्यों बंद हैं?

 

शिरोमणि अकाली दल की हरसिमरत कौर बादल ने मांग की कि महिला आरक्षण को परिसीमन के बिना संसद की वर्तमान क्षमता के आधार पर लागू किया जाना चाहिए।

 

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का यह ऐतिहासिक अवसर है। चर्चा जारी है।

*****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने सभी सांसदों से नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन का समर्थन करने का आग्रह किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि देश की लाखों महिलाओं की निगाहें संसद, उसके इरादों और उसके फैसलों पर टिकी हैं। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से महिला आरक्षण के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

*****

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम अधिसूचना अमल में नहीं लाए गए पुराने कानूनों को लागू करने के लिए जारी की गई है। संसद परिसर में मीडिया से बातचीत में श्री रिजिजू ने कहा कि यह जारी प्रक्रिया का हिस्‍सा है।

 

ये एक प्रोसेस है। कानून तो हम लोग एमेंडमेंट के लिए अभी ला रहे हैं। पुराने कानून इम्‍पलीमेंट नहीं हुआ तो कमिन्‍समेंट के लिए नोटिफिकेशन निकला है। प्रोसेस है प्रोसेस को कोई विषय ना बने।

*****

भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने महिला आरक्षण विधेयक को ऐतिहासिक बताते हुए कहा है कि यह विपक्ष के लिए अपनी गलतियों को सुधारने का अवसर है। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में श्री शर्मा ने सत्ता में रहते हुए महिलाओं के उत्थान के लिए पर्याप्त कदम न उठाने के लिए कांग्रेस की आलोचना की।

 

ये ऐतिहासिक क्षण है जब कांग्रेस के पास और विपक्ष के पास दोनों के पास एक अवसर है अपनी पिछली गलतियों को ठीक करने का। सत्‍ताईस सालों से जो उन्‍होंने अन्‍याय किया था महिलाओं की आधी आबादी के साथ में कि उनको उचित प्रतिनिधित्‍व नहीं दिया था पार्लियामेंट में और विधानसभाओं में। अब वो देने का अवसर है तो उनके पास सुनहरा अवसर है कि अपनी पिछली भूलों का वो प्रायश्चित कर सकें।

*****

छत्तीसगढ़ में भाजपा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने महिला आरक्षण विधेयक को बेहद गर्व का क्षण बताया।

*****

जनता दल (यूनाइटेड) सांसद संजय झा ने महिला आरक्षण विधेयक का स्वागत करते हुए इसे लंबे समय से प्रतीक्षित कदम बताया है। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में श्री झा ने कहा कि महिलाओं के लिए एक तिहाई आरक्षण प्रदान करने का यह कदम काफी विलंब के बाद आया है और इसे सर्वसम्मति से समर्थन मिलना चाहिए।

 

स्‍वागत युक्‍त कदम है। महिला आरक्षण जो है वनथर्ड और मुझे लगता है कि बहुत ऑल रेडी लेट हो गया। मैं बिहार से आता हूं और बिहार के 50 परसेंट से ज्‍यादा महिलाएं पंचायत जीतकर आती हैं। 2025 का चुनाव हुआ ना बिहार का अभी, दस परसेंट ज्‍यादा महिलाएं वोट की हैं। आप समझ सकते हैं उनका रूझान कितना बड़ा है।

*****

एक सौ छठा संवैधानिक संशोधन अधिनियम, 2023, नारी शक्ति वंदन अधिनियम कल से लागू हो गया है। 2023 में संसद ने इस अधिनियम को पारित किया था जो संघीय ढांचे के सभी स्तरों पर सार्वजनिक जीवन में महिलाओं के समान प्रतिनिधित्व को बढ़ावा देने की दिशा में राष्ट्रीय यात्रा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है। यह महत्वपूर्ण कानून लोकसभा और दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की विधानसभा सहित सभी राज्य विधानसभाओं में सभी सीटों में से एक तिहाई सीटें महिलाओं के लिए बारी-बारी से आरक्षित करता है।

*****

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि नारी शक्ति एक सशक्त भारत की पहचान है। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पर एक संस्कृत सुभाषितम साझा करते हुए नारी की शक्ति और योगदान का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की माताएं, बहनें और पुत्रियां आज अपने अटूट संकल्प, समर्पण और सेवा भावना से हर क्षेत्र में देश का गौरव बढ़ा रही हैं।

*****

बिहार के पटना में नारी शक्ति वंदन के विषय पर आधारित नारी शक्ति विकसित भारत दौड़ का आज आयोजन किया गया। यह दौड़ युवा कार्य और खेल मंत्रालय और माई भारत के सहयोग से आयोजित की गई।

*****

 हरिवंश नारायण सिंह लगातार तीसरी बार राज्यसभा के उपसभापति चुने गए हैं। वे निर्विरोध चुने गए। राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा। राज्यसभा के उपसभापति का पद श्री हरिवंश का कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त होने के बाद रिक्त हो गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पूर्व मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई की सेवानिवृत्ति से रिक्त हुए इस पद के लिए श्री हरिवंश को मनोनीत किया था।

 

उपसभापति हरिवंश ने कहा कि मतभेद और स्वस्थ बहस लोकतंत्र का अभिन्न अंग हैं और  संसदीय कामकाज में व्यवधान का कोई स्थान नहीं है। तीसरी बार उपसभापति चुने जाने पर श्री हरिवंश ने कहा कि संविधान, संसदीय नियमों और परंपराओं के दायरे में रहते हुए वे सदन की गरिमा बनाए रखने और सदस्यों के अधिकारों की रक्षा करने का हर संभव प्रयास करेंगे।

 

आप सभी के लिए मेरे पास शब्‍द नहीं है अपने से एकएक सदस्‍य के लिए आभार व्‍यक्‍त करने का, कई लोगों ने जो भावना प्रधान चीजें कहीं उनके प्रति उसी भावनाओं से सम्‍मान के साथ मैं अपना आदर व्‍यक्‍त करता हूं, आपके सहयोग का योग पात्र मैं सिद्ध हो सकूं जीवन में यही प्रयास रहा है, आगे भी रहेगा।

 

श्री हरिवंश ने राज्यसभा के लिए मनोनीत किये जाने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का आभार व्‍यक्‍त किया। उन्‍होंने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे उन पर दिखाए गए विश्वास और समर्थन के लिए अत्यंत आभारी हैं। उन्होंने विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के प्रति भी आभार व्यक्त किया और कहा कि उनका व्यापक विधायी और राजनीतिक अनुभव सीखने और प्रेरणा का स्रोत है। 

 

इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री हरिवंश को बधाई देते हुए कहा कि उनका वर्षों का अनुभव आज सदन के लिए पूरी तरह से प्रमाणित हो गया है। श्री मोदी ने विश्वास व्यक्त किया कि उप-सभापति के रूप में उनका नया कार्यकाल भी उसी भावना और समर्पण के साथ जारी रहेगा।

 

हमने सबने हरिवंश जी के नेतृत्‍व में सदन की शक्ति को और अधिक प्रभावी होते हुए भी देखा है। और मैं कह सकता हूं कि केवल सदन की कार्यवाही का संचालन ही नहीं वे अपने जीवन के जो भूतकाल का अनुभव है उसको भी बहुत ही सटीक तरीके से सदन को समृद्ध करने में उपयोग लाते हैं।

 

 राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने भी श्री हरिवंश को बधाई दी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि उप-सभापति विपक्ष के हितों का ध्यान रखेंगे और सदन में उन्हें पर्याप्त समय आवंटित करेंगे।

 

इस प्रतिष्ठित पद पर आप के चुनाव ने एक और मिसाल कायम की है। आप इस पद को ग्रहण करने वाले पहले मनोनीत सदस्‍य हैं। यह पहला इंसिडेंट है और पहला ये काम आप को मिला है। इससे यह साबित होता है कि आप इस पद के लायक हैं।

 

राज्यसभा के नेता जेपी नड्डा ने कहा कि हरिवंश नारायण सिंह का एक बार फिर निर्विरोध उपसभापति चुना जाना संतोष का विषय है।

 

एक उप सभापति ही नहीं बल्कि ए वेरी एक्‍सपीरियंस पर्सनलिटी एज़ उपसभापति हमारे हाथ फिर से आपके रूप में आप काम कर रहे हैं। आपको मेरी ओर से, हमारी पार्टी की ओर से, सरकार की ओर से और सभी हाउस के सदस्‍यों की ओर से बहुतबहुत शुभकामनाएं।

*****

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर है। विभिन्‍न राजनीतिक दलों के नेता रोड शो और रैलियां कर रहे हैं।

*****

तृणमूल कांग्रेस की वरिष्‍ठ नेता और पश्चिम बंगाल की मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी  ने उत्‍तर बंगाल के कूचबिहार में चुनावी रैली की। केंद्र सरकार द्वारा राज्‍य में कथित रूप से बेरोजगारी को मुद्दा बनाने पर सुश्री बैनर्जी ने कहा कि भाजपा नागरिकों के कल्‍याण को लेकर चिंतित नहीं है। उधर, भाजपा नेता और महाराष्‍ट्र के मुख्‍यमंत्री देवेन्‍द्र फडणवीस ने कहा कि इस बार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में जनता, तृणमूल कांग्रेस को सत्‍ता से बाहर कर देगी।

 

तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक दलों के नेता प्रचार में जुटे हैं। प्रचार का अंतिम दिन नजदीक आने पर सभी दल राज्‍य के विभिन्‍न हिस्‍सों में चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं।

*****

आकाशवाणी अपने श्रोताओं को विभिन्‍न निर्वाचन-क्षेत्रों की जानकारी दे रहा है। इस क्रम में आज चर्चा तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले के लालगुडी विधानसभा क्षेत्र की। लालगुडी इस जिले का एक महत्वपूर्ण निर्वाचन क्षेत्र है, जो आध्यात्मिक पर्यटन के लिए प्रसिद्ध है।

 

लालगुड़ी तिरुचिरापल्ली जिले के अंतर्गत नौ विधानसभा क्षेत्रों में से एक है। लालगुड़ी में 2 लाख 11 हजार 43 मतदाता हैं। ये क्षेत्र पारंपरिक हस्तशिल्प और पीतल के सामान के उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है। इस बार लालगुड़ी में त्रिकोणीय मुकाबला है। डीएमके के चार बार के विधायक ए. साउंडरापांडियन पांचवीं बार चुनाव मैदान में हैं। उनके मुकाबले में आईजेके की उम्मीदवार डॉ. लीमा रोज मार्टिन हैं, जो पहली बार चुनाव लड़ रही हैं और सामाजिक कार्यों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध हैं। आईजेके एनडीए का सहयोगी दल है। तीसरे उम्मीदवार ऑल इंडिया अन्‍ना डीएमके के पूर्व मंत्री के.पी. कृष्णन हैं, जो अब तमिलगा वेत्री कड़गम से चुनाव लड़ रहे हैं। लालगुड़ी विधानसभा क्षेत्र का गठन 1952 में हुआ था। इस सीट पर डीएमके 10 बार जबकि ऑल इंडिया अन्‍ना डीएमके और कांग्रेस 2-2 बार जीत हासिल कर चुकी है। चेन्‍नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्रियंका अरोड़ा।

*****

आकाशवाणी से कार्यक्रम पीपल्स पद्म ऑन आकाशवाणी के अंतर्गत आज जम्‍मू कश्‍मीर के प्रख्‍यात लेखक शफी शौक के साथ बातचीत प्रसारित की जाएगी। श्री शौक ने कश्‍मीरी साहित्‍य और भाषा संरक्षण में उल्‍लेखनीय योगदान दिया है और उन्‍हें पद्म श्री से अलंकृत किया जाएगा।

*****

संयुक्‍त राष्‍ट्र महासचिव अंतोनियो गुतरेश ने इस्राएल और लेबनान के बीच संघर्ष विराम की घोषणा का स्‍वागत किया हैं और अंतर्राष्‍ट्रीय कानून के पूर्ण अनुपालन का आग्रह किया है।

*****

महिला क्रिकेट में, भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच टी-20 मैचों की श्रृंखला का पहला मुकाबला आज डर्बन में खेला जाएगा।

*****

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर:-

  1. संसद के निचले सदन और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को आरक्षण देने सहित तीन विधेयकों पर लोकसभा में चर्चा फिर शुरू।
  2. महिला आरक्षण अधिनियम-2023 लागू। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोहराया भारत की नारी शक्ति सशक्त भारत की पहचान।
  3. श्री हरिवंश नारायण सिंह तीसरी बार राज्यसभा के उपसभापति चुने गए। प्रधानमंत्री ने कहा- श्री हरिवंश के पूर्व अनुभवों ने सदन की कार्यवाही को और अधिक प्रभावशाली बनाया।
  4. पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जारों पर।
  5. संयुक्‍त राष्‍ट्र महासचिव अंतोनियो गुतरश ने इस्राएल और लेबनान के बीच संघर्ष विराम की घोषणा का स्‍वागत किया और अंतरराष्ट्रीय कानून के पूर्ण अनुपालन का आग्रह किया।
  6. और, महिला क्रिकेट में, भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच टी-20 मैचों की श्रृंखला का पहला मुकाबला आज डर्बन में खेला जाएगा।

*******

Most Read
View All arrow-right

No posts found.