मुख्य समाचार:-
- असम, केरलम और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव प्रचार का आज अंतिम दिन। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने मतदाताओं को लुभाने में पूरी ताकत झोंकी।
- भाजपा के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह का पश्चिम बंगाल में पार्टी के सत्ता में आने पर सभी घुसपैठियों को वापस भेजने का वादा।
- पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में 27 लाख से अधिक मतदाता अपात्र पाए गए।
- केंद्र सरकार ने प्रवासी मजदूरों के लिए प्रतिदिन पांच किलोग्राम के मुक्त व्यापार एलपीजी सिलेंडर का आवंटन दोगुना किया।
- सर्वोच्च न्यायालय में शबरीमला सहित धार्मिक स्थलों में महिलाओं के प्रवेश पर सुनवाई शुरू।
- ईरान के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर इस्राएल के हमले के बाद पश्चिम एशिया में संघर्ष तेज।
- और, आईपीएल क्रिकेट में आज शाम गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला मुंबई इंडियंस से।
****************************
असम, केरलम और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार का आज अंतिम दिन है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा के सत्ता में आने पर सभी घुसपैठियों को वापस भेज दिया जाएगा। असम के पथरकंडी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए श्री शाह ने यह बात कही।
ये भूमि हमारी है, ये घुसपैठिया हमारे युवाओं की रोजगारी छीन रहा है। हमारे गरीबों के धान के अंदर, चावल के अंदर हिस्सेदारी ले रहा है, चाय-बागान के मजदूरों की मजदूरी छीन रहा है। हम नहीं चलने देंगे। घुसपैठियों को देश के बाहर निकालने का काम ये भारतीय जनता पार्टी करेगी।
श्री शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने असम की बराक घाटी में घुसपैठियों को पनाह दी और इस क्षेत्र की उपेक्षा की और उसके विकास के लिए कुछ नहीं किया।
****************************
कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि उनकी पार्टी असम में 126 में 72 से 73 सीटें जीतेगी।
आज गुवाहाटी में एक संवाददाता सम्मेलन में श्री खरगे ने विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी राज्य में अगली सरकार बनाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि असम सरकार देश की सबसे भ्रष्ट सरकार है। उन्होंने कहा कि असम के बेटे जुबीन को न्याय नहीं मिला।
असम का बेटा जुबिन को न्याय नहीं मिला। फास्ट्रेक कोर्ट तुरंत बनाने के बजाय, 6 महीने के बाद बना है। हमारी सरकार बनने के बाद हम सौ दिन में एक काम, न्याय देकर रहेंगे और उसके दोषियों को सजा दिला के हम रहेंगे।
****************************
असम में बृहस्पतिवार को 126 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान होगा। निर्वाचन क्षेत्र की श्रृंखला में आज हम जानकारी दे रहे हैं – जागीरोड विधानसभा क्षेत्र की।
असम की एक सौ 26 विधानसभा सीटों में से एक 52 नम्बर जागीरोड विधानसभा सीट पर 9 अप्रैल को मतदान होगा। जागीरोड मोरीगांव जिले का एक महत्वपूर्ण विधानसभा सीट है और यह मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्र है। मौजूदा विधानसभा चुनाव में दो उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य मंत्रिमंडल के मंत्री पीयूष हजारिका का मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार बुलबुल दास से है। 2023 के परिसीमन के बाद, जागीरोड विधानसभा सीट की भौगोलिक सीमाओं और मतदाता संरचना में बदलाव आया है। भारत के निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस सीट पर 2 लाख 51 हजार से अधिक मतदाता हैं। इनमें एक लाख 25 हजार से अधिक पुरुष मतदाता और एक लाख 26 हजार से अधिक महिला मतदाता और दो ट्रांसजेंडर मतदाता पंजीकृत हैं। मतदान 335 मतदान केंद्रों पर होगा। 2021 के विधानसभा चुनाव में से इस सीट से कुल 4 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था। यह सीट भाजपा के पीयूष हजारिका ने जीती थी। अमीनुल हक जद्दार, आकाशवाणी समाचार, गुवाहाटी।
****************************
हमारे संवाददाता ने बताया है कि केरलम में विधानसभा चुनाव प्रचार आज शाम समाप्त समाप्त हो जाएगा।
पूरे राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। राज्य पुलिस के अलावा केंद्रीय पुलिस बलों के एक सौ साठ दल तैनात किए गए हैं। भाजपा नेता और केंद्रीय राज्य मंत्री सुरेश गोपी, पालक्काड़ में प्रचार कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं। सीपीएम नेता और मुख्यमंत्री पिनरयी विजयन अपने निर्वाचन क्षेत्र धर्मदम में प्रचार कर रहे हैं। सीपीएम महासचिव एम.ए. बेबी कोल्लम में चुनाव प्रचार में जुटे हैं। वहीं, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी, वायनाड में पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार कर रही हैं। मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी तिरुवनंतपुरम और अलाप्पुया जि़लों में रोड शो कर रहे हैं। तिरुवनंतपुरम से स्मिथी एम. पल्लुरूथी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से विशाल शर्मा।
****************************
केन्द्रशासित प्रदेश पुद्दुचेरी में आज प्रचार के अंतिम दिन राजनीतिक हलचल बढ़ी हुई है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता मतदाताओं का समर्थन हासिल करने के लिए निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं।
****************************
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस का शासन बहुत जल्द समाप्त होगा। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर में एक जनसभा में श्री सिंह ने कहा कि टीएमसी के 15 वर्षों के कार्यकाल में कुशासन और भ्रष्टाचार देखने को मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में घुसपैठियों को समर्थन दिया।
उधर, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज आवास योजना के तहत, पश्चिम बंगाल को मिलने वाली धनराशि निलंबित किए जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी की आलोचना की। ममता बनर्जी ने विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में नादिया जिले के चकदाहा में एक रैली में भाग लिया।
****************************
तमिलनाडु में आज नामांकन पत्रों की जांच की जा रही है। 9 अप्रैल तक नाम वापस ले सकते हैं। राज्य में 23 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। 4 मई को नतीजों की घोषणा की जाएगी।
****************************
पश्चिम बंगाल में, निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत न्यायिक समीक्षा के अधीन मतदाताओं की पूरी सूची जारी कर दी है। पहली बार, जिलावार विवरण प्रकाशित किए गए हैं, जिनमें मतदाताओं को योग्य या अयोग्य के रूप में चिह्नित किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, 60 लाख से अधिक नामों की जांच की गई। इनमें से 32 लाख से अधिक मतदाताओं को योग्य घोषित किया गया है, जबकि लगभग 27 लाख को अयोग्य घोषित किया गया है।
****************************
भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात निवासियों के बारे में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की गई कथित टिप्पणियों की कड़ी निंदा की है। नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि गुजरात की साक्षरता दर 82 प्रतिशत है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसमें महत्वपूर्ण सुधार हुआ है।
आज हमें बहुत गर्व है कि भारत की लिटरेसी बहुत आगे बढ़ गई है। तो आप मोदी जी से नफरत करते हैं, तो कुछ भी बोल देंगे। मिस्टर खरगे यू ओ एन ओपोलॉजी टू द कंट्री बीजेपी की ओर से हम मांग करते हैं कि कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष माफी मांगे। उन्होंने पूरे गुजरात प्रदेश को इलिट्रेट कहा है, अशिक्षित कहा है, जहां से गांधीजी, सरदार पटेल, मुरारजी देसाई, कई वैज्ञानिक, कई संत पैदा हुए।
****************************
असम पुलिस ने आज नई दिल्ली में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के आवास पर तलाशी ली। यह तलाशी असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुयान सरमा द्वारा खेड़ा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के बाद की गई। नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन के दौरान खेड़ा ने दावा किया था कि रिनिकी भुयान के पास तीन पासपोर्ट हैं।
****************************
कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसानों की आय बढ़ाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्री सिंह आज जयपुर में आयोजित क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए ठोस और बहुआयामी प्रयास किए जा रहे हैं। श्री चौहान ने कहा कि किसानों को सशक्त बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए कृषि में विविधता आवश्यक है।
अनाज, फल, सब्जियां, दूध इसकी कमी न आए, ये दायित्व कृषि विभाग पर है, खेती पर है, किसानी पर है और इसीलिए हमारे जो तीन लक्ष्य हैं, एक देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना, अन्न के भंडार भरे रहें लेकिन दूसरे किसानों की आय बढ़ा के उनके जीवन स्तर को और बेहतर करना। और तीसरा भारत की जनता को पोषण देना और जरूरत पड़े तो दुनिया को भी खाद्यान की आपूर्ति करना है।
****************************
सरकार ने राज्यों में प्रवासी मजदूरों को वितरित किए जाने वाले पांच किलोग्राम के मुक्त व्यापार एलपीजी सिलेंडरों के दैनिक आवंटन को दोगुना करने का निर्णय किया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सचिव डॉ. नीरज मित्तल ने इस संबंध में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि ये पांच किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर राज्य सरकारों और उनके खाद्य तथा नागरिक आपूर्ति विभागों को केवल अपने राज्य में प्रवासी मजदूरों को तेल विपणन कंपनियों के सहयोग से आपूर्ति करने के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे।
****************************
सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने प्रसारण श्रोता अनुसंधान परिषद को निर्देश दिया है कि वह अगले चार सप्ताह तक समाचार टीवी चैनलों के टेलीविजन रेटिंग अंकों को प्रकाशित न करें। यह निर्णय पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच कुछ समाचार चैनलों द्वारा आवांछित सनसनी प्रदर्शन और काल्पनिक समाचारों पर रोक लगाने के लिए किया गया है।
****************************
सर्वोच्च न्यायालय में आज नौ न्यायाधीशों की संविधान पीठ ने शबरीमला मंदिर सहित, धार्मिक स्थलों पर महिलाओं के साथ कथित भेदभाव और विभिन्न धर्मों में धार्मिक स्वतंत्रता के दायरे से संबंधित याचिकाओं पर सुनवाई शुरू की। सुनवाई से पहले, केंद्र ने लिखित दलीलें प्रस्तुत करते हुए न्यायालय से आग्रह किया कि वह मासिक धर्म के दौरान महिलाओं के शबरीमला मंदिर में प्रवेश पर प्रतिबंध को जारी रखे।
****************************
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा है कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसके नागरिकों के ज्ञान, मूल्यों और क्षमताओं में निहित होती है। वे आज नई दिल्ली में इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय- इग्नू के दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। श्री राधाकृष्णन ने कहा कि इग्नू जैसे संस्थान अपने क्षेत्रीय केंद्रों के माध्यम से व्यावसायिक प्रमाणन और कौशल प्रशिक्षण प्रदान करके राष्ट्रीय कौशल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने इग्नू को राष्ट्र के मुक्त और दूरस्थ शिक्षा पारिस्थितिकी तंत्र का स्तंभ बताते हुए कहा कि विश्वविद्यालय ने शिक्षा को सुलभ बनाया है।
****************************
कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि कौशल विकास का लाभ छात्रों और नियोक्ताओं तक पहुंचना चाहिए। श्री चौधरी आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण परिषद के निकायों के लिए आयोजित क्षमता निर्माण कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।
****************************
ईरान के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर कल हुए इस्राएल के हमलों के बाद पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया है। इस्राएल ने ईरान के सबसे बड़े गैस संयंत्र असलूयेह स्थित साउथ पार्स गैस क्षेत्र पर हमला किया। इस घटनाक्रम से जवाबी कार्रवाई और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में व्यवधान की आशंकाएं बढ़ गई हैं।
सऊदी अरब में मिसाइलों को रोके जाने, अल जुबैल में लगी आग और ईरान की ऊर्जा सुविधाओं पर हुए हमलों ने पश्चिम एशिया में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों के लिए जोखिम बढ़ा दिया है और व्यापक क्षेत्रीय अस्थिरता के बारे में चिंताएं भी बढ़ा दी हैं। इस बीच, अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कड़ी चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगर ईरान समझौते और तय समय सीमा से पहले होर्मुज़ जलडमरूमध्य को खोलने पर सहमत नहीं होता है तो अमरीका, ईरान के ऊर्जा और परिवहन ढांचे को निशाना बनाकर उसे तबाह कर देगा। राष्ट्रपति ट्रंप ने एक स्वीकार्य समझौते के लिए भारतीय समय के अनुसार कल सुबह साढ़े पांच बजे तक का समय निर्धारित किया है। उधर ईरान ने युद्धविराम के अमरीकी प्रस्ताव को खारिज किया है और हमले बंद करने, पुनर्निर्माण सहायता देने और प्रतिबंध हटाने की मांग की है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जागृति शर्मा।
****************************
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आज नई दिल्ली में भारत और अफ्रीका के संबंधों पर एक परामर्श समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में, व्यापार और निवेश, ऋण और अनुदान, शिक्षा और कौशल विकास में क्षमता निर्माण पर विशेष चर्चा की गई।
****************************
घरेलू शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में आज शुरुआती कारोबार में मामूली गिरावट के बाद सुधार नजर आया। दोपहर के कारोबार में इसमें शून्य दशमलव तीन प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। अंतिम रिपोर्ट के अनुसार सेंसेक्स 186 अंक उछलकर 74 हजार 293 जबकि निफ्टी 60 अंक की बढ़त के साथ 23 हजार 29 पर था
****************************
आईपीएल क्रिकेट में आज राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा। यह मैच गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा।
****************************
आज विश्व स्वास्थ्य दिवस है। संपूर्ण विश्व में स्वास्थ्य संबंधी अच्छी आदतों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए यह दिवस मनाया जा रहा है। इस वर्ष का विषय है- स्वास्थ्य के लिए एकजुट, विज्ञान के साथ खड़े रहें।
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा है कि अच्छा स्वास्थ्य एक खुशहाल, उत्पादक और समृद्ध समाज की नीव है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस अवसर पर उन सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया जो दूसरों की सेवा में अथक परिश्रम करते हैं और स्वस्थ विश्व के लिए काम करते हैं।
इस अवसर पर स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने सभी डॉक्टरों, नर्सों और अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया है।
****************************
श्री गुरु तेग बहादुर जयंती अमृतसर स्थित गुरुद्वारा गुरु के महल में श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है।
कल श्री हरमंदिर साहिब के अकाल तख्त से गुरुद्वारा गुरु के महल के लिए एक धार्मिक शोभा यात्रा निकाली गई।
****************************
मौसम विभाग ने अगले तीन दिन के लिए हिमाचल प्रदेश, पंजाब से सटे जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर भारत में वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। इसके अलावा, दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार और झारखंड में दो दिन तक गरज के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना है।
****************************
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर:-
- असम, केरलम और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव के प्रचार का आज अंतिम दिन। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने मतदाताओं को लुभाने में पूरी ताकत झोंकी।
- भाजपा के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह का पश्चिम बंगाल में पार्टी के सत्ता में आने पर सभी घुसपैठियों को वापस भेजने का वादा।
- पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में 27 लाख से अधिक मतदाता अपात्र पाए गए।
- केंद्र सरकार ने प्रवासी मजदूरों के लिए प्रतिदिन पांच किलोग्राम के मुक्त व्यापार एलपीजी सिलेंडर का आवंटन दोगुना किया।
- सर्वोच्च न्यायालय में शबरीमला सहित धार्मिक स्थलों में महिलाओं के प्रवेश पर सुनवाई शुरू।
- ईरान के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर इस्राएल के हमले के बाद पश्चिम एशिया में संघर्ष तेज।
- और, आईपीएल क्रिकेट में आज शाम गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला मुंबई इंडियंस से।
****************************