मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कर्नाटक के आदिचुनचनागिरी मठ में श्री गुरु भैरवैक्य मंदिर का उद्घाटन किया। नागरिकों से विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए विकास के नौ क्षेत्रों में योगदान का आग्रह।
- श्री सम्राट चौधरी ने बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। वे राज्य के मुख्यमंत्री बनने वाले भाजपा के पहले नेता हैं। जनता दल यूनाइटेड के नेता विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव उपमुख्यमंत्री बनाए गए।
- उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा – शासन का सच्चा उद्देश्य जनता को सशक्त बनाना और यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पीछे न छूटे।
- प्रवर्तन निदेशायल ने विदेशी विनिमय प्रबंधन अधिनियम, 1999 के अंतर्गत आम आदमी पार्टी के सांसद अशोक मित्तल से जुड़े परिसरों पर तलाशी ली।
- पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज। शीर्ष नेता मतदाताओं को लुभाने के प्रयासों में जुटे।
- आईपीएल क्रिकेट में आज शाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा।
*********************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नागरिकों से विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए विकास के नौ क्षेत्रों में पूरी निष्ठा से योगदान देने का आग्रह किया है। प्रधानमंत्री ने आज कर्नाटक के मांड्या के पास आदिचुंचनागिरी मठ में गुरु भैरवैक्य मंदिर के उद्घाटन के अवसर पर बात कही।
मैं अपने नौ आग्रह आपके सामने रखता हूं। मेरा पहला आग्रह है कि हम सभी पानी बचाने और पानी के बेहतर प्रबंधन का संकल्प लें। मेरा दूसरा आग्रह पेड़ और प्रकृति से जुड़ा है, एक पेड मां के नाम, अभियान के तहत हम भी अपनी मां के सम्मान में पेड जरूर लगाएं और धरती माता की रक्षा का संकल्प लें।
प्रधानमंत्री ने भारत को हजारों वर्षों से चली आ रही दुनिया की सबसे प्राचीन “जीवंत सभ्यता” बताया है।
कर्नाटक में दर्शन की गहराई और टेक्नोलॉजी की शक्ति दोनों यहां मौजूद है। श्री आदी चूंचनगिरी महा संस्थान मठ जैसे आध्यात्मिक केंद्र इस महान भूमि की महान देन है। यह संस्था तत्वज्ञान आध्यात्मिकता और नैतिक मूल्यों के माध्यम से समाज को दिशा देती है।
प्रधानमंत्री ने स्वदेशी उत्पादों को खरीदने और स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया। उन्होंने रसायनों और कीटनाशकों का इस्तेमाल कम करते हुए जैविक और प्राकृतिक खेती की आवश्यकता पर बल दिया।
मेरा आग्रह किसनों से है कि वह कैमिकल फ्री प्राकृतिक खेती की और बढें। युवा पीढ़ी मिलेट्स को अपने भोजन में शामिल करें। हमारे देश में ओबेसिटी एक बड़ी चुनौती बन रही है, इससे निपटने के लिए भोजन में तेल की मात्रा दस प्रतिशत कम करने का भी प्रयास करें।
प्रधानमंत्री ने गुरु भैरवैक्य मंदिर का भी उद्घाटन किया और सौन्दर्य लहरी और शिव स्तोत्रम नामक दो पुस्तकों का विमोचन किया।
*********************
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी ने आज बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल लेफि्टनेंट जनरल सेवानिवृत सैयद अता हसनैन ने पटना के लोकभवन में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
मैं सम्राट चौधरी ईश्वर की शपथ लेता हूं, जो विषय बिहार राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में मेरे विचार के लिए लाया जाएगा अथवा मुझे ज्ञात होगा, उसे किसी व्यक्ति या व्यक्तियों को तब के सिवाय जबकि ऐसे मुख्यमंत्री के रूप में अपने कर्तव्यों के निर्वहन के समक्ष ऐसा करना अपेक्षित हो मैं प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से संसुचित या प्रकट नहीं करूंगा।
श्री चौधरी राज्य के 24वें मुख्यमंत्री हैं। वे बिहार के मुख्यमंत्री बनने वाले भाजपा के पहले नेता भी हैं।
इस अवसर पर, जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता और सराय रंजन से विधायक विजय कुमार चौधरी तथा सुपौल से विधायक बिजेंद्र प्रसाद यादव ने भी मंत्री पद की शपथ ली। श्री विजय कुमार और श्री यादव उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्य करेंगे।
अन्य कैबिनेट मंत्रियों की सूची की घोषणा बाद में की जाएगी।
*********************
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भाजपा के नेता सम्राट चौधरी को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में, उन्होंने उप-मुख्यमंत्री बने विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को भी बधाई दी। श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि बिहार के लिए यह नई एनडीए टीम ऊर्जा और अनुभव का संगम है। उन्होंने कहा कि यह सरकार न केवल राज्य की जनता की अपेक्षाएं पूरी करेगी, बल्कि विकास को नई ऊंचाइयों पर भी ले जाएगी।
*********************
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि तकनीकी विकास से ग्रामीण और शहरी स्वास्थ्य सेवाओं में असमानताओं को दूर किया जाना चाहिए और सभी को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान – एम्स नागपुर जैसे संस्थान इस दिशा में प्रयास कर रहे हैं। राष्ट्रपति मुर्मु आज एम्स नागपुर के दूसरे दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने बताया कि पिछले दस वर्षों में 43 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए हैं।
विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जनकल्याण आरोग्य योजना के तहत साढे 43 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किए। प्रत्येक परिवार को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपया तक का स्वास्थ्य कवर प्रदान किया जा रहा है। प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए देश भर में लगभग एक लाख 85 हजार आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए गए। जो ग्रामीणों और शहरी क्षेत्रों में लोगों के घर के पास ही स्वास्थ्य सेवा प्रदान किया जा रहा है।
इस अवसर पर राष्ट्रपति ने स्नातक और स्नातकोत्तर चिकित्सा और पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को आठ स्वर्ण पदक प्रदान किए।
राष्ट्रपति आज शाम नागपुर में राष्ट्रीय प्रत्यक्ष कर अकादमी में आईआरएस के 78वें बैच को संबोधित करेंगी।
*********************
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा है कि शासन का सच्चा उद्देश्य जनता को सशक्त बनाना और यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पीछे न छूटे। नई दिल्ली में भारतीय लोक प्रशासन संस्थान के 72वें संस्थापक दिवस पर श्री राधाकृष्णन ने इस बात पर जोर दिया कि समाज का कोई भी वर्ग और देश का कोई भी क्षेत्र विकास से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एक शक्तिशाली तकनीकी उपकरण है और समावेशी, कुशल और भविष्य के लिए तैयार विकसित भारत के निर्माण में सहायक है।
*********************
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि महिला आरक्षण विधेयक विशेष संसदीय सत्र में ़पेश किया जाएगा। यह विधेयक हर राज्य, समुदाय और क्षेत्र की आकांक्षाओं को पूरा करता है। इस विधेयक को कल से शनिवार तक चलने वाले विशेष संसद सत्र में पेश किया जाएगा।
नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने आश्वासन दिया है कि महिला आरक्षण विधेयक को लेकर चिंता की कोई बात नहीं है।
सभी प्रावधानों पर सावधानीपूर्वक विचार किया गया है। प्रत्येक राज्य को निष्पक्ष रूप से ध्यान में रखते हुए सीटों की संख्या बढ़ाने के प्रावधान किए गए हैं। प्रस्तावित विधेयक संतुलित है और यह प्रत्येक समुदाय, क्षेत्र और राज्य की आकांक्षाओं का ध्यान रखेगा।
*********************
नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में रांची में स्कूटी रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि संसद के विशेष सत्र में इस अधिनियम पर चर्चा होगी और इससे भविष्य में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत कदम बताया।
*********************
प्रवर्तन निदेशालय पंजाब में जालंधर और फगवाडा में लवली ग्रुप के कई परिसरों में आज छापेमारी कर रहा है। आम आदमी पार्टी के सांसद अशोक मित्तल इस ग्रुप के प्रमुख हैं, जिन्हें हाल ही मे राज्यसभा में पार्टी का उपनेता बनाया गया है। श्री मित्तल और उनके रिश्तेदारों के आवासीय परिसरों तथा लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी सहित कई स्थानों पर छापेमारी की खबरे हैं। निदेशालय विदेशी विनिमय प्रबंधन अधिनियम, 1999 के तहत यह कार्रवाई कर रहा है।
*********************
सर्वोच्च न्यायालय ने कांग्रेस नेता पवन खेडा को एक सप्ताह की ट्रांजिट अग्रिम जमानत देने के तेलंगाना उच्च न्यायालय के आदेश पर रोक लगा दी है। न्यायमूर्ति जे.के. माहेश्वरी और न्यायमूर्ति ए.एस.चन्दूरकर की पीठ ने उच्च न्यायालय के निर्णय के विरूद्ध दायर असम सरकार की याचिका पर जवाब देने के लिए श्री खेडा और अन्य लोगों को नोटिस जारी किया है। मामले की अगली सुनवाई तीन सप्ताह बाद होगी।
*********************
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर है। पार्टी के शीर्ष नेता मतदाताओं को लुभाने का भरसक प्रयास कर रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय मंत्री अमित शाह ने आज पश्चिम बंगाल की जनता से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को वोट देने और विकासशील पश्चिम बंगाल की दिशा में पहल करने का आग्रह किया।
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज बंगाली नव वर्ष 1433 के अवसर पर पश्चिम बंगाल के लोगों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान करके राज्य में सांस्कृतिक और धार्मिक सद्भाव बनाए रखने का आग्रह किया।
*********************
तमिलनाडु में 23 अप्रैल को एक ही चरण में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई सिंगानालुर में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डीएमके और कांग्रेस मिलकर जन कल्याण विरोधी कार्य कर रहे हैं। एनटीके नेता सीमान अलंगुडी में प्रचार कर रहे हैं। टीवीके नेता अभिनेता विजय आज शाम चेन्नई में चुनाव प्रचार करेंगे।
*********************
आकाशवाणी समाचार के विधानसभा चुनाव निर्वाचन क्षेत्र प्रोफाइल श्रृंखला में आज बात पश्चिम बंगाल के गोलपोखर क्षेत्र की।
पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के गोलपोखर विधानसभा क्षेत्र में 23 अप्रैल को पहले चरण का मतदान होगा। इस सीट पर 2 निर्दलीय उम्मीदवारों सहित कुल 11 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। वर्तमान में यह सीट तृणमूल कांग्रेस के मोहम्मद गुलाम रब्बानी के पास है। इस निर्वाचन क्षेत्र में लगभग दो लाख मतदाता हैं। भाजपा ने सरजीत बिस्वास को और तृणमूल कांग्रेस ने गुलाम रब्बानी को फिर से मैदान में उतारा है। ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक ने जमालुद्दीन को उम्मीदवार बनाया हैं। कांग्रेस उम्मीदवार मसूद मोहम्मद नसीम अहसेन चुनावी मैदान में हैं। कोलकाता से कल्याण लाहा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मीनाक्षी।
*********************
छत्तीसगढ़ के सिंहंतेराई में बॉयलर विस्फोट की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। यह विस्फोट कल वेदांता लिमिटेड के बिजली संयंत्र में बॉयलर ट्यूब फटने से हुआ। घायलों में 15 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साई ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है।
*********************
पंजाब में कल देर रात फतेहगढ़ साहिब जिले में एक बस दुर्घटना में 6 श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री मोदी ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है।
*********************
विदेश सचिव विक्रम मिसरी और जर्मनी के विदेश सचिव डॉ. गेज़ा एंड्रियास फोन गायर की सह-अध्यक्षता में कल बर्लिन में भारत-जर्मनी विदेश मंत्रालय परामर्श बैठक आयोजित की गई। विदेश मंत्रालय ने कहा कि बैठक में दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया तथा रणनीतिक साझेदारी को और अधिक सुदृढ करने के बारे में चर्चा की। मंत्रालय ने कहा कि दोनों पक्षों ने पश्चिम एशिया की स्थिति और रूस-यूक्रेन संघर्ष सहित प्रमुख क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया।
*********************
उपराष्ट्रपति सी.पी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज हिमाचल प्रदेश दिवस के अवसर पर राज्य के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
*********************
पश्चिम बंगाल में पारंपरिक उत्साह और उमंग के साथ पोइला बोइशाख मनाया जा रहा है। वहां लोग नए साल 1433 का स्वागत कर रहे हैं।
*********************
उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बांग्ला नववर्ष पोईला बैशाख और असमिया नववर्ष रोंगाली बिहू पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं।
*********************
आईपीएल क्रिकेट में आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा। यह मैच शाम साढे सात बजे से बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा
कल चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 32 रन से हरा दिया।
*********************
मुख्य समाचार एक बार फिर:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कर्नाटक के आदिचुनचनागिरी मठ में श्री गुरु भैरवैक्य मंदिर का उद्घाटन किया। नागरिकों से विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए विकास के नौ क्षेत्रों में योगदान का आग्रह।
- श्री सम्राट चौधरी ने बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। वे राज्य के मुख्यमंत्री बनने वाले भाजपा के पहले नेता हैं। जनता दल यूनाइटेड के नेता विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव उपमुख्यमंत्री बनाए गए।
- उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा – शासन का सच्चा उद्देश्य जनता को सशक्त बनाना और यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पीछे न छूटे।
- प्रवर्तन निदेशायल ने विदेशी विनिमय प्रबंधन अधिनियम, 1999 के अंतर्गत आम आदमी पार्टी के सांसद अशोक मित्तल से जुड़े परिसरों पर तलाशी ली।
- पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज। शीर्ष नेता मतदाताओं को लुभाने के प्रयासों में जुटे।
- आईपीएल क्रिकेट में आज शाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा।
*********************