April 13, 2026 3:22 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए भारत के 21वीं सदी के निर्णायक सुधार के समर्थन का आह्वान किया; विशेष संसद सत्र से पहले नई दिल्ली में नारी शक्ति वंदन सम्मेलन को संबोधित किया।

 

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में चुनाव प्रचार तेज, विभिन्न दलों के शीर्ष नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए रैलियां और रोड शो कर रहे हैं।

 

अमरीका द्वारा ईरान के बंदरगाह की नाकेबंदी की घोषणा के बाद तेल की कीमत प्रति बैरल 100 डॉलर के पार।

 

पश्चिम एशिया संकट गहराने के साथ सेंसेक्स में लगभग एक दशमलव दो प्रतिशत की गिरावट,  निफ्टी में लगभग 231 अंक की गिरावट दर्ज।

 

सुविख्‍यात पार्श्‍व गायिका आशा भोसले का अंतिम संस्कार आज मुंबई में।

 

और, आईपीएल क्रिकेट में, आज शाम हैदराबाद में राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से।

 

*******

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि भारत की नारी शक्ति अपने दृढ़ साहस, आत्‍मविश्‍वास और मेहनत के दम पर लगातार नई ऊंचाइयां छू रही है। नई दिल्ली में आज नारी शक्ति वंदन सम्‍मेलन को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि भारत 21वीं सदी में महिला सशक्तिकरण को समर्पित एक बड़ा निर्णय लेने जा रहा है। उन्‍होंने कहा कि संसद नया इतिहास रचने जा रही है, जिसमें भूत और भविष्‍य की महत्‍वकांक्षाओं को पूरा किया जाएगा।

 

भारत 21वीं सदी के सबसे बड़े दिनों में से एक निर्णय लेने जा रहा है मैं बहुत जिम्मेदारी के साथ कह रहा हूं कि 21वीं सदी के महत्वपूर्ण निर्णय में से एक महत्वपूर्ण निर्णय ये है नारी शक्ति को समर्पित है, नारी शक्ति बंधन को समर्पित है। हमारे देश के सांसद एक नया इतिहास रचने के करीब है, एक ऐसा नया इतिहास जो अतीत की संकल्पनाओं को साकार करेगा, जो भविष्‍य के संकल्‍पों को पूरा करेगा।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में महिला आरक्षण, अति-आवश्यक है। श्री मोदी ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी, लोकतंत्र को मजबूत करती है। श्री मोदी ने कहा कि पंचायती राज संस्‍थान महिला नेतृत्‍व का उत्‍कृष्‍ट उदाहरण है। श्री मोदी ने कहा कि वर्तमान में 14 लाख से अधिक महिलाएं स्‍थानीय, सार्वजनिक निकायों में सेवाएं दे रही हैं।

 

आज भारत में 14 लाख से अधिक महिलाएं लोकल गवर्नमेंट बॉडी में सफलतापूर्वक काम कर रही है। लगभग 21 राज्यों में तो पंचायतों में उनकी भागीदारी करीब-करीब 50% पर पहुंच चुकी है। लाखों महिलाओं की राजनीति और सामाजिक जीवन में ये सक्रियता दुनिया के बड़े-बड़े नेताओं और राजनीति के विशेषज्ञों को भी बहुत ही हैरान करने वाली बात होती है और इससे भारत का बहुत गौरव बढ़ता है।

 

महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम, महिला सशक्तिकरण, आत्मसम्मान और लोकतांत्रिक भागीदारी को सुनिश्चित करता है।

 

नारी शक्ति वंदन अधिनियम हमारी मातृ शक्ति के वर्षों के संघर्ष और साधना की लोकतांत्रिक सिद्धि का महापर्व है यह महिलाओं के आत्म सम्मान और लोकतांत्रिक भागीदारी को सुनिश्चित करने वाला युगांतरकारी परिवर्तन है माननीय प्रधानमंत्री जी आपने हमें यह दृष्टि दी है जिससे आज भारत की बेटियां विकास रथ की ध्वजवाहक बन रही हैं और आपके वूमेन लीड डेवलपमेंट के विजन के साथ विश्व पटल पर अपनी नई पहचान स्थापित कर रही है

 

इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा प्रधानमंत्री मोदी ने सभी नीतियों और योजनाओं के केंद्र में महिलाओं को रखा है। श्रीमती गुप्‍ता ने कहा कि आज करोड़ों जन धन खातों के माध्यम से महिलाएं, मुख्यधारा से जुड़ रही हैं।

 

जब धुएं में ग्रहणियां या घुट घुट के जी रही थी तब अपने उज्ज्वला जैसी योजना लाकर के उन बहनों को जीवन जीने की सरल रहा दिखाई। प्रधानमंत्री जी, आपके आने के बाद करोड़ों जनधन खातों के माध्यम से महिलाएं देश की मुख्य धारा, इकोनॉमी में जुड़ी, उनके खाते खुले, उनके खातों में पैसे डाले गए।

 

*******

 

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव प्रचार तेज हो गया है। विभिन्न दलों के शीर्ष नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए रैलियां और जनसभाएं कर रहे हैं।

 

वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बीरभूम में पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के कुशासन की कड़ी आलोचना की।

 

तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक जनसभा में आरोप लगाया कि नागरिकता संशोधन अधिनियम सीएए के बाद भाजपा एनआरसी लागू करने की कोशिश कर रही है।

 

*******

 

तमिलनाडु में राज्य भाजपा अध्यक्ष, नैनार नागेंद्रन ने आज सतूर में चुनाव प्रचार किया। डीएमके सांसद, कनिमोझी ने तिरुनेलवेली में चुनाव प्रचार करते हुए एआईएडीएमके की आलोचना की।

 

*******

 

तमिलनाडु विधानसभा चुनावों का प्रचार तेज हो गया है। निर्वाचन क्षेत्र प्रोफाइल की श्रृंखला में आज हम विरूघुनगर जिले की जानकारी दे रहे हैं। एक रिपोर्ट-

 

इस जिले में 2 लाख 25 हजार 461 मतदाता हैं। यहां 288 मतदान केंद्र हैं। यहां सात विधानसभा क्षेत्र हैं, जिनके नाम हैं: सत्तूर, राजपालयम, श्रीविल्लिपुतूर, विरुधुनगर, अरुप्पुकोट्टई और तिरुचुली। विरुधुनगर जिले का सत्तूर प्रमुख निर्वाचन क्षेत्र है। राज्य भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन के यहां से चुनाव लड़ने के कारण ये निर्वाचन क्षेत्र महत्‍वपूर्ण हो गया है। डीएमके के मौजूदा विधायक एआरआर रघुरामन यहां से दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र का गठन 1952 में हुआ था। केकेएसआर रामचंद्रन एआईएडीएमके उम्मीदवार के रूप में और डीएमके उम्मीदवार के रूप में तीन बार चुनाव जीत चुके हैं। अब वे विरुधुनगर जिले के अरुप्पुकोट्टई से दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं। चेन्नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मनोज।

 

*******

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय, पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले आज एसआईआर प्रक्रिया पर दलीलों की सुनवाई करेगा। मुख्‍य न्‍यायाधीश सूर्यकांत तथा न्‍यायमूर्ति जॉयमाल्‍या बागची और विपुल एम. पंचोली की पीठ इस मामले में सुनवाई करेगी। एक रिपोर्ट-

 

पश्चिम बंगाल में दो चरणों के मतदान के लिए मतदाता सूची को अंतिम रूप दिया जा चुका है। शीर्ष न्‍यायालय की निगरानी में 27 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद हटाए गए हैं। सर्वोच्‍च न्‍यायालय, अधिकरण द्वारा स्‍वीकृत वैध मतदाताओं के बारे में भी निर्णय ले सकता है। यदि अधिकरण उन्‍हें वैध मतदाता के रूप में मान्‍य करता है तो सर्वोच्‍च न्‍यायालय निर्णय लेगा कि वे  इस चुनाव में वोट डाल सकते हैं या नहीं। अधिकरण की कार्यवाही भी आज से शुरू हो रही है। संदीपन दास गुप्‍ता की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अर्जुन शर्मा।

 

*******

 

वरिष्ठ उपनिर्वाचन आयुक्त – ज्ञानेश भारती और पवन कुमार शर्मा विधानसभा चुनाव तैयारियों की समीक्षा के लिए आज पश्चिम बंगाल का दौरा कर रहे हैं।

 

तीन दिन के दौरे में श्री ज्ञानेश भारती पश्चिम बर्धमान, पूर्व बर्धमान, हुगली और उत्तरी 24 परगना में जिला चुनाव अधिकारियों, पुलिस आयुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और पर्यवेक्षकों के साथ बैठक करेंगे।

 

*******

 

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण ने पश्चिम बंगाल के मालदा में मोथाबारी ग्राम पंचायत से इंडियन सेक्यूलर फ्रंट के एक पंचायत सदस्य गोलम रब्बानी को गिरफ्तार किया है। रब्बानी पर मोथाबारी में विशेष गहन पुनरीक्षण- एसआईआर की अधिनिर्णय प्रक्रिया में शामिल न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाने और परेशान करने का आरोप है।

 

*******

 

ईरानी बंदरगाहों से जहाजों की आवाजाही अवरुद्ध करने की अमरीका की घोषणा के बाद वैश्विक बाजारों में तेल की कीमतें एक सौ अमरीकी डॉलर से अधिक हो गई हैं।

 

ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत साढ़े आठ प्रतिशत की वृद्धि के साथ 102 दशमलव तीन-सात डॉलर प्रति बैरल हो गई। जबकि, वेस्‍ट टेक्‍सास इंटरमीडिएट में नौ प्रतिशत की बढोतरी दर्ज की गयी और यह 105 दशमलव तीन-चार अमरीकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गयी।

 

*******

 

पश्चिम एशिया संघर्ष गहराने के साथ घरेलू शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी आज कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच दोपहर बाद एक प्रतिशत की गिरावट पर कारोबार कर रहे थे। अंतिम समाचार मिलने तक सेंसेक्स 763 अंक गिरकर 76 हजार 787 पर जबकि निफ्टी 231 अंक गिरकर 23 हजार 820 पर था।

 

*******

 

उत्‍तर प्रदेश सरकार ने राज्‍य में श्रमिकों के कल्‍याण और उनके लिए बेहतर कार्य परिस्थितियां सुनिश्चित करने के लिए नए उपाय लागू किए हैं। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ की अध्‍यक्षता में चुनिंदा जिलों के मुद्दों पर उच्‍चस्‍तरीय समीक्षा बैठक की गई। औद्योगिक विकास प्राधिकरणों को चौबीस घंटे के भीतर उद्योग निकायों और निजी इकाइयों से श्रमिकों के मुद्दों का समाधान करने को कहा गया है। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-

 

नए निर्देशों के तहत श्रम कानूनों का कड़ाई से पालन अनिवार्य किया गया है। विशेष रूप से गौतम बुद्ध नगर में इनमें समय पर वेतन का भुगतान और बिना किसी कटौती के दोगुना ओवरटाइम वेतन देना शामिल है। नए दिशा निर्देशों के अनुसार श्रमिकों को साप्ताहिक अवकाश मिलना चाहिए और रविवार को किए गए किसी भी काम के लिए दोगुनी दर से मुआवजा दिया जाना चाहिए। वित्तीय सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उद्योगों को निर्देश दिए गए हैं कि वह हर महीने की 10 तारीख तक एक मुश्‍त वेतन का भुगतान करें और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए वेतन पर्ची जारी करें। श्रमिकों की सुरक्षा, गरिमा और अधिकारों पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उचित वेतन सुरक्षित कार्य वातावरण और बुनियादी सुविधाएं देना अनिवार्य है। सुशील चंद्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।

 

*******

 

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के माछपल्ली क्षेत्र में पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। गोलीबारी में महिला माओवादी कमांडर ‘रूपी’ मारी गई।

 

पुलिस के अनुसार, रूपी लंबे समय से सक्रिय थी और उसे आत्मसमर्पण करने को कहा जा रहा था।

 

*******

 

गुजरात में सुरेंद्रनगर जिले के छाराड गांव के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना में सात तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और अन्य घायल हो गए। इस घटना में राजकोट से बहुचराजी जा रहे श्रद्धालुओं के एक समूह को एक ट्रक ने कुचल दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की गहन जांच कर रही है।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

 

*******

 

सुविख्‍यात पार्श्‍व गायिका आशा भोंसले का अंतिम संस्कार आज शाम 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। कल मुंबई के एक अस्पताल में 92 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया था।

 

लोग अंतिम दर्शन के लिए आशा भोंसले के लोअर परेल के कासा ग्रांडे स्थित आवास पर पहुंच रहे हैं। अभिनेत्री आशा पारेख, संगीतकार ए.आर रहमान, सुदेश भौंसले, तब्‍बू और क्रिकेट खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर, मुम्‍बई के मेयर ऋतु तावड़े और एनसीपी की नेता सुप्रिया सुले सहित अन्‍य गणमान्‍य लोगों ने उन्‍हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

प्रतिष्ठित गायिका का शव तिरंगे में लपेटकर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। समाचार कक्ष की श्रद्धांजलि।

 

सुविख्‍यात पार्श्‍व गायिका आशा भोसले कल इस दुनिया से रुखसत हो गईं। उन्‍होंने 20 से अधिक भाषाओं में 12,000 से  अधिक गीतों को अपनी आवाज दी। आशा ताई ने 1943 में गायन शुरू किया। उनके गायन में संगीत के हर रूप की झलक मिलती है, जिसमें गजल, पॉप और कैबरे शामिल हैं। उन्होंने उड़े जब जब जुल्फें तेरी और दो लफ्जों की है कहानी जैसे ना जाने कितने ही गीत दिए।

 

 उड़े जब जब जुल्फें तेरी, दो लफ्जों की है कहानी….

 

आज, आशा ताई भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके गीतों की समृद्ध विरासत सदा ही हमारे मन मस्तिष्‍क पर गूंजती रहेगी। ।

 

*******

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने वर्ष 1919 में आज के ही दिन जलियावाला बाग में शहीद होने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की है।

 

*******

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत में पिछले 11 वर्षों में खेल के क्षेत्र में एक नए युग की शुरूआत हुई है। रक्षा मंत्री ने अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र लखनऊ में संसद खेल महाकुंभ कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में यह बात कही।

 

*******

 

आईपीएल में, आज सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स से होगा। यह मैच शाम साढे सात बजे से हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्‍टीय स्‍टेडियम में खेला जाएगा।

 

*******

 

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज रात साढे नौ बजे पब्लिक स्‍पीक कार्यक्रम में, भारत के महापंजीयक कार्यालय के उप महानिदेशक बिस्वजीत दास के साथ “जनगणना 2027: स्व-गणना कैसे करें” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा।

 

*******

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर:-

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए भारत के 21वीं सदी के निर्णायक सुधार के समर्थन का आह्वान किया; विशेष संसद सत्र से पहले नई दिल्ली में नारी शक्ति वंदन सम्मेलन को संबोधित किया।

 

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में चुनाव प्रचार तेज, विभिन्न दलों के शीर्ष नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए रैलियां और रोड शो कर रहे हैं।

 

अमरीका द्वारा ईरान के बंदरगाह की नाकेबंदी की घोषणा के बाद तेल की कीमत प्रति बैरल 100 डॉलर के पार।

 

पश्चिम एशिया संकट गहराने के साथ सेंसेक्स में लगभग एक दशमलव दो प्रतिशत की गिरावट,  निफ्टी में लगभग 231 अंक की गिरावट दर्ज।

 

सुविख्‍यात पार्श्‍व गायिका आशा भोसले का अंतिम संस्कार आज मुंबई में।

 

और, आईपीएल क्रिकेट में, आज शाम हैदराबाद में राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से।

 

*******

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.