मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देहरादून में दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री अब से कुछ देर में टिहरी में देश के पहले परिवर्तनीय गति वाले एक हजार मेगावाट क्षमता के पंप स्टोरेज प्लांट का उद्घाटन करेंगे।
- प्रधानमंत्री ने कहा- नीति निर्माण में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने में सहायक होगी।
- भारतीय जनता पार्टी ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए अपना संकल्प पत्र जारी किया।
- राष्ट्र आज भारतीय संविधान के मुख्य शिल्पकार बाबा साहेब डॉ. भीम राव आंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।
- संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत ने अमरीकी नौसेना द्वारा ईरान के बंदरगाहों की नाकेबंदी को ईरान की संप्रभुता का गंभीर उल्लंघन बताया।
- चेन्नई में आईपीएल क्रिकेट में आज शाम चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देहरादून में दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री अब से कुछ देर में टिहरी में देश के पहले परिवर्तनीय गति वाले एक हजार मेगावाट क्षमता के पंप स्टोरेज प्लांट का उद्घाटन करेंगे। दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारा प्रमुख पर्यटन और आर्थिक केंद्रों के बीच क्षेत्रीय आर्थिक विकास को मजबूत करेगा और पूरे क्षेत्र में व्यापार तथा विकास के नए अवसर सृजित करेगा। प्रधानमंत्री इस अवसर पर सभा को संबोधित कर रहे हैं, आइए सुनते हैं उनका संबोधन।
*******
इस अवसर पर सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित हैं। श्री गडकरी ने कहा कि ये पूरे उत्तराखण्ड के लिए आर्थिक द्वार खोल रहा है।
ये एक्सप्रेस वे बनने से देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश सहित समूचे उत्तराखण्ड के लिए एक आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास के लिए नये द्वार खुलने वाले हैं। इसकी लागत 12 हजार करोड रुपये है। यह 213 किलोमीटर सिक्स लेन ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस हाई-वे है। अभी आठ घंटे लगते हैं, अब ये सफर दो, सवा दो घंटे में हो जाएगा। जिसके कारण यहां के विकास के लिए बहुत गतिशीलता मिलेगी।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज राज्य देश का श्रेष्ठ राज्य बनने के संकल्प को पूरा कर रहा है।
और आज 12 हजार करोड रुपये की लागत से बने एशिया के सबसे लंबे एलिवेटिड वाइल्ड लाइफ कोरिडोर की सौगात लेकर आये हैं। इसके लिए उत्तराखण्ड के सभी प्रदेशवासियों की ओर से मैं आपका का हृदयतल से धन्यवाद करता हूं। आदरणीय प्रधानमंत्री जी, आज आपके नेतृत्व में उत्तराखण्ड देश का श्रेष्ठ राज्य बनने के अपने विकल्प रहित संकल्प को पूरा करने के लिए विकास भी और विरासत भी की अवधारणा के अनुरूप प्रत्येक क्षेत्र में काम कर रहा है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी वर्चुअल माध्यम से इस कार्यक्रम से जुड़े हुए हैं। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि ये दिल्ली की आधुनिकता को देवभूमि की आध्यात्मिकता से जोड रहा है।
12 हजार करोड़ की लागत से हमें एक ऐसा एक्सप्रेस वे मिला, जिसमें साढे़ छह घंटे की दूरी मात्र दो से ढाई घंटे के बीच में तय हो सकती है। यह दिल्ली और देहरादून के बीच की उस दूरी को कम नहीं कर रहा है। ये दिल्ली की आधुनिकता को देवभूमि की आध्यात्मिकता से जोड़ रहा है।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि नीति-निर्माण और निर्णय लेने में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से वर्ष 2047 तक विकसित भारत की यात्रा का दृष्टिकोण और मजबूत होगा। भारत की नारी शक्ति को लिखे पत्र में श्री मोदी ने कहा कि 16 अप्रैल को संसद, नारी शक्ति वंदन अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण संवैधानिक संशोधन पर चर्चा और उसे पारित करने के लिए दोबारा सत्र शुरू करेगी। प्रधानमंत्री ने सदन में इस विधेयक के पारित होने की आशा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि देशभर की महिलाएं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का एक अनूठा अवसर मिलने पर खुशी व्यक्त कर रही हैं।
*******
युवा मामले और खेल राज्य मंत्री, रक्षा खडसे ने कहा है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के अन्तर्गत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। नई दिल्ली में मीडिया को संबोधित करते हुए सुश्री खडसे ने कहा कि ग्राम पंचायतों से लेकर नगर निगमों और परिषदों तक तथा विभिन्न स्थानीय निकायों में महिलाओं के लिए लगभग पचास प्रतिशत आरक्षण व्यवस्था पहले से ही मौजूद है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अनुमोदित नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश के भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
*******
तमिलनाडु में केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने आज चेन्नई में प्रदेश भाजपा का संकल्प पत्र जारी किया। उन्होंने कहा कि एनडीए प्रत्येक परिवार को दस हजार रुपये, महिलाओं को हर महीने दो हजार रुपये और सालाना तीन मुफ्त गैस-सिलेंडर देगी। घोषणापत्र के अनुसार, भगवान मुरुगन का त्योहार थाई पूसम राज्य पर्व के रूप में मनाया जाएगा, दीपाथून पर दीपक जलाया जाएगा, नशा संबंधी समस्याओं का समाधान किया जाएगा और सब्जियों का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाया जाएगा। महिला लघु और मध्यम उद्यमियों को बिना ब्याज के विनिर्माण क्षेत्र के लिए एकमुश्त पचास लाख रुपये का ऋण दिया जाएगा और पहली बार स्नातक होने वालों को दस लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।
*******
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार जोरों पर है। विभिन्न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता रैलियां और रोड शो कर रहें हैं। तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष, ममता बनर्जी, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस नेता तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज राज्य में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए दो हजार नौ सौ 26 उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य में दो चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण में 23 अप्रैल और दूसरे चरण में 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। पहले चरण में नाम वापस लेने के बाद उम्मीदवारों की कुल संख्या एक हजार चार सौ 78 है और दूसरे चरण के लिए एक हजार चार सौ 48 उम्मीदवार मैदान में हैं।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शाम नमो ऐप के माध्यम से मेरा बूथ सबसे मजबूत के अंतर्गत पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के बूथ कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत करेंगे।
*******
बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपना इस्तीफा राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल-सेवानिवृत्त सैयद अता हसनैन को सौंपेंगे। कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है कि नई सरकार को उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा और उन्होंने अपनी स्वेच्छा से इस्तीफा दिया।
माननीय मुख्यमंत्री जी ने स्वयं निर्णय लिया राज्यसभा के सदस्य हो गए, अब उन्होंने तय किया है इस्तीफा करेंगे और फिर नए मुख्यमंत्री एनडीए के नेता के रूप में बनेंगे। आज हमारी भारतीय जनता पार्टी की बैठक है। हमारे यहां नेता का चुनाव होगा।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बताया कि आज दोपहर बाद भाजपा विधायक दल की बैठक होगी। बैठक में विधायक दल के नेता का चयन होगा।
भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय में भाजपा के विधान मंडल दल के नेता के चयन हेतु विधान मंडल दल की बैठक बुलाई गई है। जिसमें हमारे केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता आदरणीय शिवराज सिंह चौहान जी रहेंगे और एनडीए की बैठक बिहार विधानसभा के सेंट्रल हॉल में 4 बजे बुलाई गई है। जिसमें एनडीए के विधानमंडल दल के नेता का चयन होगा।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा का एक लेख साझा किया। लेख में बताया गया है कि भारत कैसे फार्मासियूटिकल सेक्टर में वैश्विक प्रतिस्पर्धा का नेतृत्व करने के लिए तैयार हो रहा है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि देश में फार्मा क्षेत्र, विश्व की फार्मेसी से नवाचार के केंद्र के रूप में उभर रहा है।
*******
भारतीय संविधान के मुख्य शिल्पकार बाबा साहेब डॉ. भीम राव आंबेडकर की 136वीं जयंती पर राष्ट्र आज उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। इस अवसर पर देश भर में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। एक रिपोर्ट…
मैं ऐसे धर्म को मानता हूँ जो स्वतंत्रता, समानता और भाईचारा सिखाए। भारत रत्न, डॉक्टर आंबेडकर का ये विचार आज भी सामाजिक न्याय और समानता के लिए मानवसमाज का मार्गदर्शन करता हैं। डॉ. आंबेडकर, जातिवाद और छुआछूत के कट्टर विरोधी थे। उनका मत था कि समाज में वास्तविक समानता तभी संभव है जब हर व्यक्ति को समान अवसर मिले। वे कहते थे कि, मनुष्य नश्वर है, लेकिन विचार अमर होते हैं। संघर्ष, त्याग और ज्ञान की मिसाल डॉक्टर आंबेडकर की बदौलत ही आज समाज में सभी तक, सभी अवसरों की पहुंच सुनिश्चित है। शिक्षा के बारे में डॉ. आंबेडकर ने कहा कि शिक्षा, शेरनी का वो दूध है, जो पिएगा वही दहा़ड़ेगा। डॉ. आंबेडकर 64 विषयों में मास्टर थे। उन्हें कई भाषाओं का ज्ञान था और उनके पास कुल 32 डिग्रियां थीं। उन्होंने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में 8 साल की पढ़ाई महज 2 साल 3 महीने में पूरी की। उनकी इसी सुदृढ़ शैक्षणिक पृष्ठभूमि का ही फलसफ़ा था कि, उन्हें संविधान सभा की प्रारूप समिति का अध्यक्ष बनाया गया था। महिला सशक्तिकरण में भी डॉक्टर आंबेडकर का योगदान उल्लेखनीय है। उन्होंने कहा था कि मैं किसी समुदाय की प्रगति को महिलाओं द्वारा हासिल की गई प्रगति की डिग्री से मापता हूं। वर्तमान में भी केंद्र सरकार का महिलाओं के नेतृत्व में विकास पर जोर और नारी शक्ति वंदन अधिनियम उनके इन्हीं विचारों की परिणीति है। नमन है मां भारती के ऐसे सपूत को।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।
*******
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने देशवासियों को वैसाखी, विशु, विशुव, बोहाग बिहू, पोइला बोइशाख, मेषादी, वैशाखादी और पुतांडु के अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं।
*******
संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत अमीर सईद इरावानी ने अमरीका द्वारा ईरान के बंदरगाहों की नाकेबंदी की निंदा की है। श्री इरावानी ने इसे ईरान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का गंभीर उल्लंघन बताया।
*******
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आज इस्राएल के विदेश मंत्री गिदोन सार से टेलीफोन पर बातचीत की। सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने कहा कि इस दौरान पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा हुई।
*******
आईपीएल क्रिकेट में चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला आज कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। यह मैच चेन्नई में शाम साढ़े सात बजे से खेला जायेगा।
*******
मुख्य समाचार एक बार फिर:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देहरादून में दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री अब से कुछ देर में टिहरी में देश के पहले परिवर्तनीय गति वाले एक हजार मेगावाट क्षमता के पंप स्टोरेज प्लांट का उद्घाटन करेंगे।
- प्रधानमंत्री ने कहा- नीति निर्माण में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने में सहायक होगी।
- भारतीय जनता पार्टी ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए अपना संकल्प पत्र जारी किया।
- राष्ट्र आज भारतीय संविधान के मुख्य शिल्पकार बाबा साहेब डॉ. भीम राव आंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।
- संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत ने अमरीकी नौसेना द्वारा ईरान के बंदरगाहों की नाकेबंदी को ईरान की संप्रभुता का गंभीर उल्लंघन बताया।
- चेन्नई में आईपीएल क्रिकेट में आज शाम चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा।
*******