April 12, 2026 3:34 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

  1. महान पार्श्व गायिका आशा भोसले का मुंबई में 92 वर्ष की आयु में निधन।
  2. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – महिला आरक्षण अधिनियम को सही भावना के साथ लागू करने का समय आ गया। संसद सदस्यों से इस अधिनियम में संशोधनों को पूर्ण समर्थन से पारित करने का आह्वान किया।
  3. पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार तेज। श्री मोदी ने पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में रैली की।
  4. अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होगी। पंजीकरण 15 अप्रैल से।
  5. अमरीका और ईरान के बीच पश्चिम एशिया शांति समझौते पर पाकिस्‍तान में वार्ता बेनतीजा रही।
  6. आईपीएल क्रिकेट में आज लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना गुजरात टाइटन्स से और मुंबई इंडियंस का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से।

 

*******

 

 

प्रख्‍यात गायिका और पद्म विभूषण से सम्मानित आशा भोसले का आज मुंबई में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार कल शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में होगा। गायिका की पौत्री ज़नाई भोसले ने बताया कि उनको सीने में संक्रमण और कमजोरी के कारण कल शाम मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आशा भोसले का करियर आठ दशक से अधिक लंबा रहा और वे अपनी बहुमुखी प्रतिभा के लिए जानी जाती थी।

 

 

आशा भोसले ने अपने आठ दशकों से भी अधिक लंबे कार्यकाल में विभिन्न भाषाओं में 12,500 से ज्‍यादा गीत रिकॉर्ड किए। उन्होंने मराठी फिल्मों से अपने करिअर की शुरुआत की और 1948 में ‘चुनरिया’ फिल्‍म के साथ हिंदी फिल्म जगत में प्रवेश किया। लता मंगेशकर, शमशाद बेगम और गीता दत्त जैसे दिग्गजों के बीच उन्होंने अपनी कला के दम पर एक अलग पहचान बनाई, और अपने लंबे करियर के दौरान कई प्रमुख अभिनेत्रियों के लिए अपनी आवाज़ दी।

उन्हें दो राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, अठारह महाराष्ट्र राज्य फिल्म पुरस्कार, नौ फिल्मफेयर पुरस्कार जिनमें एक लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड भी शामिल है, तथा सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायन के लिए रिकॉर्ड सात फिल्मफेयर पुरस्कार प्राप्त हुए। वर्ष 2000 में उन्हें सिनेमा के क्षेत्र में भारत का सर्वोच्च सम्मान दादासाहेब फालके पुरस्कार प्रदान किया गया।

वर्ष 2008 में भारत सरकार ने उन्हें देश के दूसरे सर्वोच्च नागरी सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया। गिनीज़ बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने 2011 में उन्हें संगीत इतिहास की सबसे अधिक रिकॉर्डिंग करने वाली कलाकार के रूप में मान्यता दी। उनके निधन से संगीत जगत में एक ऐसी कमी पैदा हो गई है, जिसे भर पाना असंभव है।

 

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आशा भोसले के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि आशा भोसले के निधन से संगीत जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कई पीढ़ियों ने उनके गीत सुने और गुनगुनाए हैं और उनकी मधुर आवाज़ की गूंज सदैव रहेगी।

 

 

गायिका और अभिनेत्री ईला अरुण ने कहा कि आशा भोसले बहुत ही सुरीली प्रतिभा की धनी थी।

 

 

मैंने उन्‍हें करीब से जाना से है तो मैं यह क‍ह सकती हूं कि वह बहुत बिंदास, बहुत सुरीली, बहुत मस्‍त, जीवन को प्‍यार करने वाली, खाने को प्‍यार करने वाली और कभी उनकों अहंकार नहीं था और नए-नए लोगों के साथ तो जब वह खडी होती थी तो अप यह कह नहीं सकते थे की उनकी उम्र क्‍या है।

 

 

वरिष्‍ठ अभिनेता राजा मुराद ने उनके निधन पर शोक व्‍यक्त किया।

 

 

आशा ताई के गुजरने से एक दौर खत्‍म हो गया। आज आशा ताई हमारे बीच में नहीं हैं। आशा जी की आवाज में शोकी थी, चंचलता थी, रवानी थी, जवानी थी, शरारत थी और जवान आवाज थी।

 

*******

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि महिला आरक्षण कानून पर सच्ची भावना के साथ अमल करने का समय आ गया है ताकि 2029 से लोकसभा और विधानसभा चुनाव महिला आरक्षण के साथ कराए जा सकें। लोकसभा और राज्यसभा में सदन के नेताओं को लिखे पत्र में श्री मोदी ने महिला आरक्षण कानून में संशोधन के मुद्दे पर सभी सदस्‍यों से एकजुट होने का अनुरोध किया। इस कानून को नारी शक्ति वंदन अधिनियम का नाम दिया गया है।

 

 

इन संशोधनों को पारित करने के लिए संसद के बजट सत्र की अवधि बढाई गई थी। तीन दिन का विशेष सत्र 16 से 18 अप्रैल तक चलेगा। महिला आरक्षण अधिनियम से लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़कर आठ सौ 16 हो जाएगी। इसमें 273 सीटें महिलाओं के लिए होंगी। लोकसभा और राज्य विधान सभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान 2023 में संविधान संशोधन के ज़रिए किया गया था। इस बीच भाजपा ने पार्टी के लोकसभा और राज्यसभा सदस्यों को संसद के इस विशेष सत्र में मौजूद रहने के लिए व्हिप जारी किया है। इसमें कहा गया है कि इस अवधि में सदन में उपस्थिति अनिवार्य है और कोई छुट्टी मंज़ूर नहीं की जाएगी। आकाशवाणी समाचार के लिए शशांक कुमार।

 

*******

 

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता का उत्साह इस बात का संकेत है कि आगामी चुनावों में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस हारने जा रही है। पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में एक चुनाव रैली में श्री मोदी ने यह बात कही।

 

 

जो उत्‍साह देखा, जो उमंग, जो जोश नौजवान माताएं, बहनें, बुजुर्ग, गांव के लोग इतना कष्‍ट उठाकर के आए थे मीलों तक पैदल चलके आ रहे थे। बंगाल इस प्रकार से परिर्वतन ठान के बैठा है। इस बार बंगाल में टीएमसी का जाना तय है।

 

 

श्री मोदी ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में राज्य के विकास को क्षति पहुंचाई है और निधि आवंटन में असंतुलन रहा है। उन्‍होंने कहा कि राज्य सरकार ने मदरसों को पर्याप्त संसाधन दिए, लेकिन उत्तर बंगाल की विकास ज़रूरतों की अनदेखी की गई। प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य में महिलाओं को पर्याप्त सुरक्षा नहीं है।

 

 

उधर, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी ने पूर्वी बर्धमान के खंडाघोष में एक रैली में कहा कि तृणमूल कांग्रेस अपने वादों को पूरा करती है, जबकि भाजपा के नेता केवल वादे करते हैं और उन्हें निभाते नहीं हैं।

 

 

*******

 

 

उधर, तमिलनाडु में श्री मोदी कल शाम मेरा बूथ सबसे मज़बूत संवाद कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे। श्री मोदी ने कहा है कि तमिलनाडु के पार्टी कार्यकर्ताओं ने राज्य में डीएमके के कुशासन को उजागर कर दिया है। उन्होंने प्रदेश कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया और राज्य के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन- एनडीए सरकार की विकास की रूपरेखा प्रस्‍तुत की।

 

 

*******

 

 

भाजपा अध्‍यक्ष नितिन नबीन तमिलनाडु में एक रैली कर रहे हैं। पूर्व सांसद और अभिनेता शरत कुमार भी सत्तूर में रोड-शो में कर रहे हैं।

 

 

डीएमके प्रमुख और मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने आज परमाकुडी में प्रचार किया। उन्होंने कहा कि एडानपाडी पलनीसामी उन पर तमाम तरह के आरोप लगा रहे हैं। तमिलगा वेत्री कज़गम के प्रमुख भी कन्याकुमारी में रोड-शो कर रहे हैं।

 

*******

 

 

आकाशवाणी समाचार की विधानसभा चुनावों में निर्वाचन क्षेत्रों की विशेष प्रोफाइल श्रृंखला में आज बात पश्चिम बंगाल के सिलिगुड़ी विधानसभा क्षेत्र की।

 

 

पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले की सिलीगुड़ी विधानसभा सीट पर पहले चरण में 23 अप्रैल को मतदान होगा। इस निर्वाचन क्षेत्र में दो लाख मतदाता हैं। इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी के मौजूदा विधायक शंकर घोष और सिलीगुड़ी नगर निगम के महापौर गौतम देब के बीच कड़ी टक्कर होगी। 5 निर्दलीय उम्मीदवारों सहित 11 उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों के अलावा, सीपीआई (एम) ने शरदिंदु चक्रवर्ती को उम्मीदवार बनाया है। वहीं आलोक धारा कांग्रेस प्रत्‍याशी हैं। प्रचार के दौरान भाजपा मौजूदा सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार और घुसपैठ के मुद्दे उठा रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस बंगाल में एसआईआर के तहत भाजपा के प्रभाव में कथित तौर पर मतदाताओं के नाम हटाए जाने को मुद्दा बना रही है। कल्‍याण लाहा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।

 

 

*******

 

 

प्रवर्तन निदेशालय ने पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में, सोना पप्पू मामले में दो व्यक्तियों को समन जारी किया है। निदेशालय ने हावड़ा के संयुक्त आयुक्त गौरव लाल और भू माफिया सरगना जॉय कामदार को समन जारी कर कल कोलकाता कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया है। इस मामले में तृणमूल कांग्रेस के अन्य नेताओं से भी पूछताछ की जा रही है।

 

 

*******

 

 

उप-राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा है कि वास्तविक विकास वही है, जो समावेशी हो और जिसका लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे। नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में श्री राधाकृष्णन ने कहा कि भारत के जनजातीय क्षेत्र में हरित आर्थिक विकास के बड़े अवसर हैं।

 

 

कार्यक्रम में, आई.टी.आई.टी.आई. दून संस्कृति विद्यालय की रजत जयंती भी मनाई गई। श्री राधाकृष्णन ने बताया कि तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा उद्घाटित यह स्कूल हजारों जनजातीय बच्चों के लिए उम्मीद की किरण है।

 

*******

 

 

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के अनुसार वर्ष 2025 में भारत ने एक लाख 43 हजार से अधिक पेटेंट दाखिल किए। यह वर्ष 2024 की तुलना में 30 प्रतिशत अधिक है। श्री गोयल ने कहा कि 69 प्रतिशत से अधिक पेटेंट देश में दाखिल किए गए। इनमें तमिलनाडु, कर्नाटक और महाराष्ट्र के नवप्रवर्तकों का सर्वाधिक योगदान रहा।

 

 

*******

 

 

अमरनाथ यात्रा इस वर्ष 3 जुलाई से 28 अगस्त रक्षा बंधन तक चलेगी। जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने बताया कि प्रथम पूजा ज्येष्ठ पूर्णिमा यानी 29 जून को होगी। पंजीकरण 15 अप्रैल से ऑनलाइन और ऑफलाइन शुरू होगी। पंजीकरण सुविधा जम्मू और कश्मीर बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और यस बैंक में उपलब्ध होगी।

 

 

*******

 

 

अमरीका और ईरान के बीच पाकिस्तान में हुई शांति वार्ता बेनतीजा रही है। इसमें अमरीकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्‍व उपराष्‍ट्रपति जेडी वेंस ने किया। श्री वेंस ने कहा कि ईरान ने परमाणु हथियार न बनाने सहित अन्य अमरीकी शर्तों को अस्वीकार कर दिया है। ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि दो-तीन मुद्दों पर मतभेद के कारण वार्ता विफल रही। दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों के बीच लगभग 21 घंटे तक वार्ता चली।

 

 

*******

 

 

अमरीका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने कहा है कि भारत की आर्थिक विकास यात्रा सहयोगी देशों के लिए एक बड़ा अवसर है। उन्होंने कहा कि अमरीका, भारत का भरोसेमंद साथी है और हमारी विकास यात्रा में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कोलंबिया विश्वविद्यालय में उन्होंने कहा कि साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने और बदलते वैश्विक परिदृश्य से निपटने में भारत-अमरीका साझेदारी प्रमुख है।

 

 

*******

 

 

विदेशमंत्री डाक्टर सुब्रमण्यम जयशंकर ने आज संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में राष्ट्रपति मोहम्मद बिन ज़ाएद अल नाहयान से मुलाक़ात की। उन्होंने पश्चिम एशिया संघर्ष के दौरान अमीरात में भारतीय समुदाय के हितों का ध्यान रखने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से आभार प्रकट किया।

 

 

*******

 

 

मणिपुर के उखरुल जिले में 21 अवैध बंकर को सुरक्षा बलों ने नष्ट कर दिया है। पुलिस ने तेंगनुपाल जिले से 13 आई.ई.डी. भी जब्त किए हैं। एक अन्य अभियान में, तेंगनुपाल जिले के मोरेह क्षेत्र में कल हथियारों और गोला-बारूद का जखीरा भी बरामद किया गया।

 

 

*******

 

 

मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में एक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है और एक अन्‍य घायल हो गया है। यह दुर्घटना रात करीब एक बजे जबलपुर-अमरकंटक राष्ट्रीय राजमार्ग के पास हुई। सभी लोग एक पिकअप वाहन से अपने घर लौट रहे थे, तभी एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।

 

*******

 

 

खेल

 

आईपीएल क्रिकेट में आज दो मैच खेले जायेंगे। पहले मैच में दोपहर साढ़े तीन बजे लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना गुजरात टाइटन्स से होगा। दूसरे मुकाबले में शाम साढ़े सात बजे मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू आमनेसामने होंगे। इंडियन सुपर लीग फुटबॉल में, आज इंटर काशी एफसी का मुकाबला मोहम्मडन एससी से और मोहन बागान सुपर जायंट का मुकाबला पंजाब एफसी से होगा। किर्गिस्तान के बिश्केक में एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में सुजीत कलकल ने 65 किलोग्राम वर्ग और अभिमन्यु मंडवाल ने 70 किलोग्राम वर्ग के स्वर्ण पदक अपने नाम किये। भारत के प्रतियोगिता में दो स्वर्ण समेत कुल 14 पदक हो गए हैं।

 

 

*******

 

 

मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, गुजरात, ओडिशा, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकल में कल तक गर्म और उमस भरा मौसम रहने का अनुमान व्यक्त किया है। उत्तर-पूर्वी भारत में अगले दो दिन में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

 

 

*******

 

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर:-

 

  1. महान पार्श्व गायिका आशा भोसले का मुंबई में 92 वर्ष की आयु में निधन।
  2. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – महिला आरक्षण अधिनियम को सही भावना के साथ लागू करने का समय आ गया। संसद सदस्यों से इस अधिनियम में संशोधनों को पूर्ण समर्थन से पारित करने का आह्वान किया।
  3. पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार तेज। श्री मोदी ने पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में रैली की।
  4. अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होगी। पंजीकरण 15 अप्रैल से।
  5. अमरीका और ईरान के बीच पश्चिम एशिया शांति समझौते पर पाकिस्‍तान में वार्ता बेनतीजा रही।
  6. आईपीएल क्रिकेट में आज लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना गुजरात टाइटन्स से और मुंबई इंडियंस का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से।

*******