April 11, 2026 3:14 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

पश्चिम एशिया में स्थायी शांति समझौते के लिए अमरीका और ईरान के बीच वार्ता आज।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – शरणार्थियों को पूर्ण संवैधानिक अधिकार मिलेगा और घुसपैठी बाहर निकाले जाएंगे।

 

राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

दिल्ली में पंजीकृत तीस लाख रुपये तक की इलेक्ट्रिक कारों पर 2030 तक पथकर और पंजीकरण शुल्‍क नहीं देना होगा।

 

भारत में डिजिटल भुगतान – यूपीआई के 10 वर्ष पूरे।

 

और आयुष शेट्टी एशिया बैडमिंटन चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचे।

 

*********************

 

पश्चिम एशिया में स्थायी शांति के लिए आज पाकिस्‍तान की राजधानी इस्‍लामाबाद में अमरीका और ईरान के बीच वार्ता हो रही है। अमरीका के उप-राष्‍ट्रपति जेडी वेंस के नेतृत्‍व में अमरीकी दल इस्लामाबाद में है। एक रिपोर्ट-

 

श्री वेंस ने पाकिस्तान रवाना होने से पहले कहा कि अगर ईरान भरोसे के साथ बातचीत में शामिल होता है तो अमरीका सहयोग के लिए तैयार है, लेकिन अगर ईरान शर्तें थोपना चाहेगा, तो अमरीका इसे स्‍वीकार नहीं करेगा। बैठक में ईरान का प्रतिनिधित्‍व संसद के स्‍पीकर बागेर क़लिबाफ़ कर रहे हैं। उन्‍होंने कहा है कि दोनों पक्षों के बीच बनी सहमति पर अमल होना बाकी है। दोनों पक्षों के बीच ईरान के परमाणु और बैलिस्टीक मिसाइल विकास कार्यक्रम तथा ह‍ोर्मुज जलडमरूमध्‍य को खोलने पर बातचीत होनी है। ईरान ने 10-सूत्री मांगें रखी हैं जिनमें होर्मुज पर नियंत्रण, खाड़ी क्षेत्र के अमरीकी अड्डों से सैनिकों की वापसी और लेबनान में हिज़बुल्ला पर इस्राएल के हमले को रोकना शामिल हैं। समाचार कक्ष से सरफरोजी।

 

*********************

 

भारत में अमरीका के राजदूत सर्जियो गोर ने कहा है कि अमरीका के ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट की विदेश सचिव विक्रम मिसरी से मुलाकात उपयोगी रही। श्री गोर ने यह बात भारत-अमरीका ऊर्जा सहयोग के भविष्य पर हुई चर्चा के संदर्भ में कही। यह बैठक शांति विधेयक को भारत में पारित किए जाने के मद्देनजर हुई है। इस विधेयक का उद्देश्य भारत के परमाणु ऊर्जा ढांचे का आधुनिकीकरण करना, सुरक्षा मानकों में सुधार करना और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी के अवसर सृजित करना है। श्री गोर ने शांति विधेयक को भारत की ऊर्जा नीति में मील का पत्थर बताया।

 

श्री गोर ने कहा कि अमरीका, भारत के साथ असैन्य परमाणु ऊर्जा सहित ऊर्जा सुरक्षा के अन्य क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाने को तैयार है।

 

*********************

 

विदेश सचिव विक्रम मिसरी कल से तीन दिन के दौरे पर फ्रांस और जर्मनी जा रहे हैं। वे पेरिस में फ्रांस के विदेश मंत्रालय के महासचिव मार्टिन ब्रिएन्स के साथ भारत-फ्रांस विदेश कार्यालय परामर्श की सह-अध्यक्षता करेंगे। दोनों पक्ष ताज़ा वैश्विक और क्षेत्रीय घटनाक्रम पर भी चर्चा करेंगे।

 

बर्लिन में श्री मिसरी जर्मनी के विदेश सचिव गेज़ा एंड्रियास वॉन गेयर के साथ भारत-जर्मनी विदेश कार्यालय परामर्श की सह-अध्यक्षता करेंगे।

 

*********************

 

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में चुनाव प्रचार तेज हो गया है। शीर्ष नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए रैलिया कर रहे हैं।

 

*********************

 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है शरणार्थियों को सभी संवैधानिक अधिकार दिए जाएंगे और घुसपैठियों को निकाला जाएगा। आज पश्चिम बंगाल के कटवा में, एक रैली में उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर नागरिकता कानून के तहत पात्र आवेदकों को नागरिकता देने की प्रक्रिया तेज़ की जाएगी।

 

यहां बीजेपी सरकार बनते ही शरणार्थी परिवारजनों को सीएए के तहत नागरिकता देने का काम और तेज किया जाएगा। बीजेपी सरकार बंगाल को एक और बडी चुनौती से मुक्ति दिलाएगी। जो भारत में घुसपैठ करके आया है, उसको भारत से खदेडा जाएगा।  

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा राजनीतिक हिंसा में शामिल लोगों पर सख़्त कार्रवाई करेगी।

 

*********************

 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और गृहमंत्री अमित शाह ने आज पश्चिम बंगाल के ओंडा में कहा कि तृणमूल कांग्रेस के सिंडिकेट राज ने राज्य को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के युवाओं को राज्य से पलायन करने पर मजबूर होना पड़ा है।

 

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अन्य राज्यों में बांग्‍ला भाषी लोगों पर हमलों के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने बंगाल को विभाजित करने की साजिश रची है।

 

*********************

 

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के लिए नामांकन पत्रों की जांच पूरी हो गई है। एक सौ 42 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए एक हजार 4 सौ 63 पत्रों को वैध घोषित किया गया है। नामांकन 13 अप्रैल तक वापस लिए जा सकेंगे।

 

राज्‍य में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा।

 

*********************

 

तमिलनाडु के गृह सचिव धीरज कुमार का तबादला कर दिया गया है। निर्वाचन आयोग ने मणिवासन को तमिलनाडु का नया गृह सचिव नियुक्त किया है।

 

*********************

 

विधानसभा चुनावों के लिए निर्वाचन क्षेत्र प्रोफाइल की हमारी श्रृंखला में आज हम तमिलनाडु की विलावन्‍कोड विधानसभा क्षेत्र की जानकारी दे रहे हैं। तमिलनाडु में एक ही चरण में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।

 

कन्याकुमारी तमिलनाडु राज्‍य के लिए विशेष महत्व रखता है। यह जिला अपनी विशिष्ट भौगोलिक बनावट के लिए जाना जाता है। यहाँ पर रबर और काजू के पेड़ों की हरियाली, केले की खेती तथा शहद उत्पादन प्रमुखता से होते हैं। यह जिला 96 प्रतिशत साक्षरता दर के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी अग्रणी है। चुनाव के दृष्टिकोण से विलावन्कोड विधानसभा क्षेत्र का खास महत्व है। भारतीय जनता पार्टी ने विजयधारिणी को उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा हैं। इससे पहले, उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर इस सीट से तीन बार जीत हासिल की हैं। वहीं, कांग्रेस ने एक नए चेहरे टी.टी. प्रवीण को प्रत्‍याशी बनाया है। दूसरी तरफ, तमिलगा वेट्री कज़गम ने के. माइकल राज को मैदान में उतारा है। कन्‍याकुमारी में कुल मतदाताओं की संख्या 15 लाख 10 हज़ार 550 है। चेन्नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से निखिल कुमार।

 

*********************

 

विधानसभा की आठ सीटों पर उपचुनाव के लिए गोवा, कर्नाटक, नागालैंड और त्रिपुरा में 9 अप्रैल तथा गुजरात और महाराष्ट्र में 23 अप्रैल को मतदान होगा। सभी चुनावों और उपचुनावों के वोटों की गिनती 4 मई को होगी

 

*********************

 

असम में श्रीभूमि जिले में, करीमगंज-उत्तर विधानसभा-क्षेत्र के बेबीलैंड हाई इंग्लिश स्कूल मतदान केंद्र पर आज दोबारा मतदान हो रहा है। इस केंद्र पर कुल 5 सौ 99 मतदाता हैं।

 

निर्वाचन आयोग ने केंद्र पर 9 अप्रैल को इस मतदान को रद्द कर दिया था।

 

*********************

 

भारत में डिजिटल भुगतान – यू.पी.आई. व्यवस्था के 10 वर्ष पूरे हो गए हैं। पिछले एक दशक में यह भारतीय भुगतान प्रणाली की रीढ बन गया है। ब्यौरा हमारी संवाददाता से:

 

भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम ने वर्ष 2016 में यूपीआई की शुरुआत की थी। जिसके जरिए भारत में वित्तीय लेनदेन के तरीके में मूल रूप से सरलता आई है। वर्ष 2021 में इस नेटवर्क से 216 बैंक जुड़े थे जो अब बढ़कर जनवरी 2026 तक 691 बैंकों तक पहुंच गए हैं। वित्त मंत्रालय के अनुसार वैश्विक रियल टाइम पेमेंट प्रणाली के ट्रांजैक्शन वॉल्यूम में यूपीआई की लगभग 49 प्रतिशत हिस्सेदारी है। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष और विश्व बैंक जैसे संस्थानों ने भी यूपीआई की व्यापकता, दक्षता और समावेशिता की सराहना की है। यूपीआई अब राष्ट्रीय सीमाओं से आगे बढ़ते हुए संयुक्त अरब अमीरात, सिंगापुर, भूटान, नेपाल, श्रीलंका, फ्रांस, मॉरीशस और कतर सहित कई देशों में संचालित हो रहा है। रोहन के साथ सौम्य शरण, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

*********************

 

दिल्ली में पंजीकृत 30 लाख रुपये तक की एक्स-शोरूम मूल्य वाली सभी इलेक्ट्रिक कारों को 31 मार्च 2030 तक पथ कर और पंजीकरण शुल्क में 100 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। दिल्ली सरकार ने स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वर्ष 2030 तक के लिए जारी इलेक्ट्रिक वाहन नीति के मसौदे में यह बात कही है।

 

इस नीति के अंतर्गत इलेक्ट्रिक गाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए 3 हजार 9 सौ करोड़ रुपये से अधिक का आवंटन किया गया है।

 

*********************

 

प्रवर्तन निदेशालय ने धनशोधन मामले में दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के रियल एस्टेट डेवलपर अर्थ इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड और उसकी समूह कंपनियों की तलाशी है। कल दिल्ली और गुरुग्राम में कंपनी के निदेशकों, प्रमोटरों और संबंधित संस्थाओं से जुड़े 10 परिसरों पर तलाशी ली गई। इस दौरान निदेशालय ने लगभग 6 करोड़ 30 लाख रुपये नकद और लगभग 7 करोड़ 50 लाख रुपये मूल्‍य की चांदी और महंगी घड़ियां जब्त कीं।

 

यह जांच दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा की प्राथमिकी और गंभीर कपट अन्‍वेषण कार्यालय की शिकायत के आधार पर की जा रही है।

 

*********************

 

प्रवर्तन निदेशालय पश्चिम बंगाल में शिक्षक भर्ती घोटाले के सिलसिले में, पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी और कुछ अन्य के खिलाफ तलाशी अभियान चला रहा है। निदेशालय ने कर्मचारी चयन आयोग भर्ती घोटाले के संबंध में आज कोलकाता में दो परिसरों की तलाशी ली। पार्थ चटर्जी के आवास और प्रसन्ना कुमार रॉय के कार्यालय में तलाशी ली जा रही है जो फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

 

प्राथमिक शिक्षकों, सहायक शिक्षकों और ग्रुप-सी तथा डी कर्मियों की भर्ती से संबंधित कई मामलों में पार्थ चटर्जी के खिलाफ जांच जारी है।

 

*********************

 

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आज मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में, तीन दिन के उन्नत कृषि महोत्सव का उद्घाटन किया। 13 अप्रैल तक चलने वाले इस महोत्सव में ड्रोन, सोलर पंप और सूक्ष्म सिंचाई की आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया जा रहा है। महोत्सव में विशेषज्ञ, किसानों से सीधे संवाद करेंगे और कृषि में यांत्रिक मेधा यानी ए.आई के उपयोग पर भी चर्चा होगी। महोत्सव में 3 सौ से अधिक प्रदर्शक  और कृषि वैज्ञानिक हिस्‍सा भाग ले रहे हैं।

 

*********************

 

बेंगलुरु का केंद्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान जैव-रसायन और हैमेटोलॉजी में आईएसओ प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाला पहला संस्थान बन गया है। यह प्रमाण-पत्र इस बात को प्रमाणित करता है कि संस्थान की प्रयोगशाला वैश्विक मानकों के अनुरुप है। संस्थान ने 50 परीक्षण मानकों पर राष्ट्रीय मान्यता भी प्राप्त की है। आयुष राज्यमंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय मान्यता से आयुष प्रणाली गुणवत्ता का प्रतीक बन जाएगी।

 

*********************

 

विदेश मंत्री डॉक्टर सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा है कि तीन सौ 45 भारतीय मछुआरे ईरान से आर्मेनिया के रास्ते सुरक्षित भारत पहुंच गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में, भारतीय मछुआरों को ईरान से सुरक्षित निकालने में सहयोग के लिए आर्मीनिया सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।

 

*********************

 

राष्‍ट्र आज समाज सुधारक और महान जनसेवक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर उन्‍हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।

 

1827 में आज ही के दिन जन्मे महात्मा फुले ने अपनी पत्नी सावित्री फुले के साथ मिलकर महिला शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। इसके साथ ही उन्‍होंने सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए संघर्ष किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज संसद परिसर में महात्मा ज्योतिबा फुले की दो सौवीं जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि महात्मा फुले का महिलाओं का शिक्षा के क्षेत्र में योगदान उल्लेखनीय रहा है। उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि फुले ने अपना जीवन वंचितों के उत्थान और शिक्षा को बढ़ावा देने पर समर्पित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिराव फुले का जीवन नैतिक साहस, आत्म-निरीक्षण और समाजिक कल्याण के प्रति अटूट समर्पण का एक प्रेरणादायक उदाहरण रहा है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित कई सांसदों ने भी फुले को श्रद्धांजलि दी। समाचार कक्ष से वैष्णवी।

 

*********************

 

श्री फुले की जयंती पर भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि महात्मा फुले सामाजिक न्याय और महिला शिक्षा के अग्रदूत थे। श्री नबीन ने कहा कि महात्मा फुले के विचार देश को एक समतावादी समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं।

 

*********************

 

आयुष शेट्टी बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंच गए हैं। आयुष ने सेमीफाइनल में मौजूदा चैंपियन कुनलावुत वितिदसर्न को हराकर फाइनल में जगह बनाई।

 

फाइनल में आयुष का मुकाबला एक अन्य सेमीफाइनल के विजेता से होगा। यह सेमीफाइनल चीनी ताइपे के चाउ टिएन-चेन और चीन के शी यु की के बीच होना है।

 

*********************

 

और, आईपीएल क्रिकेट में आज पंजाब किंग्स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। मैच दोपहर साढ़े तीन बजे से खेला जाएगा। दूसरा मुकाबला शाम साढ़े सात बजे से चेन्नई सुपर किंग्स और डेल्‍ही कैपिटल्स के बीच होगा।

 

प्रतियोगिता में, कल राजस्थान रॉयल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को छह विकेट से हरा दिया।

 

*********************

 

मौसम विभाग ने कल असम और मेघालय में बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की है। अगले तीन दिन तक अरुणाचल प्रदेश में भी ऐसी स्थिति रहेगी। कोंकण, गोवा, ओडिशा, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराइक्‍काल में आज गर्म और उमस भरा मौसम रहेगा।

 

*********************

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर:-

 

पश्चिम एशिया में स्थायी शांति समझौते के लिए अमरीका और ईरान के बीच वार्ता आज।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – शरणार्थियों को पूर्ण संवैधानिक अधिकार मिलेगा और घुसपैठी बाहर निकाले जाएंगे।

 

राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

दिल्ली में पंजीकृत तीस लाख रुपये तक की इलेक्ट्रिक कारों पर 2030 तक पथकर और पंजीकरण शुल्‍क नहीं देना होगा।

 

भारत में डिजिटल भुगतान – यूपीआई के 10 वर्ष पूरे।

 

और आयुष शेट्टी एशिया बैडमिंटन चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचे।

 

*********************

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.