April 9, 2026 3:27 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

असम, केरलम और केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनावों के लिए शांतिपूर्ण मतदान जारी।

 

प्रधानमंत्री नरेन्द मोदी ने कहा- विधायी निकायों में महिलाओं के लिए आरक्षण से लोकतंत्र और अधिक जीवंत तथा सहभागी बनेगा।

 

भारतीय ध्वज वाला पोत 15 हजार 400 टन एलपीजी लेकर मुंबई के जवाहरलाल नेहरू पोर्ट अथॉरिटी पहुँचा।

 

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने भारत और अमरीका की रक्षा साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए रक्षा खरीद और रखरखाव के लिए अमरीका के अवर-सचिव माइकल पी. डफी से मुलाकात की।

 

मंगोलिया के उलानबटार में आयोजित एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भारतीय महिला मुक्केबाजों ने तीन स्वर्ण पदक जीते।

 

और आयुष शेट्टी बैडमिंटन एशियाई चैंपियनशिप के पुरुष सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में पहुँचे।

 

***************

 

असम, केरलम और केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनावों के लिए शांतिपूर्ण मतदान जारी है। निर्वाचन आयोग ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। असम में मतदान शाम 5 बजे तक और केरलम तथा केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी में मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा।

 

असम में दिन में 1 बजे तक 59 दशमलव 6 2 प्रतिशत मतदान की खबर है।

 

केरलम में मतदान प्रतिशत लगातार बढ़ रहा है। मतदान शुरू होने के दो घंटे बाद मतदान प्रतिशत 16 दशमलव दो-सात प्रतिशत तक पहुंच गया। दोपहर एक बजे तक 41 दशमलव एक-छह प्रतिशत की खबर है।

 

मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, विपक्ष के नेता वी. डी. सतीशन और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर मतदान शुरू होते ही अपना वोट डालने वाले पहले मतदाताओं में शामिल थे। तिरुवनंतपुरम स्थित राज्य नियंत्रण कक्ष राज्य भर में मतदान की प्रगति पर कड़ी नजर रख रहा है। सभी तीस हजार 4 सौ 95 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और दो हजार चालीस संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

 

***************

 

निर्वाचन आयोग के अनुसार अब तक कुल 56 दशमलव सात प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। पुद्दुचेरी में 37 दशमलव शून्‍य आठ प्रतिशत और कराईक्‍कल में 36 दशमलव नौ-छह प्रतिशत के साथ सर्वाधिक वोट डाले गए हैं।

 

निर्वाचन क्षेत्र स्तर पर, तिरुभुवानी में सबसे अधिक 62 दशमलव तीन पांच प्रतिशत मतदान हुआ जबकि माहे में अब तक सबसे कम 45 दशमलव तीन नौ प्रतिशत मतदान हुआ है। पुद्दुचेरी में तीन जगहों पर बनाए गए हेरिटेज मतदान केंद्र अपनी पारंपरिक बनावट और तमिल संस्कृति के प्रतिबिंब के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

 

2021 में पुद्दुचेरी में 82 दशमलव दो प्रतिशत मतदान हुआ था। मौजूदा रुझान को देखते हुए, चुनाव अधिकारियों को उम्‍मीद है कि इस बार मतदान 90 प्रतिशत से अधिक हो सकता है। 

 

***************

 

नागालैंड के मोकोकचुंग जिले की 28वीं कोरिडांग विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए सभी 30 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान जारी है। दोपहर एक बजे तक 57 प्रतिशत से अधिक मतदान की खबर है। मतदान शाम चार बजे तक चलेगा।

 

***************

 

तमिलनाडु में 23 अप्रैल को एक ही चरण में होने वाले मतदान के लिए उम्मीदवारों के नाम वापस लेने का आज अंतिम दिन है। योग्‍य उम्मीदवारों की अंतिम सूची आज शाम को जारी की जाएगी। अब तक कुल पांच हजार चौबीस नामांकन स्वीकार किए गए हैं। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से…..

 

मतदान में दो सप्ताह से भी कम समय बचा है और चुनाव प्रचार तेज हो गया है। इस बार मुकाबला त्रिकोणीय होगा, जिसमें एआईएडीएमके के नेतृत्व वाला एनडीए, डीएमके के नेतृत्व वाला धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन और अभिनेता विजय के नेतृत्व वाला तमिलगा वेत्री कज़गम सभी 234 विधानसभा क्षेत्रों में पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। इस बार विधानसभा चुनाव में युवा मतदाताओं की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिल रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि इस बार चुनावी भाषणों के अलावा, सोशल मीडिया भी एक प्रमुख भूमिका निभा रहा है। चेन्‍नई से जौय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जागृति शर्मा।

 

***************

 

पश्चिम बंगाल में भी पहले चरण का मतदान के लिए नाम वापस लेने का आज अंतिम दिन है। वहां 23 अप्रैल को पहले चरण का मतदान होगा। तमिलनाडु में सभी सात हजार पांच सौ 99 नामांकनों में से पांच सौ 24 नामांकन वैध पाए गए। पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के लिए नामांकन दाखिल करने का भी आज आखिरी दिन है।

 

सभी चार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश के वोटों की गिनती 4 मई को होगी।

 

***************

 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार आने पर किसानों और मछुआरों के कल्‍याण पर ध्‍यान दिया जाएगा। हल्दिया में एक जनसभा में प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर भाजपा राज्‍य में सरकार बनाती है तो धान, आलू और पान की खेती से जुडे किसानों को लाभ होगा।

 

प्रधानमंत्री आज आसनसोल चुनावी जनसभा कर रहे हैं। वे सूरी में भी जनसभा करेंगे।

 

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बैनर्जी भी उत्‍तर चौबीस परगना जिले में मीनाखान और अन्‍य जगहों पर रैली करेंगी।       

 

***************

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि विधायी निकायों में महिलाओं के लिए आरक्षण समय की मांग है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए आरक्षण से लोकतंत्र और अधिक जीवंत तथा सहभागी बनेगा। एक वीडियो में समाचार पत्रों में दिए गए अपने विशेष लेख का उल्‍लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाओं के आरक्षण से जुडे महत्‍वपूर्ण विधेयक पर चर्चा और उसे पारित कराने के लिए 16 अप्रैल को संसद का सत्र बुलाया गया है।  

 

एक बहुत ही सकारात्मक माहौल दिख रहा है। इन्हीं विषयों को लेकर के मैं आज अखबारों में एक लेख लिखा है। मेरे अपने विचार मैं साझा किया लेकिन मैं आज आपसे आग्रह करता हूं। आप इसलिए को जरुर पढ़े, औरो को भी पढ़ने के लिए प्रेरित करें और सभी राजनीतिक दलों को प्रेरित करें और उनका उत्‍साहवर्धन करे की वह उमंग के साथ 16, 17, 18  संसद में इस विशेष कार्य के लिए मिल रहे हैं, तो इसको पारित करें और सब मिलकर इसका जश्‍न मनाए।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह जरूरी है कि 2029 के लोकसभा चुनाव तथा आने वाले समय में विभिन्‍न राज्‍यों में विधानसभा चुनाव महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों के प्रावधान के साथ आयोजित हों।

 

हमने कुछ वर्ष पहले नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया था, और सभी राजनीतिक दलों ने सहमति से किया था। और सबकी इच्‍छा है कि 2029 में जब लोकसभा के चुनाव होंगे तब हमारे देश के नारी शक्ति को जनप्रतिनिधियों के रूप में लोकसभा में विधानसभाओं में 33 प्रतिशत स्थान मिलना ही चाहिए।

 

***************

 

नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित विमला ने महिला आरक्षण विधेयक को एक अत्यंत महत्वपूर्ण पहल बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने शुरूआत से ही महिलाओं की गरिमा और सम्मान पर ध्यान केंद्रित करते हुए निरंतर प्रयास किए हैं।

 

पद्म पुरस्कार से सम्मानित लिबिया लोबो सरदेसाई ने कहा कि यह पहल निश्चित रूप से महिलाओं को महत्‍वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी। मीडिया से बातचीत में सुश्री सरदेसाई ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस पहल में 27 वर्ष लग गए और यह अभी भी पूरी तरह से लागू नहीं हो पाई है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाली पीढ़ियां इससे लाभान्वित होंगी।

 

***************

 

भारत ने वित्त वर्ष 2025-26 में लगभग 45 गीगावाट की अब तक की सबसे अधिक वार्षिक सौर ऊर्जा क्षमता वृद्धि दर्ज की है। सोशल मीडिया पोस्ट में नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि यह उपलब्धि ऊर्जा सुरक्षा, सतत विकास और विकसित भारत के दृष्टिकोण के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

 

***************

 

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन इंडिया रीजन जोन VII सम्मेलन का उद्घाटन आज गोवा में किया। यह दो दिवसीय क्षेत्रीय संसदीय सम्मेलन की शुरुआत का प्रतीक है। एक रिपोर्ट….

 

उद्घाटन समारोह में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और गोवा विधानसभा अध्यक्ष गणेश गावंकर का सहित पश्चिमी राज्यों के वरिष्ठ विधायक शामिल हुए। कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट एसोसिएशन, के सहयोग से आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य अंतर संसदीय सहयोग को मजबूत करना और प्रमुख विकास मुद्दों पर विचार-विमर्श करना है। विचार-विमर्श आज एक सत्र के साथ शुरू होगा। जिसमें 2047 तक विकसित भारत के दृष्टिकोण को हासिल करने में युवा विधायकों की भूमिका पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद 10 अप्रैल को व्यापार, पर्यटन, शहरीकरण, पर्यावरण और तटीय संपर्क जैसे क्षेत्रीय प्राथमिकताओं पर चर्चा होगी निखिल उपाध्याय आकाशवाणी न्‍यूज पणजी।

 

***************

 

भारतीय ध्वज वाला एलपीजी पोत, ग्रीन आशा, आज मुंबई के जवाहर लाल नेहरू पोर्ट अथॉरिटी पहुंचा। यह पोत 15 हजार चार सौ टन एलपीजी लेकर होर्मुज जल-डमरू-मध्य होते हुए आया है। पोत पर सवार सभी चालक दल के सदस्य  और सामान सुरक्षित है।

 

***************

 

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि नवकार महामंत्र जैन धर्म के साथ-साथ संपूर्ण मानव समाज के लिए शांति और आध्यात्मिकता अपनाने का एक शक्तिशाली माध्यम है। विश्व नवकार महामंत्र दिवस के अवसर पर आज नई दिल्ली में संतों और भक्तों को संबोधित करते हुए श्री शाह ने कहा कि भारत अनेक समुदायों और धर्मों का घर है।

 

***************

 

महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी आज दोपहर नई दिल्ली में पोषण पखवाड़ा के 8वें संस्करण का शुभारंभ करेंगी। पोषण पखवाड़ा का विषय है – जीवन के पहले छह वर्ष में मस्तिष्क का अधिकतम विकास।

 

***************

 

सेना की त्रिशक्ति कोर ने उत्तरी सिक्किम के लाचेन में फंसे पर्यटकों को निकालने के लिए हिम सेतु अभियान शुरू किया है। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से…..

 

भारतीय सेवा के त्रि-शक्ति कोर ने उत्तरी सिक्किम के लाचेन में फंसे पर्यटकों को निकालने के लिए ऑपरेशन हिमसेतु शुरू किया है। उत्तरी सिक्किम में लाचेन और चुगथुंग के बीच भूस्खलन के कारण सड़क संपर्क बाधित हो गया है। जिससे क्षेत्र में आवागमन प्रभावित हुआ है पूर्वी कमान के अंतर्गत त्रि-शक्ति कोर ने संपर्क बहाल करने और फंसे हुए पर्यटकों की सहायता के लिए ऑपरेशन हिमसेतु शुरू किया है। भारी बर्फबारी और खराब मौसम के बावजूद सेवा के जवानों ने महत्वपूर्ण डोडो को खोलकर वैकल्पिक मार्ग सक्रिय किए हैं। ताकि निकासी कार्य सुचारू रूप से किया जा सके आकाशवाणी समाचार गंगटोक से  मयंक चटर्जी।

 

***************

 

सरकार ने पाकिस्तानी वेबसाइटों द्वारा फैलाई जा रही उस खबर का खंडन किया है जिसमें दावा किया गया है कि गुजरात स्थित भारतीय वायु सेना के नालिया एयरबेस ने ईरान के चाबहार बंदरगाह पर हुए इस्राएली हमले में इस्राएल जेट विमानों को ईंधन भरने और लॉजिस्टिक सहायता प्रदान की थी। पत्र सूचना कार्यालय – पीआईबी की तथ्‍य जांच इकाई ने कहा है कि यह दावा फर्जी है। ईकाई ने बताया कि यह प्रचार जानबूझकर फैलाई गई भ्रामक जानकारी का हिस्सा है जिसका उद्देश्य भ्रम पैदा करना और तनाव बढ़ाना है।

 

***************

 

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने आज अमरीका के वाशिंगटन में रक्षा खरीद और रखरखाव के लिए अमरीका के अवर सचिव माइकल पी.डफी से मुलाकात की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि बैठक का उद्देश्य भारत और अमरीका की प्रमुख रक्षा साझेदारी को आगे बढ़ाना है। इसमें सह-उत्पादन, रखरखाव और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में साझा प्राथमिकताओं पर ध्यान केंद्रित किया गया।

 

***************

 

मंगोलिया में एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भारतीय महिला मुक्केबाजों ने एक ही दिन में तीन स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर अपना दबदबा कायम किया। मौजूदा विश्व चैंपियन मीनाक्षी हुडा ने मंगोलिया की नोमुंडारी एन्ख-अमगलान को 5 शून्‍य से हराकर 48 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।

 

***************

 

एशियाई बैडमिंटन चैंपियनशिप में, आयुष शेट्टी ने ची यू जेन को सीधे सेटो में 21-16, 21-12 से हराकर पुरुष सिंगल्‍स के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। हालांकि, एचएस प्रणॉय चीन के वेंग हांग यांग से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

 

***************

 

आईपीएल क्रिकेट में आज कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला लखनऊ सुपर जाएन्‍ट्स से होगा। मैच शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा।

 

***************

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर:-

 

असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनावों के लिए शांतिपूर्ण मतदान जारी।

 

प्रधानमंत्री नरेन्द मोदी ने कहा- विधायी निकायों में महिलाओं के लिए आरक्षण से लोकतंत्र और अधिक जीवंत तथा सहभागी बनेगा।

 

भारतीय ध्वज वाला पोत ग्रीन आशा 15 हजार 400 टन एलपीजी लेकर मुंबई के जवाहरलाल नेहरू पोर्ट अथॉरिटी पहुँचा।

 

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने भारत और अमरीका की रक्षा साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए, रक्षा खरीद और रखरखाव के लिए अमरीका के अवर-सचिव माइकल पी. डफी से मुलाकात की।

 

मंगोलिया के उलानबटार में आयोजित एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में, भारतीय महिला मुक्केबाजों ने तीन स्वर्ण पदक जीते।

 

और आयुष शेट्टी बैडमिंटन एशियाई चैंपियनशिप के पुरुष सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में पहुँचे।

 

***************

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.