मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा- जनसंख्या वृद्धि को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करने वाले दक्षिणी राज्यों की लोकसभा सीटें कम नहीं होंगी। सीटों में समग्र वृद्धि से सभी राज्यों को लाभ होगा।
- वरिष्ठ भाजपा नेता और प्रधानमंत्री मोदी आज पश्चिम बंगाल में कूच बिहार से चुनावी अभियान शुरू करेंगे।
- सरकार ने कहा- भारत, ईरान सहित 40 देशों से कच्चा तेल आयात कर रहा है। ईरान से कच्चे तेल के भुगतान में आ रही बाधाओं की खबरों को गलत बताया।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा- अमरीकी लड़ाकू विमान एफ-15 के लापता दूसरे पायलट को ईरान से सुरक्षित निकाला गया।
- ईस्टर पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने लोगों को शुभकामनाएं दीं।
- और आईपीएल क्रिकेट में आज सनराइजर्स हैदराबाद का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स से। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, चेन्नई सुपर किंग्स से खेलेगा।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि केरलम, तमिलनाडु, कर्नाटक, आन्ध्रप्रदेश, गोवा या तेलंगाना में लोकसभा की सीटें कम न होने पाएं। कल केरलम में तिरूवल्ला में एक रैली में उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाई जा रही है कि बेहतर जनसंख्या नियंत्रण के कारण दक्षिणी राज्यों की सीटें कम हो सकती हैं। श्री मोदी ने आश्वस्त किया कि सरकार लोगों के प्रतिनिधित्व की रक्षा के लिए कानूनी गांरटी देगी।
16, 17, 18 को दो काम करने हैं, केरल हो, तमिलनाडु हो, बाकी राज्यों हो, जिन्होंने जनसंख्या नियंत्रण में अच्छा काम किया। महिलाओं के लिए जो सीटें होंगी, वो अतिरिक्त सीटें बढ़ जाएं, इतना बड़ा फायदा हमारे दक्षिण भारत के राज्यों को मिले। इसके लिए हम कानून संशोधन के लिए सत्र बुला रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण के प्रस्ताव को समर्थन दें। उन्होंने इस मुद्दे पर लोगों से अपील की कि वे विपक्ष को भी सहयोग करने को कहें।
*******
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने अलाप्पुझा में कहा कि यूडीएफ केरलम में वास्तविक बदलाव लाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद सत्ताधारी एलडीएफ अप्रासंगिक हो जाएगा।
एलडीएफ का पूरा नाम क्या है? वामपंथी लोकतांत्रिक मोर्चा – सच कहें तो, वामपंथ का अब कुछ भी नामोनिशान नहीं बचा है। आज एलडीएफ सरकार को कुछ सांप्रदायिक ताकतें चला रही है। यह भारत के संविधान को नहीं मानती, यह भारत की जनता को बांटती है, उन पर हमला करती है और उन्हें अपमानित करती है।
*******
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान तेज़ हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज कूच बिहार से चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे। एक रिपोर्ट-
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 23 और 29 अप्रैल को होगा। पहले चरण के लिए नामांकन प्रकिया 6 अप्रैल को और दूसरे चरण के लिए 9 अप्रैल को समाप्त होगी। राजनीतिक दलों ने प्रचार अभियान में तेज़ कर दिए है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज कूच बिहार जिले के रशमेला मैदान में एक रैली को संबोधित करेंगे। दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष और राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में रैलियों को संबोधित कर रही हैं। कांग्रेस, वामपंथी और अन्य राजनीतिक दलों ने जनसभाएं आयोजित करके प्रचार अभियान शुरू कर दिए हैं। कोलकाता से कल्याण लाहा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से राधारमण।
*******
असम में राजनीतिक दल मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने आज विश्वनाथ में एक रैली में आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पिछले चुनाव के दौरान छह समुदायों को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने का वायदा पूरा करने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने में कांग्रेस इन समुदायों को अनुसूचित जनजाती का दर्जा देगी। उधर, असम के मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता हेमंता बिस्वा सरमा ने आज बोंगईगांव जिले में अभयपुरी में एक सभा में कहा कि फिर से सत्ता में आने पर भाजपा, प्रदेश के युवाओं के लिए दो लाख रोजगार सृजित करेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल असम पहुंच रहे हैं। वे भवानीपुर-सोरभोग, होजल और डिब्रूगढ में सभाएं करेंगे।
*******
त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद के चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने आज अपना संकल्प-पत्र जारी किया।
*******
विधानसभा चुनावों पर विशेष श्रृंखला में आज बात केरलम के अंबलपुया विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की। एक रिपोर्ट-
केरल के अलाप्पुया जिले के अंबलपुया विधानसभा क्षेत्र में इस बार चार उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मौजूदा विधायक और सीपीएम नेता एच. सलाम एलडीएफ के उम्मीदवार हैं। तो वहीं, एनडीए ने भाजपा के अरुण अनिरुधन को मैदान में उतारा है। एलडीएफ सरकार में पूर्व मंत्री रहे जी. सुधाकरन यूडीएफ समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। जॉनसन मैथ्यू अंबलपुझा से सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) के प्रत्याक्षी है। 2021 के चुनावों में, सीपीएम के एच. सलाम ने कांग्रेस के एम. लिजू को 11 हजार से अधिक वोटों के अंतर से हराया था। तिरुवनंतपुरम से स्मिथी एम पल्लुरुथी, की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार बल।
*******
तमिलनाडु में भीषण गर्मी के बावजूद चुनाव प्रचार जोरों पर हैं। डी.एम.के. प्रमुख, एम.के. स्टालिन गठबंधन सहयोगियों से विरुधुनगर में मुलाकात कर रहे हैं। ए.आई.ए.डी.एम.के. के उम्मीदवार घर-घर जाकर प्रचार कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ई. पलानीसामी, नेवेली और पुद्दुचेरी में चुनाव प्रचार कर रहे हैं।
*******
विधि और न्याय मंत्रालय में अपर सचिव के.वी. कुमार ने कहा है कि जन विश्वास संशोधन विधेयक से व्यापार और जीवन सुगम होगा। डॉ. कुमार ने आकाशवाणी को बताया कि इस विधेयक में 23 मंत्रालयों से जुड़े 784 प्रावधान शामिल हैं। उन्होंने बताया कि कारोबारी सुगमता को बढ़ावा देने के लिए कई प्रावधानों को अपराध की श्रेणी से बाहर कर दिया गया है।
व्यापार को सुगम बनाने के उद्देश्य से सात सौ 17 प्रावधानों को अपराध की श्रेणी से बाहर किया गया हैं। जबकि आम लोग के जीवन को आसान बनाने के लिए 67 प्रावधानों में संशोधन किया गया है। इस विधेयक का उद्देश्य एक हज़ार से अधिक अपराधों को तर्कसंगत बनाना है, जिसमें छोट-मोटे अपराधों को हटाया गया है।
*******
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि भारत, ईरान सहित 40 से अधिक देशों से कच्चा तेल आयात कर रहा है और ईरान को तेल के भुगतान में कोई समस्या नहीं है। श्री पुरी ने सोशल मीडिया पोस्ट में इन दावों का खंडन किया कि भुगतान से जुड़ी दिक्कतों के कारण एक जहाज को चीन की ओर मोड़ दिया गया था। श्री पुरी ने देश की रिफाइनरियों ने ईरान सहित कई देशों से कच्चा तेल आ रहा है। उन्होंने कहा कि संचालन या व्यावसायिक कारणों से जहाज अपना मार्ग बदलते हैं। श्री पुरी ने यह भी कहा कि तेल कंपनियों के पास अलग-अलग देशों से कच्चे तेल के आयात का अधिकार है।
*******
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा है कि सरकार देश भर में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हर सम्भव प्रयास कर रही है।
*******
रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का पुनर्निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और यात्रियों की सुरक्षा तथा सुविधा बढ़ाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने बताया कि निगरानी के लिए लगभग पंद्रह सौ ए.आई. कैमरे लगाए जाएंगे।
*******
रेल मंत्री ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अगली पीढ़ी की अमृत भारत रेलगाडियों के डिब्बों का निरीक्षण किया। रेल मंत्रालय ने कहा कि इन डिब्बों को यात्रियों के आराम, सौंदर्य और समग्र यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने के लिए सोच-समझकर डिजाइन किया गया है। मंत्रालय ने बताया कि इन डिब्बों को विशिष्ट आंतरिक रंग थीम से सुसज्जित किया गया है। इसमें पीवीसी फर्श, सीट और बर्थ रेक्सिन, स्नैक टेबल, पर्दे और शौचालय क्षेत्रों जैसे प्रमुख घटकों में समन्वित रंगों का उपयोग किया गया है।
*******
कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि बेमौसमी बरसात और ओलावृष्टि से पीड़ित किसानों को चिंता करने की ज़रूरत नहीं है। उन्होंने कहा है कि सरकार स्थिति पर नज़र बनाए हुए है और किसानों को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए संबंधित राज्यों के कृषि मंत्रियों के साथ विस्तृत चर्चा की जाएगी। श्री चौहान ने कहा कि स्थिति के आकलन के बाद जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
*******
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने जानकारी दी है कि एफ-15 ई लड़ाकू विमान के दूसरे पायलट को भी सुरक्षित निकाल लिया गया है। लड़ाकू विमान को ईरान द्वारा मार गिराए जाने के बाद से इस पायलट की खोज की जा रही थी। श्री ट्रम्प ने बताया कि यह पायलट ईरान के पहाड़ी इलाके में फंस गया था। एक रिपोर्ट-
अमरीकी के एफ-15 स्ट्राइक ईगल विमान शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। चालक दल के दोनों सदस्य विमान से सुरक्षित बाहर निकल आए थे। विमान के पायलट को तुरंत बचा लिया गया, लेकिन एक सहायक अधिकारी दुर्गम इलाके में फंस गया था। उसे आज ईरान से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। अमरीकी अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान में कई विमान, बचाव हेलीकॉप्टर, एक एचसी-130 टैंकर और ए-10 थंडरबोल्ट विमान और जमीन पर मौजूद विशेष बल के जवान शामिल थे। अभियान में शामिल सभी कर्मी सुरक्षित लौट आए है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ में मनोज।
*******
उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा है कि मानसिक शांति और आत्मावलोकन का महत्व बढ़ गया है और ध्यान ही समग्र स्वास्थ्य की कुंजी है। आज नई दिल्ली में विश्व ध्यान सम्मेलन में उन्होंने कहा कि ध्यान तनाव कम करने, एकाग्रता बढ़ाने और भावनात्मक रूप से सशक्त बनाने में सहायक है।
श्री राधाकृष्णन ने कहा कि 2047 में विकसित भारत बनाने के लिए देश को अनुशासित प्रयासों की आवश्यकता है जो मन, शरीर और आत्मा के संतुलन से ही संभव है।
*******
भारत आज अपना 63वां राष्ट्रीय समुद्री दिवस मना रहा है। इस वर्ष की थीम “मैरीटाइम इंडिया – एम्पावरिंग प्रोग्रेस” रखी गई है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस मौके पर मर्केंटाइल मरीन डिपार्टमेंट, कांडला द्वारा दीनदयाल पोर्ट अथॉरिटी के सहयोग से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
समुद्री गतिविधियों के महत्व को रेखांकित करने के लिए हर वर्ष 5 अप्रैल को राष्ट्रीय समुद्री दिवस मनाया जाता है। वर्ष 1919 में इसी दिन भारत का पहला व्यापारी जहाज एसएस लॉयल्टी मुंबई से लंदन के लिए रवाना हुआ था। इसी ऐतिहासिक यात्रा की याद में मर्चेंट नेवी सप्ताह भी मनाया जा रहा है। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में मर्केंटाइल मरीन डिपार्टमेंट, कंडला के संयुक्त महानिदेशक कैप्टन संतोष कुमार दारोकर ने बताया कि इस से पूर्व गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को राष्ट्रीय समुद्री दिवस का प्रतीकात्मक ध्वज भी भेंट किया गया। भारत ने 7,500 किलोमीटर से अधिक समुद्र तट और 12 प्रमुख बंदरगाहों के साथ समुद्री क्षेत्र में शानदार प्रगति की है। अशरफ नथवाणी, आकाशवाणी समाचार, भुज।
*******
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने राष्ट्रीय समुद्र दिवस पर नाविकों और पूरे समुद्री समुदाय को शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि नाविकों का समर्पण राष्ट्र की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण है।
*******
आर्टेमिस द्वितीय मिशन का दल चंद्रमा की ओर लगातार बढ़ रहा है। यह अपोलो कार्यक्रम के बाद पांच दशकों से अधिक समय में पहला मानव चंद्र मिशन है। एक रिपोर्ट-
यह 50 से अधिक वर्षों में चंद्रमा के चारों ओर जाने वाला पहला मानवयुक्त मिशन है, जिसमें 4 अंतरिक्ष यात्री 10 दिनों की यात्रा पर हैं। दल में शामिल विक्टर ग्लोवर, रीड वाइजमैन, क्रिस्टीना कोच और जेरेमी हैनसेन पृथ्वी से चार लाख किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करेंगे। इस दौरान वे चंद्रमा की सतह की लाइव तस्वीरें लेंगे और डीप स्पेस से आंशिक सूर्य ग्रहण का भी अनुभव करेंगे। यह मिशन 10 अप्रैल को प्रशांत महासागर में लैंडिंग के साथ समाप्त होगा। अंतरिक्ष एजेंसी का लक्ष्य 2028 में चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के निकट दो अंतरिक्ष यात्रियों को लैंडिंग कराना है। समाचार कक्ष से जागृति शर्मा।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और गृहमंत्री अमित शाह ने पूर्व उप-प्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि बाबू जगजीवन राम ने अपना जीवन समानता और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित कर दिया था।
*******
आज ईस्टर रविवार है। यह अवसर प्रार्थना, पश्चाताप और प्रभू ईसा मसीह के जीवन के अंतिम चरण का स्मरण करने के पवित्र सप्ताह का प्रतीक है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधा कृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
*******
आईपीएल क्रिकेट में आज हैदराबाद में दोपहर साढ़े तीन बजे सनराइजर्स हैदराबाद का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा। चेन्नई में शाम साढ़े सात बजे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा।
*******
अंत में मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा- जनसंख्या वृद्धि को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करने वाले दक्षिणी राज्यों की लोकसभा सीटें कम नहीं होंगी। सीटों में समग्र वृद्धि से सभी राज्यों को लाभ होगा।
- वरिष्ठ भाजपा नेता और प्रधानमंत्री मोदी आज पश्चिम बंगाल में कूच बिहार से चुनावी अभियान शुरू करेंगे।
- सरकार ने कहा- भारत, ईरान सहित 40 देशों से कच्चा तेल आयात कर रहा है। ईरान से कच्चे तेल के भुगतान में आ रही बाधाओं की खबरों को गलत बताया।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा- अमरीकी लड़ाकू विमान एफ-15 के लापता दूसरे पायलट को ईरान से सुरक्षित निकाला गया।
- ईस्टर पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने लोगों को शुभकामनाएं दीं।
- और आईपीएल क्रिकेट में आज सनराइजर्स हैदराबाद का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स से। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, चेन्नई सुपर किंग्स से खेलेगा।
*******