April 10, 2026 3:01 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

  1. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली।
  2. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राज्यसभा के पूर्व उपसभापति हरिवंश को राज्‍यसभा सदस्‍य के रूप में मनोनीत किया।
  3. भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के लिए संकल्‍प पत्र जारी किया। राज्य में सरकार बनने के छह महीने के अंदर समान नागरिक संहिता लागू करने का वादा।
  4. इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश यशवंत वर्मा ने महाभियोग प्रक्रिया के बीच अपने पद से इस्तीफा दिया।
  5. भारत और अमरीका ‘पैक्स सिलिका’ के अंतर्गत सहयोग बढ़ाने और व्यापक आर्थिक तथा तकनीकी संबंधों को विस्तार देने पर सहमत हुए।
  6. आईपीएल क्रिकेट में आज शाम गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा।

 

****************************

 

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। उपराष्ट्रपति और राज्यसभा सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने संसद भवन में श्री कुमार को शपथ दिलाई।

 

इस अवसर पर राज्यसभा के नेता जेपी नड्डा, वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन, मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन, संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, कांग्रेस नेता जयराम रमेश और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित अन्य उपस्थित थे।

 

****************************

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राज्यसभा के पूर्व उपसभापति हरिवंश को राज्यसभा सदस्य के रूप में मनोनीत किया है। राज्‍यसभा सदस्‍य के रूप में श्री हरिवंश का कार्यकाल कल समाप्त हो गया था। पूर्व मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई के राज्यसभा से सेवानिवृत्त होने के बाद श्री हरिवंश को मनोनीत किया गया है। गृह मंत्रालय ने आज इस संबंध में अधिसूचना जारी की।

 

****************************

 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह ने आज पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का संकल्प पत्र जारी किया। संकल्प पत्र में कहा गया है कि राज्य में सत्ता में आने के छह महीने के अंदर 7वें वेतन आयोग और समान नागरिक संहिता – यूसीसी को लागू किया जाएगा। घोषणापत्र जारी करते हुए श्री शाह ने कहा कि जनता भयभीत और निराश है और दिल से बदलाव चाहती है।

 

यह संकल्‍प पत्र बंगाल के हर तपके में व्याप्त गहरी निराशा से बाहर निकलने का एक मार्ग है। इस संकल्प पत्र के अंदर कृषि बर्बाद होने से कई प्रकार की आशंकाओं से घिरे किसान को एक नया मार्ग दिखाएगा। बंगाल की संस्कृति के ह्रास से चिंतित बंगाल संस्कृति के गौरव की अनुभूति करने वाले हर नागरिक को एक नई आशा और नया भरोसा देगा।

 

श्री शाह ने कहा कि पिछले 10 वर्ष में भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में एक रचनात्मक विपक्ष के रूप में अपनी पहचान बनाई है और आज भाजपा राज्य विधानसभा में प्रमुख विपक्षी दल के रूप में काम कर रही है। श्री शाह ने कहा कि अगर भाजपा सत्ता में आती है, तो सरकार घुसपैठ कतई बर्दाश्त न करने की नीति अपनाएगी। श्री शाह ने कहा कि भाजपा सरकार सत्ता में आने बाद समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करेगी।

 

भारतीय जनता पार्टी शासित कई राज्यों में कॉमन सिविल कोड यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू किया है। हम छह माह के अंदर ही बंगाल के अंदर यूसीसी को लागू कर कर सभी नागरिकों के लिए एक ही कानून बंगाल में हो वह सुनिश्चित करेंगे।

 

श्री शाह ने कहा कि सभी सरकारी कर्मचारियों और वेतनभोगी श्रमिकों को महंगाई भत्ता (डीए) सुनिश्चित किया जाएगा और नई भाजपा सरकार के तहत प्रत्येक कर्मचारी के सम्मान को बनाए रखने के लिए 45 दिन के भीतर 7वां वेतन आयोग लागू किया जाएगा। श्री शाह ने वादा किया कि भाजपा के सत्ता में आने पर सरकार प्रत्येक महिला के बैंक खाते में तीन हजार रुपये जमा करेगी। श्री शाह ने पुलिस बल सहित बंगाल की सभी सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का भी वादा किया।

 

****************************

 

पश्चिम बंगाल में 29 अप्रैल को होने वाले दूसरे चरण के विधानसभा चुनावों के लिए नामांकन पत्रों की जांच हो रही है। इस चरण में 142 सीटों के लिए मतदान कराया जाएगा। 13 अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। इस चरण में भारतीय जनता पार्टी के नेता शुभेंदु अधिकारी और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी प्रमुख उम्‍मीदवारों में से हैं।

 

****************************

 

इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश यशवंत वर्मा ने आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को अपना इस्तीफा सौंप दिया। न्यायमूर्ति वर्मा के आवास से जले हुए नोटों के ढेर मिलने के बाद उनके खिलाफ महाभियोग की कार्यवाही चल रही है। पिछले वर्ष 14 मार्च को नई दिल्ली स्थित उनके आधिकारिक आवास से जले हुए नोटों का ढेर मिलने के बाद न्यायमूर्ति वर्मा को दिल्ली उच्च न्यायालय से इलाहाबाद उच्च न्यायालय में स्थानांतरित किया गया था।

 

****************************

 

सर्वोच्च न्यायालय ने जाति जनगणना पर रोक लगाने के लिए केंद्र सरकार को निर्देश देने की मांग वाली याचिका को आज खारिज कर दिया। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ती सूर्यकांत, न्यायामूर्ति जॉय माल्या बागची और न्यायामूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ ने याचिका खारिज कर दी। इसमें एक बच्चे वाले परिवारों को आर्थिक प्रोत्साहन देने से जुड़ी नीतियां बनाने के लिए भी केंद्र को निर्देश देने की मांग की गई थी।

 

****************************

 

उत्तराखण्ड में जनगणना की प्रक्रिया आज से शुरु हो गई है। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने लोक भवन में स्व-गणना के माध्यम से इसका शुभारंभ किया। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में अपना सहयोग दें।

 

उत्तराखण्ड में पहले चरण में मकान सूचीकरण और आवास गणना 25 अप्रैल से 24 मई तक की जाएगी।

 

****************************

 

जम्मू-कश्मीर में मुख्य सचिव अटल दुल्‍लू ने आज जम्मू में जनगणना 2027 पर एक सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्य सचिव ने कहा कि जनगणना महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है जो भविष्य की नीति नियोजन, शासन और कल्याणकारी पहलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

 

जम्‍मू कश्‍मीर में जनगणना का पहला चरण 1 जून से 30 जून तक आयोजित होगा। इससे पहले 17 मई से 31 मई तक स्व-गणना की प्रक्रिया चलेगी।

 

****************************

 

जनगणना 2027 के पहले चरण में अब तक 5 लाख 72 हजार से अधिक परिवारों ने स्व-गणना सुविधा का लाभ उठाया है। भारत के महापंजीयक ने कहा कि यह जनगणना के लिए डिजिटल पहल में बढ़ती जनभागीदारी को दर्शाता है। जनगणना का पहला चरण पहली अप्रैल को शुरू हुआ था। स्व-गणना सुविधा 15 अप्रैल तक जारी रहेगी।

 

मकान सूचीकरण और आवास गणना 16 अप्रैल से शुरू होकर 15 मई तक जारी रहेगी। दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना होगी। यह चरण अगले वर्ष फरवरी में शुरू होगा। इसका उद्देश्य व्यक्तिगत स्तर पर आयु, लिंग, व्यवसाय, साक्षरता और जाति संबंधी विवरण का डेटा एकत्र करना है।

 

****************************

 

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने आज नई दिल्ली में सिंधी भाषा में भारत के संविधान का नवीनतम संस्करण जारी किया। इस अवसर पर उन्‍होंने कहा कि सिंधी सबसे प्राचीन और मधुर भाषाओं में से एक है। उन्होंने कहा कि भारत की स्वतंत्रता के बाद पहली बार देवनागरी लिपि में संविधान का सिंधी संस्करण जारी किया गया है।

 

इस अवसर पर संसदीय कार्य राज्य मंत्री मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि जब संविधान सभी भाषाओं में उपलब्ध होगा, तो आम लोग भी इसे पढ़ सकेंगे और अपने अधिकारों को समझ सकेंगे।

 

52 अक्षरों की यह भाषा लेकिन संविधान संशोधन 21वां था। लोकसभा की प्रक्रिया को जानने वाले सब जानते है कि प्राइवेट मेंबर बिल जब आता है। मन में भाव होता है, तब ही आता है। अटल जी के मन में भाव था। सिंधी को संविधान की आठवीं अनुसूची में स्थान मिलना चाहिए तो यह भाव के कारण और प्राइवेट मेंबर लेकर आए। चार पिलर हैं- क्वालिटी, लि‍बेरटी, फेटेलिटी और जस्टिस लेकिन हमारे भगवान झूलेलाल जी ने संदेश दिया ये पिलर उसमें इंगित होते हैं।

 

श्री मेघवाल ने कहा कि संसद का सत्र 16, 17 और 18 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस दौरान महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे।

 

****************************

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश के युवा, जब कोई काम करने का संकल्प लेते हैं, तो उसे अपने कार्यों से सिद्ध करते हैं। सोशल मीडिया पर संस्कृत सुभाषितम् साझा करते हुए श्री मोदी ने कहा कि भारत की युवा शक्ति के बल पर ही देश विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है।

 

****************************

 

आज विश्व होम्योपैथी दिवस मनाया जा रहा है। यह दिवस होम्योपैथी के संस्थापक डॉ. हैनिमैन की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। विश्व होम्योपैथी दिवस 2026 का विषय है “सतत स्वास्थ्य के लिए होम्योपैथी”।

 

****************************

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की स्वास्थ्य प्रणाली में होम्योपैथी की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में आयुष मंत्री प्रताप राव जाधव के लेख को साझा किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि श्री जाधव ने अपने लेख में विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने में होम्योपैथी की भूमिका का उल्लेख किया है।

 

****************************

 

आयुष मंत्री ने कहा है कि होम्योपैथी केवल एक वैकल्पिक चिकित्सा पद्धति नहीं है बल्कि यह करूणा और प्रमाण पर आधारित एक विज्ञान है। उन्‍होंने आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में कहा कि होम्योपैथी की लोकप्रियता काफी बढ़ रही है और लोग होम्योपैथी उपचार को वरियता दे रहे हैं।

 

****************************

 

झारखंड में आज लगभग 303 करोड़ रुपये की लागत की दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत तेजी से आधुनिक राजमार्ग नेटवर्क का विस्तार कर रहा है।

 

राज्यसभा सांसद महुआ माझी ने कहा कि सड़क नेटवर्क के विस्तार से रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

 

****************************

 

दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और बब्बर खालसा इंटरनेशनल द्वारा प्रायोजित आतंकी, हथियार और जासूसी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। विशेष प्रकोष्ठ के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रमोद सिंह कुशवाहा ने बताया कि पंजाब और दिल्ली से ग्यारह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि ये आरोपी पाकिस्तान स्थित गुट के संपर्क में थे।

 

****************************

 

चंपारण सत्याग्रह की आज 108वीं वर्षगांठ है, महात्मा गांधी के नेतृत्व में देश के स्वतंत्रता संग्राम का यह एक महत्वपूर्ण मोड़ था। 1917 में इसी दिन बिहार के चंपारण जिले में नील किसानों की शिकायतों को दूर करने के लिए आंदोलन शुरू किया गया था, ब्रिटिश बागान मालिकों द्वारा दमनकारी तिनकठिया प्रणाली के तहत किसानों को नील की खेती करने के लिए मजबूर किया गया था। यह देश में महात्मा गांधी का सत्याग्रह का पहला प्रयोग भी था।

 

स्थानीय किसान राजकुमार शुक्ल के लगातार आग्रह पर महात्मा गांधी चंपारण पहुंचे और किसानों की उसे समय की स्थिति की विस्तार से पड़ताल की। तत्कालीन ब्रिटिश शासन ने महात्मा गांधी से इलाके को तत्काल छोड़ने को कहा लेकिन उन्होंने इस आदेश को नहीं माना और अहिंसक आंदोलन के माध्यम से किसानों को संगठित किया और उनकी समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया। इस आंदोलन के परिणाम स्वरुप एक जांच समिति का गठन हुआ गांधी जी को भी इस समिति का सदस्य बनाया गया। यह आंदोलन सफल रहा और वर्ष 1918 में जबरन नील की खेती की प्रथा समाप्त कर दी गई। चंपारण सत्याग्रह ने न केवल किसानों को न्याय दिलाया बल्कि गांधी जी को एक जन नेता के रूप में स्थापित किया और भारत के व्यापक स्वतंत्रता आंदोलन की नींव रखी। विष्णु की रिपोर्ट के साथ अंकित कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली।

****************************

 

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने आज राष्ट्रपति भवन में पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई की पुण्य तिथि पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

 

****************************

 

भारत और अमरीका पैक्स सिलिका के अंतर्गत सहयोग को बढ़ाने और एआई तथा महत्वपूर्ण खनिजों सहित व्यापक आर्थिक और तकनीकी समझौतों को आगे बढ़ाने पर सहमत हुए हैं। विदेश सचिव विक्रम मिसरी और अमरीका के आर्थिक मामलों के विदेश अवर सचिव जैकब एस हेलबर्ग के बीच हुई चर्चा में इन विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। भारत ने फरवरी में ए.आई इम्पैक्ट समिट के दौरान औपचारिक रूप से पैक्स सिलिका में शामिल होकर अमरीका के साथ ऐतिहासिक तकनीकी समझौता किया है।

 

****************************

 

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा है कि भारत, पश्चिम एशिया संकट के बीच मॉरीशस की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ करने के लिए उसके साथ तेल और गैस की आपूर्ति से जुड़े समझौते को अंतिम रूप दे रहा है। डॉ. जयशंकर ने मॉरीशस की राजधानी पोर्ट लुई में कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संकट ने विशेष रूप से ऊर्जा के क्षेत्र में रणनीतिक भागीदारी के महत्व को उजागर किया है।

 

****************************

 

आई पी एल क्रिकेट में आज राजस्‍थान रॉयल्‍स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू से होगा। यह मुकाबला आज शाम साढ़े सात बजे से गुवाहाटी में खेला जाएगा।

 

****************************

 

भारत के आयुष शेट्टी ने चीन में आयोजित बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के पुरुष सिंगल्‍स के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। शेट्टी ने विश्व के चौथे नंबर के खिलाड़ी इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी को हराकर बड़ा उलटफेर किया।

 

****************************

 

मुख्य समाचार एक बार फिर:-

 

  1. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली।
  2. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राज्यसभा के पूर्व उपसभापति हरिवंश को राज्‍यसभा सदस्‍य के रूप में मनोनीत किया।
  3. भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के लिए संकल्‍प पत्र जारी किया। राज्य में सरकार बनने के छह महीने के अंदर समान नागरिक संहिता लागू करने का वादा।
  4. इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश यशवंत वर्मा ने महाभियोग प्रक्रिया के बीच अपने पद से इस्तीफा दिया।
  5. भारत और अमरीका ‘पैक्स सिलिका’ के अंतर्गत सहयोग बढ़ाने और व्यापक आर्थिक तथा तकनीकी संबंधों को विस्तार देने पर सहमत हुए।
  6. आईपीएल क्रिकेट में, आज शाम गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा।

 

****************************

Most Read
View All arrow-right

No posts found.