April 8, 2026 4:39 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

भारत ने अमरीका और ईरान के बीच संघर्ष विराम का स्वागत किया। कहा – इससे पश्चिम एशिया में स्थायी शांति आएगी

 

विदेश मंत्रालय ने पश्चिम एशिया में बदलती स्थिति को देखते हुए भारतीय नागरिकों को जल्‍द ईरान छोड़ने की सलाह दी।

 

अमरीका-ईरान संघर्ष-विराम समझौते के बीच वैश्विक तेल की कीमतों में 20 प्रतिशत की गिरावट। सेंसेक्स में लगभग 4 प्रतिशत की वृद्धि, निफ्टी में 800 से अधिक अंक की बढत। डॉलर के मुकाबले रुपया 39 पैसे मजबूत हुआ।

 

भारतीय रिजर्व बैंक ने रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया। चालू वित्‍तवर्ष के लिए सकल घरेलू उत्‍पाद 6 दशमलव 9 प्रतिशत रहने का अनुमान।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने ‘प्रधानमंत्री मुद्रा योजना’ के 11 साल पूरे होने पर कहा – यह योजना युवाओं में स्वरोजगार को बढ़ावा देने में बहुत मददगार साबित हुई।

 

और केरलम, असम और पुद्दुचेरी में कल होने वाले विधानसभा चुनावों की सभी तैयारियां पूरी।

 

*********************

 

भारत ने अमरीका और ईरान के बीच संघर्ष विराम का स्‍वागत किया है। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में विश्‍वास व्‍यक्‍त किया, इससे पश्चिम एशिया में स्थायी शांति स्थापित होगी और होर्मुज जल-डमरू-मध्य से निर्बाध नौवहन और वैश्विक व्यापार जारी रहेगा। मंत्रालय ने कहा कि भारत ने मौजूदा संघर्ष को जल्द समाप्त करने के लिए निरंतर तनाव कम करने, संवाद और कूटनीति का समर्थन किया है। मंत्रालय ने कहा कि इस संघर्ष से लोगों को परेशानी हुई है और इससे वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और व्यापार नेटवर्क बाधित हुआ है।

 

*********************

 

विदेश मंत्रालय ने ईरान में तेजी से बदलती स्थिति को देखते हुए वहां मौजूद भारतीय नागरिकों को भारतीय दूतावास के समन्वय और अधिकारियों द्वारा सुझाए गए मार्गों का उपयोग करते हुए शीघ्र ही ईरान छोड़ने की सलाह दी है। ए‍क रिपोर्ट –

 

मंत्रालय ने कहा है कि दूतावास से पूर्व परामर्श और समन्वय के बिना किसी भी अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास जाने का प्रयास न करें। साथ ही, भारतीय नागरिकों से आधिकारिक अपडेट पर बारीकी से नज़र रखने का अनुरोध किया गया है। दूतावास से मोबाइल नंबर +989128109115, +989128109109 और +989128109102 पर संपर्क किया जा सकता है। दूतावास का ईमेल cons.tehran@mea.gov.in है। अंकित की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जागृति शर्मा।

 

*********************

 

संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतरश ने अमरीका और ईरान द्वारा दो सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा का स्वागत करते हुए पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष में शामिल सभी पक्षों से अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत अपने दायित्वों का पालन करने और युद्धविराम की शर्तों का अनुपालन करने का आग्रह किया। एक बयान में उन्होंने कहा कि लोगों के जीवन की रक्षा और मानवीय पीड़ा को कम करने के लिए शत्रुता का अंत अत्यंत आवश्यक है।

 

*********************

 

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ दो सप्ताह के संघर्ष विराम की घोषणा के बाद कहा है कि यह विश्व शांति के लिए बहुत बड़ा दिन है। उन्होंने कहा कि कई सप्ताह के तनाव के बाद ईरान पुनः निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने के लिए तैयार हो गया है। ईरान द्वारा महत्वपूर्ण होर्मुज जल-डमरू-मध्य फिर से खोलने की सहमति के बाद श्री ट्रंप ने सुनियोजित सैन्य कार्रवाई पर दो सप्ताह का सशर्त विराम लगाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अमरीका समुद्री यातायात प्रबंधन और क्षेत्र में स्थिरता सुनिश्चित करने में सहायता करेगा।

 

ईरान ने सशर्त संघर्ष विराम स्वीकार करने का संकेत दिया है। उसने कहा कि अगर हमले रूकते है तो उसकी ओर से भी जवाबी कार्रवाई पर विराम लगेगा। खबरों के अनुसार इस्राएल भी अस्थायी संघर्ष विराम पर सहमत हो गया है।

 

*********************

 

अमरीका और ईरान के बीच संघर्ष विराम की घोषणा के बाद वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में बीस प्रतिशत की गिरावट आई है। दिन के कारोबार में, वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट कच्चे तेल की कीमत गिरकर 91 अमरीकी डॉलर 11 सेंट प्रति बैरल तक पहुंच गई, जबकि ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत 91 अमरीकी डॉलर 72 सेंट प्रति बैरल तक आ गई।

 

*********************

 

संघर्ष विराम समझौते की घोषणा के बाद घरेलू शेयर बाजार में करीब चार प्रतिशत की वृद्धि हुई। अंतिम समाचार मिलने तक सेंसेक्स 2 हजार 800 अंक से अधिक की बढ़त के साथ 77 हजार 485 पर, जबकि निफ्टी 850 अंक की वृद्धि के साथ 23 हजार 975 पर कारोबार कर रहा था।

 

विदेशी मुद्रा बाजार में, डॉलर के मुकाबले रुपया 39 पैसे मजबूत होकर 92 रुपये 59 पैसे पर आ गया।

 

*********************

 

भारतीय रिजर्व बैंक ने नीतिगत ब्याज दर रेपो रेट को पांच दशमलव दो-पांच प्रतिशत पर यथावत रखा है। मौजूदा वित्त वर्ष के लिए पहली द्विमासिक मौद्रिक नीति की घोषणा करते हुए आरबीआई के गर्वनर संजय मल्होत्रा ने कहा कि मौद्रिक नीति समिति ने तटस्थ रुख अपनाते हुए सर्वस‍म्‍मति से रेपो रेट में कोई बदलाव न करने का निर्णय लिया है। स्टेंडिंग डिपोजिट फैसिलिटी रेट पांच प्रतिशत और मार्जिनल स्टैंडिंग फैसिलिटी रेट तथा बैंक रेट को 5 दशमलव 5 प्रतिशत पर बरकरार रखा है। गवर्नर की अध्यक्षता में समिति की बैठक सोमवार को शुरू हुई थी।

 

श्री संजय मल्‍होत्रा ने बताया कि मौद्रिक नीति समिति ने पिछले वित्त वर्ष के लिए सकल घरेलू उत्पाद-जीडीपी सात दशलमव छह प्रतिशत और चालू वित्त वर्ष के लिए 6 दशमलव 9 प्रतिशत रहने का अनुमान व्यक्त किया है।

 

पिछले वर्ष के लिए वास्‍तविक सकल घरेलू उत्‍पाद की व‍ृद्धि दर का अनुमान सात दशमलव छह प्रतिशत है। मजबूत खपत और निवेश समर्थित आर्थिक गतिविधि के चलते मजबूत गति, संरचनात्‍मक सुधार और अनुकूल वित्‍तीय स्थिति को ध्‍यान में रखते हुए, इस वर्ष के लिए वास्‍तविक सकल घरेलू उत्‍पाद की वृद्धि का अनुमान छह दशमलव नौ प्रतिशत है।

 

श्री मल्‍होत्रा ने कहा कि मौजूदा वित्त वर्ष के लिए उपभोक्ता मूल्य सूचकांक पर आधारित मुद्रास्फीति 4 दशमलव 6 प्रतिशत रहने का अनुमान है। उन्‍होंने कहा कि पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण ऊर्जा की लगातार बढ़ती कीमतें और संभावित अल नीनो की स्थिति से महंगाई बढ़ने की आशंका है। एक रिपोर्ट…

 

पश्चिम एशिया संघर्ष पर बदलती परिस्थितियों को देखते हुए आरबीआई ने स्थिति पर नज़र रखने और उसके अनुसार कार्रवाई करने की नीति अपनाई है। गवर्नर ने कहा है कि ऊर्जा की कीमतों में वृद्धि और अंतरराष्ट्रीय माल ढुलाई तथा बीमा लागतों से जुड़ी उच्च इनपुट लागतों के साथसाथ आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान से कच्चे माल को इस्तेमाल करके तैयार उत्पाद बनाने वाले क्षेत्रों के लिए प्रमुख कच्चे माल की उपलब्धता सीमित हो सकती है। इससे वृद्धि बाधित हो सकती है। श्री मल्होत्रा ने कहा कि विनिमय दर नीति अपरिवर्तित रहेगी। मुम्‍बई से जीवन भवसार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्रियंका अरोड़ा।

 

*********************

 

आज प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के 11 वर्ष पूरे हो गए हैं। यह योजना वर्ष 2015 में शुरू हुई थी। एक रिपोर्ट – 

 

प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत अब तक चालीस लाख करोड़ रुपये से अधिक मूल्‍य के लगभग 58 करोड़ ऋण स्‍वीकृत किए जा चुके हैं। इनमें से दो तिहाई ऋण महिला उद्यमियों को दिए गए हैं। इस योजना के तहत सूक्ष्‍म और लघु उद्यमों को 20 लाख रुपये तक का लोन प्रदान किया जाता है। मुद्रा योजना के तहत चार श्रेणियों में लोन दिए जाते हैं। इसके तहत शिशु में पचास हजार तक का लोन, किशोर के तहत पचास हजार से पांच लाख, तरूण के तहत पांच लाख से दस लाख और तरूण प्‍लस के तहत दस लाख से बीस लाख तक का लोन दिया जा रहा है। दीपेन्‍द्र कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना युवाओं में स्वरोजगार को बढ़ावा देने में बहुत मददगार साबित हुई। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि इस योजना की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि जब लोगों को सही अवसर मिलते हैं, तो वे आत्मनिर्भर बन सकते हैं और राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

 

इस अवसर पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा कि इस योजना ने देश में सूक्ष्‍म, लघु और मध्यम उद्यमों – एमएसएमई तथा अनगिनत व्यक्तिगत उद्यमियों के लिए ऋण व्यवस्था को नया रूप देने में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाई है।

 

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि पीएम मुद्रा योजना ने बिना गारंटी के ऋण उपलब्ध कराकर छोटे व्यापारियों, स्टार्टअप्स और सूक्ष्म तथा लघु उद्योगों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

 

*********************

 

महिला और बाल विकास मंत्रालय कल से देशभर में पोषण पखवाड़ा के 8वें संस्करण का आयोजन करेगा। पोषण के महत्व पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि एक स्वस्थ बच्चा ही एक मजबूत राष्ट्र की नींव है। उन्होंने कहा कि पोषण अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि हर मां और बच्चे के लिए संपूर्ण पोषण सुनिश्चित करने का एक जन आंदोलन है। पोषण पखवाड़ा का विषय है – जीवन के पहले छह वर्ष में मस्तिष्क का अधिकतम विकास।

 

*********************

 

सेना और सीमा सड़क संगठन, जिला प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ मिलकर, सिक्किम के लाचेन में फंसे पर्यटकों को सुरक्षित निकालने का काम कर रहे हैं। पर्यटकों को डोंगक्या ला, शिव मंदिर, जीरो प्वाइंट, युमथांग और लाचुंग होते हुए सुरक्षित मार्ग पर ले जाया जा रहा है।

 

*********************

 

केरलम, असम और पुद्दुचेरी में कल होने वाले विधानसभा चुनावों की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं।

 

केरलम में मतदान के दौरान पर्यावरण संरक्षण प्रोटोकॉल का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के वास्‍ते अधिकारियों ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। एक रिपोर्ट-

 

केरलम के सभी मतदान केंद्रों में ग्रीन प्रोटोकॉल के अनुपालन के लिए व्यापक उपाय किए गए हैं। एकल उपयोग वाले प्लास्टिक और थर्मोकोल की वस्तुओं पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। कुडुम्बश्री इकाइयों के माध्यम से स्‍टील और कांच के बर्तन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। हरित कर्म सेना के सहयोग से एक अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली की व्यवस्था की गई है। जागरुकता बढ़ाने के लिए पिछले तीन हफ्तों से “ग्रीन बटन” अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का उल्‍लंघन करने वालों पर राज्य भर में 8 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया है। तिरुवनंतपुरम से स्मिथी एम. पल्लुरुथी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं अमित कुमार त्‍यागी।

 

*********************

 

पुद्दुचेरी से हमारी संवाददाता ने बताया है कि सुचारू मतदान के लिए बूथ स्तर पर तैयारियां चल रही हैं।

 

महिला इंजीनियरिंग कॉलेज, मोतीलाल नेहरू सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज और टैगोर सरकारी कला एवं विज्ञान कॉलेज के स्ट्रांग रूम आज सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच खोल दिए गए हैं। यहां से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन और वीवीपीएटी मतदान केंद्रों पर भेजी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था में तीन हजार से अधिक पुलिसकर्मी, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 45 कंपनियां और कर्नाटक पुलिस की विशेष इकाई शामिल हैं। 137 संवेदनशील मतदान केंद्रों पर 155 सूक्ष्म पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। पुद्दुचेरी से बिबिन एस. नाथ की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्राची वाजपेई।

 

केंद्रशासित प्रदेश के छह वितरण केंद्रों से आज सुबह भेजी गई ईवीएम और वीवीपैट दूर-दराज और दुर्गम क्षेत्रों में पहुंचनी शुरू हो गई हैं।

 

*********************

 

असम में चुनाव प्रचार समाप्त होने के साथ ही अब सारा ध्यान सुचारू मतदान के लिए की गई व्‍यवस्‍थाओं पर केंद्रित हो गया है, जहां तकनीक और सुरक्षा सबसे महत्‍वपूर्ण है।

 

*********************

 

निर्वाचन आयोग ने आश्वासन दिया कि पश्चिम बंगाल में चुनाव किसी भी प्रकार के भय, हिंसा, धमकी, प्रलोभन और बिना किसी बाधा के संपन्न होंगे। आयोग ने तृणमूल कांग्रेस – टीएमसी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पोस्ट में यह बात कही।

 

*********************

 

निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण – एसआईआर के बाद पश्चिम बंगाल की मतदाता सूचियों से लगभग 91 लाख मतदाताओं के नाम हटा दिए हैं।

 

सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि इस संशोधन से अल्पसंख्यक, प्रवासी और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग प्रभावित हुए हैं और वैध मतदाताओं के मताधिकार से वंचित होने की आशंका है।

 

दूसरी ओर, भाजपा ने कहा है कि फर्जी या अवैध नामों को मतदाता सूची से हटाना आवश्यक था।

 

*********************

 

भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए छठी सूची में एक उम्‍मीदवार का नाम जारी किया है। राकेश सिंह कोलकाता पोर्ट से चुनाव लडेंगे। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होंगे।

 

*********************

 

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए कल तक नामांकन दाखिल किए जा सकते हैं। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने आज अपना नामांकन दाखिल किया।

 

*********************

 

हिमालय क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हिमाचल प्रदेश के जनजातीय इलाकों और उच्च ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कल रात से रुक-रुक कर हिमपात जारी है, जबकि राज्य के मैदानी और मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में कल रात से लगातार बारिश हो रही है। लाहौल-स्पीति के जनजातीय जिले में हिमपात के कारण कई प्रमुख मार्गों सहित 26 सड़कें अवरूद्ध हैं।

 

*********************

 

मौसम विभाग ने आज असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र, हिमाचल प्रदेश और ओडिशा में तेज वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।

 

*********************

 

आईपीएल क्रिकेट में आज दिल्‍ली के अरुण जेटली स्टेडियम में डेल्‍ही कैपिटल्स का मुकाबला गुजरात टाइटन्स से होगा। मैच शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा।

 

*********************

 

हॉकी इंडिया ने आगामी अर्जेंटीना टूर के लिए 24 सदस्यीय भारतीय महिला टीम की घोषणा कर दी है। यह टूर ब्यूनस आइरिस में 13 से 17 अप्रैल तक होगा। भारतीय टीम की कप्तानी सलीमा टेटे करेंगी।

 

*********************

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर:-

 

भारत ने अमरीका और ईरान के बीच संघर्ष विराम का स्वागत किया। कहा – इससे पश्चिम एशिया में स्थायी शांति आएगी।

 

विदेश मंत्रालय ने पश्चिम एशिया में बदलती स्थिति को देखते हुए भारतीय नागरिकों को जल्‍द ईरान छोड़ने की सलाह दी।

 

अमरीका-ईरान संघर्ष-विराम समझौते के बीच वैश्विक तेल की कीमतों में 20 प्रतिशत की गिरावट। सेंसेक्स में लगभग 4 प्रतिशत की वृद्धि, निफ्टी में 800 से अधिक अंक की बढत। डॉलर के मुकाबले रुपया 39 पैसे मजबूत हुआ।

 

भारतीय रिजर्व बैंक ने रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया। चालू वित्‍तवर्ष के लिए सकल घरेलू उत्‍पाद 6 दशमलव 9 प्रतिशत रहने का अनुमान।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने ‘प्रधानमंत्री मुद्रा योजना’ के 11 साल पूरे होने पर कहा – यह योजना युवाओं में स्वरोजगार को बढ़ावा देने में बहुत मददगार साबित हुई।

 

और केरलम, असम और पुद्दुचेरी में कल होने वाले विधानसभा चुनावों की सभी तैयारियां पूरी।

 

*********************

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.