April 6, 2026 3:43 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार अभियान अपने अंतिम चरण में। असम, केरलम और पुद्दुचेरी में राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए प्रचार में जुटे

 

भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने असम में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का विश्वास व्‍यक्‍त किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पुद्दुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा देने का वादा किया।

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार सैनिकों को सर्वोत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध।

 

भाजपा आज अपना 47वां स्थापना दिवस मना रही है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – पार्टी ने भारतीय राजनीति में राष्ट्र-प्रथम का नया सिद्धांत स्थापित किया।

 

अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा बुनियादी ढांचे को नष्‍ट कर देने की धमकी के बाद ईरान ने जवाबी हमलों की चेतावनी दी।

 

और आईपीएल क्रिकेट में कोलकाता के ईडन गार्डन्‍स में कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना आज पंजाब किंग्स से। 

 

 

****************************

 

 

असम, केरलम और पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार कल समाप्‍त हो जाएगा। विभिन्‍न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता जोर-शोर से जनसम्‍पर्क अभियान चला रहे हैं।

 

भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने विश्‍वास व्‍यक्‍त किया है कि भाजपा असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। आज असम के बारपेटा में एक चुनावी सभा में श्री मोदी ने कहा कि पार्टी का संकल्‍प देश को विकसित और आत्‍मनिर्भर बनाना है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि एक विकसित असम के लक्ष्य के साथ, भाजपा एक विकसित भारत की व्यापक परिकल्पना की दिशा में भी काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्ष असम में शांति और सद्भाव स्थापित करने के लिए समर्पित रहे और आने वाले वर्षों में असम की समृद्धि का विस्तार होगा।

 

आने वाला समय असम की आत्मनिर्भरता का होगा। बीते 10 साल असम की पहचान को बचाने के थे। अब हमें असम की पहचान को दुनिया में बुलंद करना है।

 

असम में आधारभूत ढांचे में बढ़ोतरी का उल्‍लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्‍य में कनेक्टिविटी में सुधार होने से पर्यटन क्षेत्र में सकारात्‍मक बदलाव आया है जिसका लाभ अर्थव्‍यवस्‍था को मिल रहा है। श्री मोदी आज राज्‍य में दो अन्‍य चुनावी रैलियों को भी संबोधित करेंगे।

 

वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पुद्दुचेरी के लॉस्पेट में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्‍होंने पुद्दुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की प्रतिबद्धता दोहराई।

 

हम पुद्दुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। बेरोजगार युवाओं को दो हजार रुपये प्रति माह की सहायता देंगे। निजी और सार्वजनिक क्षेत्र में 30 हजार नए रोजगार सृजित करेंगे। मुझे यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि महिलाएं पुद्दुचेरी की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। 40 वर्ष की आयु तक सरकारी नौकरियों में प्रवेश मिलेगा। पुद्दुचेरी के प्रत्येक परिवार को 20 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा भी उपलब्ध होगा।

 

****************************

 

केरलम में विधानसभा चुनाव प्रचार का ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से….

 

केरलम की सभी 140 विधानसभा सीटों पर विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं की सभाएं और रोड शो कर रहे हैं। चुनाव प्रचार का कल अंतिम दिन है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज हरिपाद में रोड शो किया। भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान कदुथुरुथी समेत कई स्थानों पर कार्यक्रमों में भाग लेंगे। राज्‍य के मुख्यमंत्री और सीपीएम के वरिष्ठ नेता पिनारयी विजयन ने आज अपनी सरकार की प्रगति रिपोर्ट भी जारी की। लोकसभा में विपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी आज उडुमा में रोड शो करेंगे। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार तिरुवनंतपुरम में रोड शो करेंगे। तिरुवनंतपुरम से स्मिथी एम पल्लुरुथी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जागृति शर्मा।

 

****************************

 

केरलम में 140 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में एक ही चरण में 9 अप्रैल को मतदान होगा। निर्वाचन क्षेत्र की विशेष श्रृंखला के तहत आज हम कन्नूर जिले की धर्मदम सीट के बारे में जानकारी दे रहे हैं।

 

केरलम के कन्नूर जिले की धर्मदम विधानसभा सीट से पांच उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। सीपीएम नेता और केरलम के मुख्यमंत्री पिनारई विजयन एलडीएफ के उम्मीदवार हैं। कांग्रेस के वी.पी. अब्दुल रशीद यूडीएफ के उम्मीदवार हैं। भाजपा से के.रंजीत एनडीए के उम्मीदवार हैं। धर्मदम सीट से दो निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहे हैं। 2021 के चुनाव में पिनारई विजयन ने कांग्रेस के सी.रघुनाथन को 50 हजार से अधिक वोटों के अंतर से हराया था। 2016 में पिनारई विजयन ने 36 हजार से अधिक वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। धर्मदम में कुल 2 लाख 6 हजार मतदाता हैं। इनमें एक लाख से अधिक महिलाएं हैं। तिरुवनंतपुरम से स्मिथ एम. पल्लुरुथी की रिपोर्ट के साथ अमीषा।

 

****************************

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल कूच बिहार से भाजपा के चुनाव प्रचार की औपचारिक शुरुआत की। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज हो गया है। राजनीतिक दल रैलियां कर रहे हैं और मतदाताओं को लुभाने के हरसंभव प्रयास में लगे हैं। श्री मोदी ने अपने प्रचार में तृणमूल कांग्रेस सरकार पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने का आरोप लगाया और राज्य से भय दूर करने का वादा किया।

 

इस बीच, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपनी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए भाजपा पर अशांति और ध्रुवीकरण का आरोप लगाया।

 

****************************

 

तमिलनाडु में, 234 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए नामांकन दाखिल करने का आज अंतिम दिन है। पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता ई. पलनीसामी, पूर्व राज्य भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री डॉ. एल. मुरुगन, तेलंगाना की पूर्व राज्यपाल डॉ. तमिलिसाई सौंदराजन और राज्य भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने आज अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से नामांकन दाखिल किए। उम्मीदवार इस महीने की 9 तारीख तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। मतदान इस महीने की 23 तारीख को होना है। वोटों की गिनती अगले महीने की 4 तारीख को होगी।

 

****************************

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने  कहा कि देश के सैनिकों को सर्वोत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि सैनिक दिन-रात, हर मौसम में और हर परिस्थिति में देश की सेवा करते हैं। नई दिल्ली में सेना चिकित्सा कोर के स्थापना दिवस के अवसर पर  श्री सिंह ने देश के अन्य हिस्सों में भी अनुसंधान और रेफरल अस्पताल जैसी सुविधाओं के विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रमुख संस्थान देश के हर कोने में होने चाहिए, ताकि सेना को हर जगह बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।

 

उन्होंने कहा कि सैन्य नर्सिंग सेवा की नर्सें, जो चिकित्सा बलों की रीढ़ हैं, सेवानिवृत्ति के बाद पूर्व सैनिक का दर्जा नहीं दिया गया था। उन्‍होंने कहा कि सरकार ने उन्हें पूर्व सैनिक का दर्जा देने का निर्णय लिया है।

 

****************************

 

भारतीय जनता पार्टी आज अपना 47वां स्‍थापना दिवस मना रही है। इस अवसर पर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन सहित भाजपा के अन्‍य वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं। श्री मोदी ने कहा कि पार्टी हमेशा से ‘राष्‍ट्र प्रथम’ के सिद्धांत से प्रेरित होकर समाज सेवा में अग्रणी रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता निस्वार्थ सेवा, अटूट समर्पण और सुशासन के प्रति गहरी प्रतिबद्धता के लिए जाने जाते हैं।

 

अपने वीडियो संदेश में श्री मोदी ने कहा कि हमारी पार्टी ने जनकल्‍याण को अपनी प्राथमिकता बनाया है।

 

हम एक ओर अपने मूल्यों पर अडिंग है। वही जन कल्याण को अपनी प्राथमिकता बनाया। हमारे पास संसाधन सीमित थे, लेकिन हमारी पार्टी लोगों की सेवा के लिए समर्पित रही। चाहे आपदा हो या समाज में कोई सकारात्मक बदलाव हो हर जगह हमारे कार्यकर्ता सेवा भाव से जनता के बीच उपस्थित रहें। इसी सेवाभाव के कारण लोगों का बीजेपी पर विश्वास बढ़ता चला गया।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा कि भाजपा ने महिला आरक्षण के अपने वादे को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है कि 2029 के चुनाव नारी शक्ति वंदन अधिनियम के अनुसार आयोजित किए जाएं।

 

****************************

 

सर्वोच्च न्यायालय ने केंद्रीय अन्‍वेषण ब्यूरो – सीबीआई को अरुणाचल प्रदेश सरकार द्वारा सार्वजनिक ठेकों के आवंटन में कथित अनियमितताओं की प्रारंभिक जांच का निर्देश दिया है। इनमें मुख्यमंत्री पेमा खांडू और उनके रिश्तेदारों से जुड़ी कंपनियां शामिल हैं। न्यायालय ने सीबीआई को रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए 16 सप्ताह का समय दिया है। इस रिपोर्ट के आधार पर यह तय किया जाएगा कि पूर्ण स्वतंत्र जांच की आवश्यकता है या नहीं। जांच में जनवरी 2015 से दिसंबर 2025 के बीच दिए गए ठेकों को शामिल किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर सीबीआई इस अवधि के बाहर के ठेकों की भी जांच कर सकती है।

 

****************************

 

विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत-जापान सहयोग दोनों देशों की वैश्विक गतिविधियों का एक मजबूत स्तंभ है। भारत-जापान विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा नवाचार आदान-प्रदान वर्ष के भव्य समापन समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए उन्‍होंने भारत-जापान की 40 वर्षों की द्विपक्षीय साझेदारी और विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ते सहयोग का उल्‍लेख किया।

 

श्री सिंह ने बताया कि हाल की पहलों, जिनमें पिछले वर्ष प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की जापान यात्रा के दौरान हस्ताक्षरित समझौते भी शामिल हैं उनका उद्देश्य अनुसंधान, स्टार्टअप और उद्योग के क्षेत्र में संबंधों का विस्तार करना है।

 

****************************

 

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कहा कि देश में महिलाओं की सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित करने के लिए सशक्त कानून हैं। नई दिल्ली में आकाशवाणी द्वारा आयोजित महिला केंद्रित मुद्दों और सशक्तिकरण पहल पर कार्यशाला को संबोधित करते हुए, उन्होंने लैंगिक संवेदनशीलता की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने प्रत्येक महिला को कानून के तहत अपने अधिकारों का प्रयोग करने की सलाह दी।

 

हम सब जब पॉजिटिव माइंडसेट को अप्‍लाई करते है, तो स्‍वाभाविक रूप मे हम, हमारी ऐसी अनेक ताकतों को बरकरार रखते हुए हम आगे बढ़ भी सकते हैं। पॉजिटिव माइंड के साथ-साथ जो जुड़ा हुआ है। वो जुड़ा हुआ है जेंडर सेंसिटाइजेशन और उसी के साथ-साथ हम जेंडर सेंसिटाइजेशन को लेते हुए एक ऐसी इकोसिस्‍टम बनाना चाहते है, जहां हर एक व्‍यक्ति को समान अवसर और समान सम्‍मान प्राप्‍त हो।

 

इस अवसर पर आकाशवाणी के महानिदेशक, (समाचार) धीरज एम. काकड़िया ने कहा कि कार्यस्थल सुरक्षित और न्यायपूर्ण होना चाहिए। उन्‍होंने कहा कि कार्यस्‍थल पर शोषण को कतई बर्दाश्‍त न करने की नीति होनी चाहिए।  

 

महिला सशक्तिकरण के जो-जो कानून है उनकी हमारी बहनें-बेटियां समझे। नहीं तो कानून, कानून ही रह जाता है। तो ऐसी हम सीरिज चलाना चाहते हैं। तो हम ऐसा आकाशवाणी केन्‍द्र बनाना चाहेंगे इस कैम्‍पस के अंदर सब लोग सुरक्षित महसूस करें। महिला को अन्‍दर आने से किसी का डर ना हो किसी का एक्‍सप्‍लाईटेशन न हो।

 

****************************

 

ईरान ने चेतावनी दी है कि उसके नागरिक ठिकानों पर अगर और हमले हुए तो वह अत्‍यधिक विनाशकारी और व्यापक जवाबी कार्रवाई करेगा। यह चेतावनी अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प द्वारा ईरान के नागरिक बुनियादी ढांचे को नष्ट कर देने की धमकी के बाद आई है। इसके जवाब में ईरान के सर्वोच्च नेता के सलाहकार अली अकबर वेलायती ने कहा कि इस कार्रवाई में बाब अल-मंडेब जलडमरूमध्य को निशाना बनाया जा सकता है और इससे वैश्विक ऊर्जा और व्यापार का प्रवाह बाधित हो सकता है। लाल सागर को अदन की खाड़ी से जोड़ने वाला बाब अल-मंडेब जलडमरूमध्य अटलांटिक, हिंद महासागर और भूमध्य सागर के बीच जहाजरानी का एक महत्वपूर्ण मार्ग है।

 

इससे पहले, श्री ट्रम्प ने कहा था कि अमरीका की मांगों का पालन न करने पर ईरान के बुनियादी ढांचे पर बड़े पैमाने पर हमले हो सकते हैं। ट्रम्प ने चेतावनी दी कि अगर ईरान निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई करने में विफल रहता है तो उसके बिजली संयंत्रों और पुलों सहित प्रमुख संपत्तियों को निशाना बनाया जाएगा।

 

****************************

 

आईपीएल टी-20 क्रिकेट में आज    कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना पंजाब किंग्स से होगा। यह मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्‍स में शाम साढे सात बजे से शुरू होगा। प्रतियोगिता में कल लखनऊ सुपर जायंट्स ने सनराईजर्स हैदराबाद को पांच विकेट से हरा दिया।

 

****************************

 

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज रात साढे नौ बजे पब्लिक स्‍पीक कार्यक्रम में, नया आयकर अधिनियम, 2025 पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड के संयुक्त सचिव पीतांबर दास और आर्थिक विश्लेषक शरद कोहली परिचर्चा में शामिल होंगे और श्रोताओं के प्रश्‍नों के उत्तर  देंगे।

 

****************************

 

झारखंड के सारंडा क्षेत्र के जंगल में माओवादियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हो गया। यह घटना चाईबासा क्षेत्र में चलाए जा रहे तलाशी अभियान के दौरान हुई। पुलिस मुख्यालय के अनुसार, घायल जवान अनुज कुमार को सुरक्षित निकाल लिया गया है और घटना के बाद उन्हें एयरलिफ्ट करके रांची ले जाया गया है।

 

****************************

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर:-

 

विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार अभियान अपने अंतिम चरण में। असम, केरलम और पुद्दुचेरी में राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए प्रचार में जुटे।

 

भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने असम में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का विश्वास व्‍यक्‍त किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पुद्दुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा देने का वादा किया।

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार सैनिकों को सर्वोत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध।

 

भाजपा आज अपना 47वां स्थापना दिवस मना रही है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – पार्टी ने भारतीय राजनीति में राष्ट्र-प्रथम का नया सिद्धांत स्थापित किया।

 

अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा बुनियादी ढांचे को नष्‍ट कर देने की धमकी के बाद ईरान ने जवाबी हमलों की चेतावनी दी।

 

आईपीएल क्रिकेट में कोलकाता के ईडन गार्डन्‍स में कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना आज पंजाब किंग्स से।  

 

****************************

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.